विज्ञापन
This Article is From Feb 10, 2026

छत्तीसगढ़ में शादी के बंधन में बंधे 6,412 जोड़े! गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज हुआ सामूहिक विवाह 

छत्तीसगढ़ में एक ऐतिहासिक दिन दर्ज हुआ, जब राज्यभर के 6,412 से अधिक जोड़ों ने मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के तहत सामूहिक विवाह में हिस्सा लिया. रायपुर के साइंस कॉलेज मैदान में आयोजित भव्य समारोह में 1,316 जोड़ों ने विवाह रचाया और इस पूरे आयोजन को गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में शामिल किया गया.

छत्तीसगढ़ में शादी के बंधन में बंधे 6,412 जोड़े! गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज हुआ सामूहिक विवाह 

Chhattisgarh Mass Marriage 2026: छत्तीसगढ़ में मंगलवार का दिन ऐतिहासिक बन गया, जब पूरे प्रदेश में एक साथ 6,412 से अधिक जोड़े शादी के बंधन में बंधे. रायपुर के साइंस कॉलेज मैदान में हुए राज्य स्तरीय सामूहिक विवाह कार्यक्रम ने अपने भव्य स्वरूप के कारण गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में जगह बना ली. मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने स्वयं कार्यक्रम में पहुंचकर 1,316 जोड़ों को आशीर्वाद दिया और इसे सामाजिक समरसता का बड़ा उदाहरण बताया.

रायपुर में भव्य आयोजन

राजधानी रायपुर के साइंस कॉलेज मैदान में मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के तहत सामूहिक विवाह कार्यक्रम आयोजित हुआ, जहां 1,300 से अधिक जोड़ों ने एक साथ सात फेरे लिए. मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने मंच से सभी नवविवाहित जोड़ों को शुभकामनाएं दीं और इस दिन को छत्तीसगढ़ के लिए ऐतिहासिक बताया. बलौदाबाजार, धमतरी, दुर्ग, महासमुंद और राजनांदगांव जैसे जिलों के जोड़े भी ऑनलाइन माध्यम से इस आयोजन से जुड़े.

पूरे प्रदेश में रिकॉर्ड संख्या में विवाह

कार्यक्रम के दौरान पूरे छत्तीसगढ़ में अलग-अलग जिलों में कुल 6,412 से अधिक जोड़े विवाह बंधन में बंधे. यही नहीं, पहली बार इतनी बड़ी संख्या में जोड़े एक साथ जुड़े, जिसके चलते इस आयोजन का नाम गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज हुआ. सरकार का कहना है कि यह आयोजन सामाजिक समरसता और समुदाय के सहयोग का बेहतरीन उदाहरण है.

योजना की शुरुआत और आर्थिक सहायता

मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना की शुरुआत वर्ष 2005 में तत्कालीन मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने की थी. पहले एक शादी में लगभग ₹5000 का खर्च आता था, जो अब बढ़कर करीब ₹50,000 हो गया है. इस बढ़ते आर्थिक बोझ को देखते हुए सरकार ने प्रत्येक जोड़े को ₹35,000 की सहायता राशि प्रदान की है. कार्यक्रम के दौरान यह राशि चेक के रूप में सौंपा गया.

सरकार की योजनाओं का उल्लेख

मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में बताया कि छत्तीसगढ़ में सरकार को बने दो साल ही हुए हैं और इस दौरान कई वादे पूरे किए गए हैं. महतारी वंदन योजना के तहत महिलाओं को 22 किस्तें दी जा चुकी हैं. रामलला दर्शन योजना के माध्यम से 42,000 से अधिक लोग अयोध्या दर्शन कर चुके हैं. साथ ही, बस्तर क्षेत्र में नक्सलवाद समाप्त करने की दिशा में भी लगातार काम हो रहा है.

विशेष पहल और भावनात्मक पल

कार्यक्रम में एक अनोखा क्षण तब सामने आया जब समर्पण करने वाले नक्सलियों के चार जोड़ों की भी शादी कराई गई. इसी मंच से कुपोषण मुक्त अभियान की भी शुरुआत की गई. सरकार का कहना है कि सामूहिक विवाह न सिर्फ परंपराओं को जोड़ता है, बल्कि समाज में सामूहिकता को भी मजबूत बनाता है.

पूरी स्टोरी पढ़ें

MPCG.NDTV.in पर मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ की ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें. देश और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं. इसके अलावा, मनोरंजन की दुनिया हो, या क्रिकेट का खुमार,लाइफ़स्टाइल टिप्स हों,या अनोखी-अनूठी ऑफ़बीट ख़बरें,सब मिलेगा यहां-ढेरों फोटो स्टोरी और वीडियो के साथ.

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com