मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने रविवार को "पीएमश्री हेली पर्यटन सेवा" के तहत नए सेक्टर (भोपाल-चंदेरी-ओरछा) का शुभारंभ कर दिया. इससे राज्य के पर्यटन और धार्मिक यात्रा आसान हो गई है. भोपाल स्टेट हेंगर से यह सेवा शुरू की गई है. इस दौरान सीएम ने हरी झंडी दिखाकर हैलीकॉप्टर रवाना किया. उन्होंने सेवा की शुरुआत की करने के लिए यात्रियों को बोर्ड पास भी वितरित किए.
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस पहल का उदेश्य प्रदेश में धार्मिक और पर्यटन स्थलों तक पहुंच को आसान बनाना है, ताकि अधिक से अधिक यात्री इस सेवा का लाभ लेकर मध्य प्रदेश की समृद्ध संस्कृति और प्रमुख धार्मिक स्थलों के दर्शन कर सकें. उन्होंने लोगों से इस सेवा का अधिकाधिक उपयोग करने की अपील भी की.
प्रदेश के लिए गौरव का क्षण
भगवान परशुराम जयंती के अवसर पर शुरू की गई इस सेवा को मुख्यमंत्री ने प्रदेश के लिए गौरव का विषय बताया. उन्होंने कहा कि हेली पर्यटन सेवा से श्रद्धालुओं को न केवल सुविधाजनक यात्रा मिलेगी, बल्कि पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा.
धार्मिक और ऐतिहासिक पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा
यह नया सेक्टर भोपाल को भगवान श्रीराम की राजनगरी ओरछा और ऐतिहासिक विरासत के लिए प्रसिद्ध चंदेरी से जोड़ेगी. इससे श्रद्धालु श्रीरामराजा मंदिर में सुगमता से दर्शन के लिए पहुंच सकेंगे और चंदेरी की सांस्कृतिक विरासत व प्रसिद्ध हस्तशिल्प (चंदेरी साड़ी) का अनुभव ले सकेंगे.
एंड टू एंड सेवा का सप्ताह में 5 दिन होगा संचालन
सेक्टर-2 के अंतर्गत यह सेवा सप्ताह में 5 दिन (बुधवार, गुरुवार, शुक्रवार, शनिवार और रविवार) संचालित होगी. यात्रियों के लिए भोपाल से चंदेरी का किराया ₹5,500 और भोपाल से ओरछा का किराया ₹6,500 निर्धारित किया गया है. इसके अलावा, ₹14,500 के विशेष पैकेज में टैक्सी, वीआईपी दर्शन और प्रसाद जैसी 'एंड-टू-एंड' सुविधाएं भी शामिल हैं. चंदेरी और ओरछा में पर्यटकों के लिए ₹3,500 में 'जॉय राइड' की सुविधा भी उपलब्ध रहेगी.
सुविधा और सुरक्षा सर्वोपरि
पीपीपी मॉडल पर संचालित इस सेवा में पर्यटकों की सुरक्षा का विशेष ध्यान रखा गया है. यात्रा के लिए 6 सीटों वाले आधुनिक हेलीकॉप्टर का उपयोग किया जा रहा है. गंतव्य पर होटल, भोजन और स्थानीय भ्रमण के लिए गाइड की व्यवस्था भी पूर्व निर्धारित रहेगी. बुकिंग के लिए पर्यटक www.flyola.in और IRCTC पोर्टल पर बुकिंग कर सकते हैं.
1 नवंबर को हुई शुरुआत, इन स्थानों के लिए जारी है हैली सेवा
मुख्यमंत्री डॉ. यादव द्वारा मध्य प्रदेश स्थापना दिवस 1 नवंबर 2025 के अवसर पर पीएमश्री हेली पर्यटन सेवा का शुभारंभ किया गया था. यह सेवा वर्तमान में आध्यात्मिक सेक्टर इंदौर, उज्जैन और ओंकारेश्वर के साथ वाइल्डलाइफ सेक्टर जबलपुर, कान्हा, बांधवगढ़, चित्रकूट और मैहर के बीच सफलतापूर्वक संचालित है. इस सेवा का अब तक 2 हजार 648 पर्यटकों और श्रद्धालुओं ने लाभ लिया है.