विज्ञापन

MP की इस जेल से पाइप के सहारे दीवार फांदकर भागा कैदी, CCTV ने बढ़ा दी टेंशन 

Shajapur Jail Escape: मध्यप्रदेश के शाजापुर जिला जेल से एक विचाराधीन कैदी जयराम उर्फ जीवन रविवार दोपहर पानी के पाइप के सहारे दीवार फांदकर फरार हो गया. घटना के बाद पुलिस और जेल प्रशासन ने उसकी तलाश में कई टीमें रवाना की हैं.

MP की इस जेल से पाइप के सहारे दीवार फांदकर भागा कैदी, CCTV ने बढ़ा दी टेंशन 

मध्य प्रदेश के शाजापुर जिला जेल से रविवार दोपहर एक कैदी दीवार फांदकर फरार हो गया. बताया जा रहा है कि कैदी किचन में काम करने के बाद उसके पीछे बने सभागृह में छिप गया था. मौके का फायदा उठाकर उसने जेल की दीवार पर लगे पानी के पाइप के सहारे भागने की कोशिश की.

फरार कैदी के साथ उसका एक अन्य साथी राहुल भी मौजूद था. दोनों ने मिलकर दीवार फांदने का प्रयास किया, लेकिन जयराम उर्फ जीवन दीवार पार करने में सफल हो गया, जबकि राहुल दीवार पार नहीं कर पाया और जेल के अंदर ही रह गया.

फरार होते ही जेल प्रशासन में मचा हड़कंप

जयराम के फरार होने की जानकारी मिलते ही जेल प्रबंधन हरकत में आ गया. मामले की सूचना तुरंत लाल घाटी थाना पुलिस को दी गई. इसके बाद पुलिस और जेल प्रशासन ने उसकी तलाश शुरू कर दी है और कई टीमें रवाना की गई हैं. 

shajapur district jail prisoner escape jayram madhya pradesh

shajapur district jail prisoner escape jayram madhya pradesh

CCTV बंद होने से जांच में दिक्कत

जेल अधीक्षक दुष्यंत कुमार पगारे के मुताबिक, कैदी पाकशाला में काम करने के बाद भाग निकला. उन्होंने बताया कि सुबह करीब 11 बजे से बिजली गुल है, इसलिए अभी सीसीटीवी फुटेज नहीं निकाला जा सका है. बिजली आने के बाद फुटेज की जांच कर आगे की कार्रवाई की जाएगी.

पाइप के सहारे दीवार पर चढ़ा कैदी

जांच में सामने आया है कि कैदी ने पानी भरने वाले पाइप में तार बांधकर उसे सहारे के रूप में इस्तेमाल किया और दीवार के ऊपर तक पहुंच गया. उस समय वहां कोई जेल कर्मचारी मौजूद नहीं था, जिसका फायदा उठाकर वह फरार हो गया.

साथी राहुल से पूछताछ जारी

जेल में मौजूद कैदी राहुल ने पूछताछ में बताया कि जब जेल प्रहरी अपनी ड्यूटी पूरी करके जा रहा था, तब दोनों सभागृह में छिप गए थे. उसके जाने के बाद उन्होंने पाइप के सहारे दीवार पर चढ़ने की कोशिश की. इस दौरान जयराम सफल हो गया, जबकि राहुल दीवार पार नहीं कर पाया.

हत्या के प्रयास के मामले में था बंद

फरार कैदी जयराम उर्फ जीवन (35) पिता मोहन लाल नई आबादी का निवासी है. वह मारपीट और हत्या के प्रयास के मामले में विचाराधीन बंदी था और 30 अक्टूबर से जेल में बंद था. बताया जा रहा है कि उसका भाई और मां भी पहले उसी मामले में बंद थे, हालांकि मां फिलहाल जमानत पर बाहर है. पुलिस अब फरार कैदी की तलाश में जुटी हुई है और आसपास के इलाकों में सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है. 

2010 में हुई थी ऐसी ही घटना

जानकारी के मुताबिक कुछ इसी तरह की घटना 2010 के लगभग भी हुई थी तब भी एक कैदी इसी तरह से सुरक्षा में सेंध लगाकर फरार हो गया था एक बार फिर जेल की दीवार फांद कर भागे कैदी ने जेल की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं, हालांकि पुलिस कैदी को जल्द पकड़ने का दावा कर रही है. 

MP-Chhattisgarh Live Updates: किचन का काम खत्म कर सभागृह में छिपा, फिर फरार; ASI को टू-व्हीलर चालक ने मारी टक्कर

MPCG.NDTV.in पर मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ की ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें. देश और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं. इसके अलावा, मनोरंजन की दुनिया हो, या क्रिकेट का खुमार,लाइफ़स्टाइल टिप्स हों,या अनोखी-अनूठी ऑफ़बीट ख़बरें,सब मिलेगा यहां-ढेरों फोटो स्टोरी और वीडियो के साथ.

फॉलो करे:
Close