विज्ञापन
This Article is From Oct 02, 2025

CM मोहन यादव ने शस्त्र पूजन कर याद किया ‘ऑपरेशन सिंदूर’, इंदौर में साइबर सुरक्षा चैटबॉट लॉन्च

विजयादशमी पर मुख्यमंत्री मोहन यादव ने इंदौर में शस्त्र पूजन कर ‘ऑपरेशन सिंदूर’ की याद दिलाई और भारतीय सेना की ताकत को रेखांकित किया. उन्होंने पुलिस भर्ती, आरएसएस के 100 वर्ष और साइबर सुरक्षा के लिए एआई चैटबॉट ‘सेफ क्लिक्स’ लॉन्च करने की घोषणा भी की.

CM मोहन यादव ने शस्त्र पूजन कर याद किया ‘ऑपरेशन सिंदूर’, इंदौर में साइबर सुरक्षा चैटबॉट लॉन्च

विजयादशमी के अवसर पर मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने पुलिस लाइन में शस्त्र पूजन किया और भारतीय सेना की वीरता को नमन किया. उन्होंने कहा कि भारत की शक्ति का प्रदर्शन दुनिया ने ‘ऑपरेशन सिंदूर' के माध्यम से देखा है, जब भारतीय सशस्त्र बलों ने बेहद कम समय में पड़ोसी देश पाकिस्तान को सबक सिखाया.

मुख्यमंत्री यादव ने महाकाली की प्रतिमा के समक्ष सुसज्जित शस्त्रों की पूजा की. इस अवसर पर पुरोहितों ने वैदिक मंत्रोच्चार और दुर्गा आरती की, वहीं मुख्यमंत्री ने कन्याओं का पूजन भी किया. उन्होंने कहा कि शक्ति और शस्त्र पूजन की परंपरा प्राचीन काल से चली आ रही है और इसी विरासत को आगे बढ़ाते हुए प्रदेशभर में शासकीय स्तर पर शस्त्र पूजन का आयोजन किया जा रहा है.

यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारतीय सेना हर चुनौती का सामना करने में सक्षम है. उन्होंने कहा, "हमारी सेना सिर्फ सीमा पर नहीं, बल्कि देश की जनता के सुख-दुख में भी हमेशा खड़ी रहती है." 

गृह विभाग का जिम्मा संभाल रहे मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य सरकार 20,000 से अधिक पुलिसकर्मियों की भर्ती चरणबद्ध तरीके से कर रही है. साथ ही लगभग हर जिले में पुलिस बैंड की स्थापना की दिशा में भी कदम उठाए जा रहे हैं.

इस मौके पर उन्होंने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की स्थापना के 100 वर्ष पूरे होने पर प्रदेशवासियों को बधाई दी और कहा कि संघ ने आजादी से पहले से ही देशभक्ति की अलख जगाई है और समाज के हर वर्ग को सनातन संस्कृति से जोड़ा है.

यादव ने एक अन्य कार्यक्रम में AI आधारित चैटबॉट ‘सेफ क्लिक्स' को भी लॉन्च किया. इंदौर पुलिस की इस पहल को उन्होंने सराहा और कहा कि यह चैटबॉट नागरिकों को साइबर अपराधों के खिलाफ जागरूक करेगा. मध्यप्रदेश ऐसा नवाचार अपनाने वाला देश का सातवां राज्य बना है.

पूरी स्टोरी पढ़ें

MPCG.NDTV.in पर मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ की ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें. देश और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं. इसके अलावा, मनोरंजन की दुनिया हो, या क्रिकेट का खुमार,लाइफ़स्टाइल टिप्स हों,या अनोखी-अनूठी ऑफ़बीट ख़बरें,सब मिलेगा यहां-ढेरों फोटो स्टोरी और वीडियो के साथ.

फॉलो करे:
Close
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com