मध्य प्रदेश के सागर जिले अंतर्गत देवरी थाना क्षेत्र के ग्राम सिंगपुर स्थित राजा बाबा दरबार के पास शनिवार को उस समय तनाव की स्थिति बन गई, जब जंगल में कथित रूप से खजाना मिलने की अफवाह पर बड़ी संख्या में ग्रामीण एकत्र हो गए. मौके पर ग्रामीणों के बीच विवाद की सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस टीम पर कुछ लोगों ने पथराव कर दिया. पुलिस वाहन में भी तोड़फोड़ की गई, जबकि पथराव में एक जवान घायल हो गया.
जंगल में भिड़ गए ग्रामीण
जानकारी के अनुसार, जंगल क्षेत्र में खजाना मिलने की चर्चा फैलने के बाद आसपास के गांवों से सैकड़ों ग्रामीण राजा बाबा दरबार के पास पहुंच गए थे. इसी दौरान किसी बात को लेकर लोगों के बीच विवाद की स्थिति बन गई. सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाकर स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया. इसी दौरान कुछ असामाजिक व उपद्रवी तत्वों ने पुलिस दल पर पथराव शुरू कर दिया. पथराव में एक जवान घायल हो गया, जिसे प्राथमिक उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया. वहीं पुलिस वाहन को भी नुकसान पहुंचाया गया है.
शादी के 168 घंटे बाद तलाक! इंदौर में महज 7 दिन में क्यों टूट गया 7 जन्म का बंधन
पुलिस बल किया तैनात
घटना के बाद क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है. पुलिस ने स्थिति पर नियंत्रण पा लिया है और पूरे इलाके में कड़ी निगरानी रखी जा रही है. प्रशासन ने आम जनता से अफवाहों पर ध्यान न देने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने की अपील की है.
कुलगाम आतंकी हमला: मारे गए छत्तीसगढ़ के मजदूरों के परिवार को 20-20 लाख की मदद, कौन हैं ये श्रमिक?
कैसे फैली अफवाह, पुलिस कर रही जांच
पुलिस और प्रशासनिक टीम पूरे मामले की गहन जांच में जुटी हुई है. अधिकारियों का कहना है कि घटना में शामिल उपद्रवियों की पहचान की जा रही है. जांच के बाद उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी. साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि जंगल में खजाना मिलने की अफवाह किस प्रकार फैली और इसके पीछे कौन-कौन से तत्व शामिल हैं.
शादी के एक महीने बाद इंदौर के मेजर हमजा आरिफ शहीद, जैसलमेर में ली अंतिम सांस