Who is Nitin Nabin: भारतीय जनता पार्टी ने संगठन स्तर पर एक अहम फैसला लेते हुए छत्तीसगढ़ के प्रदेश प्रभारी रहे नितिन नबीन को 14 दिसंबर 2025 को पार्टी का राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किया है. इस नियुक्ति को छत्तीसगढ़ में पार्टी को मिली लगातार चुनावी सफलताओं से जोड़कर देखा जा रहा है. नई जिम्मेदारी मिलने के बाद छत्तीसगढ़ सहित कई राज्यों से उन्हें बधाइयों का सिलसिला लगातार जारी है.
नियुक्ति को क्यों माना जा रहा है खास?
नितिन नबीन को राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष बनाए जाने को भाजपा संगठन में उनके मजबूत पकड़ और चुनावी प्रबंधन की सफलता का नतीजा माना जा रहा है. छत्तीसगढ़ में संगठनात्मक प्रभारी के रूप में उनके कार्यकाल के दौरान पार्टी को लगातार अहम जीत मिली, जिससे नेतृत्व ने उन पर भरोसा जताया.
नितिन नबीन का जीवन परिचय
नितिन नवीन का जन्म 23 मई 1980 को रांची, झारखंड में हुआ. उनके पिता स्वर्गीय नवीन किशोर प्रसाद सिन्हा और माता स्वर्गीय मीरा सिन्हा थीं. उनकी पत्नी का नाम दीपमाला श्रीवास्तव है. उनके दो संतान हैं एक बेटा और एक बेटी. उनकी शैक्षणिक योग्यता इंटरमीडिएट है और वे कायस्थ जाति से आते हैं.
राजनीति में शुरुआती कदम
नितिन नवीन ने वर्ष 2006 में पटना पश्चिम विधानसभा से विधायक बनकर अपने राजनीतिक सफर की शुरुआत की. इस चुनाव में उन्होंने 65,167 मतों के बड़े अंतर से जीत दर्ज की. इसके बाद 2010 में वे बांकीपुर विधानसभा से विधायक बने और फिर उसी अंतर से दोबारा जीत हासिल की.
लगातार मिलती रही जनता की भरोसे की मुहर
वर्ष 2015, 2020 और 2025 में नितिन नबीन लगातार बांकीपुर विधानसभा से विधायक चुने गए. 2025 के चुनाव में उन्होंने लगातार पांचवीं बार जीत दर्ज की और करीब 52,000 मतों से विजय हासिल की. यह उनकी मजबूत जनाधार और राजनीतिक पकड़ को दर्शाता है.
सरकार में निभाई अहम जिम्मेदारियां
सरकारी दायित्वों की बात करें तो वर्ष 2021 में नितिन नबीन को बिहार सरकार में पथ निर्माण विभाग का मंत्री बनाया गया. 2024 में उन्हें नगर विकास एवं आवास तथा विधि विभाग की जिम्मेदारी सौंपी गई. वर्ष 2025 में एक बार फिर वे पथ निर्माण विभाग के मंत्री बने और साथ ही नगर विकास एवं आवास विभाग का प्रभार भी उन्हें दिया गया.
संगठन में लंबे समय का अनुभव
वर्ष 2008 में नितिन नबीन भारतीय जनता युवा मोर्चा के राष्ट्रीय कार्यसमिति सदस्य बने और सह-प्रभारी की जिम्मेदारी निभाई. 2010 से 2013 तक वे भारतीय जनता युवा मोर्चा के राष्ट्रीय महामंत्री रहे. इसके बाद 2016 से 2019 तक उन्होंने बिहार प्रदेश में युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष के रूप में संगठन को मजबूत किया.
अन्य राज्यों में संगठनात्मक भूमिका
वर्ष 2019 में उन्हें सिक्किम राज्य में भाजपा का चुनाव प्रभारी नियुक्त किया गया, जहां उन्होंने लोकसभा और विधानसभा चुनावों की जिम्मेदारी संभाली. जून 2019 से वे सिक्किम राज्य भाजपा के संगठन प्रभारी भी रहे और वहां संगठन को विस्तार देने में अहम भूमिका निभाई.
ये भी पढ़ें- नितिन नबीन BJP राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष: छत्तीसगढ़ में लिखी थी जीत की पठकथा, बूथ लेवल मैनेजमेंट में मास्टर
छत्तीसगढ़ में निभाई अहम भूमिका
2008 से 2019 तक विभिन्न संगठनात्मक जिम्मेदारियां निभाने के बाद 2021 से 2024 तक नितिन नबीन छत्तीसगढ़ राज्य में सह-प्रभारी रहे. वर्ष 2024 में उन्हें छत्तीसगढ़ लोकसभा चुनाव प्रभारी बनाया गया. जुलाई 2024 से वे छत्तीसगढ़ राज्य प्रभारी के रूप में संगठनात्मक जिम्मेदारी निभा रहे हैं.
प्रमुख कार्यक्रम और पहल
नितिन नबीन ने 26 जनवरी 2011 को आयोजित राष्ट्रीय एकता यात्रा में सहभागिता की. वर्ष 2011 में संसद घेराव कार्यक्रम में भी उनकी भूमिका रही. इसके अलावा उन्होंने 1962 के शहीदों को श्रद्धांजलि देने के लिए गुवाहाटी से तवांग तक शहीद श्रद्धांजलि यात्रा में हिस्सा लिया. बिहार में युवा मोर्चा अध्यक्ष रहते हुए उन्होंने युवाओं को संगठित करने के लिए कई व्यापक कार्यक्रम चलाए.
सामाजिक सरोकारों से भी जुड़ाव
पिछले 14 वर्षों से पटना में श्री श्री रामनवमी शोभा यात्रा अभिनंदन समिति के माध्यम से भव्य रामनवमी आयोजन में उनकी सक्रिय भूमिका रही है. इसके साथ ही ‘नवीन सिन्हा प्रतिभा सम्मान समारोह' का आयोजन कर वे विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले लोगों को सम्मानित करते रहे हैं.
ये भी पढ़ें- स्कूली बच्चों से भरी बस नदी में गिरी, 15 से ज्यादा मासूम घायल; ओवरटेक करने के चक्कर में हुआ हादसा
अंतरराष्ट्रीय अनुभव भी रहा
वर्ष 2013 में नितिन नबीन ने IVLP कार्यक्रम के तहत 15 दिनों की अमेरिका यात्रा की, जहां उन्हें अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नेतृत्व और संगठनात्मक कार्यों का अनुभव प्राप्त हुआ.