विज्ञापन

MP में 'घूसखोर पंडत'फिल्म पर बवाल: भोपाल में फरसा लेकर सड़क पर उतरे, उज्जैन में कालिख पोतने की चेतावनी

Brahmin Samaj Protest: मध्य प्रदेश में फिल्म 'घूसखोर पंडत' का उग्र विरोध शुरू हो गया है. भोपाल में पंडित फरसा लेकर सड़कों पर उतरे, वहीं उज्जैन में समाजजनों ने फिल्म मेकर्स के चेहरे पर कालिख पोतने की चेतावनी दी है. ब्राह्मण समाज ने ओटीटी प्लेटफॉर्म से फिल्म हटाने और दोषियों पर एफआईआर दर्ज करने की मांग की है.

MP में 'घूसखोर पंडत'फिल्म पर बवाल: भोपाल में फरसा लेकर सड़क पर उतरे, उज्जैन में कालिख पोतने की चेतावनी

Ghuskhor Pandat Controversy:मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल से लेकर धार्मिक नगरी उज्जैन में फिल्म ‘घूसखोर पंडत' को लेकर ब्राह्मण समाज का गुस्सा सातवें आसमान पर पहुंच गया है. भोपाल में विरोध का एक उग्र रूप देखने को मिला. यहां आमतौर पर हवन-पूजन करने वाले धोती-कुर्ता धारी पंडित हाथों में फरसा लेकर सड़कों पर उतर आए. प्रदर्शनकारियों ने फिल्म के टाइटल को पूरे समुदाय का अपमान बताते हुए जमकर नारेबाजी की. मध्य प्रदेश ब्राह्मण समाज ने चेतावनी दी है कि इस फिल्म को तत्काल ओटीटी प्लेटफॉर्म नेटफ्लिक्स से नहीं हटाया गया तो उग्र आंदोलन होगा. प्रदर्शनकारियों ने इसके निर्माण से जुड़े लोगों पर एफआईआर भी दर्ज करने की भी मांग की है. 

घूसखोर पंडत फिल्म के विरोध में भोपाल में ब्राह्मण समाज सड़क पर उतरा. इनकी मांग थी कि Netflix डायरेक्टर पर भी FIR दर्ज हो.

'घूसखोर पंडत' फिल्म के विरोध में भोपाल में ब्राह्मण समाज सड़क पर उतरा. इनकी मांग थी कि Netflix डायरेक्टर पर भी FIR दर्ज हो.

उज्जैन में कालिख पोतने की चेतावनी और कानून की मांग

धार्मिक नगरी उज्जैन में भी इस फिल्म के खिलाफ मोर्चा खुल चुका है. नेटफ्लिक्स पर फिल्म का टीजर जारी होते ही अखिल भारतीय युवा ब्राह्मण समाज ने तीखी प्रतिक्रिया दी है. महाकाल मंदिर के पुजारी और संगठन के अध्यक्ष महेश शर्मा ने कड़ा ऐतराज जताते हुए कहा कि आजकल ब्राह्मण, क्षत्रिय और वैश्य समाज को अपमानित करने का एक चलन सा बन गया है. उन्होंने साफ तौर पर कहा कि फिल्म का नाम पूरे समुदाय को गाली देने जैसा है, लिहाजा ऐसे फिल्म निर्माताओं के सामने आने पर उनके चेहरे पर कालिख पोती जाएगी. शर्मा ने पंडितों के सम्मान की रक्षा के लिए विशेष कानून बनाने की भी मांग की है.

सेंसर बोर्ड से रोक और समाजजनों की कड़ी आपत्ति

उज्जैन के तीर्थ पंडा समिति के पंडित अमर डिब्बेवाल ने फिल्म को एक निंदनीय अपराध करार देते हुए सेंसर बोर्ड से इस पर तुरंत रोक लगाने का आग्रह किया है. इस पूरे विवाद पर ज्योतिषाचार्य अमर त्रिपाठी और महामंडलेश्वर शैलेशानंद ने भी अपनी गंभीर आपत्ति दर्ज कराई है. समाज जनों का कहना है कि जब तक फिल्म के शीर्षक को बदला नहीं जाता और अपमानजनक सामग्री नहीं हटाई जाती, तब तक उनका यह आंदोलन जारी रहेगा. जाहिर है दिल्ली और जयपुर के बाद अब मध्य प्रदेश में भी इस फिल्म को लेकर कानूनी और सामाजिक लड़ाई तेज हो गई है.
ये भी पढ़ें: Facebook Fraud: फेसबुक फ्रेंड ने लगाया लाखों का चूना; गोल्ड ट्रेडिंग के नाम पर ठगी, फिर मोबाइल भी मंगवा लिया

MPCG.NDTV.in पर मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ की ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें. देश और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं. इसके अलावा, मनोरंजन की दुनिया हो, या क्रिकेट का खुमार,लाइफ़स्टाइल टिप्स हों,या अनोखी-अनूठी ऑफ़बीट ख़बरें,सब मिलेगा यहां-ढेरों फोटो स्टोरी और वीडियो के साथ.

फॉलो करे:
Close