भिंड जिले के लहार क्षेत्र में सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक और अमर्यादित वीडियो वायरल करने के दो अलग-अलग मामलों में पुलिस ने दो युवतियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है. वीडियो से धार्मिक और सामाजिक भावनाएं आहत होने की शिकायत पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है.
सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो से मचा बवाल
सोशल मीडिया पर लाइक और फॉलोअर्स बढ़ाने की होड़ में लोग लगातार सीमाएं लांघ रहे हैं. ताजा मामला मध्य प्रदेश के भिंड जिले के लहार क्षेत्र से सामने आया है, जहां दो युवतियों द्वारा इंस्टाग्राम पर आपत्तिजनक, अमर्यादित और समाज की भावनाओं को आहत करने वाले वीडियो वायरल किए गए.
पहले मामले में धार्मिक भावनाएं आहत करने का आरोप
जानकारी के अनुसार पहला मामला लहार क्षेत्र के रावतपुरा अंतर्गत सानी गांव की एक युवती से जुड़ा है. आरोप है कि युवती ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट ‘सिब्बो लहार' से 3 और 4 फरवरी को लगातार 4 से 5 वीडियो अपलोड किए.
इन वीडियो में कथित तौर पर इस्लाम धर्म और मुस्लिम महिलाओं के खिलाफ आपत्तिजनक और अपमानजनक टिप्पणियां की गई थीं. वीडियो वायरल होते ही स्थानीय मुस्लिम समाज में नाराजगी फैल गई.
मुस्लिम समाज ने थाने में दर्ज कराई शिकायत
मामले को लेकर मुस्लिम समाज के लोगों ने लहार थाना पुलिस में शिकायत दर्ज कराई. शिकायत में कहा गया कि वीडियो में इस्लाम धर्म और मुस्लिम महिलाओं के लिए अशोभनीय भाषा का प्रयोग किया गया है, जिससे धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं. पुलिस ने प्राथमिक जांच में वीडियो को आपत्तिजनक पाया, जिसके बाद एफआईआर दर्ज की गई.
दूसरे मामले में महिलाओं के लिए अभद्र भाषा
दूसरा मामला इंस्टाग्राम अकाउंट ‘बेटू पार्लर' से जुड़ा है. आरोप है कि इस अकाउंट से महिलाओं के प्रति अशोभनीय और आपत्तिजनक शब्दों का इस्तेमाल करते हुए वीडियो बनाया गया और उसे सोशल मीडिया पर वायरल किया गया. इस मामले में फरियादी राजू मल्होत्रा ने लहार थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई. शिकायतकर्ता का कहना है कि वीडियो समाज में गलत संदेश फैलाने वाला है.
पुलिस की त्वरित कार्रवाई, जांच जारी
दोनों मामलों में शिकायत मिलने के बाद लहार थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए संबंधित इंस्टाग्राम अकाउंट्स से वायरल वीडियो को संज्ञान में लिया और दोनों युवतियों के खिलाफ अलग-अलग धाराओं में एफआईआर दर्ज कर ली है.
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सोशल मीडिया पर इस तरह की आपत्तिजनक सामग्री पोस्ट करना कानूनन अपराध है. फिलहाल दोनों युवतियों से पूछताछ की तैयारी की जा रही है और यह भी जांच की जा रही है कि वीडियो जानबूझकर वायरल किए गए या किसी साजिश के तहत.
Read: सबको चौंकाने वाला बाल विवाह: 36 साल का दूल्हा, 16 साल की दुल्हन, पिता जेल में, मां प्रेमी संग भागी