विज्ञापन
This Article is From Mar 12, 2026

नक्सली खत्म करने के दावे पर कांग्रेस के तीखे सवाल: बस्तर में शांति की गारंटी मांगी, अफीम खेती और गैस संकट पर सरकार को घेरा

Chhattisgarh Congress President Deepak Baij: नक्सली खत्म करने के दावे पर कांग्रेस ने एक बार फिर साय सरकार को घेरा है. प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा है कि क्या सरकार यह गारंटी दे सकती है कि मार्च के बाद प्रदेश में कोई नक्सली घटना नहीं होगी?

नक्सली खत्म करने के दावे पर कांग्रेस के तीखे सवाल: बस्तर में शांति की गारंटी मांगी, अफीम खेती और गैस संकट पर सरकार को घेरा

Chhattisgarh News: छत्तीसगढ़ की राजनीति में एक बार फिर नक्सली, कानून व्यवस्था और महंगाई को लेकर सियासत गरमा गई है.  प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने नक्सली खत्म करने के सरकारी दावों का स्वागत तो किया है, लेकिन इसके साथ ही कई बड़े सवाल भी खड़े कर दिए हैं. बैज ने कहा कि अगर सच में नक्सलवाद खत्म होने जा रहा है तो क्या सरकार यह गारंटी दे सकती है कि मार्च के बाद प्रदेश में कोई नक्सली घटना नहीं होगी. किसी कांग्रेस कार्यकर्ता की हत्या नहीं होगी और किसी निर्दोष को फर्जी नक्सली बताकर जेल नहीं भेजा जाएगा या एनकाउंटर नहीं किया जाएगा. 

अफीम की खेती को लेकर कांग्रेस ने लगाए गंभीर आरोप

इसके साथ ही प्रदेश में अफीम की खेती को लेकर भी कांग्रेस ने गंभीर आरोप लगाए हैं. दीपक बैज का कहना है कि कभी धान का कटोरा कहे जाने वाले छत्तीसगढ़ को अब अफीम का कटोरा बनाया जा रहा है. वहीं घरेलू गैस सिलेंडर की कीमतों में बढ़ोतरी और प्रदेश में गैस की किल्लत को लेकर भी कांग्रेस ने सरकार पर निशाना साधा है. इन्हीं मुद्दों को लेकर प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने मनरेगा बचाओ आंदोलन के तहत 17 मार्च को विधानसभा घेराव करने का ऐलान किया है, जिसमें प्रदेश प्रभारी सचिन पायलट सहित कांग्रेस के कई बड़े नेता शामिल होंगे.

कांग्रेस ने मांगी बस्तर में शांति की गारंटी

छत्तीसगढ़ में नक्सलवाद को लेकर चल रही बहस के बीच अब इस मुद्दे पर सियासी बयानबाजी भी तेज हो गई है. प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि साल 2016 से ही सरकारें नक्सलवाद खत्म करने की डेडलाइन देती रही हैं. ऐसे में अगर इस बार सच में नक्सलवाद खत्म होने जा रहा है तो कांग्रेस इसका स्वागत करती है, क्योंकि बस्तर जैसे संवेदनशील क्षेत्र में शांति आना बेहद जरूरी है. लेकिन इसके साथ ही उन्होंने सरकार से कई गंभीर सवाल भी पूछे. बैज ने कहा कि क्या सरकार यह गारंटी दे सकती है कि मार्च के बाद प्रदेश में कोई नक्सली घटना नहीं होगी और किसी राजनीतिक कार्यकर्ता की हत्या नहीं होगी. उन्होंने यह भी पूछा कि क्या निर्दोष लोगों को फर्जी नक्सली बताकर जेल भेजने या एनकाउंटर करने जैसी घटनाएं पूरी तरह बंद हो जाएंगी.

बैज ने खनिज संसाधनों के मुद्दे को भी उठाते हुए कहा कि सरकार को यह स्पष्ट करना चाहिए कि प्रदेश के खनिजों को निजी कंपनियों को बेचने का सिलसिला नहीं चलेगा. इधर, कांग्रेस ने प्रदेश में अवैध अफीम की खेती को लेकर भी सरकार पर गंभीर आरोप लगाए हैं. दीपक बैज का कहना है कि छत्तीसगढ़ को कभी देश में धान का कटोरा कहा जाता था, लेकिन अब हालात ऐसे बनते जा रहे हैं कि प्रदेश को अफीम का कटोरा बना दिया गया है.

घरेलू गैस सिलेंडर की कीमतों में बढ़ोतरी को लेकर कांग्रेस ने सरकार को घेरा

इसके अलावा घरेलू गैस सिलेंडर की कीमतों में बढ़ोतरी और प्रदेश में गैस की कमी को लेकर भी कांग्रेस ने सरकार को घेरा है. बैज ने कहा कि सरकार दावा कर रही है कि पर्याप्त गैस स्टॉक मौजूद है, लेकिन इसके बावजूद एजेंसियों में सिलेंडर नहीं मिल रहे हैं. इसका असर आम परिवारों के साथ-साथ होटल और रेस्टोरेंट कारोबार पर भी पड़ रहा है और कई जगहों पर कारोबार प्रभावित हो रहा है. इन सभी मुद्दों को लेकर अब कांग्रेस ने आंदोलन का रास्ता चुना है. प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने मनरेगा बचाओ आंदोलन के तहत 17 मार्च को विधानसभा घेराव का ऐलान किया है. इस प्रदर्शन में प्रदेश प्रभारी सचिन पायलट समेत कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल होंगे. कांग्रेस का कहना है कि जब तक इन मुद्दों पर सरकार स्पष्ट जवाब नहीं देती, तब तक संघर्ष जारी रहेगा.

ये भी पढ़ें: उज्जैन कलेक्टर ने चरक हॉस्पिटल का किया औचक निरीक्षण, 4 डॉक्टरों काटा वेतन, सिक्योरिटी एजेंसी पर लगाया 50000 रुपये का जुर्माना

पूरी स्टोरी पढ़ें

MPCG.NDTV.in पर मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ की ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें. देश और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं. इसके अलावा, मनोरंजन की दुनिया हो, या क्रिकेट का खुमार,लाइफ़स्टाइल टिप्स हों,या अनोखी-अनूठी ऑफ़बीट ख़बरें,सब मिलेगा यहां-ढेरों फोटो स्टोरी और वीडियो के साथ.

फॉलो करे:
Close
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com