विज्ञापन
This Article is From Mar 13, 2026

परीक्षा देकर लौट रहे दो स्कूली छात्रों की मौत, सरपंच पिता और बेटा गंभीर घायल

सागर जिले के रहली क्षेत्र में ट्रैक्टर-ट्राली और बाइक की आमने-सामने भिड़ंत में दो स्कूली बच्चों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि पिपरगौर के सरपंच राजेंद्र सिंह और उनका बेटा अभिजीत गंभीर रूप से घायल हो गए. बच्चे परीक्षा देकर वापस लौट रहे थे, तभी तेज रफ्तार ट्रैक्टर से उनका वाहन टकरा गया.

परीक्षा देकर लौट रहे दो स्कूली छात्रों की मौत, सरपंच पिता और बेटा गंभीर घायल

School Students Death: सागर जिले के रहली थाना क्षेत्र में पिपरगौर-खिरिया रोड पर तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्राली और बाइक की आमने-सामने टक्कर में दो स्कूली बच्चों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि पिपरगौर के सरपंच राजेंद्र सिंह और उनका बेटा अभिजीत गंभीर रूप से घायल हो गए. हादसा इतना भीषण था कि बाइक ट्रैक्टर के नीचे फंस गई. बच्चों की परीक्षाएं देकर घर लौटते समय यह दुर्घटना हुई, जिससे पूरा गांव शोक में डूब गया.

हादसा कैसे हुआ? 

रहली थाना क्षेत्र के पिपरगौर-खिरिया मार्ग पर शुक्रवार को सामने से आ रही तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्राली से बाइक की जोरदार भिड़ंत हो गई. टक्कर इतनी तीव्र थी कि बाइक सीधे ट्रैक्टर के नीचे जा फंसी. इसी वजह से मौके पर ही बड़ा नुकसान हो गया और बचाव के तुरंत बाद भी दो बच्चों को नहीं बचाया जा सका.

पेपर देकर लौट रहे थे बच्चे

क्राइस्ट कॉन्वेंट स्कूल, पटना बुजुर्ग (रहली) में पढ़ने वाले अभिजीत (15) पिता राजेंद्र सिंह, विश्वजीत (11) पिता राजेंद्र सिंह और शिवाय (10) पिता सोहन सिंह तीनों की वार्षिक परीक्षाएं चल रही थीं. पिपरगौर के सरपंच राजेंद्र सिंह (47) खुद बाइक से बेटे अभिजीत, बेटे विश्वजीत और भतीजे शिवाय को परीक्षा दिलाने लेकर गए थे. परीक्षा खत्म होने के बाद वापसी में यह हादसा हुआ.

मौके पर दो बच्चों की मौत, दो घायल

भिड़ंत में विश्वजीत (कक्षा 7वीं) और शिवाय (कक्षा 4वीं) की घटनास्थल पर ही मौत हो गई. सरपंच राजेंद्र सिंह और उनका बेटा अभिजीत (कक्षा 9वीं) गंभीर रूप से घायल हो गए. पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घायलों को रहली स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें जिला अस्पताल रेफर किया गया.

परिवार का इकलौता बेटा था शिवाय

दुर्घटना में मृत छात्र शिवाय अपने परिवार का इकलौता बेटा था. उसके पिता का करीब पांच साल पहले निधन हो चुका है. मासूम की मौत की खबर से परिवार में कोहराम मच गया और गांव में शोक का माहौल है. पुलिस ने दोनों शवों का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. हादसे में शामिल ट्रैक्टर-ट्राली को जब्त कर लिया गया, जबकि चालक टक्कर के बाद मौके से फरार हो गया. उसकी तलाश जारी है और मामले की जांच रहली पुलिस द्वारा की जा रही है.

पूरी स्टोरी पढ़ें

MPCG.NDTV.in पर मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ की ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें. देश और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं. इसके अलावा, मनोरंजन की दुनिया हो, या क्रिकेट का खुमार,लाइफ़स्टाइल टिप्स हों,या अनोखी-अनूठी ऑफ़बीट ख़बरें,सब मिलेगा यहां-ढेरों फोटो स्टोरी और वीडियो के साथ.

फॉलो करे:
Close
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com