विज्ञापन

टेक्नोलॉजी-भक्ति का अनोखा संगम: सीहोर में AI मॉडल झांकियां, महाकाल जैसी भस्म आरती भी

Mahashivratri 2026: सीहोर के प्रमुख शिवालयों मनकामेश्वर, भूतेश्वर और चमत्कारेश्वर महादेव, काशी विश्वनाथ  मंदिर सहित अन्य शिव मंदिरों में ओम नम: शिवाय: के जयघोष गूंज रहे हैं.

टेक्नोलॉजी-भक्ति का अनोखा संगम: सीहोर में AI मॉडल झांकियां, महाकाल जैसी भस्म आरती भी

आज महाशिवरात्रि के पावन पर्व पर सीहोर पूरी तरह शिवमय हो गया है. सुबह से ही शहर के प्रमुख शिवालयों मनकामेश्वर, भूतेश्वर और चमत्कारेश्वर महादेव, काशी विश्वनाथ  मंदिर सहित अन्य शिव मंदिरों में ओम नम: शिवाय: के जयघोष गूंज रहे हैं. मंदिरों को आकर्षक फूलों और विद्युत सज्जा से सजाया गया है, जहां हजारों श्रद्धालु जलाभिषेक के लिए कतारों में खड़े नजर आए.

मनकामेश्वर महादेव: नगर के इस प्राचीन स्वयंभू शिवलिंग के दर्शन के लिए सुबह 4 बजे से ही भक्तों का तांता लगा रहा. मान्यता है कि यहां धागा बांधने से मनोकामना पूर्ण होती है.

भूतेश्वर महादेव: मराठा कालीन इस मंदिर में भगवान शिव का विशेष अघोर श्रृंगार किया गया है. नदी के तट पर स्थित इस मंदिर की प्राकृतिक सजावट श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर रही है.

चमत्कारेश्वर महादेव: अस्पताल चौराहा स्थित इस मंदिर में भी अल सुबह से ही विशेष पूजा-अर्चना और दर्शनों का सिलसिला जारी है.

निशुल्क कन्या विवाह: कस्बा हनुमान फाटक स्थित प्राचीन काशी विश्वनाथ शिव मंदिर की विशेष मान्यता है. यहां 15 फिट की शिव प्रतिमा आकर्षण का केन्द्र हैं. महा शिवरात्रि के शुभ अवसर पर आज यहां समिति द्वारा निःशुल्क कन्या विवाह का आयोजन किया जा रहा है.

एआई मॉडल और भस्म आरती होगी आकर्षण का केंद्र

महाशिवरात्रि उत्सव समिति की ओर से आज शाम 5 बजे इंदौर नाका स्थित श्री बटेश्वर महादेव मंदिर से भव्य शिव बारात निकाली जाएगी. चल समारोह के अध्यक्ष राजीव गुजराती ने बताया कि इस वर्ष पहली बार बारात में एआई मॉडल आधारित झांकियां शामिल होंगी. इसके साथ ही उज्जैन की तर्ज पर बाबा महाकाल की लाइव भस्म आरती का दृश्य भी दिखाया जाएगा.

देशभर के कलाकार देंगे प्रस्तुति

बारात में जम्मू के विनय आर्ट ग्रुप, दिल्ली के अघोरी ग्रुप, पंजाब का गतका अखाड़ा और महाराष्ट्र के रंगोली कलाकार अपनी कला का प्रदर्शन करेंगे. 12 ज्योतिर्लिंगों के दर्शन के साथ वृंदावन की रासलीला और राजस्थान का घूमर नृत्य बारात की शोभा बढ़ाएंगे. समिति के संस्थापक लोकेश सोनी ने बताया कि बारात मार्ग पर कलाकारों की प्रस्तुति के लिए 8 विशेष पॉइंट बनाए गए हैं. समिति ने सभी धर्मप्रेमी जनता से इस भव्य आयोजन में शामिल होने की अपील की है.

ये भी पढ़ें: दिव्य रहस्य और वास्तुकला के लिए प्रसिद्ध है MP का ये शिव मंदिर... महाशिवरात्रि पर भक्तों का लगता तांता, जानिए इसकी खासियत

MPCG.NDTV.in पर मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ की ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें. देश और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं. इसके अलावा, मनोरंजन की दुनिया हो, या क्रिकेट का खुमार,लाइफ़स्टाइल टिप्स हों,या अनोखी-अनूठी ऑफ़बीट ख़बरें,सब मिलेगा यहां-ढेरों फोटो स्टोरी और वीडियो के साथ.

फॉलो करे:
Close