विज्ञापन
This Article is From Feb 04, 2026

Honey Trap MP: इंस्टा वाली दोस्‍त ने हनीट्रैप में फंसाया, निर्वस्त्र कर बनाया वीडियो, 56 हजार रुपए भी वसूले

Honey Trap Madhya Pradesh: एमपी के मैहर में इंस्टाग्राम के जरिए दोस्ती कर युवक को हनीट्रैप में फंसाया गया. निर्वस्त्र कर वीडियो बनाया गया और 56 हजार रुपये की ऑनलाइन वसूली की गई. पुलिस ने युवती समेत चार आरोपियों को हिरासत में लिया है.

Honey Trap MP: इंस्टा वाली दोस्‍त ने हनीट्रैप में फंसाया, निर्वस्त्र कर बनाया वीडियो, 56 हजार रुपए भी वसूले
AI Photo

HoneyTrap Madhya Pradesh: मध्य प्रदेश के मैहर जिले में साइबर क्राइम का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है. इंस्टाग्राम के जरिए हुई दोस्ती एक युवक के लिए सुनियोजित साजिश में बदल गई. युवती और उसके साथियों ने मिलकर युवक को अपने जाल में फंसाया, उसके साथ मारपीट की, निर्वस्त्र कर अश्लील वीडियो बनाया और फिर ब्लैकमेल कर हजारों रुपये की ऑनलाइन वसूली कर ली.

इंस्‍टाग्राम से हनीट्रैप के इस केस में एमपी के मैहर की पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए पांच आरोपियों को चिन्हित किया है, जिनमें से चार को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है.

 कौन है पीड़ित युवक?

नगर पुलिस अधीक्षक महेंद्र सिंह चौहान  के अनुसार मैहर जिले के भदनपुर पहाड़ निवासी 34 वर्षीय शिवशंकर गुप्ता वर्तमान में पुणे में काम करता है. पीड़ित के अनुसार लगभग दस दिन पहले उसकी पहचान इंस्टाग्राम पर मानसी उर्फ गोल्डी नाम की युवती से हुई थी. लगातार बातचीत और दोस्ताना व्यवहार के चलते युवक ने उस पर भरोसा कर लिया.

युवती के कहने पर पुणे से मैहर आया युवक

युवती ने युवक को मैहर आकर मिलने के लिए कहा. भरोसे में आकर युवक 3 फरवरी 2026 को पुणे से मैहर पहुंचा. शाम करीब 7.30 बजे घंटाघर चौक पर दोनों की मुलाकात हुई. बातचीत के दौरान नाश्ता करने की बात हुई और दोनों आईसीएच पहुंचे, जहां डोसा खाया. इसके बाद युवती ने युवक से उसे घुरपुरा स्थित किराए के कमरे तक छोड़ने को कहा.

कमरे पर पहुंचने के बाद पानी पीने के बहाने युवक को अंदर बुलाया गया. जैसे ही युवक अंदर बैठा, युवती ने किसी को फोन किया और थोड़ी ही देर में विक्की गुप्ता निवासी लतागांव, माचो नामक युवक, फूलचंद कुशवाहा और एक अन्य युवक वहां पहुंच गए.

मारपीट, निर्वस्त्र कर बनाया अश्लील वीडियो

आरोप है कि सभी आरोपियों ने युवक के साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी. उसके कपड़े जबरन उतार दिए गए और उसे निर्वस्त्र कर दिया गया. विरोध करने पर हाथ, पैर, कान, जांघ, घुटने और पीठ में चोटें आईं. इस दौरान आरोपी युवती भी मौके पर मौजूद रही.

आरोपियों ने युवक की निर्वस्त्र अवस्था में वीडियो बनाई और उसे वायरल करने की धमकी दी. साथ ही झूठे दुष्कर्म के केस में फंसाने और सामाजिक बदनामी कराने की बात कही गई.

डर के साए में ऑनलाइन ठगी

डर और मानसिक दबाव में आए युवक ने अपना मोबाइल और फोन-पे का पासवर्ड आरोपियों को बता दिया. इसके बाद आरोपियों ने अलग-अलग किस्तों में कुल 56 हजार रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर कर लिए. जांच में यह राशि आशीष कुमार नामक व्यक्ति के खाते में ट्रांसफर होना सामने आया है.

घटना के बाद आरोपी युवक को उसकी ही स्कूटी पर बैठाकर शहर में इधर-उधर घुमाते रहे और रात करीब 1 बजे नेहरू सेंचुरी के सामने सुनसान सड़क पर छोड़कर फरार हो गए.

चार आरोपी और युवती हिरासत में

घटना के बाद पीड़ित युवक ने थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई. पुलिस ने पांच आरोपियों को चिन्हित किया है. विक्की गुप्ता, माचो, फूलचंद कुशवाहा और आरोपी युवती मानसी उर्फ गोल्डी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है. एक अन्य आरोपी की तलाश जारी है. पुलिस इंस्टाग्राम चैट, कॉल डिटेल, मोबाइल डेटा, सीसीटीवी फुटेज और बैंक ट्रांजेक्शन के आधार पर पूरे मामले की जांच कर रही है.

पूरी स्टोरी पढ़ें

MPCG.NDTV.in पर मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ की ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें. देश और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं. इसके अलावा, मनोरंजन की दुनिया हो, या क्रिकेट का खुमार,लाइफ़स्टाइल टिप्स हों,या अनोखी-अनूठी ऑफ़बीट ख़बरें,सब मिलेगा यहां-ढेरों फोटो स्टोरी और वीडियो के साथ.

फॉलो करे:
Close
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com