विज्ञापन
2 months ago

Madhya Pradesh-Chhattisgarh Hindi News Live: मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ से हर दिन कई खबरें सामने आती है, जो चर्चा का विषय बन जाती हैं. आज (27 जनवरी) की खबरों में देखें तो बैंक कर्मचारियों की राष्ट्रव्यापी हड़ताल का असर आज मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ राज्य में भी देखने को मिल रहा है. एमपी में बारिश की संभावना है तो वहीं, छत्तीसगढ़ में मौसम साफ बना हुआ है. छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में छह साल की बच्ची के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आया है. उधर, एमपी के इंदौर में एक युवक ने महिला दोस्त से मनमुटाव होने पर उसके पूरे परिवार को ही चाकू से गोद डाला. इनके अलावा दोनों राज्यों से और भी खबरें सामने आई हैं. अगर आप ही एक ही क्लिक कर पर एमपी और छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ना चाहते हैं तो इसी लिंक से जान सकते हैं.

मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में बैंक हड़ताल

बैंक कर्मी पांच दिवसीय बैंकिंग सप्ताह लागू करने की मांग कर रहे हैं, जिसके लिए उन्होंने राष्ट्रव्यापी हड़ताल बुलाई है. इसका असर मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में भी देखने को मिल रहा है. इस वजह से दोनों राज्यों में सभी बैंक बंद हैं.

यूजीसी पर कांग्रेस (MP Congress on UGC)

मध्य प्रदेश विधानसभा में नेता उमंग सिंघार ने यूजीसी के नए नियमों को लेकर जारी बवाल पर कहा देश में कई अलग-अलग वर्ग हैं. सरकार को कानून बनाते समय सभी वर्गों का ध्यान रखना चाहिए. सरकार वैसे कई चौपाल करती है, लेकिन जब बात कानून बनाने की आती है तो क्यों सभी की राय नहीं ली जाती.

Madhya Pradesh News: हरदा में तेज बारिश से किसानों की बढ़ी चिंता, चने की फसल को नुकसान

हरदा में देर रात अचानक मौसम बदला और तेज बारिश के साथ बादलों की गर्जन शुरू हो गई. इस अप्रत्याशित बारिश ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है. इन दिनों चने की फसल फूल अवस्था में है, ऐसे में बारिश के कारण फूल झड़ने की आशंका बढ़ गई है.

किसानों का कहना है कि यदि फूल झड़ते हैं तो दाने बनने की प्रक्रिया प्रभावित होगी, जिससे पैदावार में भारी गिरावट आ सकती है. कई क्षेत्रों में खेतों में पानी भरने की स्थिति भी बन गई है, जिससे फसल को और नुकसान होने की संभावना है. 

कृषि जानकारों के अनुसार, इस समय तेज बारिश और आंधी चने की फसल के लिए नुकसानदायक होती है. किसान अब मौसम के स्थिर होने और नुकसान के आकलन का इंतजार कर रहे हैं. लगातार बदलते मौसम के चलते किसान भविष्य की फसल को लेकर चिंतित नजर आ रहे हैं.

Chhattisgarh News Live: छत्तीसगढ़ की झांकी कलाकारों को राष्ट्रपति द्रौपदी ने सराहा, पारंपरिक मंदार नृत्य की दी थी मनोहारी प्रस्तुति

गणतंत्र दिवस के अवसर पर कर्तव्य पथ पर छत्तीसगढ़ की झांकी में शामिल कलाकारों को राष्ट्रपति भवन में राष्ट्रपति  द्रौपदी मुर्मु से मुलाकात का गौरव प्राप्त हुआ. राष्ट्रपति से स्नेहपूर्ण मुलाकात के दौरान कलाकार भावविभोर और अभिभूत नजर आए.

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने छत्तीसगढ़ की झांकी की प्रशंसा करते हुए कहा कि झांकी के माध्यम से देश की समृद्ध जनजातीय परंपराओं और सांस्कृतिक विरासत का प्रभावशाली प्रदर्शन हुआ है. उन्होंने कलाकारों के समर्पण, मेहनत और जीवंत प्रस्तुति की सराहना करते हुए छत्तीसगढ़िया सबले बढ़िया भी कहा.

छत्तीसगढ़ के नारायणपुर जिले से आए जनजातीय कलाकारों ने गणतंत्र दिवस परेड के दौरान छत्तीसगढ़ की झांकी के साथ पारंपरिक मंदार नृत्य की मनोहारी प्रस्तुति दी थी, जिसने कर्तव्य पथ पर मौजूद दर्शकों के साथ-साथ देश-दुनिया का ध्यान आकर्षित किया.

Madhya Pradesh News: ज्वेलर्स को बेहोश कर 10 लाख के आभूषण ले उड़े बदमाश

सतना जिले के चित्रकूट स्थित कामता में एक चोरी की बड़ी घटना सामने आई है. जहां स्वर्ण आभूषण कारीगर दिनेश सोनी की दुकान से दो अज्ञात चोर लगभग 10 लाख रुपये कीमत के स्वर्ण आभूषण से भरा डिब्बा लेकर फरार हो गए. जानकारी के अनुसार, कामता स्थित पटेल धर्मशाला में दिनेश सोनी की स्वर्ण आभूषण निर्मित करने की दुकान है. जहां दो युवक दुकान पर पहुंचे और स्वयं को भगवान कामतानाथ मंदिर में दान के लिए आभूषण खरीदने वाला बताते हुए सोने का लॉकेट एवं चांदी की आंखें दिखाने की बात कही. दुकानदार द्वारा जब उन्हें लॉकेट और चांदी की आंखें दिखाईं गईं, उसी दौरान दोनों शातिर चोरों ने किसी तरह की चाल चली, जिससे दिनेश सोनी अचानक अचेत हो गए. इसका फायदा उठाते हुए दोनों आरोपी दुकान में रखे स्वर्ण आभूषणों से भरा डिब्बा उठाकर मोटरसाइकिल से मौके से फरार हो गए.

करीब आधे घंटे बाद जब दुकानदार को होश आया तो उन्होंने देखा कि दुकान से कीमती स्वर्ण आभूषण गायब हैं. इसके बाद तत्काल थाना चित्रकूट पुलिस को घटना की सूचना दी गई. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है. पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ ही संदिग्धों की तलाश में जुटी हुई है.

MP Weather Alert: बिन मौसम हुई बारिश, ओले गिरने से फसलें हुई चौपट

मध्यप्रदेश के उज्जैन के ग्रामीण क्षेत्रों में मंगलवार शाम तेज बारिश और ओले गिरे है. ओलावृष्टि से खेतों में खड़ी गेंहू की फसलों को भारी नुकसान हुआ है. वहीं बारिश से जन जीवन अस्त व्यस्त होने के साथ ठंड बढ़ने के आसार है.

दरअसल मंगलवार सुबह से कई जगह पर बादल हो रहे थे और कुछ जगह तेज हवा के साथ बारिश भी हो रही थी. घट्टिया और तराना तहसील के ग्राम बनडा बमोरी व आसपास के गांवों में शाम करीब 6 बजे से तेज बारिश के साथ ओलावृष्टि भी शुरू हो गई. करीब आधे घंटे चली बारिश से खेतों में खड़ी गेंहू की फसल आड़ी हो गई. जिससे किसानों को भारी नुकसान होना बताया जा रहा है. बता दें कि मौसम विभाग ने पहले ही मंगलवार और बुधवार को प्रदेश के कई इलाकों में बारिश की चेतावनी दी थी.


किसान हुए चिंतित

ग्रामीण इलाके में हुई तेज बारिश से लोग भी परेशान होते रहे. बमोरी गांव में एक किसान की पूरी फसल चौपट हो गई. प्रदेश में कल भी कई जगह बारिश की चेतवानी होने से किसान चिंतित है.

Madhya Pradesh News: मुरैना में भी गिरे ओले, अगले दो दिनों तक बारिश होने की संभावना

मुरैना में भी ओले गिरे. ओले करीब 15 मिनट तक जमीन पर गिरे, जिसके चलते जिले के कैलारस और जोरा तहसील क्षेत्र अंतर्गत कई गांव प्रभावित हो गए. वहीं आज दोपहर 1:00 बजे से रुक-रुक कर बारिश हो रही है. दोपहर से देर शाम तक 10 एमएम वर्षा हुई. 

मुरैना जिले में वर्षा के कारण उच्चतम तापमान में चार डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई. ओले के कारण फसलों को नुकसान होने की संभावना संभावना है. ओला प्रभावित क्षेत्रों में सरसों, मटर,मसूर, आलू, टमाटर, मिर्च की फसलों में अधिक नुकसान की संभावना है.

ओलों की रफ्तार देखकर किसान काफी चिंतित है. मौसम विभाग की माने तो आगामी दो दिनों तक वर्षा होने की संभावना संभावना है. राष्ट्रीय मौसम विभाग ने तीन दिवस तक वर्षा होने की संभावना जताई है. मुरैना जिले में वर्षा के दौरान राष्ट्रीय मौसम विभाग ने ओलों की संभावना व्यक्त नहीं की थी.

Madhya Pradesh News: बारिश से किसानों को भारी नुकसान

खरगोन जिले में अचानक मौसम का मिजाज बदल गया. कसरावद क्षेत्र में तेज हवा के साथ चने के आकार के आसमान से ओले गिरे.  जिसके कारण किसानों की गेंहू, चने ओर मक्का की फसल पानी और हवा के कारण में जमीन पर लेट गए. बारिश से किसानों को काफी नुकसान पहुंचा है. किसानों की मेहनत पर अब इंद्रदेव ने पानी फेर दिया है इसी तरह से जिले के कई क्षेत्रो में तेज हवा के साथ बारिश हुई. बारिश से किसानों के चेहरों पर मायूसी छा गई है. किसानों की फसलें इस समय पकने की अवस्था में हैं. ऐसे में यदि बारिश अधिक हुई, तो फसले  प्रभावित होने की आशंका है. इससे किसानों को नुकसान उठाना पड़ सकता है.

Chhattisgarh News: महासमुंद के पितावली राइस मिल को सील, 26,329 क्विंटल धान और 1733 क्विंटल चावल जब्त

 छत्तीसगढ़ के महासमुंद में पितावली राइस मिल को सील कर दिया गया. भौतिक सत्यापन में अनियमितता पाये जाने पर  26,329 क्विंटल धान और 1733 क्विंटल चावल जब्त किया गया. इसके अतिरिक्त मंडी समिति द्वारा धान से भरे 04 वाहन को भी जब्त किया गया. जब्त वाहनों को कोतवाली थाना के अभिरक्षा में सौंपा गया. बता दें कि राजस्व, पुलिस, खाद्य और मंडी विभाग की संयुक्त कार्रवाई है. 

Chhattisgarh News: शराब दुकान के सेल्समेन ने किया सुसाइड की कोशिश, वेतन कटने से था परेशान

दुर्ग जिले के गंजपारा स्थित एक शराब दुकान में कार्यरत सेल्समैन चेतन साहू ने वेतन कटौती से तंग आकर आत्महत्या की कोशिश की. युवक ने जहर खा लिया और फिलहाल वह दुर्ग के एक निजी अस्पताल में जिंदगी और मौत की लड़ाई लड़ रहा है.

चेतन की मां सरोज साहू ने बताया, “बेटा ड्यूटी के बाद उल्टी करते हुए घर पहुंचा. जब मैंने पूछा तो उसने बताया कि मैंने जहर खा लिया है. इस महीने फिर से सैलरी कट गई और सिर्फ 7 हजार रुपये ही आए हैं. बेटे के तीन छोटे बच्चे हैं.”

कर्मचारियों के अनुसार, पिछले दो महीनों से वेतन में कटौती हो रही है. यह कटौती सिर्फ एक व्यक्ति की नहीं, बल्कि दुर्ग जिले की सभी शराब दुकानों में कार्यरत 350 से अधिक कर्मचारियों की हो रही है. एक कर्मचारी ने बताया कि उनके 8,000 रुपये प्रतिमाह काटे जा रहे हैं. सेल्समैन का 7,000 से 8,000 रुपये, सुपरवाइजर का 10,000 रुपये और मल्टी-पद पर कार्यरत कर्मचारियों का 5,000 रुपये तक काटा जा रहा है.

Chhattisgarh News Live: ट्रक ने दो बाइक सवार को मारी टक्कर,एक की हालत गंभीर

बीजापुर के जांगला में ट्रक ने दो बाइक सवार को टक्कर मार दी. इस हादसे में एक बाइक सवार की हालत गम्भीर हो गई. घायलों को अस्पताल पहुंचाया गाया, जहां इलाज जारी है. यह घटना जांगला थानाक्षेत्र की है. 

मध्य प्रदेश के ग्वालियर मे बुधवार को स्कूलों मे छुट्टी रहेगी. कलेक्टर रुचिका चौहान ने जिले मे हो रही बारिश के चलते ये फैसला लिया है.बुधवार, 28 जनवरी को नर्सरी से 8 वीं कक्षा तक के सभी स्कूलों में बच्चों के लिए अवकाश घोषित किया.  यह आदेश सभी शासकीय, अशासकीय और राज्य और सीबीएसई स्कूलों पर लागू रहेगा.

Hailstorm in MP: आगर मालवा में ओलावृष्टि, फसलों की हो सकती है तबाही

आगर मालवा जिले के कानड़ क्षेत्र में जोरदार ओलावृष्टि हुई है. तेज हवा के साथ हुई ओलावृष्टि के चलते जनजीवन प्रभावित हुआ है. कई पेड़ गिरने की भी खबर है. बड़े आकर के ओले गिरने से लोगों में कौतूहल बना हुआ है. इधर, शाजापुर जिले में आज शाम को तेज आंधी-तूफान के साथ जमकर ओलावृष्टि हुई, जिससे शहरी हाईवे पर सड़क सफेद नजर आई. हालांकि इससे आवागमन प्रभावित हो गया.

Chhattisgarh News: गौवंश की मौत से ग्रामीणों में दहशत, मुआवजे की मांग

नारायणपुर जिले के ग्राम गरांजी में बीते एक हफ्ते से संदिग्ध हालात में गौवंश की लगातार मौत से ग्रामीणों में दहशत फैल गई है. एक सप्ताह के भीतर 5 से अधिक गौवंश की मृत्यु होने की पुष्टि, ग्रामीणों ने इसे गंभीर लापरवाही का मामला बताया. ग्रामीणों और मवेशी पालकों ने चीकू ढाबा और आहूजा पैलेस पर खुले में बचा हुआ खाना और बड़ी मात्रा में प्लास्टिक वेस्ट फेंकने का आरोप लगाया है. आशंका जताई जा रही है कि यही कचरा और प्लास्टिक खाने से गौवंश की मौत हो रही है. आक्रोशित ग्रामीण कृषकों ने प्रशासन से जांच, दोषियों पर कार्रवाई और मृत गौवंश के लिए मुआवजे की मांग की है.

Chhattisgarh News: फर्राटेदार आवाज पर प्रहार,100 मॉडिफाइड साइलेंसर पर चला बडोजर

अगर आप भी अपनी मोटरसाइकिल में फर्राटेदार आवाज वाली मोडिफाइड साइलेंसर लगाकर चलते है तो आप सतर्क हो जाइए, क्योंकि पुलिस अब इन चालको की मोटरसाइकिल पर कार्यवाही कर रही है. कांकेर पुलिस ने आज 100 मोडिफाइड साइलेंसर पर बुलडोजर की कार्यवाही की है. कांकेर पुलिस का कहना है कि लंबे समय से शिकायत मिल रही थी कि तेज आवाज वाले वाहन सड़क व अन्य गली मोहल्लों में घूमकर ध्वनि प्रदूषण करते हुए लोगो को परेशान करते है. तेज आवाज से सड़क मार्ग में दुर्घटनाएं भी हो रही है. जिसे देखते हुए पुलिस ने कार्यवाही की और 100 मोडिफाइड साइलेंसर को जब्ती कर उस पर बुलडोजर की कार्यवाही की गई है. लोग अगर इस तरह की लापरवाही से बाज नहीं आएंगे तो आमजन की सुरक्षा और नियमों का उलंघन करने वालो पर कार्यवाही जारी रहेगी.

Madhya Pradesh News: महाकाल मंदिर के गर्भ गृह प्रवेश की याचिका सुप्रीम कोर्ट ने की खारिज, SC ने कहा- 'हाई कोर्ट जाए'

मध्य प्रदेश के उज्जैन स्थित विश्व प्रसिद्ध श्री महाकाल मंदिर गर्भ गृह मैं आम श्रद्धालुओ के प्रवेश के लिए लगी याचिका पर मंगलवार को सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई हुई. मामले में सुप्रीम कोर्ट ने याचिका सुनने से इंकार कर याचिका खारिज करते हुए याचिकाकर्ता को हाईकोर्ट में जाने का कहा.

बता दां कि कि महाकाल मंदिर के गर्भगृह में नेता ओर प्रभावशाली लोग दर्शन करने जाते है, लेकिन आम श्रद्धालु गर्भगृह में प्रवेश नहीं कर सकते. इसी को देखते हुए विद्यादास बाबा की ओर से 5 जनवरी को अधिवक्ता विष्णु शंकर जैन ने सुप्रीम कोर्ट में याचिका लगाई थी. मामले में मंगलवार को सीजेआई ने सुनवाई कर याचिका खारिज करते हुए संबंधित को सक्षम प्राधिकार के समक्ष या हाईकोर्ट जाने का कहा.

Chhattisgarh News: बोरसी धान खरीदी केंद्र पर 6 गांवों के किसानों ने किया बवाल, धान खरीदी की लिमिट बढ़ाने की मांग

 गरियाबंद में फिंगेश्वर के बोरसी धान खरीदी केंद्र पर 6 गांव के किसान खरीदी केंद्र के गेट पर ताला जड़ कर जमकर प्रदर्शन किए. किसानों ने बताया कि खरीदी केंद्र में लिमिट पूरा होने के बाद खरीदी बंद कर दिए. करीब 400 से अधिक किसान टोकन के लिए 15 दिनों से भटक रहे है. किसान धान नहीं बेच पाए हैं. हंगामा के बाद मौके तहसीदार पहुंची और गेट में लगे ताला को खुलवाया. साथ ही खरीदी की लिमिट बढ़ाने के लिए खाद्य शाखा को पत्र भेजा है.

Madhya Pradesh News: सूने घर पर चोरों का धावा, नकदी व जेवरात पर किया हाथ साफ

उमरिया जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत कैंप मोहल्ले में बीती रात चोरों ने एक सूने घर को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये की नकदी और कीमती जेवरात चोरी कर लिए. बताया जा रहा है कि रात्रि के समय चोरों ने मकान का ताला तोड़कर घर में प्रवेश किया और अलमारी में रखी नगदी व सोने-चांदी के जेवरात लेकर रफूचक्कर हो गए.

सुबह जब घर के परिजनों को घटना की जानकारी लगी तो उन्होंने तत्काल कोतवाली पुलिस को सूचना दी. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाने में लगी हुई है. पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की भी जांच कर रही है. फिलहाल अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है.

UGC Rules 2026: UGC विनियम 2026 का रायसेन में विरोध, जंजीरों से बांधकर प्रदर्शनकारियों ने किया सड़क जाम

 केंद्र सरकार द्वारा लागू किए गए विश्वविद्यालय अनुदान आयोग UGC के उच्च शिक्षा संस्थानों में समता के संवर्धन हेतु विनियम, 2026 के विरोध में आज रायसेन में सकल हिंदू समाज द्वारा अनोखा प्रदर्शन किया गया.

प्रदर्शनकारियों ने तहसील कार्यालय के सामने स्वयं को जंजीरों से बांधकर सड़क जाम किया और केंद्र सरकार के इस निर्णय के खिलाफ जमकर नारेबाजी की. इस दौरान महामहिम राष्ट्रपति के नाम एक ज्ञापन एसडीएम रायसेन को सौंपते हुए विनियम 2026 को निरस्त करने की मांग की गई.

Naxalite explosive material recovered: दंतेवाड़ा के बारसूर थानाक्षेत्र में जवानों को मिली बड़ी कामयाबी, नक्सली विस्फोटक सामग्री बरामद

दंतेवाड़ा के बारसूर थानाक्षेत्र में गुफा गांव के पास जंगलों में सर्चिंग में नक्सली विस्फोटक और सामान बरामद किया गया. सर्चिंग के दौरान CRPF और जिला पुलिस बल के जवानो ने 5 किलो वजनी 1 पाइप बम, प्रेशर 5 किलो वजनी कुकर बम, बिजली वायर बरामद किया. बरामद IED बम को BDS (बम निरोधक दस्ता) की मदद से मौके पर ही जवानों ने नष्ट कर दिया.

Madhya Pradesh & Chhattisgarh News: सुनसान कॉलोनी में अवैध फटाका फैक्ट्री का संचालन, बनाए जाते थे सुतली बम

खंडवा पुलिस ने अवैध रूप से संचालित एक पटाखा फैक्ट्री में बड़ी कार्रवाई की. इस फैक्ट्री में सुतली बम बनाए जाते थे . यहां से लगभग 20 क्विंटल सुतली बम और बम बनाने में काम आने वाली बारूद बरामद की है. यह फैक्ट्री खंडवा से सटे सिंहाडा गांव के पास एक कॉलोनी के सुनसान मकान में संचालित  की जा रही थी. इस मामले में पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. पुलिस को शंक है कि कांग्रेस से जुटे दो लोग इस अवैध कारोबार को संचालित कर रहे थे. इनमें आए एक कांग्रेस के पूर्व मंत्री का बेटा और दूसरा फटाका व्यवसायी है. अब यह मामला सियासी रंग भी ले सकता है. बता दें कि हरदा जिले में भी इसी तरह अवैध रूप से चल रही फटाका फेक्ट्री में अचानक हुए विस्फ़ोट के बाद कई लोगों की मौत हुई थी.

Chhattisgarh News Live: SIR में कांग्रेस के वर्तमान व पूर्व पार्षद सहित कई लोगों के नाम कटे

SIR के अंतिम दौर में कांग्रेस ने कलेक्टर को आवेदन सौंपकर कांग्रेस समर्थित लोगों और कांग्रेसी कार्यकर्ताओं के जबरन नाम काटने आवेदन लगाए जाने की शिकायत दर्ज करवाई है, कांग्रेस ने इस कांड के पीछे भाजपा के हाथ होने का गंभीर आरोप लगाते हुए मामले की जांच कर दोषियों पर एफआईआर दर्ज करवाने की भी मांग की है. कांग्रेस का आरोप है कि शहर के ही महादेव वार्ड, शीतलापारा वार्ड समेत कई वार्ड में वर्षों से रह रहे लोगों को बाहरी बताकर उनके नाम काटने आवेदन दिए गए है, जबकि सभी के पास 2003 के रिकॉर्ड भी मौजूद है, जिनके नाम काटने आवेदन दिए गए है उनमें एक पूर्व पार्षद और एक वर्तमान पार्षद का परिवार भी शामिल है.

Madhya Pradesh & Chhattisgarh News: केंद्र सरकार जल्द लाएगी पेस्टीसाइड एक्ट और नया सीड एक्ट- शिवराज सिंह

केंद्र सरकार जल्द पेस्टीसाइड एक्ट और नया सीड एक्ट लाएगी. यह जानकारी केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह ने दी है. रायपुर में केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह ने कहा, 'आज एक महत्वपूर्ण समझौता भारत और यूरोपियन यूनियन के बीच हुआ है.'

शिवराज ने कहा- पीएम मोदी के नेतृत्व में भारत का सर्वत्र विकास हो रहा है. भारत दुनिया में चावल की उपज में विश्व में पहले स्थान पर पहुंच गया है. पेस्टीसाइड एक्ट और नया सीड एक्ट पर जनता के सुझाव भी मांगे हैं.जल्द कठोर कानून लाएंगे. एक बड़ा फैसला मनरेगा की कमियों को दूर करते हुए 125 दिन की गारंटी देने वाला जी राम जी अधिनियम अब देश में लागू हो रहा है. 

बता दें कि रायपुर एयरपोर्ट पर छत्तीसगढ़ सरकार के मंत्रियों ने शिवराज सिंह का स्वागत किया. यहां से 

केंद्रीय मंत्री डोंगरगढ़ के लिए रवाना हो गए. 

खंडवा में तीन लोगों की डूबकर मौत

खंडवा में दो अलग-अलग घटनाओं में 3 लोगों की पानी में डूबने से मौत हो गई. पहली मामला पदम नगर थाना क्षेत्र का है, जहां आबना नदी में बुजुर्ग की लाश मिली. वह बकरी चराने के दौरान डूब गया था. दूसरी घटना ओंकारेश्वर तीर्थ नगरी के ब्रह्मपुरी घाट पर तड़के 3 रात की है, जहां अचानक 2 श्रद्धालु स्नान करते समय नर्मदा नदी में डूब गए. यह हादसा पैर फिसलने की वजह से हुआ था. श्रद्धालु मनीष और विवेक अपने दोस्तों के साथ गुजरात से ओंकारेश्वर दर्शन करने के आए थे. मांधाता ओंकारेश्वर पुलिस ने जांच कर रही है.

बीजापुर में सुरक्षाबलों को मिली बड़ी सफलता

नक्सल विरोधी अभियान के बीच बीजापुर में सुरक्षाबलों को कर्रेगुट्टा और ताड़पाला इलाके में नक्सलियों के 3 डंप बरामद करने में बड़ी सफलता मिली है. सुरक्षाबलों ने पांच 303 रायफल, 9 BGL गोले, वॉकी-टाकी, जनरेटर, नक्सली वर्दी, दवाईयां, राशन भारी मात्रा में बरामद किया है. सर्चिंग के दौरान 3 IED बम भी बरामद हुए, जिसे मौके पर ही जवानों ने नष्ट कर दिया.

Chhattisgarh New Live: अश्लील CD कांड, CBI स्पेशल कोर्ट के फैसले को चुनौती देंगे भूपेश बघेल

छत्तीसगढ़ के बहुचर्चित अश्लील सीडी कांड में अब पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल हाईकोर्ट में याचिका दायर करेंगे. CBI स्पेशल कोर्ट के फिर से ट्रायल शुरू करने के फैसले को चुनौती देने के लिए उन्होंने यह फैसला लिया है. बता दें कि सीडी कांड मामले में लोवर कोर्ट ने भूपेश बघेल को बड़ी राहत दी थी. कोर्ट ने भूपेश बघेल पर लगे आरोपों को मुकदमा चलाने योग्य नहीं माना था, लेकिन इस फैसले को 24 जनवरी को सीबीआई के स्पेशल कोर्ट ने रद्द करते हुए भूपेश बघेल को फिर से आरोपी बनाकर मुकदमा चलाने के निर्देश दिए थे.

ये भी पढ़ें: अश्लील CD कांड: CBI स्पेशल कोर्ट के फैसले के खिलाफ हाईकोर्ट जाएंगे पूर्व सीएम बघेल, हाल ही में दिया था ये आदेश  

अंबिकापुर की मंडी में एक्यपायरी धान खपाने की थी योजना

छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर जिले में अवैध एक्सपायरी धान के बंद पैकेटों को मंडी में खपाने की तैयारी की जा रही थी, जिसका फूड विभाग ने भंडाफोड़ कर दिया. गांधीनगर वार्ड-2 में प्रदेश अध्यक्ष यूथ इंटक आशीष शील ने जागरूक लोगों के साथ धान बेचने वालों को पकड़ लिया था. उनके पास से करीब 3 लाख 72 हजार रुपये कीमत का 300 बोरी एक्सपायरी धान बरामद हुआ है. आरोपियों की पहचान केसव मंडल और ब्रिज किशोर सिंह के रूप में हुई है.

महाकाल मंदिर के गर्भ गृह प्रवेश की याचिका सुप्रीम कोर्ट ने की खारिज

महाकाल मंदिर के गर्भगृह में आम श्रद्धालुओं के प्रवेश की मांग करने वाली याचिका को सुप्रीम कोर्ट ने मंगलवार को खारिज कर दिया और याचिकाकर्ता को हाईकोर्ट में जाने का कहा है. सर्वविदित है कि महाकाल मंदिर के गर्भगृह में नेता ओर प्रभावशाली लोग दर्शन करने जाते हैं, लेकिन आम श्रद्धालु गर्भगृह में प्रवेश नहीं कर सकते. इसी को देखते हुए विद्यादास बाबा की ओर से 5 जनवरी को अधिवक्ता विष्णु शंकर जैन ने सुप्रीम कोर्ट में याचिका लगाई थी.

Track Latest News Live on NDTV.com and get news updates from India and around the world

फॉलो करे:
Close