विज्ञापन

VIDEO: कलेक्टर कार्यालय में आत्मदाह का प्रयास, बेटे से मिलने नहीं दिया तो मां ने उठाया खौफनाक कदम

सागर कलेक्टर कार्यालय की जनसुनवाई के दौरान आत्मदाह के प्रयास से हड़कंप मच गया. दिल्ली से आई एक मां ने बेटे से मुलाकात न होने पर खुद पर पेट्रोल डाल लिया। महिला पुलिसकर्मियों की सतर्कता से बड़ा हादसा टल गया.

VIDEO: कलेक्टर कार्यालय में आत्मदाह का प्रयास, बेटे से मिलने नहीं दिया तो मां ने उठाया खौफनाक कदम

Collector Office Suicide Attempt: सागर कलेक्टर कार्यालय में मंगलवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब जनसुनवाई के दौरान एक महिला ने आत्मदाह का प्रयास कर लिया. दिल्ली से आई एक मां अपने बेटे से मुलाकात न हो पाने से इस कदर टूट चुकी थी कि उसने सबके सामने खुद को आग लगाने की कोशिश की. गनीमत रही कि मौके पर मौजूद महिला पुलिसकर्मियों की सतर्कता से बड़ा हादसा टल गया.

घटना कलेक्टर कार्यालय में चल रही जनसुनवाई के दौरान हुई. महिला अचानक जनसुनवाई हॉल में उठी और अपने ऊपर पेट्रोल डाल लिया. यह देख वहां मौजूद लोग घबरा गए और अफरा-तफरी का माहौल बन गया. कुछ ही पलों में हालात तनावपूर्ण हो गए.

बेटे से मिलने सागर आई थी महिला

जानकारी के अनुसार, महिला की पहचान तस्लीम अली के रूप में हुई है, जो दिल्ली की रहने वाली है. वह अपने बेटे रिहान नासिर (27) से मिलने सागर आई थी. उसका बेटा वर्तमान में सागर सेंट्रल जेल में बंद है. महिला का कहना है कि उसके बेटे को एक हत्या के मामले में पांच साल पहले फंसाया गया है और उसका असली नाम शहनवाज है.

एक हफ्ते से नहीं हो पाई मुलाकात

तस्लीम अली ने बताया कि वह पिछले करीब एक सप्ताह से लगातार जेल जाकर अपने बेटे से मिलने की कोशिश कर रही थीं, लेकिन जेल प्रशासन की ओर से मुलाकात की अनुमति नहीं दी जा रही थी. इसी बात से मानसिक रूप से परेशान होकर वह अपनी शिकायत लेकर कलेक्टर कार्यालय पहुंची थीं.

महिला पुलिसकर्मियों ने बचाई जान

जैसे ही महिला ने पेट्रोल डाला, मौके पर मौजूद महिला पुलिसकर्मियों ने तुरंत स्थिति को संभाला. उन्होंने फुर्ती दिखाते हुए महिला को पकड़ लिया और उसके हाथ से पेट्रोल की बोतल छीन ली. समय रहते कार्रवाई होने से बड़ी दुर्घटना टल गई.

जेल प्रशासन पर लगाए गंभीर आरोप

महिला ने अपने आवेदन में आरोप लगाया है कि जेल के अंदर उसके बेटे को प्रताड़ित किया जा रहा है और जानबूझकर उससे मुलाकात नहीं कराई जा रही है. उसका कहना है कि जब तक बेटे से मुलाकात नहीं कराई जाएगी, वह सागर से वापस नहीं लौटेगी.

जेल प्रशासन ने दिया अपना पक्ष

वहीं, मामले में जेल प्रशासन ने भी स्थिति स्पष्ट की है. सागर सेंट्रल जेल के अधीक्षक मानवेंद्र परिहार ने बताया कि बंदी को जेल के भीतर बीड़ी पीते हुए पकड़ा गया था. इस पर जेल नियमों के तहत उसके खिलाफ जेल अपराध दर्ज किया गया और एक महीने तक मुलाकात पर रोक लगाई गई है. इसी कारण मुलाकात नहीं कराई गई.

प्रशासन ने जांच का दिया आश्वासन

घटना के बाद प्रशासनिक अधिकारियों ने महिला को समझाइश दी और उसकी बात सुनने का भरोसा दिया. अधिकारियों ने मामले की जांच कर उचित कार्रवाई का आश्वासन भी दिया है. इस घटना ने जेल व्यवस्था, बंदियों की मुलाकात प्रक्रिया और जनसुनवाई के दौरान सुरक्षा इंतजामों को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं.

MPCG.NDTV.in पर मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ की ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें. देश और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं. इसके अलावा, मनोरंजन की दुनिया हो, या क्रिकेट का खुमार,लाइफ़स्टाइल टिप्स हों,या अनोखी-अनूठी ऑफ़बीट ख़बरें,सब मिलेगा यहां-ढेरों फोटो स्टोरी और वीडियो के साथ.

फॉलो करे:
Close