Lawyer Murder in Shvpuri: शिवपुरी जिले के करैरा में शनिवार को दिनदहाड़े हुई वकील की हत्या से मध्य प्रदेश के वकीलों में आक्रोश का माहौल है. अब उन्होंने हत्याकांड के विरोध में पूरे प्रदेश में काम से विरत यानी हड़ताल पर रहने का आह्वान किया है. प्रदेश के वकील सोमवार यानी 16 फरवरी को कोर्ट तो जाएंगे, लेकिन काम नहीं करेंगे.
शिवपुरी में कोर्ट जाते समय दिनदहाड़े अधिवक्ता संजय सक्सेना की हत्या से वकीलों में काफी आक्रोश है. हालांकि, हत्या के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को रविवार को शॉर्ट एनकाउंटर में गोली मारकर पकड़ लिया. गिरफ्तार आरोपियों में गोलू (25) पुत्र अरविंद रावत, पपेंद्र (23) पुत्र हरदास रावत और जहीर (24) पुत्र रफीक शामिल हैं. गोलू और जहीर घुघसी थाना बड़ौनी के रहने वाले हैं. वहीं, पपेंद्र डबरा का रहना वाला है. पपेंद्र के पैर में शॉर्ट एनकाउंटर में गोली लगी थी.
आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद भी वकीलों का आक्रोश कम नहीं हो रहा है. वकीलों की हड़ताल से ग्वालियर में हाईकोर्ट के एक हजार और सेशन कोर्ट के लगभग दो हजार केस प्रभावित होंगे.
सर्वसम्मति से लिया फैसला
मध्य प्रदेश हाईकोर्ट अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष धन्य कुमार जैन ने बताया कि शिवपुरी में एक वकील की गोली मारकर की गई हत्या के विरोध में पूरे प्रदेश के वकील आज सोमवार को प्रतिवाद दिवस मनाकर अदालतों में हाजिर नहीं होंगे. यह फैसला रविवार को मप्र स्टेट बार कॉउंसिल ने सर्वसम्मति से लिया है. मप्र हाईकोर्ट बार, जिला बार और हाईकोर्ट एडवोकेट्स बार ने संयुक्त रूप से सोमवार को प्रतिवाद दिवस मनाने का निर्णय लिया है.
बाइक से जाते समय मारी गोली
शिवपुरी जिले की करैरा तहसील में शनिवार को दिनदहाड़े एक वकील की गोली मारकर हत्या कर दी थी. घटना उस समय हुई जब एडवोकेट संजय कुमार सक्सेना रोज की तरह बाइक से कोर्ट जा रहे थे. पहले से घात लगाए बदमाशों ने उन पर सरे बाजार अंधाधुंध फायरिंग की थी.
ये भी पढ़ें- वकील हत्याकांड एमपी: जमीन केस जितवाया तो क्या हारने वालों ने दिनदहाड़े मरवाई गोली! 12 लाख में दी सुपारी