विज्ञापन
This Article is From Nov 29, 2025

Chanderi Eco Retreat 2025: चंदेरी इको रिट्रीट–2025 का शुभारंभ, शिल्प कला और रोमांच का बना संगम

Ashoknagar News: केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया की अध्यक्षता में टेंट सिटी का शुभारंभ हुआ. यह टेंट सिटी लग्जरी सुविधाओं से लैस हैं.

Chanderi Eco Retreat 2025: चंदेरी इको रिट्रीट–2025 का शुभारंभ, शिल्प कला और रोमांच का बना संगम

Tent City inaugurated: अशोकनगर जिले के पर्यटन नगर चंदेरी में इको रिट्रीट–2025 के तृतीय संस्करण का आयोजन मध्यप्रदेश टूरिज्म बोर्ड ने चंदेरी जिला प्रशासन और सनसेट डेजर्ट कैम्प के सहयोग से किया. चंदेरी इको रिट्रीट की अध्यक्षता केंद्रीय संचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने की. चंदेरी इको रिट्रीट, कटी घाटी के पास स्थापित टेंट सिटी जो कि तीन महीने से अधिक समय तक देश–विदेश के पर्यटकों के लिए खुली रहेगी.

'चंदेरी एक भूगोल नहीं... ये भारत की सांस्कृतिक आत्मा का अध्याय है'

सिंधिया ने कहा कि चंदेरी केवल एक भूगोल नहीं है, यह भारत की सांस्कृतिक आत्मा का वह अध्याय है जिसमें गौरवशाली इतिहास, अद्भुत स्थापत्य और शताब्दियों पुरानी बुनाई परंपरा एक साथ सांस लेती है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की लोकल फॉर वोकल और लोकल टू ग्लोबल की संकल्पना को चंदेरी ने साकार किया है. चंदेरी के किले, बावड़ियां, महल और ऐतिहासिक धरोहरें न केवल हमारे अतीत की समृद्धि का प्रमाण हैं, बल्कि बुंदेलखंड की सांस्कृतिक वीरता और सौंदर्यबोध का जीवित साक्ष्य भी हैं.

महीन ज़री-कढ़ाई पीढ़ियों से चली आ रही

चंदेरी की साड़ी और यहां की हथकरघा परंपरा भारत की सबसे प्रतिष्ठित और विशिष्ट कलाओं में से एक है- इसकी पारदर्शी बुनावट, महीन ज़री-कढ़ाई और पीढ़ियों से चली आ रही पारंपरिक तकनीकें आज भी दुनिया को आकर्षित करती हैं. यहां के बुनकरों ने कठिन परिस्थितियों में भी अपनी कला को न केवल जीवित रखा बल्कि उसे वैश्विक पहचान दिलाई है. चंदेरी केवल स्मृतियों का स्थान नहीं, बल्कि भारतीय शिल्प, परंपरा और सौंदर्यशास्त्र का जीवंत प्रतीक है.

चंदेरी आने वाले समय में अपने इतिहास, अपने हैंडलूम और अपनी सांस्कृतिक विरासत के माध्यम से विश्व मानचित्र पर और सशक्त पहचान बनाएगा. वहीं कार्यक्रम के उपरांत चंदेरी की पारंपरिक बुनाई और अनूठी विरासत को समर्पित फैशन और संगीत समारोह  कार्यक्रम में चंदेरी वस्त्र की ऐतिहासिक और कलात्मक यात्रा को आधुनिक दृष्टि से प्रस्तुत किया गया.

फैशन शो में फैबइंडिया, तनेरिया, इटोकरी, नॉइज़ जीन्स और ताजवर द्वारा ज़ी जैसे प्रमुख फैशन ब्रांड्स ने अपनी विशेष प्रस्तुतियां दीं. और यह फैशन शो देर रात तक चलता रहा. साथ ही इस टेंट सिटी के शुभारंभ कार्यक्रम में सीएम मोहन यादव वर्चुअली जुड़े और इस कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए प्रदेश और देश मे चंदेरी के महत्व और उसकी विरासत पर प्रकाश डाला.

ये भी पढ़ें: Rohini Gurjar Success Story: पति-सास को खोया, RAS मेंस परीक्षा से 7 दिन पहले बेटी खोई, लेकिन नहीं मानीं हार, रोहिणी गुर्जर खुद लिख दी सफलता की इबारत

MPCG.NDTV.in पर मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ की ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें. देश और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं. इसके अलावा, मनोरंजन की दुनिया हो, या क्रिकेट का खुमार,लाइफ़स्टाइल टिप्स हों,या अनोखी-अनूठी ऑफ़बीट ख़बरें,सब मिलेगा यहां-ढेरों फोटो स्टोरी और वीडियो के साथ.

फॉलो करे:
Close