मध्य प्रदेश के अलीराजपुर जिले के आम्बुआ पुलिस थाना क्षेत्र के ग्राम अडवाडा में तीन बच्चों को जहर पिलाने वाली मां भी जिंदगी की जंग हार गई है. 13 फरवरी की घटना के बाद अब बीती रात 30 वर्षीय नूरी बाई की भी गुजरात के दाहोद में इलाज के दौरान मौत हो गई. महज नौ दिन में मुकेश का पूरा परिवार खत्म हो गया.
पुलिस के अनुसार, मुकेश भिलाला मजदूरी के लिए गुजरात गए हुए थे. इस दौरान उनकी पत्नी नूरी बाई ने अज्ञात कारणों से चाय में कीटनाशक मिलाकर अपने तीन बच्चों सावित्री (7), कार्तिक (5) और दिव्या (3) को पिला दिया और फिर खुद भी कीटनाशक पी लिया.
घटना की जानकारी मिलते ही सभी को अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन तीनों बच्चों की तुरंत मौत हो गई. 14 फरवरी को गांव में सामूहिक अंतिम संस्कार किया गया. नूरी बाई को गंभीर हालत में गुजरात के दाहोद के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां वह करीब 9 दिनों तक जिंदगी और मौत की जंग लड़ती रहीं. 21 फरवरी की रात उनका निधन हो गया.
शव परिजनों को सौंपा
दाहोद में पोस्टमार्टम आम्बुआ पुलिस की मौजूदगी में किया गया और शव परिजनों को सौंपा गया. महिला होश में नहीं आ सकीं, इसलिए उनका बयान नहीं लिया जा सका. प्रारंभिक जानकारी के अनुसार मामला पारिवारिक विवाद से जुड़ा हो सकता है, हालांकि पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है.
गांव में शोक और स्तब्धता
इस हृदयविदारक घटना ने पूरे क्षेत्र को स्तब्ध कर दिया है. गांव में मातम पसरा है और लोग अब भी यह समझने की कोशिश कर रहे हैं कि आखिर एक मां ने ऐसा कदम क्यों उठाया. पुलिस जांच में अभी तक कोई पुख्ता जानकारी सामने नहीं आई है.
मां ने 3 बच्चों को चाय में मिलाकर पिलाया जहर, तीनों भाई-बहनों का एक ही चिता पर हुआ अंतिम संस्कार