विज्ञापन
This Article is From Dec 19, 2024

नल की टोटी और पाइप लेकर 'सदन' तक क्यों पहुंच गए कांग्रेसी MLA, अनोखे प्रदर्शन में लगाए ये आरोप

MP Vidhan Sabha Winter Session: नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने कहा है कि भाजपा के जल जीवन मिशन के नल से सिर्फ हवा आ रही है, पानी तो भाजपा के भ्रष्टाचार की भेट चढ़ चुका है. आज भी प्रदेश की महिलाएं पीने के पानी के लिए संघर्ष कर रही हैं, लेकिन भाजपा सरकार को सिर्फ कमीशन से मतलब है. यह है भाजपा की असलियत.

नल की टोटी और पाइप लेकर 'सदन' तक क्यों पहुंच गए कांग्रेसी MLA, अनोखे प्रदर्शन में लगाए ये आरोप

MP Vidhan Sabha 2024: मध्य प्रदेश में कांग्रेस विधायकों ने जल जीवन मिशन (Jal Jeevan Mission) में भ्रष्टाचार (Corruption) होने का आरोप लगाया है. विरोध स्वरूप विधायक हाथ में नल की टोंटी और पाइप लेकर विधानसभा (MP Vidhan Sabha) परिसर में पहुंचे. राज्य विधानसभा के शीतकालीन सत्र (MP Vidhan Sabha Winter Session) का गुरुवार को चौथा दिन है और कांग्रेस के अनोखे प्रदर्शन (Protest) का सिलसिला भी जारी है. जल जीवन मिशन में गड़बड़ी होने और घर तक पानी न पहुंचने का आरोप लगाते हुए कांग्रेस विधायकों ने प्रदर्शन किया. विधायकों के हाथ में नल की टोटी और पाइप थे. वे जल जीवन मिशन में बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार होने का आरोप लगा रहे थे.

किसने क्या कहा?

सदन में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने कहा कि बीजेपी का 'जल जीवन मिशन ' एक बड़ा छलावा बन चुका है. न तो योजना का कोई ठोस आधार है, न ही कोई स्पष्ट दिशा. ठेकेदार से लेकर अधिकारी और मंत्री तक सबका 40% कमीशन तय है. भाजपा ने हर घर नल की बात की, लेकिन लोगों को मिली केवल टोंटी, जिसमें कभी पानी नहीं आया.

आज मध्यप्रदेश विधानसभा के चौथे दिन, कांग्रेस विधायक दल के नेताओं के साथ जल जीवन मिशन में हो रहे घोटालों को लेकर मध्य प्रदेश सरकार के खिलाफ हाथ में खाली "पानी की टोंटी" के माध्यम से विरोध दर्ज किया.

कांग्रेस विधायक रामकिशोर दोगनी का कहना है कि जगह-जगह पाइप लाइन टूटी पड़ी है. घरों तक पानी नहीं पहुंच रहा है. ठेकेदारों को राशि का भुगतान करने के लिए सरपंचों पर दबाव डाला जा रहा है. उन्हें काम पूरा होने का प्रमाणीकरण देने को मजबूर किया जा रहा है.

कांग्रेस के पूर्व विधायक और मंत्री सचिन यादव ने कहा कि जल जीवन मिशन में घोटाला हुआ है. जल जीवन मिशन के लिए निर्धारित मापदंड पूरे नहीं किये गए है. जहां पानी की व्यवस्था हो गई है वहां अशुद्ध पानी पहुंच रहा है. हमारे मीडिया से साथियों ने समय-समय पर इस भ्रष्टाचार को उजागर करने का काम किया है. सरकार सोती रही इसलिए इतनी बड़ी योजना फेल हो गई है.

केंद्र की योजना का लाभ जमीनी स्तर पर पहुंचने की बात पर विधायक यादव का आरोप है कि भाजपा की योजनाएं एवं दावे सिर्फ कागजों तक सीमित है, योजनाओं का लाभ जनता तक नहीं पहुंच रहा है. जल जीवन मिशन में अधिकारियों, भाजपा नेताओं-कार्यकर्ताओं ने 40 फीसदी कमीशन तक भ्रष्टाचार किया है.

कांग्रेस हर दिन कर रही है विरोध प्रदर्शन

राज्य के शीतकालीन सत्र में कांग्रेस विधायक हर रोज विरोध प्रदर्शन दर्ज करा रहे हैं. राज्य की अर्थव्यवस्था को लेकर कांग्रेस विधायक कटोरा लेकर पहुंचे थे, खाद समस्या पर उनके हाथ में खाद की बोरी थी और बेरोजगारी के मुद्दे पर कांग्रेस विधायक चाय की केतली और गिलास लेकर विधानसभा परिसर में पहुंचे थे. सत्र के चौथे दिन गुरुवार को जल जीवन मिशन में हुए घोटाले का आरोप लगाते हुए नल की टोटी और पाइप लेकर पहुंचे.

यह भी पढ़ें : BJP सांसद ICU में, सारंगी ने कहा-राहुल ने दिया धक्का, अंबेडकर पर हंगामा, जानिए किसने क्या कहा?

यह भी पढ़ें : Fake Degree: फर्जी डिग्री वाले टीचर ने खुद कर लिया प्रमोशन, ऐसे हुआ खुलासा, स्कूल समिति ने लिया एक्शन

यह भी पढ़ें : MP Vidhan Sabha: सदन में शराब की माला... कांग्रेस MLA ने जताया अनोखा विरोध, शराब घोटाले पर यह कहा...

यह भी पढ़ें : नाबालिगों से रेप के 50% आरोपी बाहर 'घूम' रहे हैं! खुद CM मोहन यादव ने बताया- 4928 केस सिर्फ HC में ही है पेंडिंग

पूरी स्टोरी पढ़ें

MPCG.NDTV.in पर मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ की ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें. देश और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं. इसके अलावा, मनोरंजन की दुनिया हो, या क्रिकेट का खुमार,लाइफ़स्टाइल टिप्स हों,या अनोखी-अनूठी ऑफ़बीट ख़बरें,सब मिलेगा यहां-ढेरों फोटो स्टोरी और वीडियो के साथ.

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com