मध्य प्रदेश के सागर शहर में बारात के दौरान हुए चर्चित गोलीकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है. इस मामले में मुख्य आरोपी प्रशांत पटेल को गिरफ्तार कर लिया गया है. पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या की धाराओं में प्रकरण दर्ज कर लिया है, जबकि घटना में प्रयुक्त अवैध हथियार की तलाश जारी है.
सरोज होटल के पास हुई वारदात
लोकेश कुमार सिन्हा, ASP के अनुसार बड़ा बाजार निवासी भरत सोनी के पुत्र मयंक सोनी का विवाह समारोह था. 12 फरवरी की रात सागर के सरोज होटल की ओर जा रही थी. जब बारात गोला कुआं क्षेत्र के पास पहुंची, तभी बैंड बजा रहे 15 वर्षीय विवेक बंसल पर एक युवक ने अवैध पिस्टल से फायर कर दिया. गोली विवेक के सीने को चीरते हुए आर-पार हो गई, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई.
जिलेभर की बैंड पार्टियों में रोष व्याप्त
घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई थी. पुलिस ने तत्काल मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया. पुलिस का कहना है कि मामले की विस्तृत जांच जारी है और अवैध हथियार की बरामदगी के प्रयास किए जा रहे हैं.
इधर इस दर्दनाक घटना के बाद जिलेभर की बैंड पार्टियों में रोष व्याप्त है. बैंड संचालकों और कर्मचारियों ने निर्णय लिया है कि विरोध स्वरूप महाशिवरात्रि के दिन जिले में कोई भी बैंड बाजा नहीं बजाया जाएगा. पुलिस प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है.