MP Nurse Murder Case Deepshikha: मध्य प्रदेश के सागर जिले के शाहगढ़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के गेट पर स्टाफ नर्स दीपशिखा चढ़ार की गोली मारकर हत्या किए जाने के मामले में पुलिस की शुरुआती जांच में चौंकाने वाले तथ्य सामने आए हैं. पुलिस के अनुसार इस सनसनीखेज हत्याकांड को नर्स के मौसेरे भाई सुशील आठ्या ने अंजाम दिया है, जो दीपशिखा से शादी करना चाहता था.
दूसरे दिन भी आरोपी फरार, तलाश में जुटी पुलिस
हत्या के दूसरे दिन गुरुवार को भी आरोपी सुशील आठ्या का कोई सुराग नहीं लग सका. घटना के बाद से वह जंगल की ओर फरार बताया जा रहा है. उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें गठित कर अलग-अलग इलाकों में दबिश दी जा रही है.

परिजनों का चक्काजाम, न्याय की मांग
नर्स दीपशिखा की हत्या की सूचना मिलने पर गुरुवार को जबलपुर के पठार गांव से उसके परिजन सागर-छतरपुर मार्ग पर पहुंचे और चक्काजाम कर प्रदर्शन किया. परिजनों ने हत्याकांड में आरोपी की जल्द गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई की मांग की. पोस्टमार्टम के बाद पुलिस ने शव परिजनों को सौंप दिया है. अंतिम संस्कार गांव में किया जाएगा.
पहले साथ की तैयारी, फिर दूरी
पुलिस के मुताबिक दीपशिखा और सुशील पहले जबलपुर में रहकर साथ-साथ प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करते थे. बाद में दीपशिखा का चयन स्टाफ नर्स के पद पर हो गया और तीन साल पहले उसकी पोस्टिंग शाहगढ़ सीएचसी में हो गई. इसके बाद वह शाहगढ़ आ गई, जबकि सुशील जबलपुर में रहकर एक निजी कंपनी में काम करने लगा.

शादी को लेकर बढ़ता दबाव
पुलिस का कहना है कि दोनों के बीच प्रेम संबंध थे, लेकिन दूरी बढ़ने के साथ बातचीत कम होती गई. इसके बावजूद सुशील दीपशिखा पर शादी का दबाव बना रहा था. उसने अपनी कंपनी से भी शाहगढ़ में ट्रांसफर की बात कही, ताकि वह दीपशिखा के साथ रह सके. दो दिन पहले ही वह शाहगढ़ पहुंचा था.
ड्यूटी से लौटते समय मारी गोली
4 फरवरी 2026 की रात करीब आठ बजे दीपशिखा ड्यूटी खत्म कर अस्पताल से बाहर निकल रही थी. इसी दौरान सुशील से उसकी बातचीत हुई. बातचीत के दौरान गुस्से में आकर सुशील ने बंदूक से दीपशिखा पर गोली चला दी. पीठ में गोली लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई. आसपास मौजूद लोगों ने आरोपी को पकड़ने की कोशिश की, लेकिन वह मौके से फरार हो गया.
परिवार की इकलौती कमाने वाली थी दीपशिखा
बताया गया है कि दीपशिखा के परिवार की आर्थिक स्थिति कमजोर थी. वह परिवार की इकलौती कमाने वाली सदस्य थी और मां व छोटे भाई-बहनों की जिम्मेदारी उसी पर थी. सरकारी नौकरी लगने के बाद परिवार को आर्थिक सहारा मिला था, लेकिन अब इस घटना से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है.
मध्य प्रदेश में नर्स दीपशिखा की गोली मारकर हत्या, शाहगढ़ CHC के दरवाजे पर किसने की फायरिंग?