Madhya Pradesh, Chhattisgarh News Live: पीएम मोदी शनिवार को मध्य प्रदेश (Madhya Pradesh) के ग्वालियर (Gwalior) पहुंचे. वहीं, छत्तीसगढ़ (Chhatisgarh) के भिलाई (Bhilai) में रक्तदान शिविर का आयोजन आज किया गया है.
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शनिवार को मध्य प्रदेश के ग्वालियर में सिंधिया स्कूल के 125वें स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित एक कार्यक्रम में भाग लिया. सिंधिया स्कूल की स्थापना 1897 में तत्कालीन ग्वालियर राजघराने ने की थी और यह ऐतिहासिक ग्वालियर किले में स्थित है.
ग्वालियर में पीएम मोदी ने कहा कि पूरे विश्व में भारत की धाक जमी हुई है. अभी G-20 में कैसे भारत का परचम लहराया, यह सबने देखा. ग्वालियर में तो एयरफोर्स का सबसे बड़ा बेस है, आज भारत के लिए कुछ भी असंभव नहीं है. उन्होंने बच्चों से अपील करते हुए कहा कि वे बड़ा सोचें क्योंकि उसी से वे स्वयं को और देश को गौरवांवित करेंगे.
केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया पूर्ववर्ती राजघराने के वंशज हैं और मध्य प्रदेश के प्रमुख राजनेताओं में से एक हैं. मप्र में 17 नवंबर को विधानसभा चुनाव होने हैं. ऐसे में प्रधानमंत्री मोदी का ग्वालियर आना राजनीतिक रूप से बेहद अहम माना जा रहा है.
पीएम मोदी के पहुंचने पर हवाई पट्टी से अश्वारोही छात्रों का एक दस्ता उनको एस्कॉर्ट करके मंच तक ले गया. मंच पर पहुंचने पर वहां उपस्थित लोगों ने करतल ध्वनि से उनका स्वागत किया. केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने स्वागत भाषण दिया. बच्चों ने नृत्य और स्वागत गीतों की प्रस्तुति दी. इस आयोजन में देशभर से आए ओल्ड स्टूडेंट ने भी शिरकत की.
सिंधिया स्कूल के 125वें स्थापना दिवस समारोह में केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर, हरदीपपुरी, राज्यपाल मंगू भाई पटेल, मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, बॉलीवुड गायक नितिन मुकेश, कम्पोजर मीत ब्रदर्स आदि उपस्थित रहे.
भिंड: 3 दिवसीय गरबा महोत्सव आज से
नवरात्र महोत्सव के उपलक्ष्य में मुनि विनय सागर महाराज वर्षायोग स्थल कीर्तिस्तंभ प्रांगण में 21 अक्टूबर शनिवार से तीन दिवसीय गरबा महोत्सव शुरू होने जा रहा है. इस दौरान कई भक्तिमय कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे.
रायपुर: चॉकलेट क्रेकर्स वर्कशॉप आज
शनिवार को आयोजित इस वर्कशॉप चॉकलेट से बनी डिलीशियस रेसिपीज शेयर करते हुए चॉकलेट बनाने की बारीकियां सिखाई जाएंगी. फेस्टिव सीजन को ध्यान में रखते हुए वर्कशॉप में खास तौर पर दिवाली के पटाखों के शेप के चॉकलेट बनाने के बारे में बताया जाएगा.