विज्ञापन
1 month ago

Madhya Pradesh-Chhattisgarh Breaking News in Hindi: एमपी–छत्तीसगढ़ में आज के प्रमुख अपडेट्स में प्रशासनिक, सांस्कृतिक और मौसम से जुड़ी बड़ी खबरें शामिल हैं. नेपानगर (जिला बुरहानपुर) में 15 मार्च 2026 को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव जनजातीय सम्मेलन में शामिल हुए. इस दौरान वो ₹363.82 करोड़ लागत के 127 विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन किए.

सांस्कृतिक और विकासगत गतिविधियां

नेपानगर में होने वाले कार्यक्रम के दौरान शिक्षा, सड़क, पेयजल और ग्रामीण अवसंरचना से जुड़े परियोजनाओं को हरी झंडी मिलेगी, जिससे स्थानीय आबादी को प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा. उधर, रायपुर के ललित महल में दो दिवसीय “सिंधियत जो मेलो” (14–15 मार्च 2026) का आज आखिरी दिन है. सिंधी पंचायत द्वारा आयोजित इस उत्सव में भगवान झूलेलाल के जन्मोत्सव पर भजन, सांस्कृतिक प्रस्तुतियां और सामुदायिक मिलन का माहौल बना हुआ है, जो परंपरा के साथ युवाओं की भागीदारी भी बढ़ा रहा है.

मौसम अपडेट और पूर्वानुमान

मध्य प्रदेश में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस पार कर गया है और नर्मदापुरम में लगातार दूसरे दिन लू चली. हालांकि शनिवार से मौसम का रुख बदलने के संकेत हैं. भारतीय मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, 15 मार्च (रविवार) को ग्वालियर, दतिया, भिंड, बालाघाट, मंडला, मुरैना, डिंडौरी और अनूपपुर में गरज-चमक के साथ बारिश संभव है. 16 मार्च को रीवा, सीधी, सिंगरौली, शहडोल, मऊगंज, अनूपपुर, डिंडौरी, मंडला, बालाघाट, छिंदवाड़ा, सिवनी और पांढुर्णा में वर्षा का अलर्ट जारी है, जिससे गर्मी से राहत मिल सकती है.

उज्जैन के युवक की कनाडा में गाड़ी से कुचलकर हत्या, सीएम ने जताया शोक

उज्जैन के एक युवक गुरकिरत सिंह मनोचा की कनाडा में दर्दनाक मौत हो गई, जहां कॉलेज के कुछ छात्रों से विवाद के बाद उसे मारपीट कर गाड़ी से कुचल दिया गया। बिजनेस मैनेजमेंट की पोस्ट डिग्री पढ़ने गए गुरकिरत की अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई, जिससे सिख समाज में शोक है। घटना की जानकारी मिलते ही उसके परिवार में मातम फैल गया और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भी इस दुखद घटना पर गहरी संवेदना व्यक्त की।

कांशीराम जयंती: आजाद समाज पार्टी का रायसेन में शक्ति प्रदर्शन

रायसेन जिले के सुल्तानगंज में आजाद समाज पार्टी ने कांशीराम जयंती और अपने स्थापना दिवस पर जोरदार शक्ति प्रदर्शन किया, जहां बड़ी संख्या में कार्यकर्ता, युवा और समर्थक शामिल हुए. कार्यक्रम की शुरुआत डॉ. भीमराव आंबेडकर और बहुजन नायक कांशीराम के चित्र पर माल्यार्पण से हुई. प्रदेश युवा अध्यक्ष अनिल गुर्जर के नेतृत्व में पहुंचे कार्यकर्ताओं ने ‘जय भीम’ और ‘बहुजन एकता जिंदाबाद’ के नारों से माहौल गूंजा दिया. सभा में वक्ताओं ने बहुजन समाज की एकता, शिक्षा, राजनीतिक भागीदारी और संगठन को गांव-गांव तक मजबूत करने पर जोर देते हुए सामाजिक न्याय की लड़ाई को और गति देने का आह्वान किया.

इंदौर मेट्रो CMRS का फाइनल निरीक्षण पूरा

इंदौर मेट्रो का CMRS द्वारा फाइनल निरीक्षण पूरा कर लिया गया, जिसमें सुपर कॉरिडोर से गेट नंबर 2 तक 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार पर स्पीड चेक और ब्रेक सिस्टम टेस्ट किया गया. CMRS नीलाभ सेन गुप्ता के नेतृत्व में 6 सदस्यीय दल ने पूरे रूट पर सुरक्षा, संचालन और तकनीकी मानकों का विस्तृत निरीक्षण किया. इस निरीक्षण के साथ इंदौर मेट्रो के संचालन की दिशा में एक और महत्वपूर्ण चरण सफलतापूर्वक पूरा हो गया है.

अवैध खनिज भंडारण करने वालों पर बड़ी कार्रवाई, 6 डंपर पकडे़, वसूला 6 करोड़ से ज्यादा जुर्माना

ग्वालियर में अवैध खनिज भंडारण और परिवहन पर बड़ी कार्रवाई करते हुए खनिज विभाग ने छह डंपरों को पकड़ा, जो बिना वैध दस्तावेजों के रेत, गिट्टी और बोल्डर जैसी सामग्री ले जा रहे थे. कलेक्टर रूचिका चौहान के निर्देश पर शनिवार रात सिरोल हाइवे पर की गई इस कार्रवाई में सभी डंपरों को सिरोल थाने की अभिरक्षा में रखा गया. जिले में अब तक अवैध उत्खनन और परिवहन के 345 मामलों में छह करोड़ रुपये से अधिक का जुर्माना वसूला जा चुका है. खनिज अधिकारी घनश्याम यादव के अनुसार, यह अभियान पूरे जिले में लगातार जारी रहेगा और नियमों के उल्लंघन पर कठोर कार्रवाई की जाएगी.

मामूली विवाद में बड़े भाई ने ली छोटे भाई की जान

बड़वानी जिले के सिलावद थाना क्षेत्र के ग्राम रेहगुन में चने की फसल कटाई को लेकर हुए मामूली विवाद ने भयावह रूप ले लिया, जहां बड़े भाई गेन्दीया डोडवे ने गुस्से में फावड़े से हमला कर अपने छोटे भाई फुलसिंह डोडवे की हत्या कर दी. गंभीर चोट लगने से फुलसिंह की मौके पर ही मौत हो गई. घटना की जानकारी मिलते ही सिलावद पुलिस ने तुरंत कार्रवाई कर आरोपी को लगभग एक घंटे में गिरफ्तार कर लिया. पुलिस ने उसके खिलाफ धारा 103(1) और 238 के तहत मामला दर्ज कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया. फिलहाल पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है.

देवास पहुंचे केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान

केंद्रीय कृषि और ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान रविवार दोपहर देवास पहुंचे, जहां वे 1:45 बजे खातेगांव स्थित मुखर्जी गार्डन के पास बने हेलीपेड पर उतरे. यहां विधायक आशीष शर्मा और भाजपा कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया. हेलीपेड से मंत्री सीधे कृषि उपज मंडी पहुंचे और प्रशासनिक अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर विकास कार्यों व सरकारी योजनाओं की प्रगति की जानकारी ली. इसके बाद उन्होंने रेस्ट हाउस ग्राउंड में जनपद पंचायत खातेगांव के नए भवन का भूमि पूजन किया और डाक बंगला मैदान में चल रही भागवत कथा में शामिल हुए. मीडिया से चर्चा में उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना, जल जीवन मिशन और पेयजल व्यवस्था जैसे प्रमुख मुद्दों पर विस्तृत चर्चा किए जाने की जानकारी दी. कार्यक्रमों के पश्चात वे विधायक आशीष शर्मा के साथ बैतूल के लिए रवाना हुए.

15 वर्षीय लापता किशोर को इंदौर पुलिस ने ढूंढा

इंदौर में 11 मार्च से लापता 15 वर्षीय किशोर को पुलिस ने सुरक्षित तलाश लिया है. किशोर कृष्ण विहार कॉलोनी स्थित अपने घर से एक पत्र छोड़कर निकला था, जिसमें उसने परिजनों से चिंता न करने और अपने “असली परिवार” के पास जाने की बात लिखी थी. जांच में सामने आया कि वह धार्मिक झुकाव के कारण संतों के प्रवचन और वीडियो, खासकर प्रेमानंद महाराज और काली माता से जुड़े कंटेंट देखता था. क्रिकेट खेलने का बहाना बनाकर घर से निकला यह किशोर करीब 500 रुपये लेकर गया था. सोशल मीडिया और गूगल हिस्ट्री खंगालने के बाद पुलिस को सूचना मिली कि वह गुप्त काशी में देखा गया है. इसके बाद इंदौर के खजराना थाने की टीम ने स्थानीय पुलिस की मदद से उसे सुरक्षित बरामद कर लिया और अब किशोर को लेकर इंदौर वापस लाया जा रहा है.

नरसिंहपुर की करेली नगर परिषद की अनियमितताओं पर हाई कोर्ट का आदेश

हाई कोर्ट ने नरसिंहपुर की करेली नगर परिषद में पाई गई अनियमितताओं पर गंभीर रुख अपनाते हुए नगरीय प्रशासन विभाग के संयुक्त संचालक को तीन माह के भीतर जांच कर उचित कार्रवाई करने के आदेश दिए हैं। आदेश जारी हुए एक माह बीतने के बाद याचिकाकर्ता व पत्रकार अमित श्रीवास्तव ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर पूरे मामले को फिर उठाया। अमित ने सड़क निर्माण कार्यों में गड़बड़ियों, दैनिक वेतन भोगी कर्मचारियों की नियम विरुद्ध नियुक्तियों और अवैध कॉलोनियों में भू-स्वामित्व संबंधी अनियमितताओं के खिलाफ पहले नगर परिषद स्तर पर शिकायतें की थीं, लेकिन सुनवाई न होने पर उन्होंने जनहित याचिका दायर की, जिस पर हाई कोर्ट ने यह कड़ा निर्देश जारी किया।

किचन का काम खत्म कर सभागृह में छिपा, फिर फरार

मध्य प्रदेश के शाजापुर जिला जेल से रविवार दोपहर एक कैदी दीवार फांदकर फरार हो गया. बताया जा रहा है कि कैदी किचन में काम करने के बाद उसके पीछे बने सभागृह में छिप गया था. मौके का फायदा उठाकर उसने जेल की दीवार पर लगे पानी के पाइप के सहारे भागने की कोशिश की.

फरार कैदी के साथ उसका एक अन्य साथी राहुल भी मौजूद था. दोनों ने मिलकर दीवार फांदने का प्रयास किया, लेकिन जयराम उर्फ जीवन दीवार पार करने में सफल हो गया, जबकि राहुल दीवार पार नहीं कर पाया और जेल के अंदर ही रह गया.

Oswal Denim Unit factory Fire: राजगढ़ के ओसवाल डेनिम यूनिट फैक्ट्री में लगी आग

राजगढ़ के अधोगिक क्षेत्र पीलूखेड़ी में ओसवाल डेनिम यूनिट फैक्ट्री में आग लग गई. प्रशासन की टीम मौके पर दमकल के साथ आग बुझाने का प्रयास जारी. फैक्ट्री के डेनिम यूनिट में आग लगी, कंपनी का लाखों रुपए का नुकसान हुआ. हालांकि इस घटना में किसी के घायल होने कि खबर अभी तक नहीं आई. वहीं एचआर मैनेजर ने किसी भी घटना की जानकारी नहीं दी.

Chhattisgarh news Live: बलौदा बाजार में उचित मूल्य दुकान से चावल की अफरातफरी का आरोप, 50 से अधिक बोरी चावल से भरी गाड़ी जब्त

बलौदा बाजार जिले के ग्राम रसेड़ी में संचालित उचित मूल्य की दुकान में राशन की गड़बड़ी का मामला सामने आया है. ग्रामीणों के आरोप के बाद सरपंच की सूचना पर खाद्य विभाग ने कार्रवाई करते हुए चावल से भरी एक वाहन को जब्त कर लिया है. मामले की जांच की जा रही है.

जानकारी के अनुसार, ग्राम रसेड़ी में संचालित उचित मूल्य की दुकान के संचालक पर ग्रामीणों ने राशन में गड़बड़ी करने का आरोप लगाया है. ग्रामीणों का कहना है कि दुकान संचालक द्वारा हितग्राहियों को निर्धारित मात्रा से कम राशन दिया जा रहा था और बचा हुआ चावल इकट्ठा कर बेचा जा रहा था.

Madhya Pradesh News: मोहगांव के जंगल में दो नर भालू की मौत

लामता वन परिक्षेत्र उत्तर लामता सामान्य के अंतर्गत मोहगांव बीट कक्ष क्रमांक 1208/9 के जंगल में शनिवार को दो नर भालू उम्र करीब तीन माह मृत हालत में पाए गए. दोनों भालू की मौत आपसी संघर्ष से होना सामने आई है। वन विभाग ने सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचकर शव बरामद किया. पशु चिकित्सक टीम से पोस्टमार्टम करवाकर अंतिम संस्कार कर दिया. जानकारी के अनुसार, सुबह के समय जंगल में वनकर्मी गश्त कर रहा था. तभी उसने मोहगांव बीट में दो भालू को मृत हालत में देखे गए. जिसकी सूचना तत्काल वरिष्ठ अधिकारियों को दी गई. दरअसल, वन परिक्षेत्र उत्तर लामता सामान्य के अधिकांश जंगल कान्हा राष्ट्रीय उद्यान के कारीडोर व पेंच की सीमा से लगे है. जिससे यहां के जंगल में बाघ, तेंदुआ, बायसन, भालू, हिरण, चीतल के अलावा अन्य वन्य प्राणी बहुतायत में हैं.

Madhya Pradesh News: वाहन चेकिंग के दौरान ASI को टू-व्हीलर चालक ने मारी टक्कर, सिर में गंभीर चोट

सिवनी में वाहन चेकिंग के दौरान बड़ा हादसा हो गया. जानकारी के मुताबिक कोतवाली थाना क्षेत्र के खैरी टेक में यातायात पुलिस द्वारा वाहन चेकिंग की जा रही थी. इसी दौरान एक टू-व्हीलर चालक ने ड्यूटी पर तैनात एएसआई शत्रुघ्न चौरिया को टक्कर मार दी. टक्कर इतनी जोरदार थी कि एएसआई शत्रुघ्न चौरिया के सिर में गंभीर चोट आई और वे मौके पर ही घायल हो गए. घटना के बाद उन्हें तुरंत जिला अस्पताल सिवनी ले जाया गया, जहां डॉक्टरों द्वारा उनका उपचार जारी है.

बताया जा रहा है कि एएसआई शत्रुघ्न चौरिया यातायात थाना सिवनी में पदस्थ हैं. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है और टक्कर मारने वाले वाहन चालक को पकड़ लिया गया है.

Madhya Pradesh News: मऊगंज में नशीली कफ सिरप स्कैम

मध्यप्रदेश के मऊगंज से एक बड़ी खबर सामने आई है, जहां रीवा रेंज के आई जी गौरव राजपूत का संकल्प और मऊगंज पुलिस अधीक्षक दिलीप सोनी की सक्रियता,सतत निगरानी,और नशे को नेस्तनाबूत मंसूबे ने नशे के 12 अंतरराज्यीय काले जहर के साम्राज्य पर बड़ा प्रहार किया है. मऊगंज पुलिस की सटीक रणनीति और लगातार कार्रवाई के बाद उस कुख्यात सप्लायर तक आखिरकार पुलिस पहुंच गई है, जिसने ड्रग लाइसेंस की आड़ में 12 राज्यों में नशीली कफ सिरप का बड़े पैमाने में जाल फैला रखा था. इस नेटवर्क के सरगना विनोद अग्रवाल की करीब साढ़े 9 करोड़ रुपये की संपत्ति फ्रीज कर दी गई है. जांच में खुलासा हुआ है कि 350 से अधिक फर्जी फर्मों के जरिए 20 लाख से ज्यादा कोडीनयुक्त कफ सिरप की बोतलें अवैध रूप से बाजार में खपाई गईं.

Sagar Crime: पुरानी रंजिश में 50 वर्षीय व्यक्ति की हत्या, पत्थर और लोहे की रॉड से किया हमला

सागर शहर के सिविल लाइन थाना क्षेत्र अंतर्गत फोर-लेन बमोरी तिराहे के पास पुरानी रंजिश के चलते एक 50 वर्षीय व्यक्ति की बेरहमी से हत्या कर दी गई. आरोप है कि करीब 10 लोगों ने मिलकर लोहे की रॉड और पत्थरों से हमला कर वारदात को अंजाम दिया. घटना में मृतक का बेटा भी गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे इलाज के लिए भोपाल रेफर किया गया है.

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार मृतक प्रदीप पांडेय (50) का आरोपियों के साथ पूर्व में हुए पंचायत चुनाव को लेकर विवाद चल रहा था. बताया जा रहा है कि बुधवार को मृतक के बड़े भाई एक शादी समारोह में शामिल होने पहुंचे थे, जहां आरोपियों ने उनके साथ अभद्रता की. इसकी जानकारी मिलने पर प्रदीप पांडेय मौके पर पहुंचे. सी दौरान पहले से घात लगाए बैठे आरोपियों ने उन्हें रास्ते में ही रोक लिया और लोहे की रॉड तथा पत्थरों से हमला कर दिया. हमले के दौरान बीच-बचाव करने पहुंचे मृतक के बेटे रचित पांडेय को भी गंभीर चोटें आई हैं.

Iran–Israel War: कॉटन व्यापार पर संकट

मध्य पूर्व में चल रहे ईरान–इजरायल युद्ध का असर अब भारत के कपास व्यापार पर भी पड़ता दिखाई दे रहा है. अंतरराष्ट्रीय व्यापार मार्ग प्रभावित होने से आयात-निर्यात की प्रक्रिया में अनिश्चितता बढ़ गई है, जिससे व्यापारी वर्ग में चिंता का माहौल है. स्थानीय कपास व्यापारी गोपाल तायल का कहना है कि भारत का पूरा कपास व्यापार काफी हद तक इंपोर्ट और एक्सपोर्ट पर ही निर्भर करता है.

तायल ने बताया कि भारत अपनी जरूरत की लंबे रेशे वाली कपास की गांठें अमेरिका, ब्राजील और ऑस्ट्रेलिया जैसे देशों से आयात करता है. मौजूदा युद्ध की स्थिति में अमेरिका भी पूरी तरह से इसमें शामिल है, जिससे अंतरराष्ट्रीय व्यापारिक गतिविधियों पर असर पड़ रहा है. उन्होंने कहा कि ईरान के पास स्थित महत्वपूर्ण समुद्री जलमार्ग पर भी स्थिति संवेदनशील हो गई है. यदि यह मार्ग प्रभावित होता है तो जहाजों को अफ्रीका के रास्ते होकर गुजरना पड़ेगा, जिससे परिवहन लागत काफी बढ़ जाएगी और व्यापार महंगा हो जाएगा.

Indore News: सनातनी क्रिकेट प्रीमियर लीग के नाम पर ठगी

इंदौर के नेहरू स्टेडियम में चल रही सनातनी क्रिकेट प्रीमियर लीग को लेकर ठगी का मामला सामने आया है. आयोजन समिति ने साफ किया है कि मैच देखने के लिए आम लोगों का प्रवेश पूरी तरह मुफ्त है और किसी भी तरह के वीआईपी या वीवीआईपी टिकट जारी नहीं किए गए हैं.

दरअसल, कुछ अज्ञात लोग फोन कॉल और ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के जरिए लोगों से संपर्क कर वीआईपी और वीवीआईपी टिकट दिलाने के नाम पर पैसे मांग रहे हैं. जैसे ही इस तरह की शिकायतें आयोजन समिति तक पहुंचीं, उन्होंने तुरंत इंदौर की संयोगितागंज पुलिस को इसकी जानकारी दी. मामले की गंभीरता को देखते हुए संयोगितागंज थाना पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ जांच शुरू कर दी है. पुलिस ने लोगों से अपील की है कि ऐसे किसी भी कॉल, मैसेज या ऑनलाइन ऑफर से सावधान रहें और किसी के झांसे में आकर पैसे न दें.

CM Mohan Yadav: बुरहानपुर के नेपानगर पहुंचे CM मोहन, किया गया भव्य स्वागत

मध्य प्रदेश के के मुख्यमंत्री मोहन यादव बुरहानपुर के नेपानगर पहुंच गए. सीएम मोहन यादव का बुरहानपुर के प्रभारी मंत्री तुलसीराम सिलावट, सांसद ज्ञानेश्वर पाटिल, नेपानगर विधायक मंजू दादू, बुरहानपुर विधायक अर्चना चिटणीस ने स्वागत किया. मुख्यमंत्री आज नेपा नगर को 363 करोड़ रुपये की सौगात देंगे. 

CM Vishnu Deo Sai: बलरामपुर पहुंचे मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, भाजपा जिला अध्यक्ष ओमप्रकाश के परिवार से की मुलाकात

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय बलरामपुर पहुंचे. इस खास मौके पर मुख्यमंत्री वार्ड क्रमांक 12 में भाजपा जिला अध्यक्ष ओमप्रकाश जायसवाल के शोकाकुल परिवार से  मुलाकात की. 5 मार्च को भाजपा जिला अध्यक्ष के पिता का निधन हो गया था. मुख्यमंत्री शोक संवेदना व्यक्त कर परिजनों से मुलाकात कर ढांढस बंधाया.

कुछ ही देर में मुख्यमंत्री अगले कार्यक्रम के लिए रवाना होंगे.

Chhattisgarh Car Fire: दंतेवाड़ा के बास्तानार घाट में चलती कार में लगी आग, जलक खाक, गाड़ी में सवार लोग सुरक्षित

दंतेवाड़ा के बास्तानार घाट में चलती कार में आग लग गई. इस आगजनी में कार जलक खाक हो गई. गनीमत रही कि कार में सवार लोग सुरक्षित बच गए. यह हादसा जगदलपुर से दंतेवाड़ा आते वक्त हुआ 

यह मामला कोड़ेनार थानाक्षेत्र का है. 

Sagar Road Accident: बहेरिया हादसे का CCTV आया सामने, तेज रफ्तार कार ट्रक से टकराई, एक युवक की मौत

सागर के बहेरिया रोड पर हुए भीषण सड़क हादसे का सीसीटीवी वीडियो सामने आया है. वीडियो में साफ दिखाई दे रहा है कि तेज रफ्तार कार सामने से आ रहे ट्रक से टकरा गई, जिससे बड़ा हादसा हो गया. इस दुर्घटना में एक युवक की मौत हो गई थी, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया था.

जानकारी के अनुसार, गुरुवार को बहेरिया रोड स्थित दीपावली होटल के पास कार और ट्रक की जोरदार भिड़ंत हो गई थी. हादसे के समय कार क्रमांक एमपी 15 जेडएफ 8713 में सवार छुट्टू चौबे निवासी देवरी और पवन विश्वकर्मा निवासी रजाखेड़ी बहेरिया चौराहे की ओर जा रहे थे, तभी सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक से कार की सीधी टक्कर हो गई.

टक्कर इतनी भीषण थी कि कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे जा गिरी और बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई. हादसे में कार सवार दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए थे, जिन्हें तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया. जहां इलाज के दौरान एक युवक की मौत हो गई. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी थी. वहीं अब इस हादसे का सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद दुर्घटना की पूरी घटना स्पष्ट हो गई है.

Indore News: क्रेन की चपेट में आने से मजदूर साइकिल सवार की मौत

 इंदौर में क्रेन की चपेट में आने से मजदूर साइकिल सवार की मौत हो गई. युवक ड्यूटी खत्म कर साइकिल से घर जा रहा था. इसी दौरान ये हादसा हो गया. यह घटना सांवेर रोड इंडस्ट्रियल इलाके की है.

मृतक अशोक प्रजापत के परिजनों ने क्रेन में तोड़फोड़ की. पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पीएम के लिए भिजवाए. बाणगंगा थाना पुलिस मामले की जांच की जुट गई है.

Gariaband shops Fire: गरियाबंद के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल घटारानी के दुकानों में भीषण आग

गरियाबंद के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल घटारानी के दुकानों में भीषण आग लग गई. आग लगने से हड़कंप मच गया. आग लगने से कई अस्थाई दुकाने जलकर ख़ाक हो गया. सूचना के बाद फिंगेश्वर पुलिस और फायर बिग्रेड की गाड़ियां मौके पर पहुंची. फिलहाल पुलिस घटना स्थल में जांच में जुटी. आग लगने का कारण अज्ञात है.

बांस व लकड़ियों से अस्थाई दुकाने बनाया गया था. जंगल में आग लगाने की आशंका जताया जा रहा है.

Madhya Pradesh News: CM मोहन बुरहानपुर को आज देंगे तोहफा, 363.82 करोड़ के 127 विकास कार्यों का करेंगे लोकार्पण-भूमिपूजन

सीएम डॉ मोहन यादव आज बुरहानपुर की नेपानगर विधानसभा आएंगे. इस खास मौके पर 363 करोड़ 82 लाख रुपये के 127 विकास कार्यों का लोकार्पण व भूमिपुजन करेंगे. साथ ही जनजातीय सम्मेलन को भी सम्बोधित करेंगे. CM मोहन बुरहानपुर को आज देंगे तोहफा, 363.82 करोड़ के 127 विकास कार्यों का करेंगे लोकार्पण-भूमिपूजन

Gwalior Breaking News: ग्वालियर में नाबालिग छात्र को पाइप से बांधकर पीटा

ग्वालियर में एक नाबालिग लड़के  को लोहे के पाइप से बांधकर बेल्ट से पीटने की सनसनीखेज घटना सामने आई है. इस घटना मे एक 15-16 वर्षीय छात्र ने अपना कसूर सिर्फ इतना बताया था कि उसने मोहल्ले के लड़कों को गांजा पीने के लिए पैसे देने से मना कर दिया था. जिस पर नाराज होकर तीन लड़कों ने उसे बांधकर पीटा था. घटना का वीडियो भी सामने आया. पुलिस ने बीती  रात  तीनों लड़कों पर मामला दर्ज कर पकड़ भी  लिया, लेकिन पीटने वाले आरोपियों ने घटना की कुछ और वजह ही बताई. उनका कहना है कि  गांजा के लिए पैसे मांगने की  कहानी झूठ है, बल्कि  इसने दो दिन पहले हमें पीटा था और उसका वीडियो वायरल कर दिया था. हमने सिर्फ  उसका ही बदला लिया.

Madhya Pradesh News: सिंधिया बांट रहे थे किट और विधायक दे रहे थे भीख न मांगने की नसीहत

गुना शहर के शुभ विदाई गार्डन में आयोजित एक गरिमामयी कार्यक्रम उस समय चर्चा में आ गया, जब स्थानीय विधायक पन्नालाल शाक्य ने मंच से दिव्यांगों को लेकर तल्ख टिप्पणी कर दी. केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया की मौजूदगी में आयोजित इस सामाजिक अधिकारिता शिविर में विधायक शाक्य ने दिव्यांगों को दी जाने वाली किट और ट्राइसाइकिल के सदुपयोग की नसीहत देते हुए बेहद कड़े शब्दों का इस्तेमाल किया. विधायक पन्नालाल शाक्य ने अपने संबोधन के दौरान दिव्यांगों को नसीहत देते हुए कहा कि सरकार द्वारा दी जा रही ये ट्राइसाइकिल जीवन में आगे बढऩे का माध्यम है, न कि भिक्षावृत्ति का. उन्होंने सीधे शब्दों में कहा, क्या हम केवल इसीलिए घूम रहे हैं कि ट्राइसाइकिल उठाई और मंदिर या चौराहे के आगे खड़े होकर हाथ फैला रहे हैं कि भगवान के नाम पर 10 रुपये दे दो. इसके लिए सरकार ने ये साइकिल नहीं दी है.

Madhya Pradesh News: काल भैरव मंदिर में शराब चढ़ाने पहुंच रहे भक्त

रायसेन जिले में आस्था के नाम पर अंधविश्वास का एक अनोखा मामला सामने आ रहा है. जिला मुख्यालय से करीब 25 किलोमीटर दूर ग्राम सांचेत स्थित काल भैरव धाम में बड़ी संख्या में भक्त शराब की बोतलें लेकर पहुंच रहे हैं. मान्यता है कि काल भैरव को शराब चढ़ाने से भक्तों की मनोकामनाएं पूरी होती हैं. इसी विश्वास के चलते हर शनिवार यहां सैकड़ों श्रद्धालु शराब की बोतलें चढ़ाकर मन्नत मांगते नजर आते हैं.

Chhattisgarh News Live: कांग्रेस प्रदेश सह प्रभारी विजय जांगिड़ आज आएंगे छत्तीसगढ़, रायपुर, बिलासपुर और बस्तर संभाग का करेंगे दौरा

कांग्रेस प्रदेश सह प्रभारी विजय जांगिड़ आज छत्तीसगढ़ आयेंगे. वो आज से तीन दिवसीय दौरे पर रहेंगे.

इस खास मौके पर विजय जांगिड़ रायपुर, बिलासपुर और बस्तर संभाग का दौरा करेंगे. आज बिलासपुर का दौरा कर विधानसभा घेराव की तैयारी पर चर्चा करेंगे. सोमवार, 16 मार्च को जगदलपुर का दौरा करेंगे. वहीं 17 मार्च को रायपुर में विधानसभा घेराव में शामिल होंगे .

Chhattisgarh News Live: राजधानी रायपुर में तीन दिन मांस-मटन बिक्री पर पूर्ण प्रतिबंध

छत्तीसगढ़ के राजधानी रायपुर में तीन दिन मांस-मटन बिक्री पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा. 20 मार्च को चेट्रीचंड, 27 मार्च को रामनवमी और 31 मार्च को महावीर जयंती पर आदेश लागू होगा. रायपुर नगर निगम क्षेत्र में सभी पशुवध गृह और मांस-मटन दुकानें बंद रहेंगी. 

महापौर मीनल चौबे के निर्देश पर स्वास्थ्य विभाग ने आदेश जारी किया है. जोन और स्वच्छता अधिकारी निरीक्षण कर कार्रवाई करेंगे. होटलों में बिक्री करते पाए जाने पर जप्ती और कार्रवाई की चेतावनी दी गई है.

Chhattisgarh News Live: महासमुंद के होला महल्ला कार्यक्रम में शामिल होंगे CM साय

छततीसगढ़ के सीएम विष्णु देव साय आज  कई कार्यक्रमों में शामिल होंगे. वो आज बलरामपुर जाएंगे. इसके बाद सीएम साय बलरामपुर से महासमुंद आएंगे. इस मौके पर सीएम विष्णु देव साय महासमुंद में होला महल्ला कार्यक्रम में शामिल होंगे. 

इसके बाद सीएम रात 9.30 बजे एक निजी कार्यक्रम में शामिल होने होटल मेफेयर रिसोर्ट जाएंगे.

Madhya Pradesh News Live: बुरहानपुर के दौरे पर रहेंगे सीएम मोहन यादव, करेंगे लोकार्पण, जानिए CM का आज का कार्यक्रम

सीएम मोहन यादव आज  बुरहानपुर के दौरा पर रहेंगे. इस दौरान वो स्थानीय कार्यक्रम और जनजातीय सम्मेलन में शामिल होंगे. साथ ही इस मौके पर लोकार्पण व भूमिपूजन करेंगे.

सीएम मोहन यादव का आज का कार्यक्रम

दोपहर 11:00-12:00 बजे- बुरहानपुर 

 

दोपहर 02:00-02:45 बजे- हेलिपैड नेपानगर से एयरपोर्ट इंदौर, जिला इंदौर आगमन (हेली से)

दोपहर 02:55-03:55 बजे- एयरपोर्ट इंदौर से एयरपोर्ट भुज, जिला कच्छ (गुजरात) आगमन (वायुयान से)

शाम 04:00- 04:40 बजे- भुज–अंजार हाईवे, अंजार, कच्छ आगमन (कार से)

सीएम मोहन यादव स्थानीय कार्यक्रम में शामिल होंगे.

रात 08:30 – 09:10 बजे- भुज–अंजार हाईवे, अंजार से एयरपोर्ट भुज, जिला कच्छ (गुजरात) आगमन (कार से)

रात 09:20-10:50 बजे- एयरपोर्ट भुज, जिला कच्छ से इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट, नई दिल्ली आगमन (वायुयान से)- स्थानीय कार्यक्रम एवं रात्रि विश्राम

Election Commission Press Briefing: आज 5 राज्यों में विधानसभा चुनाव की हो सकती है घोषणा

चुनाव आयोग आज प्रेस कॉन्फ्रेंस करेगा. इस दौरान पांच राज्यों के विधानसभा चुनावों की तारीखों का ऐलान होने की संभावना है. चुनाव आयोग पश्चिम बंगाल, तमिलनाडु, केरल, असम और पुडुचेरी में होने वाले विधानसभा चुनावों का पूरा कार्यक्रम जारी कर सकता है. 

Madhya Pradesh Weather Update: मध्य प्रदेश में अगले 4 दिन आंधी बारिश का अलर्ट

मध्य प्रदेश में अगले 4 दिन आंधी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है. IMD के अनुसार, ग्वालियर , भिंड, मुरैना, छिंदवाड़ा, सिवनी, डिंडोरी, मंडला बालाघाट में बारिश होगी. पश्चिमी विक्षोभ और टर्फ की वजह से मौसम में बदलाव देखने को मिला है. हालांकि प्रदेश के बाकी इलाकों में हीट वेव का दौर जारी रहेगा. 

पूरी खबर यहां पढ़िए: MP में कहीं बारिश तो कहीं भीषण गर्मी का अलर्ट, इन जिलों में गिरेगा पानी, छत्तीसगढ़ में भी बदलेगा मौसम का मिजाज

98th Oscar Awards: 16 मार्च को लॉस एंजिल्स में 98वीं ऑस्कर अवॉर्ड सेरेमनी

98वीं ऑस्कर अवॉर्ड सेरेमनी सोमवार, 16 मार्च को लॉस एंजिल्स के डॉल्बी थिएटर में होगी. प्रियंका चोपड़ा  एक बार फिर ऑस्कर अवॉर्ड प्रेजेंट करने वाली हैं. 2 बार प्रेजेंटर बनने वालीं वो इकलौती भारतीय हैं. भारतीय समयानुसार, इसे सुबह साढ़े 4 बजे से टेलीकास्ट किया जाएगा. इस साल भारत की कोई फिल्म ऑस्कर नॉमिनेशनल हासिल नहीं कर सकी है. हालांकि भारतीय मूल की फिल्ममेकर गीता गंदभीर की 2 डॉक्यूमेंट्री फिल्मों को ऑस्कर में नॉमिनेशन मिला है.

Chhattisgarh Weather: छत्तीसगढ़ में 40 डिग्री के करीब पहुंचा पारा

छत्तीसगढ़ में मार्च में तापमान 40 डिग्री के करीब पहुंच गए हैं. प्रदेश के ज्यादातर इलाकों में दिन में तेज धूप से सड़कें सूनी होने लगी. वहीं शनिवार को सबसे ज़्यादा तापमान बिलासपुर में 39.6 डिग्री दर्ज किया गया. वहीं दुर्ग में 38.2, जगदलपुर में 38.1, रायपुर में 38.9,डिग्री  अम्बिकापुर में 36.5 डिग्री तापमान रिकॉर्ड किया गया है. हालांकि मौसम विभाग ने अगले एक दो दिन प्रदेश में अंधड़ के साथ बूंदाबांदी होने की संभावना जताई है

Chhattisgarh News: बेमेतरा जिले के किसानों को उचित बाजार देने के नाम पर लाखों रुपए खर्च कर बनाया गया उपभोक्ता बाजार कबाड़ में तब्दील

बेमेतरा जिला मुख्यालय के कृषि उपज मंडी प्रांगण में किसान उपभोक्ता बाजार का निर्माण करते हुए तत्कालीन मुख्यमंत्री डॉ रमन सिंह के द्वारा 2018 में 64.64 लाख की लागत से उपभोक्ता बाजार शेड का निर्माण कर 48 पसरा(दुकान) बनाया गया है. उपभोक्ता बाजार को लेकर राज्य शासन की मनसा थी कि वह किसानों को बिचौलियों से बचाते हुए सीधे उन्हें बाजार उपलब्ध कराना था.  दलाली प्रथा को खत्म करना ही इस बाजार का उद्देश्य था, ताकि किसानों की आय दुगनी हो सके और इसके लिए लाखों रुपए खर्च कर शेड का निर्माण करते हुए अन्य सामान भी खरीदे गए. ताकि इसका लाभ आम लोगों को हो सके, लेकिन निर्माण के 7 साल बाद भी उपभोक्ता बाजार शुरू नहीं हो पाया है और बाजार अब कबाड़ में तब्दील हो रहे हैं.

Madhya Pradesh News: इंदौर में राष्ट्रीय स्तर का टेबल टेनिस टूर्नामेंट, MP, आरएसपीबी, तमिलनाडु, आंध्रप्रदेश और नागालैंड की टीमें जीतीं

इंदौर में राष्ट्रीय स्तर का टेबल टेनिस टूर्नामेंट की शुरुआत शनिवार से हो गई. पहले दिन मध्य प्रदेश, आंध्रप्रदेश, रेलवे स्पोर्ट्स प्रमोशन बोर्ड (आरएसपीबी), तमिलनाडु,गुजरात की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए राष्ट्रीय सीनियर और अंतर राज्यीय टेबल टेनिस टूर्नामेंट में जीत से शुरुआत की.

Chhattisgarh News: बेमेतरा में फार्म हाउस का ड्रोन से जांच

बेमेतरा पुलिस जिले में स्थित फार्म हाउस का जांच कर रही है. पुलिस विभाग की ओर से प्रत्येक बड़े फॉर्म हाउसहो का ड्रोन से जांच किया जा रहा है. डीआईजी रामकृष्ण साहू भी मौके पर जाकर फार्म हाउस का निरीक्षण कर रहे हैं.  दुर्ग-बलरामपुर में अफीम की खेती के बाद जिले में भी बड़ी संख्या में बाहर से खेती करने वाले किसानों के फार्म हाउस की जांच की जा रही है.

Gas cylinder seized: छतरपुर में अवैध LPG गैस के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, 150 से अधिक सिलेंडर जब्त

मध्य प्रदेश के छतरपुर जिला प्रशासन ने अवैध रूप से गैस सिलेंडर के भंडारण और कालाबाजारी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है.  प्रभारी कलेक्टर एवं जिला पंचायत सीईओ नमः शिवाय अरजरिया के निर्देशन में राजस्व और खाद्य विभाग की संयुक्त टीम ने जिले के विभिन्न स्थानों पर छापेमार कार्रवाई करते हुए 150 से अधिक एलपीजी सिलेंडर जब्त किए. प्राप्त जानकारी के अनुसार,  चंद्रनगर, बमीठा, नौगांव और छतरपुर सहित पांच स्थानों पर छापेमारी की गई.जांच में सामने आया कि कुछ लोग एलपीजी गैस सिलेंडर को 1500 से 2000 रुपये तक ब्लैक में बेच रहे थे.

MP Rain Alert: आज मध्य प्रदेश इन जिलों में गिरेगा पानी! IMD ने जारी किया बारिश का अलर्ट, जानिए अपने शहरों का हाल

मध्य प्रदेश में तेज गर्मी के बीच आंधी-बारिश का अलर्ट जारी किया गया है. रविवार को उत्तर और दक्षिणी हिस्से के 8 जिलों में बारिश होने की संभावना है, इनमें ग्वालियर, मुरैना, भिंड, छिंदवाड़ा, सिवनी, मंडला, डिंडौरी और बालाघाट शामिल हैं.  मौसम विभाग के अनुसार, 18 मार्च तक आंधी-बारिश का दौर बना रहेगा. बता दें कि इस साल पहली बार  मार्च में मावठा गिरेगा.

Madhya Pradesh Live News: आज राघोगढ़ के दौरे पर शिवराज सिंह और ज्योतिरादित्य सिंधिया, शादी समारोह में होंगे शामिल

पूर्व मुख्यमंत्री और केंद्रीय कृषि व किसान कल्याण व ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान और केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया आज राघोगढ़ के दौरे पर रहेंगे. हालांकि इस दौरान दोनों की मुलाकात नहीं होगी.

केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान भोपाल से हेलीकॉप्टर से सुबह 10:40 पर राघोगढ़ पहुंचेंगे, यहां जिला पंचायत अध्यक्ष अरविंद धाकड़ के भाई की शादी में शामिल होंगे.

वहीं केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया रात 9:30 बजे राघोगढ़ मे जिला पंचायत अध्यक्ष के भाई की शादी में शामिल होंगे.

Chhattisgarh News Live: दुर्ग में एक ही बेड पर पिता और बेटे का शव, मचा हड़कंप

दुर्ग में एक ही बेड पर पिता और बेटे का शव मिला. शव मिलने से हड़कंप मच गया. जानकारी के मुताबिक, दोनों ने कीटनाशक पीकर जान दी. बताया जा रहा है कि 45 वर्षीय बेटे पंकज का दिमागी हालत ठीक नहीं था और 70 वर्षीय पिता अरुण चलने फिरने में असमर्थ था. करीब 8 महीना पहले ही पत्नी की मौत हो गई. मोहल्ले वाले ने इसकी सूचना पुलिस को दी. यह मामला में कोतवाली थाना क्षेत्र का है. फिलहाल पुलिस जांच में जुट गई.

Jyotiraditya Scindia: केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया का अनोखा अंदाज, लोकधुनों पर थिरके

गुना के ग्राम आरी में आयोजित समृद्ध ग्राम उद्घाटन कार्यक्रम में एक मनमोहक दृश्य देखने को मिला. जब केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया, स्थानीय लोक कलाकारों के साथ पारंपरिक लोकधुनों पर थिरकते नजर आए. 

Madhya Pradesh News Live: आनंद पैलेस व रेस्टोरेंट में ब्लास्ट हुआ एयर कंडीशनर, धमाके से हड़कंप, रोड में बिखरे कांच और एक के पार्ट्स

सीधी शहर क्षेत्र अंतर्गत स्थित आनंद पैलेस एवं रेस्टोरेंट में उस समय अफरा-तफरी मच गई जब एक कमरे में लगा एसी अचानक ब्लास्ट हो गया. धमाके की आवाज सुनते ही वहां मौजूद लोगों में दहशत हो गई और कुछ देर के लिए भगदड़ जैसी स्थिति बन गई. बताया जा रहा है कि जिस कमरे में एसी ब्लास्ट होने की घटना हुई वह कमरा बंद था वहां कोई नहीं था, लेकिन  होटल में मौजूद अन्य  लोग घबरा गए, राहत की बात यह रही कि इस हादसे में किसी भी प्रकार की जनहानि नहीं हुई.

Sagar News Live: बोरवेल से ज्वलनशील गैस का रिसाव, आग लगने से मचा हड़कंप

सागर के बंडा नगर के वार्ड क्रमांक 11 में एक निजी बोरवेल से ज्वलनशील गैस निकलने के बाद आग लगने की घटना सामने आई है. घटना से इलाके में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया. सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया.

प्राप्त जानकारी के अनुसार, वार्ड 11 में राधे आश्रम के आगे एक निजी बोरवेल हाल ही में खुदवाया गया था. शनिवार को अचानक बोरवेल से तेज आवाज के साथ गैस का रिसाव होने लगा. कुछ ही देर बाद गैस आग के संपर्क में आ गई और बोरवेल के पास आग की लपटें दिखाई देने लगीं.

Chhindwara Road Accident: छिंदवाड़ा में भीषण सड़क हादसा, मिनी पिकअप और नंदन बस की भिंडत

छिंदवाड़ा में शनिवार देर शाम कुंडीपुरा थाना इलाके में मिनी पिकअप और नंदन बस की भिंडत हो गई. हादसे में बस सवार यात्री घायल बताए जा रहे हैं. सड़क हादसा आज देर शाम इसरा उमरिया के समीप हुआ है. घटना कुंडीपुरा थाना सीमा की बताई जा रही है. हादसे के बाद पुलिस मौके पर मौजूद है.

Madhya Pradesh Live News: पशु तस्करों के खिलाफ कार्रवाई, 34 भैंसों को कराया मुक्त, 20 लाख रुपये थी कीमत

रीवा जिले के सेमरिया विधानसभा क्षेत्र में पशु तस्करों के खिलाफ कार्रवाई की गई. पुलिस ने लगभग 20 लाख रुपये की कीमत की 34 भैंसों को मुक्त कराया गया. साथ ही तीन आरोपी गिरफ्तार किए गए. वहीं तीन अन्य आरोपी फरार हो गए. ट्रक जिसकी कीमत लगभग 60 लाख रुपए सहित लगभग 80 लाख रुपए का माल बरामद किया है. काटने के लिए इन भैंसों को उत्तर प्रदेश ले जाया जा रहा था.

Close