विज्ञापन

"मैं जी रहा हूं अधूरा..." गाना चलाकर इंस्टाग्राम LIVE में युवक ने लगाई फांसी, 14 मिनट का VIDEO वायरल

Instagram Live Suicide Case: मध्य प्रदेश के शिवपुरी में 22 वर्षीय युवक ने "मैं जी रहा हूं अधूरा" गाना बजाते हुए इंस्टाग्राम लाइव पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. घटना का वीडियो सामने आने के बाद पुलिस मामले की जांच कर रही है.

"मैं जी रहा हूं अधूरा..." गाना चलाकर इंस्टाग्राम LIVE में युवक ने लगाई फांसी, 14 मिनट का VIDEO वायरल

Instagram Live Suicide Case: मध्य प्रदेश के शिवपुरी शहर के देहात पुलिस थाना इलाके में 22 साल के युवक ने इंस्टाग्राम पर लाइव वीडियो स्ट्रीमिंग चालू करके फांसी के फंदे पर झूल गया. इस दौरान उसने अपने घर में म्यूजिक चला रखा था. गाना बज रहा था-"मैं जी रहा हूं अधूरा..."

पिता से अलग रह रहा था युवक

जानकारी के अनुसार, उसके पिता ने दूसरी शादी कर ली थी और तब से ही वह किराए के मकान में अपने पिता से अलग रह रहा था. हालांकि, उसने किन कारणों से खुदकुशी की, इसका पता अभी नहीं चल पाया है. पुलिस जांच में वास्तविक कारण सामने आ सकेंगे. पुलिस ने युवक के शव को फांसी के फंदे से उतरवाकर पोस्टमार्टम के लिए मुर्दाघर में रखवाया. घटना शुक्रवार रात की बताई जा रही है. शनिवार को इसका वीडियो सामने आया, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है.

कौन था मृतक मनोज रजक? 

टीआई विकास यादव के मुताबिक, मृतक का नाम मनोज रजक था. उसकी मां की मौत हो चुकी है. मनोज के पिता सिंधिया रजक ने दूसरी शादी की थी. उसकी सौतेली मां के दो बेटियां और एक बेटा है. मनोज अलग किराए के मकान में रहता था. उसके दोस्त शुभम रजक ने बताया कि मनोज उसके साथ प्लंबर का काम करता था. वह व्यवहार कुशल था और अच्छा दोस्त था. वह अपने कमरे से रेडीमेड कपड़े बेचने का काम भी करता था.

LIVE के दौरान ऐसे उठाया खौफनाक कदम

मनोज के लाइव सुसाइड का करीब 14 मिनट का वीडियो सामने आया है, जिसमें वह पहले एक कुर्सी की मदद से कपड़े टांगने वाले स्टैंड पर चढ़ता है. इस दौरान वह एक बार नीचे भी गिर जाता है. फिर अपने मोबाइल का एंगल देखने के लिए वापस आता है. तभी लाइव पर उसे मैसेज दिखाई देते हैं. वह अपने दोस्तों को हाथ हिलाकर बाय करता है और फ्लाइंग किस भी देता है. इसके बाद वह कुर्सी के सहारे स्टैंड पर चढ़ता है और पंखे से बंधे गुलूबंद के फंदे को गले में डालकर लटक जाता है.

गाने की धुन पर उठाया कदम

इंस्टाग्राम पर लाइव स्ट्रीमिंग के दौरान युवक ने अपने कमरे में एक दुखभरा गाना चला रखा था, जिसके बोल थे-"मैं जी रहा हूं अधूरा" और इसी गाने की धुन पर उसने यह कदम उठा लिया. शुभम के मुताबिक, शुक्रवार रात करीब 10:30 बजे मनोज इंस्टाग्राम पर लाइव आया था. मेरे अलावा अन्य दोस्तों ने भी उसे देखा. जब हम लोग उसके घर पहुंचे, तब तक उसकी मौत हो चुकी थी. मनोज ने किन कारणों से सुसाइड किया, यह स्पष्ट नहीं हो सका है. परिचित इसकी वजह प्रेम प्रसंग और पारिवारिक तनाव मान रहे हैं.

पुलिस क्या कह रही है?

देहात थाना प्रभारी विकास यादव का कहना है कि शव का पोस्टमार्टम कराया गया है. मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है. मोबाइल जब्त कर लिया गया है और परिजनों के बयान भी लिए जा रहे हैं.
 

MPCG.NDTV.in पर मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ की ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें. देश और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं. इसके अलावा, मनोरंजन की दुनिया हो, या क्रिकेट का खुमार,लाइफ़स्टाइल टिप्स हों,या अनोखी-अनूठी ऑफ़बीट ख़बरें,सब मिलेगा यहां-ढेरों फोटो स्टोरी और वीडियो के साथ.

फॉलो करे:
Close