विज्ञापन

2 महीने तक 12 वर्षीय छात्रा से दुष्कर्म, गर्भवती हुई पीड़िता; हॉस्टल में सब्जी देने आता था आरोपी

सागर के खुरई क्षेत्र स्थित आदिवासी सरकारी हॉस्टल से जुड़ा एक गंभीर मामला सामने आया है. 12 वर्षीय छात्रा की तबीयत बिगड़ने पर उसे भोपाल के हमीदिया अस्पताल में भर्ती कराया गया, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी.

2 महीने तक 12 वर्षीय छात्रा से दुष्कर्म, गर्भवती हुई पीड़िता; हॉस्टल में सब्जी देने आता था आरोपी

Sagar Hostel Rape Case: मध्य प्रदेश के सागर जिले से एक बेहद गंभीर और झकझोर देने वाला मामला सामने आया है. खुरई क्षेत्र के आदिवासी सरकारी हॉस्टल में रह रही 12 वर्षीय छात्रा के साथ 2 महीने तक दुष्कर्म किए जाने की बात सामने आई है. छात्रा की तबीयत बिगड़ने पर उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां जांच में वह गर्भवती पाई गई. सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है.

यह घटना जिले के खुरई स्थित आदिवासी सरकारी हॉस्टल से जुड़ी बताई जा रही है. पीड़िता फिलहाल भोपाल के हमीदिया अस्पताल में भर्ती है. मामले में कोहेफिजा थाने में जीरो पर कायमी कर केस डायरी खुरई भेजी गई है, ताकि आगे की कार्रवाई स्थानीय स्तर पर की जा सके.

दो साल से हॉस्टल में रह रही थी पीड़िता

पुलिस को दिए बयान में छात्रा ने बताया कि वह विदिशा जिले के गंजबासौदा क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली है. वह हॉस्टल में रहकर आठवीं कक्षा की पढ़ाई कर रही थी और पिछले करीब दो साल से वहीं रह रही है.

सब्जी देने आने वाले युवक पर आरोप

पीड़िता के अनुसार, “अल्ताफ” नाम का युवक हॉस्टल में सब्जी देने आता था. आरोप है कि सितंबर 2025 में वह जबरदस्ती छात्रा के कमरे में घुसा और उसे धमकाकर रेप किया. छात्रा ने बताया कि विरोध करने पर उसे जान से मारने की धमकी दी, जिसके चलते वह डर गई और किसी को कुछ नहीं बता पाई.

बीमारी के बाद खुला मामला

शनिवार को छात्रा के पेट में दर्द हुआ तो उसने वार्डन और चौकीदार को इसकी जानकारी दी. इसके बाद वार्डन ने छात्रा के माता‑पिता को बुलाया. परिजन उसे 1 फरवरी को भोपाल के हमीदिया अस्पताल ले गए. जांच के दौरान डॉक्टरों ने छात्रा के गर्भवती होने की बात बताई, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई.

आरोपी गिरफ्तार, पूछताछ जारी

खुरई थाना प्रभारी योगेंद्र सिंह दांगी ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है. पुलिस के अनुसार, आरोपी पेशे से ऑटो चालक है और हॉस्टल में सब्जी देने का काम करता था. फिलहाल उससे पूछताछ की जा रही है और यह भी पता लगाया जा रहा है कि घटना किन परिस्थितियों में हुई और इसमें कोई अन्य लापरवाही/भूमिका तो नहीं रही.

जांच में हॉस्टल सुरक्षा पर भी सवाल

इस मामले ने हॉस्टल की सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी तंत्र पर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. पुलिस व प्रशासनिक स्तर पर जांच आगे बढ़ाई जा रही है. वहीं, पीड़िता के इलाज और सुरक्षा को लेकर भी जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं.

MPCG.NDTV.in पर मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ की ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें. देश और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं. इसके अलावा, मनोरंजन की दुनिया हो, या क्रिकेट का खुमार,लाइफ़स्टाइल टिप्स हों,या अनोखी-अनूठी ऑफ़बीट ख़बरें,सब मिलेगा यहां-ढेरों फोटो स्टोरी और वीडियो के साथ.

फॉलो करे:
Close