विज्ञापन

मां ने 3 बच्चों को चाय में मिलाकर प‍िलाया जहर, तीनों भाई-बहनों का एक ही चिता पर हुआ अंतिम संस्कार

MP alirajpur News: अलीराजपुर के आम्बुआ थाना क्षेत्र के अडवाड़ा गांव में मां पर तीन बच्चों को चाय में जहर मिलाकर पिलाने का आरोप है. तीनों मासूम भाई-बहनों का एक ही चिता पर अंतिम संस्कार किया गया. मां की हालत गंभीर है और पुलिस फॉरेंसिक रिपोर्ट व बयान का इंतजार कर रही है.

मां ने 3 बच्चों को चाय में मिलाकर प‍िलाया जहर, तीनों भाई-बहनों का एक ही चिता पर हुआ अंतिम संस्कार

MP alirajpur News:  मध्यप्रदेश के अलीराजपुर जिले के आम्बुआ थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम अडवाड़ा में हुई एक हृदय विदारक घटना ने पूरे क्षेत्र को सदमे में डाल दिया है. मां द्वारा अपने ही तीन बच्चों को चाय में जहर मिलाकर पिलाने के आरोप के बाद शनिवार शाम तीनों मासूम भाई-बहनों का एक ही चिता पर अंतिम संस्कार किया गया. इस दौरान पूरा गांव गमगीन माहौल में डूबा रहा और सैकड़ों ग्रामीण अंतिम यात्रा में शामिल हुए.

एक ही अर्थी पर निकली अंतिम यात्रा

शनिवार को जब तीनों बच्चों के शव गांव पहुंचे तो हर आंख नम थी. दाहोद में जिन दो बच्चों कार्तिक (5) और दिव्या (3)
की मौत हुई थी, उनके शव शनिवार दोपहर करीब 3 बजे अडवाड़ा लाए गए. इसके बाद तीनों भाई-बहनों के शवों को एक ही अर्थी पर रखकर घर से श्मशान घाट तक ले जाया गया.तीनों बच्‍चों को सबसे बड़ी बेटी सावित्री (7) पहली कक्षा में पढ़ती थी.

अंतिम यात्रा में गांव के बुजुर्ग, महिलाएं और बच्चे सभी शोक में डूबे नजर आए. श्मशान घाट पर एक ही चिता तैयार की गई, जिस पर तीनों बच्चों का एक साथ अंतिम संस्कार किया गया. जैसे ही चिता को अग्नि दी गई, पूरे वातावरण में सन्नाटा और सिसकियां गूंजने लगीं.

मां ने ली तीन बच्‍चों की जान

ग्रामीणों के अनुसार घटना शुक्रवार की है, जब कथित तौर पर मां नूरी भाई (30)
अपने तीनों बच्चों को चाय में जहर मिलाकर पिलाया. बताया जाता है कि उसने कीटनाशक या किसी जहरीले पदार्थ को चाय में मिलाया था.

घटना के बाद बच्चों की तबीयत अचानक बिगड़ने लगी. इस दौरान बेटा कार्तिक किसी तरह घर के एक संकरे स्थान से निकलकर अपने दादा के खेत की ओर भागा. वहां पहुंचकर उसने दादा को पूरी घटना की जानकारी दी और बताया कि मां ने तीनों को जहर पिला दिया है तथा खुद भी पी लिया है. यह कहते-कहते कार्तिक की हालत बिगड़ गई और उसे उल्टियां होने लगीं. परिजनों और ग्रामीणों ने तत्काल बच्चों को अस्पताल पहुंचाया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी.

डॉक्टरों ने बचाने की कोशिश की

अस्पताल में मौजूद चिकित्सकों ने बच्चों की जान बचाने के लिए हर संभव प्रयास किया. डॉक्टरों के अनुसार जब बच्चों को अस्पताल लाया गया, तब उनकी हालत अत्यंत गंभीर थी. प्राथमिक उपचार और जीवन रक्षक उपाय किए गए, लेकिन तीनों को बचाया नहीं जा सका.  चिकित्सकीय सूत्रों के मुताबिक शरीर में जहरीले पदार्थ का प्रभाव काफी अधिक था. पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए.

मां की हालत गंभीर, बयान का इंतजार

घटना के बाद मां की भी तबीयत बिगड़ गई थी. उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है और फिलहाल वह बयान देने की स्थिति में नहीं है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि महिला के बयान दर्ज होने के बाद ही पूरे घटनाक्रम की स्पष्ट तस्वीर सामने आ सकेगी.

थाना प्रभारी मोहन डावर ने बताया कि पुलिस हर एंगल से मामले की जांच कर रही है. फॉरेंसिक टीम द्वारा साक्ष्य जुटाए गए हैं और रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है. प्रारंभिक जांच में जहर दिए जाने की पुष्टि हुई है, लेकिन घटना के पीछे की असली वजह अभी स्पष्ट नहीं है.

गांव में पसरा सन्नाटा

अडवाड़ा गांव में इस घटना के बाद से सन्नाटा पसरा हुआ है. ग्रामीणों का कहना है कि परिवार सामान्य जीवन जी रहा था और किसी बड़े विवाद की जानकारी किसी को नहीं थी. सबसे बड़ी बेटी सावित्री पहली कक्षा में पढ़ती थी. उसकी मासूमियत और छोटे भाई-बहनों के साथ उसकी तस्वीरें अब लोगों की आंखों के सामने घूम रही हैं. 

सुरक्षा व्यवस्था और प्रशासनिक मौजूदगी

अंतिम संस्कार के दौरान किसी भी अप्रिय स्थिति से बचने के लिए पुलिस बल तैनात रहा. थाना प्रभारी मोहन डावर अपने स्टाफ के साथ मौके पर मौजूद थे. राजस्व विभाग के अधिकारी और गांव के चौकीदार भी उपस्थित रहे. प्रशासन ने पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए रखी.

कई सवाल अब भी बाकी

यह घटना कई सवाल छोड़ गई है. आखिर ऐसी कौन सी परिस्थितियां थीं जिन्होंने एक मां को यह भयावह कदम उठाने पर मजबूर किया? क्या यह घरेलू विवाद का मामला है, मानसिक तनाव का परिणाम है या फिर कोई अन्य कारण? पुलिस अधिकारियों का कहना है कि महिला के बयान और फॉरेंसिक रिपोर्ट के बाद ही स्पष्ट रूप से कुछ कहा जा सकेगा. फिलहाल मामले की जांच जारी है. 

यह भी पढ़ें- एमपी पुल‍िस की ह‍िरासत में युवक ने की आत्‍म्‍हत्‍या, बाथरूम गया और लगा ली फांसी, छतरपुर के राजनगर थाने में हड़कंप

MPCG.NDTV.in पर मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ की ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें. देश और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं. इसके अलावा, मनोरंजन की दुनिया हो, या क्रिकेट का खुमार,लाइफ़स्टाइल टिप्स हों,या अनोखी-अनूठी ऑफ़बीट ख़बरें,सब मिलेगा यहां-ढेरों फोटो स्टोरी और वीडियो के साथ.

फॉलो करे:
Close