राहुल गांधी की गिरफ्तारी के विरोध और छात्रों से जुड़े मुद्दों को लेकर कांग्रेस ने मंगलवार को मध्य प्रदेश के कई जिलों में एक साथ प्रदर्शन किया. भोपाल से लेकर इंदौर, रतलाम, रीवा, कटनी, खंडवा, बड़वानी और हरदा तक कांग्रेस कार्यकर्ता सड़कों पर उतर आए. कहीं धरना दिया गया तो कहीं रैली निकाली गई, वहीं कई जगह केंद्र सरकार और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के खिलाफ जमकर नारेबाजी हुई. प्रदेशभर में हुए इन प्रदर्शनों के जरिए कांग्रेस ने राहुल गांधी के समर्थन में अपनी ताकत दिखाने की कोशिश की. कई जिलों में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ानी पड़ी और पुलिस बल भी तैनात किया गया.
भोपाल: विधानसभा से राजभवन तक कांग्रेस का विरोध
राजधानी भोपाल में कांग्रेस विधायकों और नेताओं ने विधानसभा परिसर से लेकर राजभवन तक विरोध प्रदर्शन किया. NEET और छात्रों के मुद्दे पर चर्चा की मांग को लेकर शुरू हुआ विरोध बाद में राहुल गांधी के समर्थन के प्रदर्शन में बदल गया. कांग्रेस नेताओं ने सरकार पर विपक्ष की आवाज दबाने का आरोप लगाया और जमकर नारेबाजी की. राजभवन के बाहर बड़ी संख्या में कार्यकर्ता जुटे, जिसके चलते सुरक्षा व्यवस्था कड़ी करनी पड़ी.
इंदौर: राजवाड़ा पर कांग्रेस का प्रदर्शन
इंदौर में राहुल गांधी की गिरफ्तारी के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ता ऐतिहासिक राजवाड़ा क्षेत्र में एकत्र हुए. शहर कांग्रेस अध्यक्ष चिंटू चौकसे के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने अहिल्या प्रतिमा के सामने प्रदर्शन किया. इस दौरान केंद्र सरकार के खिलाफ नारे लगाए गए और राहुल गांधी के समर्थन में आवाज बुलंद की गई. प्रदर्शन को देखते हुए पुलिस ने इलाके में अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात किया.
रतलाम: थाना स्टेशन रोड के बाहर धरना
रतलाम में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने थाना स्टेशन रोड के बाहर धरना प्रदर्शन किया. बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौके पर पहुंचे और राहुल गांधी की गिरफ्तारी के खिलाफ विरोध जताया. प्रदर्शन के कारण कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा. पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित रखने के लिए भारी बल तैनात किया और किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए वाटर कैनन भी मंगवाया गया.
खंडवा: देर रात तक चलता रहा धरना
खंडवा में राहुल गांधी के आह्वान पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कलेक्टर कार्यालय का घेराव कर धरना प्रदर्शन किया. दिल्ली में हुए घटनाक्रम और छात्रों पर कथित लाठीचार्ज के विरोध में कार्यकर्ता देर रात तक डटे रहे. कांग्रेस नेताओं ने कहा कि छात्रों और युवाओं से जुड़े मुद्दों पर सरकार को जवाब देना चाहिए. प्रदर्शन के दौरान सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई.
बड़वानी: निकाली प्रतीकात्मक अर्थी यात्रा
बड़वानी में कांग्रेस का विरोध प्रदर्शन सबसे अलग अंदाज में देखने को मिला. राहुल गांधी की गिरफ्तारी और छात्रों पर कथित लाठीचार्ज के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रतीकात्मक अर्थी यात्रा निकाली. कारंजा चौराहा और पुराने कलेक्ट्रेट परिसर में आयोजित प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए केंद्र सरकार की नीतियों का विरोध किया. कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि लोकतांत्रिक अधिकारों को दबाने का प्रयास किया जा रहा है.
कटनी: कलेक्ट्रेट के सामने धरने पर बैठे कांग्रेसी
कटनी में कांग्रेस कार्यकर्ता कलेक्ट्रेट के सामने धरने पर बैठ गए. प्रदर्शनकारियों का कहना था कि राहुल गांधी की गिरफ्तारी गलत है और उन्हें तत्काल रिहा किया जाना चाहिए. एनएसयूआई जिलाध्यक्ष अजय खटीक ने कहा कि जब तक राहुल गांधी को रिहा नहीं किया जाता और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफा नहीं देते, तब तक आंदोलन जारी रहेगा. धरने के दौरान कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी भी की.
रीवा: छात्र न्याय और राहुल गांधी के समर्थन में रैली
रीवा में जिला कांग्रेस ने छात्रों को न्याय दिलाने और राहुल गांधी के समर्थन में रैली निकाली. कांग्रेस कार्यालय से शुरू हुई यह रैली शहर के विभिन्न मार्गों से होते हुए सिरमौर चौराहा स्थित राजीव गांधी प्रतिमा तक पहुंची. यहां कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने सभा कर केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग उठाई. प्रदर्शन में सैकड़ों कार्यकर्ताओं की भागीदारी देखने को मिली.
हरदा: कलेक्टर कार्यालय के सामने हंगामा
हरदा में भी कांग्रेस कार्यकर्ताओं का आक्रोश खुलकर सामने आया. बड़ी संख्या में नेता और कार्यकर्ता कलेक्टर कार्यालय पहुंचे और केंद्र सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया. कांग्रेस नेताओं ने राहुल गांधी की गिरफ्तारी को लोकतंत्र पर हमला बताते हुए केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग की. प्रदर्शन के बाद राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन भी सौंपा गया. मौके पर पुलिस बल तैनात रहा और स्थिति शांतिपूर्ण बनी रही.