Milk Price Hiked in Madhya Pradesh: मध्य प्रदेश में बढ़ती महंगाई के बीच अब आम लोगों को एक और झटका लगने वाला है. नए वित्तीय वर्ष की शुरुआत यानी 1 अप्रैल से दूध के दामों में बढ़ोतरी होने जा रही है. खासतौर पर इंदौर में दूध की कीमतों में बढ़ोतरी का असर सबसे पहले देखने को मिलेगा.
जानकारी के अनुसार, इंदौर में दूध की कीमतों में करीब ₹3 प्रति लीटर तक की बढ़ोतरी की जाएगी. इस बढ़ोतरी के बाद जहां दूध की कीमत ₹60 प्रति लीटर थी, वह बढ़कर ₹63 से ₹65 प्रति लीटर तक पहुंच सकती है. इससे आम उपभोक्ताओं के मासिक बजट पर सीधा असर पड़ेगा.
आसपास के जिलों में भी लागू होगी बढ़ोतरी
मध्य प्रदेश दुग्ध विक्रेता महासंघ के पदाधिकारियों के मुताबिक, यह बढ़ोतरी केवल इंदौर तक सीमित नहीं रहेगी. इंदौर के साथसाथ आसपास के जिलों में भी दूध की कीमतों में इजाफा किया जाएगा, जिससे पूरे क्षेत्र में इसका असर देखने को मिलेगा.
बढ़ती लागत और गर्मी बनी वजह
दूध के दाम बढ़ने के पीछे मुख्य कारण पशु आहार की बढ़ती कीमतें और गर्मी के कारण उत्पादन में आई कमी बताई जा रही है. गर्मी के मौसम में दूध उत्पादन घट जाता है, जिससे आपूर्ति प्रभावित होती है और कीमतों पर दबाव बढ़ता है.
आगे भी बढ़ सकते हैं दाम
दुग्ध विक्रेताओं का कहना है कि यदि पशु आहार के दाम इसी तरह बढ़ते रहे, तो आने वाले समय में दूध की कीमतों पर फिर से विचार किया जा सकता है. यानी महंगाई का यह असर आगे भी जारी रहने की संभावना है.
यह भी पढ़ें- MP News: मऊगंज में दिल दहला देने वाली घटना: बहू ने 75 वर्षीय ससुर को पीट-पीटकर उतारा मौत के घाट
जहां निजी दूध विक्रेताओं ने दाम बढ़ाने का फैसला किया है, वहीं सरकारी ब्रांड ‘सांची' ने अभी तक कीमतों में बढ़ोतरी को लेकर कोई निर्णय नहीं लिया है. इससे फिलहाल उपभोक्ताओं को कुछ राहत मिल सकती है, लेकिन भविष्य में स्थिति बदल सकती है.
यह भी पढ़ें- MP News: नर्मदापुरम में दिल दहला देने वाली वारदात: दूसरी शादी के लिए मां ने बेटी को ट्रेन के सामने धकेला