विज्ञापन
This Article is From Jan 07, 2026

इंदौर में धराया 'पुष्पा राज'! नशीले पदार्थ की तस्करी के लिए ट्रक में बनाया गुप्त केबिन; VIDEO कर देगा हैरान

इंदौर पुलिस ने फिल्म ‘पुष्पा’ की तर्ज पर तस्करी करने वाले एक तस्कर को गिरफ्तार किया है. आरोपी ने ट्रक के नीचे नकली डीजल टैंक बनवाकर उसमें 87 किलो प्रतिबंधित डोडा चूरा छिपाया था, जिसकी कीमत करीब 25 लाख रुपए आंकी गई है. पुलिस ने पंजाब निवासी बुट्टा सिंह को पकड़ा है, जो पहले भी तस्करी कर चुका है.

इंदौर में धराया 'पुष्पा राज'! नशीले पदार्थ की तस्करी के लिए ट्रक में बनाया गुप्त केबिन; VIDEO कर देगा हैरान

Indore Drug Smuggler Caught: इंदौर में पुलिस ने फिल्मी अंदाज में तस्करी करने वाले एक तस्कर को गिरफ्तार किया है. यह मामला बिल्कुल फिल्म ‘पुष्पा' की तरह है, जिसमें लाल चंदन की तस्करी के लिए ट्रक में गुप्त केबिन बनाए जाते थे. यहां भी पंजाब का एक तस्कर ट्रक के नीचे नकली डीजल टैंक बनवाकर उसमें नशीला पदार्थ छिपाकर ले जा रहा था. पुलिस की मुस्तैदी से यह राज खुला और आरोपी पकड़ा गया.

पुलिस को मिली गुप्त सूचना

तेजाजी नगर थाना क्षेत्र में पुलिस लगातार गश्त और अवैध गतिविधियों पर नजर रख रही थी. इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि ट्रक नंबर PB-08-EX-3783 के जरिए भारी मात्रा में नशीला पदार्थ पंजाब ले जाया जा रहा है. पुलिस ने तुरंत घेराबंदी कर ट्रक को रोका.

खाली दिखा ट्रक, लेकिन छिपा था राज

पहली नजर में ट्रक खाली दिखाई दिया. लेकिन जब पुलिस ने बारीकी से जांच की, तो हैरान रह गई. ट्रक के नीचे एक नकली डीजल टैंक बनाया गया था. यह टैंक असल में नशीला पदार्थ छिपाने के लिए इस्तेमाल किया जा रहा था.

बरामद हुआ 87 किलो डोडा चूरा

डीसीपी कृष्णलाल चंदानी ने बताया कि गुप्त टैंक खोलने पर उसके भीतर से 87 किलो प्रतिबंधित डोडा चूरा मिला. इसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 25 लाख रुपए आंकी गई है. यह तरीका बिल्कुल फिल्मी था ताकि पुलिस को लगे कि टैंक सिर्फ डीजल के लिए है.

ये भी पढ़ें- वाह रे अफसरशाही! जमीन आवंटित हुई नहीं और सीएम से करवा दिया भूमि पूजन

आरोपी पंजाब का रहने वाला

पुलिस ने ट्रक चालक बुट्टा सिंह, निवासी जालंधर (पंजाब) को गिरफ्तार कर लिया. पूछताछ में उसने कबूल किया कि वह यह खेप आगर जिले से भरकर पंजाब ले जा रहा था. आरोपी पहले भी इस तरह की तस्करी कर चुका है और उस पर एनडीपीएस एक्ट के तहत 2016 में एक मामला दर्ज है.

जांच में जुटी पुलिस

फिलहाल तेजाजी नगर पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि इस खेप को देने वाले और लेने वाले मुख्य सरगना कौन हैं. पुलिस का कहना है कि यह नेटवर्क बड़ा है और इसमें कई लोग शामिल हो सकते हैं.

ये भी पढ़ें- करोड़ों की धान चट कर गए चूहे और दीमक; कवर्धा में कांग्रेस का प्रदर्शन, सौंपी चूहा पकड़ने की जाली

पूरी स्टोरी पढ़ें

MPCG.NDTV.in पर मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ की ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें. देश और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं. इसके अलावा, मनोरंजन की दुनिया हो, या क्रिकेट का खुमार,लाइफ़स्टाइल टिप्स हों,या अनोखी-अनूठी ऑफ़बीट ख़बरें,सब मिलेगा यहां-ढेरों फोटो स्टोरी और वीडियो के साथ.

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com