Madhya Pradesh-Chhattisgarh Hindi News Live: मध्य प्रदेश के ग्वालियर जिले में नवग्रह पीठ की कलश यात्रा के दौरान भगदड़ में एक महिला की मौत हो गई. वहीं, कई महिलाएं घायल हुई हैं. वहीं, छत्तीसगढ़ के गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले के स्थापना दिवस पर आयोजित होने वाले कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय शामिल होंगे. दूसरी ओर मध्य प्रदेश में मौसम ने फिर करवट ली है और कड़ाके की ठंड का दौर लौट आया है. प्रशासनिक तैयारियों से लेकर ठिठुरन बढ़ाने वाले तापमान तक, दोनों राज्यों में हलचल बनी हुई है.
गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले के स्थापना दिवस पर 10 फरवरी को पेंड्रा के मल्टी परपज स्कूल मैदान में जिला स्तरीय अरपा महोत्सव आयोजित किया जाएगा. इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय मुख्य अतिथि रहेंगे. मुख्यमंत्री के दो दिवसीय प्रवास और महोत्सव की व्यवस्थाओं को लेकर कलेक्टर लीना कमलेश मंडावी और पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार खिलारी ने अधिकारियों के साथ बैठक कर तैयारियों की समीक्षा की है. महोत्सव के दौरान मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के तहत 300 जोड़ों का सामूहिक विवाह भी कराया जाएगा.
यहां पढ़िए मध्य प्रदेश-छत्तीसगढ़ की मंगलवार, 10 फरवरी 2026 की ताजा खबरें...
गांव में चल रही थी ड्रग्स फैक्ट्री, इंदौर नारकोटिक्स की टीम ने दी दबिश
अशोकनगर जिले के चंदेरी थाना क्षेत्र के कडराना गांव में इंदौर नारकोटिक्स विंग ने रात के दौरान दबिश देकर एक चल रही ड्रग्स फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया. टीम ने मौके से दो आरोपियों प्रांशुल जैन और राघवेंद्र परमार को गिरफ्तार किया और करोड़ों की एमडी ड्रग्स, 45 किलो केमिकल, बड़ी मात्रा में अर्धठोस MD, ड्रग्स बनाने के उपकरण, एक लाइसेंसी बंदूक, 15 जिंदा कारतूस, दो मैग्जीन और एक कार जब्त की.
जशपुर में भीषण सड़क हादसा, दो बाइक की टक्कर में 2 लोगों की मौत, तीन गंभीर
जशपुर जिले के सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत किनकेल में दो बाइकों की आमने‑सामने की टक्कर में भीषण सड़क हादसा हो गया, जिसमें दो लोगों की मौके पर मौत हो गई और तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. जानकारी के अनुसार एक बाइक सवार किस्त जमा कर घर लौट रहा था, जबकि दूसरी बाइक पर सवार तीन लोग पिकनिक मनाकर वापस जा रहे थे. टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों बाइकों के परखच्चे उड़ गए. हादसे के बाद घायलों को तुरंत जिला चिकित्सालय जशपुर लाया गया.
MP-Chhattisgarh Live News: प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रहे युवक ने की आत्महत्या
बिलासपुर जिले के सरकंडा थाना क्षेत्र के कपिल नगर में प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रहे 26 वर्षीय युवक आकाश कुमार पंडा द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या करने की दर्दनाक घटना सामने आई. आकाश, जो मूल रूप से रायगढ़ जिले के घरघोड़ा के ग्राम अमलीडीह का निवासी था, कई महीनों से बिलासपुर में किराए के मकान में अकेले रहकर पढ़ाई कर रहा था. सोमवार शाम उसके दोस्त मिलने पहुंचे तो कमरा अंदर से बंद मिला. काफी देर तक आवाज देने और कॉल करने पर भी कोई प्रतिक्रिया नहीं आई, जिसके बाद खिड़की से झांककर देखने पर आकाश फंदे से लटका मिला. दोस्तों ने तुरंत सरकंडा पुलिस को सूचना दी.
MP-Chhattisgarh Live News: खनिज विभाग के इंस्पेक्टर पर मारपीट का आरोप, सैकड़ों लोगों ने किया प्रदर्शन
टीकमगढ़ जिले में खनिज विभाग के इंस्पेक्टर पर एक गरीब आदिवासी मजदूर के साथ बेरहमी से मारपीट करने का गंभीर आरोप सामने आया है. मामला मिनोरा गांव का है, जहां मुरम की खुदाई को लेकर खनिज विभाग और कुछ लोगों के बीच विवाद हुआ था. इस दौरान खनिज विभाग के इंस्पेक्टर कुलदीप जैन ने मजदूरी करने पहुंचे चंदू आदिवासी को डंडों से इतनी बुरी तरह पीटा कि उसके सिर और शरीर पर कई चोटें आ गईं. घटना तीन दिन पुरानी बताई जा रही है, और घायल मजदूर का इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है. परिजन और सर्व समाज का आरोप है कि शिकायत के बाद भी पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की, जिसके विरोध में सैकड़ों लोग प्रदर्शन करते हुए एसपी के नाम ज्ञापन सौंप चुके हैं.
MP-Chhattisgarh Live News: श्रद्धालुओं से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली गढ़ी घाटी में पलटी, 20 से ज्यादा लोग घायल
रायसेन जिले के गैरतगंज थाना क्षेत्र के गढ़ी चौकी अंतर्गत एक बड़ा सड़क हादसा हो गया. यहां श्रद्धालुओं से भरी ट्रैक्टर‑ट्रॉली गढ़ी घाटी में अनियंत्रित होकर पलट गई. ट्रैक्टर‑ट्रॉली में सवार सभी ग्रामीण पटरिया धाम में चल रहे यज्ञ की पूर्णाहुति से लौट रहे थे. हादसे के बाद चीख‑पुकार मच गई और बच्चों समेत 20 से ज्यादा लोग घायल हो गए. स्थानीय ग्रामीण तुरंत मदद के लिए दौड़े और रेस्क्यू शुरू किया. गंभीर रूप से घायल लोगों को प्राथमिक उपचार के लिए पहले गैरतगंज सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां से कई घायलों को हालत नाजुक होने पर जिला अस्पताल रेफर किया गया.
MP-Chhattisgarh Live News: ट्रेन में बनाया युवती का VIDEO, वायरल करने की धमकी देकर किया ब्लैकमेल
मंडला जिले के नैनपुर थाना क्षेत्र में एक युवती को ब्लैकमेल और धमकाने का गंभीर मामला सामने आया है, जहां कान्हीवाड़ा जिला सिवनी निवासी युवक शिवम ठाकुर पर रेल यात्रा के दौरान युवती का वीडियो बनाकर उसे वायरल करने की धमकी देने का आरोप है. युवती के अनुसार आरोपी कई महीनों से मोबाइल के जरिए लगातार परेशान कर रहा था और वीडियो फैलाने की धमकी देकर ब्लैकमेल कर रहा था. परेशान होकर युवती ने नैनपुर थाने में शिकायत दर्ज कराई, जिस पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है.
MP-Chhattisgarh Live News: शिवरीनारायण मेले में टूटा आकाश झूला! 6 लोग गिरे, 2 गंभीर
छत्तीसगढ़ के जांजगीर चांपा में आयोजित शिवरीनारायण मेले में बड़ा हादसा उस समय हो गया जब आकाश झूला अचानक टूट गया और उस पर सवार 6 लोग नीचे गिर पड़े. हादसे में सभी घायल हुए हैं, जिनमें 2 युवतियों और 1 महिला की हालत गंभीर बताई जा रही है. घटना के बाद तुरंत एंबुलेंस बुलाकर घायलों को उपचार के लिए शिवरीनारायण अस्पताल भेजा गया. दोनों गंभीर रूप से घायल युवतियां हसौद और ग्राम मलदा गांव से मेला घूमने आई थीं. हादसे के बाद शिवरीनारायण पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है.
बाबा महाकाल के दर पर पहुंचे एक्टर सुनील शेट्टी, कहा- बाबा बुलाते है तो दौड़ा चला आता हूं
मध्यप्रदेश के उज्जैन स्थित विश्व प्रसिद्ध श्री महाकालेश्वर मंदिर के प्रति बॉलीवुड और टॉलीवुड में आस्था बढ़ती जा रही हैं. यही वजह है कि बुधवार शाम प्रसिद्ध एक्टर सुनील शेट्टी महाकाल मंदिर पहुंचे ओर फिल्म बॉर्डर 2 की सफलता के लिए बाबा महाकाल को धन्यवाद दिया. महाकाल मंदिर में ख्यात हस्तियां के सम्मान की परंपरा के चलते सहायक प्रशासक एसएन सोनी ने शेट्टी का दुपट्टा उड़ाकर सम्मान किया. इस मौके पर शेट्टी ने कहा वे इंदौर आए थे. फिल्म बार्डर 2 के सफल होने पर बाबा को धन्यवाद देने आना था. बाबा ने शिव नवरात्रि के शुभ अवसर पर बुलाया तो आ गया. बाबा जब-जब बाबा बुलाते है में दौड़ा चला आता हूं.
MP-Chhattisgarh Live News: प्रेमी की मौत का सदमा नहीं झेल पाई नाबालिग, फांसी लगाकर दी जान
बिलासपुर में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. 16 वर्षीय नाबालिग किशोरी ने अपने ही घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. बताया जा रहा है कि एक दिन पहले दिल्ली में उसके प्रेमी ने आत्महत्या की थी, जिसकी खबर उसे मिली. इसके बाद वह गहरे सदमे में चली गई. जानकारी के अनुसार, किशोरी मूल रूप से बैकुंठपुर जिले की रहने वाली थी. कुछ समय से वह बिलासपुर में अपनी बुआ के घर रह रही थी, कुछ दिन पहले वह अपने प्रेमी के साथ दिल्ली चली गई, लेकिन परिजनों ने तलाश कर उसे वापस लाया.
MP-Chhattisgarh Live News: बेटी ने की पिता कि हत्या! धारदार हंसिया से सीने पर किए कई वार
हरदीबाजार थाना क्षेत्र के एसईसीएल प्रभावित ग्राम रलिया में बीती रात एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई, जहां 25 वर्षीय गीता निषाद ने अपने वृद्ध पिता अशोक निषाद की धारदार हंसिया से हत्या कर दी. घर के भीतर हुए इस हमले में गीता ने पहले पिता के सीने पर वार किया और फिर सिर पर लगातार प्रहार कर उन्हें लहूलुहान कर दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई. पुलिस जांच में पता चला कि गीता कुछ दिनों के लिए कोरबा से अपने पिता के घर आई थी, जबकि पिता उसके जीवन‑यापन और व्यवहार को लेकर नाराज थे और उसे गलत रास्ते से हटने की नसीहत दे रहे थे.
MP-Chhattisgarh Live News: प्रधान आरक्षक की पैर फिसलने से मौत, दुर्ग बस स्टैंड पर हुआ हादसा
दुर्ग बस स्टैंड पर एक पुलिसकर्मी की मौत का मामला सामने आया है. मृतक की पहचान प्रधान आरक्षक त्रिलोक सिंह (61) के रूप में हुई है, जो मूल रूप से मध्य प्रदेश के बालाघाट जिले के निवासी और महिला थाने दुर्ग में पदस्थ थे, छुट्टी समाप्त होने के बाद अपनी बेटी के साथ बस से दुर्ग लौट रहे थे. दुर्ग बस स्टैंड पर बस से उतरते समय उनका पैर फिसल गया और वे सिर के बल जमीन पर गिर पड़े, जिससे उनकी आंख के ऊपर गंभीर चोट आई. तुरंत अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. प्रारंभिक कारण सिर में लगी चोट मानी जा रही है.
MP-Chhattisgarh Live News: ITBP जवान को बैडमिंटन खेलते वक्त आया अटैक, मौत
शिवपुरी में ITBP जवान की रहस्यमय मौत का मामला सामने आया है. बताया गया है कि आईटीबीपी जवान नरेंद्र कुमार (51) की मौत बैडमिंटन खेलते वक्त बैडमिंटन कोर्ट में ही हो गई. विशेषज्ञ डॉक्टर इसकी वजह हार्ट अटैक बता रहे हैं. आईटीबीपी ASI कि अचानक मौत से पूरे आईटीबीपी केंपस में शोक की लहर दौड़ गई है और जवान के पार्थिव शरीर को उनके गृह नगर सहारनपुर (उत्तर प्रदेश) भेजा गया है.
MP-Chhattisgarh Live News: हाई टेंशन लाइन के टावर पर चढ़ा किसान, पूर्व भाजपा विधायक पर लगाए गंभीर आरोप
मध्य प्रदेश के खंडवा में जमीन विवाद से आक्रोशित किसान रोहित पाल हाई टेंशन लाइन के टावर पर चढ़ गया और पूर्व भाजपा विधायक देवेंद्र वर्मा पर गंभीर आरोप लगाए. किसान का कहना है कि उसने कई बार प्रशासन को आवेदन दिए, मगर निराकरण नहीं हुआ और जमीन की सही तरीके से नाप (माप) भी नहीं कराई गई. रोहित पाल का यह दावा है कि खंडवा एसडीएम ने उसे डराया‑धमकाया, जिस कारण वह पहले भी तीन बार टावर पर चढ़ चुका है. उसका आरोप है कि बार‑बार गुहार के बावजूद उसकी सुनवाई नहीं हो रही.
MP-Chhattisgarh Live News: डबरा के नवग्रह मंदिर में कलश यात्रा के दौरान भगदड़, दबे लोगों को पुलिस ने बचाया
ग्वालियर के डबरा में नवग्रह मंदिर की कलश यात्रा के दौरान उस समय अफरा‑तफरी मच गई, जब कलश वितरण के दौरान भीड़ अचानक बेकाबू हो गई और भगदड़ की स्थिति बन गई. इस दौरान कई महिलाएं जमीन पर दब गईं, जिसके बाद मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने तुरंत हस्तक्षेप करते हुए उन्हें बाहर निकाला और जरूरतमंद महिलाओं को सीपीआर देकर उनकी जान बचाई. घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें पुलिस जवानों की तत्परता स्पष्ट दिखाई देती है.
MP-Chhattisgarh Live News: बेटियों को बनाया पेंशन का हकदार, सीएम यादव की मानवीय पहल
मुख्यमंत्री मोहन यादव की मानवीय पहल ने उन बेटियों के लिए बड़ी राहत ला दी है, जो पिता के निधन के बाद पेंशन के अधिकार से सिर्फ इसलिए वंचित रह जाती थीं क्योंकि घर में न मां होती थी और न ही नियम उन्हें संरक्षण देते थे. अब सरकार ने करुणा दिखाते हुए कैबिनेट बैठक में ऐसा ऐतिहासिक निर्णय लिया है, जिसके तहत परिवार पेंशन में अविवाहित, विधवा और तलाकशुदा पुत्री को भी बराबर का हक मिलता रहेगा. यह कदम उन बेटियों के लिए सुरक्षा का मजबूत आधार बनेगा, जिनके सिर से माता‑पिता दोनों का साया उठ चुका है.
MP-Chhattisgarh Live News: जनसुनवाई में पेट्रोल लेकर पहुंचा किसान, पुलिसवालों ने छीनी बोतल
रायसेन तहसील के ग्राम सूंड के किसान हरिराम अहिरवार की बिजली कनेक्शन काटे जाने से उपजी नाराज़गी मंगलवार की जनसुनवाई में उस समय चर्चा का विषय बन गई, जब वह हाथ में पेट्रोल की बोतल लेकर कलेक्ट्रेट पहुंच गया. दो महीने से लगातार विद्युत विभाग के चक्कर लगाने के बावजूद समाधान न मिलने और खेत में खड़ी फसल बिजली के अभाव में नष्ट होने की स्थिति से परेशान किसान ने जनसुनवाई में न्याय की गुहार लगानी चाही. हालांकि, मौके पर मौजूद चार पुलिसकर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए उसके हाथ से पेट्रोल की बोतल तुरंत छीन ली और स्थिति को शांत किया. बाद में पुलिस किसानों को सुरक्षित रूप से कलेक्टर के पास लेकर पहुंची.
Gwalior Woman Fraud: नोटों की गड्डी दिखाकर बुजुर्ग महिला से लाखों के गहने ठगे
Fraud with Woman: ग्वालियर में एक बुजुर्ग महिला से नोटों की गड्डी दिखाकर साढ़े चार लाख रुपये के गहने ठग लिए. घटना महाराज बाड़ा क्षेत्र की है. सीसीटीवी मे कुछ संदेही महिलाएं नजर आई हैं, जिसके आधार पर आरोपी की तलाश में पुलिस जुटी है. सरोज जैन अपने बेटे नवीन जैन के साथ दांत के डॉक्टर को दिखाने गई थीं. चेकअप के बाद बेटा उन्हें महाराज बाड़ा पर छोड़कर चला गया. बाड़ा से ऑटो लेने से पहले सरोज गांधी गोलंबर की ओर पैदल जा रही थीं. इसी दौरान दो महिलाएं उनके पास आईं और पता पूछने के बहाने बातचीत शुरू की. महिलाओं ने रूमाल में लिपटी नोटों की गड्डी दिखाकर उसे गिनने में मदद मांगी और बुजुर्ग को थमा दी. अब महिलाओं ने कहा- ‘हम आप पर भरोसा कैसे करें? आप भी अपने गहने उतराकर पोटली में रख दें.’ ऐसे में बुजुर्ग महिला ने सोने की तीन अंगूठियां और एक सोने की चेन उतरवाकर पोटली में रखवा लीं।. इसके बाद थोड़ी देर में लौटने की बात कहकर दोनों महिलाएं वहां से चली गईं.
Chhattisgarh Hindi News: पांडातराई से बिलासपुर आ रही महिला तीन बच्चों सहित लापता
Bilaspur Hindi News: कबीरधाम जिले के पांडातराई से बिलासपुर आ रही पुष्प नंदिनी कार्णिक (26) अपने तीन बच्चों के साथ रहस्यमय तरीके से लापता हो गई है. महिला 9 दिन पहले तबीयत खराब होने की बात कहकर ससुराल से निकली थी. उसे बिलासपुर के अशोकनगर स्थित मायके और अस्पताल जाना था. पति राजेंद्र कार्णिक ने सिविल लाइन थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई है. परिजनों ने पुलिस पर खोजबीन में गंभीरता न दिखाने का आरोप लगाया है.
छत्तीसगढ़ में शादी के बंधन में बंधे 6,412 जोड़े
Mass Marriages in Chhattisgarh: रायपुर के साइंस कॉलेज मैदान में मंगलवार को राज्य स्तरीय मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना (Kanya Vivah Yojana) के तहत आयोजित कार्यक्रम में 1,316 जोड़े शादी के बंधन में बंधे. इस दौरान मुख्यमंत्री विष्णु देव साय (CM Vishnu Deo Sai) जोड़ों को आशीर्वाद दिया. योजना के तहत विवाहित जोड़ों के खातों में 35 हजार रुपये भी दिए गए. बलौदाबाजार, धमतरी, दुर्ग, महासमुंद और राजनांदगांव जिलों के जोड़े कार्यक्रम में ऑनलाइन माध्यम से जुड़े. प्रदेशभर के 6,412 से अधिक जोड़ों ने विभिन्न धार्मिक परंपराओं के अनुसार विवाह किया. सीएम साय ने इसे इसे छत्तीसगढ़ के लिए ऐतिहासिक दिन बताया. पहली बार इतनी बड़ी संख्या में जोड़े एक साथ जुड़े. सामूहिक विवाह को गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में नाम दर्ज हुआ.
मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना वर्ष 2005 में शुरू की गई थी. योजना की शुरुआत तत्कालीन मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने की थी. पहले बेटियों की शादी में परिवारों को भारी मुश्किल होती थी. पहले एक शादी में करीब ₹5000 खर्च आता था. आज वही खर्च बढ़कर लगभग ₹50,000 हो गया है. सरकार ने प्रत्येक जोड़े को ₹35,000 का चेक दिया.
कन्या विवाह सहयोग योजना के तहत सहायता दी जा रही है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सरकार काम कर रही है. छत्तीसगढ़ में सरकार को बने केवल 2 साल हुए हैं.
ओवैसी की पार्टी के नेता के विवादित बोल
असदुद्दीन ओवैसी (Asaduddin Owaisi) की पार्टी ऑल इंडिया मजलिस इत्तेहादुल मुस्लिमीन (AIMIM) और मध्य प्रदेश के नेता के बोल बिगड़ गए, जिससे बवाल मच गया है. उन्होंने मुस्लिमों को तीन प्रकार का बताया है. एआईएमआईएम के नेता तौकीर निजामी ने कहा कि तीन तरह के मुस्लिमों में पहले जूते चाटने वाले, दूसरा जूते खाने वाला और तीसरे जूते मारने वाले होते हैं. पहला वाला मुस्लिम कांग्रेस में मिलता है और दूसरा वाला भाजपा में. तीसरा वाला मजलिस में मिलता है. उन्होंने कहा कि जूता मारने वाला मुस्लिम AIMIM पार्टी में मिलता है. उनका विवादित बयान सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, यह वीडियो महराष्ट्र के जलगांव का 9 जनवरी का बताया जा रहा है.
Chhattisgarh Hindi News: सामूहिक विवाह कार्यक्रम में शामिल होंगे सीएम साय
रायपुर के साइंस कॉलेज मैदान में मंगलवार को राज्य स्तरीय मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना (Kanya Vivah Yojana) कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है, जहां मुख्यमंत्री विष्णु देव साय (CM Vishnu Deo Sai) भी शामिल होने वाले हैं. इस दौरान कार्यक्रम में शादी कर रहे 1,316 जोड़ों को आशीर्वाद देंगे. योजना के तहत विवाहित जोड़ों के खातों में 35 हजार रुपये भी दिए जाएंगे. बलौदाबाजार, धमतरी, दुर्ग, महासमुंद और राजनांदगांव जिलों के जोड़े कार्यक्रम में ऑनलाइन माध्यम से जुड़ेंगे. प्रदेशभर के 6 हजार 412 से अधिक जोड़े विभिन्न धार्मिक परंपराओं के अनुसार विवाह करेंगे.
MP News in Hindi: शिव मंदिर में मुस्लिम युवक की आपत्तिजनक हरकत
Madhya Pradesh News: मध्य प्रदेश के जबलपुर के गढ़ा थाना क्षेत्र स्थित सिंगरहा मोहल्ले में एक धार्मिक स्थल से जुड़ी आपत्तिजनक घटना सामने आने के बाद इलाके में तनाव है. आरोप है कि काजी मोहल्ला निवासी मोहम्मद रिजवान उर्फ रिज्जु भूरा ने शिवलिंग और मंदिर परिसर (Shiv Mandir) में अशोभनीय कृत्य किया. घटना की जानकारी फैलते ही स्थानीय लोगों और हिंदू संगठन मौके पर पहुंचे और विरोध जताया. क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर
MBBS Girl Student Death: भोपाल में एमबीबीएस छात्रा की संदिग्ध मौत पर बड़ा खुलासा
Bhopal News: भोपाल के गांधी मेडिकल कॉलेज (Gandhi Medical College) की छात्रा रोशनी की संदिग्ध मौत के मामले में बड़ा अपडेट सामने आया है. छात्रा का शव उसके कमरे के बाथरूम में मिला है और पास में एसिड की बोतल भी मिली है. अलीराजपुर की रहने वाली छात्रा एमबीबीएस की पहली वर्ष की छात्रा थी. बताया जा रहा है कि वह पढ़ाई में अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पाने को लेकर तनाव में रहती थी. गांधी मेडिकल कॉलेज की डीन डॉ. कविता एन सिंह ने बताया कि अच्छा परफॉर्मेंस न कर पाने की वजह से छात्रा तनाव में थी. जैसे ही घटना की जानकारी लगी तत्काल कैजुअल्टी में जाकर जानकारी ली गई. छात्रा ने तनाव में होने की बाद जीएमसी प्रबंधन को नहीं बताई थी. गांधी मेडिकल कॉलेज में ऐसे छात्रों के काउंसलिंग की पर्याप्त व्यवस्था है. जूनियर डॉक्टर के प्रवक्ता ने कहा कि वह कॉलेज के हॉस्टल में नहीं बाहर पीजी में रहती थी.
जीवाजी यूनिवर्सिटी में छात्र के साथ रैगिंग मामले में बड़ी कार्रवाई
MP News in Hindi: ग्वालियर के जीवाजी विश्वविद्यालय में रैगिंग और मारपीट के मामले में एंटी-रैगिंग कमेटी ने सख्त कार्रवाई की है. इस मामले में तीन छात्रों को हॉस्टल से निष्कासित कर दिया गया है, जबकि चार छात्रों को 15 दिनों के लिए संस्थान से निलंबित किया गया है. निष्कासित किए गए छात्रों में आनंद चतुर्वेदी, अनंत प्रताप सिंह और हिमांशु शुक्ला शामिल हैं, जबकि निलंबित किए गए छात्रों में सौरभ गुर्जर, निखिल कुशवाह, गौरव जाट और सौरभ तिवारी शामिल हैं. क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर
Gwalior Stampede in Temple: ग्वालियर में भगदड़ से महिला की मौत
Stampede at Temple Kalash Yatra of New Temple: ग्वालियर में मंगलवार को नवग्रह पीठ के कलश यात्रा (Kalash Yatra) कार्यक्रम के दौरान हुई भगदड़ में एक महिला की मौत हो गई, जबकि दूसरी महिला घायल हो गई है. मृतका की पहचान रति साहू के रूप में हुई है, जो हनुमान कॉलोनी की रहने वाली थी. घायल महिला विमला है, जिनका इलाज जारी है. पूर्व गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा (Narottam Mishra) नवग्रह मंदिर में आज प्राण प्रतिष्ठा करा रहे थे, जिसका कार्यक्रम 20 फरवरी तक चलना है. इस भगदड़ से प्रशासन द्वारा की गई व्यवस्थाओं की पोल खुल गई है. परिजन डबरा अस्पताल से महिला का शव लेकर कलश यात्रा स्थल के बीच लेकर पहुंच गए और प्रशासन को भगदड़ का जिम्मेदार ठहराया है. क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर
Bhopal Girl Student Death: भोपाल में एमबीबीएस छात्रा की संदिग्ध मौत
MP News in Hindi: भोपाल के गांधी मेडिकल कॉलेज की छात्रा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. वह एमबीबीएस (MBBS) फर्स्ट ईयर की और डे स्कॉलर छात्रा बताई जा रही है. कोहेफिजा थाना क्षेत्र के एक पीजी में रहती थी और उसके पास में एसिड की बोतल भी मिली है. सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है.
Bike Ambulance: आदिवासियों के लिए संजीवनी बनी बाइक एंबुलेंस
छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित इलाकों में आपातकाल की स्थिति में मरीजों को अस्पताल पहुंचाना आदिवासियों के लिए हमेशा टेढ़ी खीर साबित होता है, लेकिन हालियां लांच्ड बाइक एंबुलेंस ने उनकी यह मुश्किल आसान कर दी है, जिसकी मदद से मरीज न केवल समय पर अस्पताल पहुंच रहे हैं, बल्कि फर्स्ट एड इलाज भी मिल रहा है. क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर
CG News in Hindi: रायगढ़ के स्पा सेंटर में चल रहा था देह व्यापार का धंधा
Flesh Trade in Chhattisgarh: छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में एक अवैध देह व्यापार (Raigarh Deh Vayapar) का भंडाफोड़ किया है, जो होटल ट्रिनिटी के सनराइज स्पा एंड सैलून चलाया जा रहा था. यह स्पा 7वीं मंजिल पर है. सीएसपी मयंक मिश्रा के नेतृत्व में कोतवाली व साइबर थाना पुलिस ने संयुक्त छापा मारा था. संचालक विनयकांत बरगट और होटल मैनेजर देवेन्द्र सिंह को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. मौके से तीन महिलाएं भी बरामद हुई हैं. स्पा से मोबाइल, 6000 नकद, रजिस्टर व आपत्तिजनक सामग्री जब्त हुई है. पुलिस ने पीटा एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है.
Passenger Injured In Bus Accident: एमसीबी जिले में बस हादसे का शिकार, कई यात्री घायल
मनेंद्रगढ़ चिरमिरी भरतपुर (Manendragarh Chirmiri Bharatpur, MCB) जिले में एक बस हादसे का शिकार हो गई. यह बस जनकपुर से चनवारीडाड़–खड़गवां जा रही थी, जो नागपुर रेलवे के पास सड़क किनारे गड्ढे में घुस गई. बस में मुख्यमंत्री कन्या विवाह कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे 40 यात्री सवार थे, जिसमें 13 लोग घायल हो गए. सभी को नागपुर अस्पताल में भर्ती कराया गया है. हादसे के बाद बस चालक और कंडक्टर मौके से फरार हो गए.
सवालों के घेरे में कुबेरेश्वर धाम: दावों की चमक के पीछे पिछली मौतों का कड़वा सच छिपा गए पंडित प्रदीप मिश्रा
सीहोर जिले में 14 फरवरी से शुरू होने वाले रुद्राक्ष महोत्सव को लेकर कुबेरेश्वर धाम एक बार फिर चर्चा में है. आयोजन से पहले कथावाचक पंडित प्रदीप मिश्रा ने व्यवस्थाओं के बड़े-बड़े दावे तो किए, लेकिन पिछली खामियों और श्रद्धालुओं की मौतों के गंभीर सवालों को बड़ी चतुराई से अफवाह बताकर टाल दिया. अब सवाल यह उठता है कि क्या इस बार भी दावे केवल कागजों तक सीमित रहेंगे या भक्तों को वाकई सुरक्षित माहौल मिलेगा.
भीड़ का अंदाजा नहीं
पंडित मिश्रा ने कहा कि व्यवस्थाएं तो पूरी रहती हैं, लेकिन भीड़ कितनी आएगी, इसका अंदाजा न प्रशासन लगा सकता है और न समिति. उन्होंने कहा आज सनातन हर हृदय में है, यही कारण है कि शिव भक्त खिंचे चले आते हैं. उन्होंने अपील की कि जो बहुत वृद्ध हैं, बीमार हैं या जिनके साथ छोटे बच्चे हैं, वे घर पर रहकर ही टीवी के माध्यम से कथा का लाभ लें, क्योंकि बाबा की कृपा तो घर में भी उतनी ही बरसेगी.
Indian Railway मध्य प्रदेश को रेलवे ने होली से पहले यात्रियों को दी राहत
Holi Special Trains: 4 मार्च 2026 को होली मनाई जाएगी. होली के त्योहार पर होने वाली यात्रियों की भीड़ को देखते हुए रेलवे ने बड़ी राहत दी है. मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल स्थित रानी कमलापति रेलवे स्टेशन (Rani Kamlapati Railway Station Bhopal) से दानापुर के बीच 4 ट्रिप की स्पेशल ट्रेन चलाने का फैसला किया गया है. यह स्पेशल ट्रेन 27 फरवरी से 3 मार्च तक संचालित की जाएगी, ताकि होली पर घर जाने वाले वाले यात्रियों को यात्रा आसान रहे. क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर
Chhattisgarh Hindi News: श्मशान से मिट्टी लाने का कह 3 लाख से ज्यादा रकम लेकर भागा फर्जी तांत्रिक
Raipur Fraud News: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के गुड़ियारी इलाके में दो आरोपियों ने एक व्यक्ति से 3.5 लाख रुपये की ठगी की. आरोपियों ने पीड़ित को पैसे दोगुना करने का झांसा दिया और पूजा-पाठ के नाम पर नकदी ले ली. बाद में वे "श्मशान की मिट्टी लाने" का बहाना बनाकर फरार हो गए. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को पश्चिम बंगाल भागने से पहले गिरफ्तार कर लिया और ठगी की पूरी रकम बरामद कर ली. क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर
छत्तीसगढ़ में अभी सक्रिय हैं नक्सली
Naxalites in Chhattisgarh: छत्तीसगढ़ के बेमेतरा पहुंचे पूर्व गृह मंत्री ताम्रध्वज साहू ने कहा कि निर्धारित डेडलाइन और गाइडलाइन में नक्सलवाद समाप्त नहीं हो सकता. जो डेडलाइन सरकार की ओर से जारी की गई है, उसमें 31 मार्च तक अभी करीब 51 दिन बचे हैं. इन 51 दिनों में पूरी तरह से नक्सलवाद समाप्त होना संभव नहीं है. उन्होंने कहा कि नक्सलवादी दो तरह से सक्रिय हैं. एक वे जो छिपकर जंगल में रहकर काम कर रहे हैं और दूसरे वे जो खुले रूप से रहते हुए उनकी मदद कर रहे हैं. क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर
प्रयोगशाला तकनीशियन भर्ती 2023, 26 अभ्यर्थियों की अंतिम चयन सूची जारी
Chhattisgarh Laboratory Technician Recruitment: प्रयोगशाला तकनीशियन भर्ती-2023 के अंतर्गत चयन की प्रक्रिया पूरी करते हुए उच्च शिक्षा विभाग द्वारा 26 अभ्यर्थियों की अंतिम चयन सूची जारी कर दी गई है. यह सूची छत्तीसगढ़ व्यापम द्वारा आयोजित भर्ती परीक्षा एवं दस्तावेज सत्यापन के आधार पर तैयार की गई है. क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर
दिग्विजय सिंह तक का ऑफर ठुकराया, छलका भाजपा विधायक का दर्द
मध्य प्रदेश के वरिष्ठ भाजपा नेता और रहली विधायक गोपाल भार्गव (BJP Gopal Bhargava) ने एक कार्यक्रम में अपने दिल की बात कही. उन्होंने कहा कि राजनीति में उपेक्षा किसी को भी तोड़ सकती है. उन्होंने अपने लंबे राजनीतिक सफर का जिक्र करते हुए कहा कि उन्होंने 20 साल तक कठिन परिस्थितियों का सामना किया. उन्होंने यह भी कहा कि दिग्विजय सिंह ने उन्हें कांग्रेस में शामिल होने का प्रस्ताव दिया था, लेकिन उन्होंने मना कर दिया. क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर
CM Sai in Pendra: साय कैबिनेट की बैठक कल, आज पेंड्रा जाएंगे मुख्यमंत्री
CG News in Hindi: छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय (CM Vishnu Deo Sai) की अध्यक्षता में कल यानी बुधवार को कैबिनेट बैठक (Chhattisgarh Cabinet Meeting) होगी. सुबह 11 बजे नया रायपुर मंत्रालय में आयोजित मीटिंग में जनहित के विषयों पर चर्चा की जाएगी. साथ ही बैठक में बजट प्रस्ताव को लेकर भी चर्चा हो सकती है. वहीं, सीएम साय आज (10 फरवरी) गौरेला पेंड्रा मरवाही (Gaurela Pendra Marwahi) के दौरे पर जाएंगे, जहां वह पेंड्रा में आयोजित अरपा महोत्सव (Arpa Festival 2026) कार्यक्रम में शामिल होंगे.
सीएम साय दोपहर 1:55 बजे रायपुर से पेंड्रा के लिए होंगे रवाना. इससे पहले दोपहर 12 बजे रायपुर के साइंस कॉलेज मैदान में आयोजित सामूहिक विवाह कार्यक्रम में शामिल होंगे. महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा आयोजित मुख्यमंत्री सामूहिक कन्या विवाह योजना के तहत साइंस कॉलेज मैदान में 600 से अधिक जोड़े शादी के बंधन में बंधेंगे. सीएम पेंड्रा के बाद गौरेला जाएंगे, जहां वह रात्रि विश्राम करेंगे.
Fire in Ambikapur Shops: अंबिकापुर की कई दुकानों में भीषण आग
Chhattisgarh Hindi News: छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर जिले में मंगलवार तड़के 4 बजे कई दुकानों में भीषण आग लग गई. इस दौरान दुकान में रखे गैस सिलेंडर में भी जोरदार धमाका हो गया, जिससे इलाके में अफरा-तफरी जैसी स्थिति हो गई. गांधीनगर थाना क्षेत्र के अंबेडकर चौक स्थित दुकानों में लगी आग से सामान जलकर रख हो गया. यह दुकानें फर्नीचर, ऑटो पार्ट्स समेत अन्य चीजों की थीं. सूचना के बाद मौके पर पहुंची दमकल की गाड़ियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया.
ट्रैफिक प्रभारी को साड़ी और चूड़ी देने आए NSUI के कार्यकर्ताओं पर एफआईआर
छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में एनएसयूआई (NSUI) के पांच कार्यकर्ताओं पर पुलिस ने FIR दर्ज की है. आरोप है कि वह दुर्ग ट्रैफिक प्रभारी युवराज साहू को साड़ी और चूड़ी भेंट करने आए थे. दुर्ग कोतवाली में एफआईआर के बाद से कार्यकर्ता फरार बताए जा रहे हैं. कार्यकर्ताओं का कहना था कि मंत्री गजेंद्र यादव बिना हेलमेट गाड़ी चला रहे थे, फिर भी उन पर अब तक कोई कार्यवाही नहीं हुई. बता दें कि कुछ दिन पहले गजेंद्र यादव का सुबह 7 बजे कार्यकर्ताओं के साथ बिना हेलमेट गाड़ी चलाते हुए वीडियो वायरल हुआ था.
Morena Temple Roof Collapse: मुरैना में मंदिर हादसे पर सीएम मोहन यादव ने की मुआवजे की घोषणा
Madhya Pradesh Hindi News: मध्य प्रदेश के मुरैना जिले में हुए हादसे के बाद मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव (CM Mohan Yadav) ने मुआवजे की घोषणा की है. दरअसल, कैलारस थाना क्षेत्र के अहरौली गांव में मंदिर में निर्माण कार्य चल रहा था. निर्माणाधीन शिखर या मंदिर की छत की एक पटिया टूट गई और देखते ही देखते पूरा हिस्सा नीचे आ गिरा. इस दौरान प्रसाद ग्रहण कर रहीं तीन बच्चियां मलबे में दब गईं. इससे उनकी मौत हो गई थी. इस घटना ने झकझोर कर रख दिया था. इस हादसे पर सीएम ने दुख जताते हुए मृतक परिजनों को 4-4 लाख और गंभीर घायलों को 50-50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता दिए जाने की घोषणा की. क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर
MPBSE 10th and 12th Exam: आज से शुरू हो रहे एमपी के बोर्ड एग्जाम
Madhya Pradesh Board Exam: मध्य प्रदेश की बोर्ड परीक्षा आज से शुरू होने जा रही हैं. मध्य प्रदेश माध्यमिक शिक्षा मंडल (MPBSE) की 12वीं बोर्ड परीक्षा का पहला पेपर मंगलवार यानी 10 फरवरी को होगा, जो अंग्रेजी विषय का है. जबकि 13 फरवरी से 10वीं की परीक्षा आरंभ होगी, जिसका पहला पेपर ऊर्दू का होगा. एमपी बोर्ड परीक्षा में नकल रोकने के लिए माध्यमिक शिक्षा मण्डल ने बड़ी तैयारी की है. सुबह 9 से 12 बजे तक होने वाली सभी परीक्षाओं की निगरानी के लिए परीक्षा केंद्र CCTV कैमरे से लैस किए गए हैं. वहीं फ्लाइंग स्क्वायड की टीम परीक्षा केंद्रों तैनात रहेंगे. क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर
Madhya Pradesh Road Accident: छतरपुर जिले में दो अलग-अलग सड़क हादसों में दो लोगों की मौत
Chhatarpur Accident: छतरपुर जिले में सोमवार को हुए दो अलग-अलग सड़क हादसों में दो लोगों की मौत हो गई. पहली घटना सागर–कानपुर हाईवे (Sagar Kanpur Highway) पर मतगुवा थाना क्षेत्र के बरमदेव मंदिर के पास हुई. जहां एक बस ने बाइक सवार को टक्कर मार दी. हादसे में बाइक सवार हरिश्चंद्र राय (28) मौत हो गई. वहीं, दूसरी घटना भगवां थाना क्षेत्र की पुलिस चौकी परिसर में देर रात एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर घुस गया और पेड़ से टकरा गया. इस हादसे में ट्रैक्टर चालक कल्लू उर्फ रघुवीर यादव की मौत हो गई.
MP Weather Forecast: मध्य प्रदेश में मौसम का हाल
Madhya Pradesh Weather News: मध्य प्रदेश में सर्दी ने एक बार फिर जोर पकड़ लिया है. मौसम विभाग के अनुसार, प्रदेश में फिलहाल ठंड से राहत के संकेत नहीं हैं और ठिठुरन का असर अगले दो दिन तक बना रह सकता है. राजधानी भोपाल समेत कई इलाकों में तापमान गिरने से सुबह-शाम सर्द हवाएं तेज महसूस की जा रही हैं. खासकर ग्वालियर-चंबल, विंध्य और शहडोल संभाग के कई जिलों में कड़ाके की ठंड की संभावना जताई गई है. अनुमान है कि इन क्षेत्रों में रात का तापमान 10 डिग्री से नीचे जा सकता है, जबकि दिन में भी तापमान 10 से 12 डिग्री के बीच रहने के आसार हैं.