विज्ञापन

दो युवकों पर तलवार से हमला, पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर निकाला जुलूस

इंदौर के हीरा नगर थाना क्षेत्र में पुराने विवाद के चलते दो युवकों पर तलवार से जानलेवा हमला किया गया. हमले के बाद आरोपी तलवार लहराते नजर आए, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया.

दो युवकों पर तलवार से हमला, पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर निकाला जुलूस

Indore Sword Attack Video: मध्य प्रदेश की आर्थिक राजधानी इंदौर से एक बार फिर कानून‑व्यवस्था को चुनौती देने वाला मामला सामने आया है. पुराने विवाद के चलते दो युवकों पर तलवार से जानलेवा हमला किया गया, जिससे इलाके में दहशत फैल गई. हमले के बाद आरोपी खुलेआम तलवार लहराते नजर आए, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया. मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया और इलाके में उनका जुलूस भी निकाला.

यह पूरा मामला इंदौर के हीरा नगर थाना क्षेत्र का है. जानकारी के अनुसार, कुछ दिन पहले आकाश और सूरज के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था. उस समय लोगों ने बीच‑बचाव कर मामला शांत करा दिया था, लेकिन विवाद की चिंगारी अंदर ही अंदर सुलगती रही.

दोबारा आमना‑सामना और हिंसक हमला

बीते दिन आकाश और सूरज का एक बार फिर आमना‑सामना हो गया. इस दौरान दोनों पक्षों में जमकर कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते हिंसा में बदल गई. आरोप है कि सूरज ने अपने साथी तरुण के साथ मिलकर आकाश और उसके एक साथी पर तलवार से हमला कर दिया. इस हमले में दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए.

तलवार लहराकर फैलाई दहशत

हमले के बाद आरोपी सूरज इलाके में तलवार लहराते हुए घूमता रहा और लोगों को डराने की कोशिश करता रहा. इस पूरी घटना का वीडियो किसी ने मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिया, जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया. वीडियो सामने आने के बाद पुलिस पर त्वरित कार्रवाई का दबाव बढ़ गया.

दोनों आरोपी गिरफ्तार

इस मामले में एडिशनल डीसीपी राजेश दंडोतिया ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों पक्षों के बीच नशे को लेकर विवाद हुआ था. इसी विवाद के चलते सूरज और तरुण ने तलवार से हमला कर आकाश और उसके साथी को चोट पहुंचाई.
पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों सूरज और तरुण को गिरफ्तार कर लिया. आरोपियों के पास से घटना में इस्तेमाल की गई तलवार भी जब्त की गई है.

इलाके में निकाला जुलूस

गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने सख्त संदेश देने के लिए दोनों आरोपियों का उसी क्षेत्र में जुलूस निकाला, जहां उन्होंने दहशत फैलाने की कोशिश की थी. पुलिस का कहना है कि इस कार्रवाई का उद्देश्य अपराधियों में कानून का डर पैदा करना और आम लोगों में सुरक्षा का भरोसा कायम करना है.

MPCG.NDTV.in पर मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ की ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें. देश और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं. इसके अलावा, मनोरंजन की दुनिया हो, या क्रिकेट का खुमार,लाइफ़स्टाइल टिप्स हों,या अनोखी-अनूठी ऑफ़बीट ख़बरें,सब मिलेगा यहां-ढेरों फोटो स्टोरी और वीडियो के साथ.

फॉलो करे:
Close