विज्ञापन
This Article is From Feb 03, 2026

Video: सोने-चांदी के दाम बढ़ने से टेंशन में उज्जैन पुलिस ! मंदिरों में घूम-घूम कर सुरक्षा कर रहे चाक-चौबंद

Ujjain Police Temple Security: सोने-चांदी की कीमतों में रिकॉर्ड उछाल के बाद उज्जैन पुलिस ने मंदिरों की सुरक्षा को लेकर हाई अलर्ट जारी किया है. नजरपुर मंदिर में हुई चोरी के बाद एसपी के निर्देश पर पुलिस टीमें धार्मिक स्थलों की सुरक्षा चाक-चौबंद करने में जुटी हैं. पुजारियों और मंदिर प्रबंधकों को सीसीटीवी कैमरे और गार्ड तैनात करने के सख्त निर्देश दिए गए हैं ताकि बेशकीमती खजानों को सुरक्षित रखा जा सके.

Video: सोने-चांदी के दाम बढ़ने से टेंशन में उज्जैन पुलिस ! मंदिरों में घूम-घूम कर सुरक्षा कर रहे चाक-चौबंद

Ujjain Gold-Silver Rates Hike:मध्य प्रदेश की धार्मिक नगरी उज्जैन,जिसे मंदिरों का शहर भी कहा जाता है, वहां इन दिनों पुलिस की भागदौड़ सिर्फ इसलिए बढ़ गई है क्योंकि सोने और चांदी की कीमतों में जबरदस्त उछाल आया है. चौंकिए नहीं...ये सच है.  दरअसल, उज्जैन के अधिकांश मंदिरों में देवी-देवताओं के सिंहासन, छत्र और आभूषण बेशकीमती धातुओं के बने हैं. जैसे-जैसे इनकी कीमतें बढ़ रही हैं, वैसे-वैसे इन धार्मिक स्थलों पर चोरी का खतरा भी बढ़ गया है. इसी को देखते हुए एसपी प्रदीप शर्मा के निर्देश पर पुलिस ने अब शहर के 'धनाढ्य' मंदिरों की सुरक्षा का जिम्मा उठा लिया है. 

नजरपुर की चोरी ने खटखटाया खतरे का घंटा 

देखा जाए तो सुरक्षा को लेकर यह सख्ती बेवजह नहीं है. बीते 28 जनवरी को आगर रोड स्थित नजरपुर के प्राचीन माता मंदिर में हुई चोरी ने पुलिस को अलर्ट कर दिया है.चोरों ने खिड़की के रास्ते घुसकर करीब 16 लाख रुपये की चांदी के छत्र और आभूषणों पर हाथ साफ कर दिया था. इस घटना के बाद पुलिस प्रशासन कोई जोखिम नहीं उठाना चाहता. महाकाल थाना पुलिस ने अब खुद मोर्चा संभालते हुए मंदिर प्रबंधकों और पुजारियों के साथ बैठकें शुरू कर दी हैं.

पुलिस की पुजारियों को दो टूक सलाह 

महाकाल थाना टीआई गगन बादल ने अपनी टीम के साथ शहर के प्रमुख मंदिरों का दौरा किया. पुलिस ने भूखी माता मंदिर,साकेत धाम और कांच के जैन मंदिर सहित कई स्थानों पर सुरक्षा इंतजामों का जायजा लिया. पुलिस ने साफ निर्देश दिए हैं कि जो सीसीटीवी कैमरे बंद पड़े हैं, उन्हें तुरंत चालू किया जाए. साथ ही, पुजारियों को सलाह दी गई है कि वे रात के समय मंदिरों में भारी मात्रा में नकदी या कीमती धातु न छोड़ें. पुलिस ने मंदिर समितियों से मजबूत दरवाजे,पुख्ता ताले और रात के लिए निजी गार्ड तैनात करने को भी कहा है.

सामुदायिक बैठकें और सुरक्षा की समझाइश 

पुलिस केवल निर्देश ही नहीं दे रही, बल्कि समाज के जिम्मेदार लोगों के साथ मिलकर रणनीति भी बना रही है. सुरजनगर जैन मंदिर और मुल्लापुरा श्री राम मंदिर जैसे क्षेत्रों में बाकायदा बैठकें आयोजित की गईं. इन बैठकों में जैन समुदाय और अन्य मंदिर समितियों को समझाया गया कि सुरक्षा केवल पुलिस के भरोसे नहीं, बल्कि सतर्कता के साथ ही संभव है. पुलिस ने साफ किया है कि धार्मिक आस्था के केंद्रों की सुरक्षा में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी.

बाजार में सोने-चांदी की तपिश: रिकॉर्ड स्तर पर कीमतें 

सोने और चांदी की कीमतों में आई हालिया तेजी ने सुरक्षा एजेंसियों की चिंता बढ़ा दी है. अगर मौजूदा आंकड़ों पर नजर डालें, तो सोना अपने सर्वकालिक उच्च स्तर (All-time high) के करीब कारोबार कर रहा है, जहां 24 कैरेट सोने की कीमत 1 लाख 54 हजार रुपये प्रति 10 ग्राम से ज्यादा की हैं. वहीं,चांदी भी पीछे नहीं है और इसके दाम 3 लाख 39 हजार रुपये प्रति किलो के स्तर को भी पार कर गए हैं. बाजार विशेषज्ञों का कहना है कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में अस्थिरता और शादियों के सीजन की भारी मांग के कारण पिछले एक साल में कीमतों में भार उछाल देखा गया है. मंदिरों में भारी वजन वाले चांदी के सिंहासन और सोने के छत्र होते हैं, जिनकी कीमत आज के बाजार भाव के हिसाब से लाखों में बैठती है. यही वजह है कि ये धार्मिक स्थल अब पेशेवर चोरों के रडार पर आ गए हैं.
ये भी पढ़ें: Cabinet Decisions: भावान्तर योजना लागू करने वाला MP पहला राज्य; जानिए मोहन कैबिनेट के अहम फैसले

पूरी स्टोरी पढ़ें

MPCG.NDTV.in पर मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ की ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें. देश और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं. इसके अलावा, मनोरंजन की दुनिया हो, या क्रिकेट का खुमार,लाइफ़स्टाइल टिप्स हों,या अनोखी-अनूठी ऑफ़बीट ख़बरें,सब मिलेगा यहां-ढेरों फोटो स्टोरी और वीडियो के साथ.

फॉलो करे:
Close
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com