विज्ञापन

Ashton Hall कौन हैं? जिन्होंने MP के डाकिया को Thar गिफ्ट कर जिता सबका दिल, $50,000 की मदद करेंगे

​​​​​​​Ashton Hall: मध्य प्रदेश के मुरैना के जोरा के डाकिया योगेंद्र कुशवाह (Yogendra Kushwah) की किस्मत तब बदल गई, जब अमेरिका (America) के मशहूर फिटनेस इन्फ्लुएंसर ऐश्टन हॉल उनके गांव पहुंचे. पढ़िए Morena, Madhya Pradesh के 'इंडियन ऐश्टन हॉल' (Indian Ashton Hall) की पूरी कहानी.

Ashton Hall कौन हैं? जिन्होंने MP के डाकिया को Thar गिफ्ट कर जिता सबका दिल, $50,000 की मदद करेंगे
ट्रोलर्स जिसे कहते थे 'सस्ता ऐश्टन हॉल', उसकी किस्मत चमकाने खुद अमेरिका से भारत आ गया असली बॉडी बिल्डर!
indian_ashtonhall

Ashton Hall Yogendra Kushwah:  मध्य प्रदेश के मुरैना जिले की जौरा तहसील के अंतर्गत आने वाले गांव पोहियन का पुरा के रहने वाले 23 वर्षीय डाकिए योगेंद्र सिंह कुशवाहा की कहानी बेहद रोचक है. सोशल मीड‍िया पर ज‍िसे ट्रोलर्स 'सस्ता एस्टर्न हाल' कहते थे, उसी की क‍िस्‍मत चमकाने खुद अमेरिका से असली बॉडी बिल्डर एस्टर्न हाल उससे म‍िलने भारत आया है. उन्होंने योगेंद्र को एक थार जीप गिफ्ट की है और साथ ही 50 हजार डॉलर देने का वादा भी किया है.

NDTV से बातचीत में योगेंद्र सिंह कुशवाहा ने बताया कि 31 अगस्त 2023 को उन्होंने भारतीय डाक विभाग में 'ग्रामीण डाक सेवक' के पद पर जॉइनिंग की थी. यह उनकी पहली सरकारी नौकरी थी. नौकरी के साथ-साथ उन्होंने अपनी फिटनेस पर भी पूरा ध्यान दिया. कैलारस में पोस्टिंग के दौरान उन्होंने जिम में पसीना बहाना शुरू किया और अपनी 15 हजार रुपये की मासिक सैलरी में से ही सेहत के लिए पैसे बचाने लगे. 

यह भी पढ़ें- एमपी में गर्मी का महा-टॉर्चर: 20 मई तक चलेंगे लू के थपेड़े, 4 दिन पहले आ रहा मानसून; जान लो डेट

मजाक उड़ाने वालों को मिला करारा जवाब

योगेंद्र अपनी फिटनेस के वीडियो इंस्टाग्राम पर शेयर करते थे. करीब दो महीने पहले उन्होंने अमेरिकी फिटनेस इन्फ्लुएंसर एस्टर्न हाल को फॉलो करना शुरू किया. वे एस्टर्न की तरह ही बर्फ थेरेपी (Ice Bath), जिम, रनिंग और वैसी ही हेल्दी डाइट को अपनी दिनचर्या में शामिल करने लगे. यानी एस्टर्न हाल जो भी फिटनेस एक्टिविटी करते, योगेंद्र हूबहू उसकी कॉपी करते थे.  

जब योगेंद्र ने एस्टर्न हाल की कॉपी करते हुए अपने वीडियो इंस्टाग्राम पर शेयर किए, तो कमेंट बॉक्स में लोग उनका मजाक उड़ाने लगे. लोग उन्हें "सस्ता एस्टर्न हाल" और "एस्टर्न हाल नापतोल वाला" कहकर ट्रोल करने लगे. लेकिन यह वीडियो तब वायरल हो गया जब खुद एस्टर्न हाल ने इस पर कमेंट किया. एस्टर्न ने लिखा कि अगर योगेंद्र के इस वीडियो पर 5 लाख लाइक्स और कमेंट्स आएंगे, तो वे खुद उनसे मिलने भारत आएंगे. यह टास्क पूरा होते ही एस्टर्न ने अपना वादा निभाया. 

यह भी पढ़ें- Bhojshala: हाईकोर्ट के फैसले के बाद ASI का नया आदेश, सूर्यास्त के साथ बंद हुए दरवाजे; जानें कब होगा प्रवेश?

ashton hall USA Meet yogendra kushwah postman morena madhya pradesh India

ashton hall USA Meet yogendra kushwah postman morena madhya pradesh India                              Photo-indian_ashtonhall

अमेरिका से दिल्ली होते हुए पहुंचे मुरैना के गांव

12 मई 2026 को एस्टर्न हाल अमेरिका से दिल्ली होते हुए योगेंद्र के गांव 'पोहियन का पुरा' पहुंचे. वे दोपहर करीब 12 बजे से शाम 4 बजे तक गांव में रुके. इस दौरान उन्होंने योगेंद्र के माता-पिता और ग्रामीणों से मुलाकात की. एस्टर्न हाल यहाँ 'आई लव यू इंडिया' और 'खेलो इंडिया' के नारे लगाते हुए भी नजर आए. इसके बाद वे योगेंद्र को अपने साथ लेकर दिल्ली, लखनऊ, गोंडा और अयोध्या के दौरे पर निकल गए. वे अभी भी भारत में ही हैं.

इंटरव्यू के दौरान योगेंद्र दिल्ली के ताज होटल में एस्टर्न हाल के साथ ही ठहरे हुए थे. योगेंद्र ने बताया कि एस्टर्न ने उन्हें 'थार रॉक्स' (Thar ROXX) जीप गिफ्ट की है, जिसकी बुकिंग ग्वालियर के एक शोरूम में करा दी गई है और जल्द ही डिलीवरी होने वाली है. इसके अलावा एस्टर्न हाल ने एक और कमेंट के जरिए वादा किया है कि अगर उनके वीडियो पर 20M लाइक्स और कमेंट्स आते हैं, तो वे योगेंद्र को 50 हजार डॉलर (करीब 41 लाख रुपये) नकद देकर उनकी आर्थिक मदद करेंगे. साथ ही, उन्हें गोल्डन वीजा दिलवाने का भी वादा किया है. 

ashton hall USA Meet yogendra kushwah postman morena madhya pradesh India

इंस्टाग्राम पर उड़ाया मजाक, तो मुरैना के गांव पहुंच गया अमेरिकी सुपरस्टार; तोहफे में दी थार, अब देगा $50,000!            Photo-indian_ashtonhall

Indian Ashton Hall Instagram: दोनों की सोशल मीडिया पर बढ़ी लोकप्रियता

एस्टर हाल के मध्य प्रदेश आने के बाद दोनों के सोशल मीडिया अकाउंट्स पर फॉलोअर्स की बाढ़ आ गई है. तीन महीने पहले तक योगेंद्र के महज 200 से 300 फॉलोअर्स हुआ करते थे, जो अब बढ़कर करीब 7 लाख हो चुके हैं. वहीं एस्टर्न हाल के फॉलोअर्स भी 17.7 मिलियन से बढ़कर 18.3 मिलियन हो गए हैं. 

आपको बता दें कि योगेंद्र की मां मीरा और पिता सिद्धार्थ किसान हैं. उनका एक छोटा भाई सूरज है. परिवार खेती-किसानी से जुड़ा है और गांव में उनके पास मात्र तीन-चार बीघा जमीन है. लेकिन आज योगेंद्र की पहचान सोशल मीडिया पर 'भारतीय एस्टर्न हाल' के रूप में हो चुकी है. 

देसी एस्टन हॉल योगेंद्र का इंटरव्‍यू 

NDTV से बातचीत में देसी एस्टन हॉल योगेंद्र कहते हैं कि अभी बढ़िया मस्त हूं अच्छा लग रहा है.  सस्ता एस्टन हॉल बोलने वालों ने अपनी कमेंट्स चेंज की और सबकुछ अच्छा चल रहा है. इन कमेंट को अपनी ताकत में बदला और इन कमेंट से तो माइंड फ्रेश कर लेता था. 

योगेंद्र ने बताया कि मैं अभी पोस्टमैन हूं, डाक वितरण करता हूं.  15 हजार सैलरी मिलती  और उसी से अपना काम फिटनेस उसी से पूरा करता था. शाकाहारी और मांसाहारी दोनों हूं और जो भी बजट के हिसाब से रहता है वो लेता हूं. 

एस्टन हॉल  से मिलने का पल सपने की तरह था वो अमेरिका के, टीवी में देखने वाले वो.. बस यही सोचता था कि कैसा महसूस करूंगा.. लेकिन अब वो एस्टन हॉल मेरे साथ हैं. मैंने यह सब नहीं सोचा था... भगवान को धन्यवाद और सभी भारतीयों का धन्यवाद. 

वो डेढ़ मिलियन का चैलेंज  आखिर क्या था?  

योगेंद्र ने बताया कि मेरी एक रील थी उसपर उन्होंने कमेंट किया था कि 5 लाख लाइक होते हैं तो मैं आपके साथ इंडिया आकर विडियो  करूंगा. जब 5 लाख लाइक पूरे हो जाते हैं और फिर एस्टन हॉल का कमेंट आता है कि अगर डेढ़ मिलियन लाइक्स हो जाते हैं तो इंडिया आकर कार भी गिफ्ट करूंगा. और उन्होंने थार रॉक्स कार गिफ्ट की.  

एस्टन हॉल ने रील पर 20 मिलियन लाइक्स पूरे होने पर 50 हजार डॉलर देने की बात की है.  मुझे भारत के लोगों से पूरी उम्मीद है कि ये चैलेंज पूरा होगा क्योंकि उन्होंने डेढ़ मिलियन लाइक्स पूरे करवाएं हैं और पूरे भारतीय चाहेंगे तो बिल्कुल ये चैलेंज पूरा होगा. थार गाड़ी मिलना और फाइनेंशियल सपोर्ट मिलना कितनी बड़ी बात है?  जैसी मेरी आर्थिक स्थिति है उसमें ये सारी चीजें होना बड़ी बात है. मैं इन पैसों को मां बाप के सपने को पूरा करने में लगाऊंगा. 

बृजभूषण से मुलाकात पर क्‍या बोले?

पहली बार किसी से मुलाकात की और बहुत अच्छा अनुभव रहा.  वहां पर मैंने भी शूटिंग - फायरिंग की.  युवाओं को बस यही मेसेज है कि जो भी आप करते हैं वो करते रहिए अपना काम है करना... सफलता का पता नहीं कब मिल जाए... अपने को बस करते रहना है.  सरकारी नौकरी जारी रहेगी या फिटनेस की दुनिया में ही पूरी तरह आ जाएंगे-- इस पर (घर में) चर्चा करके तय करूंगा कि क्या करना है.  योगेंद्र ने कहा कि ट्रोलिंग करने वालों ने बहुत अच्छा किया जो  भी हुआ उन्हीं की वजह से हुआ. ट्रोलिंग करने वालों को धन्यवाद और सभी भारतीयों को धन्यवाद. 

विराट कोहली फेवरेट खिलाड़ी हैं. बचपन में क्रिकेट ही खेलता था..धीरे धीरे फिटनेस पर ध्यान दिया. IPL में विराट कोहली की टीम को सपोर्ट करता हूं.  अभी 22 साल का हूं. 2 साल से फिटनेस जर्नी चल रही है. जो भी मेरा रूटीन रहता है वो सोशल मीडिया पर रहता है.  योगेंद्र बोलते है कि घर वालों का कुछ बड़ा करने का सपना था. मेरे घर में माता पिता और एक भाई हैं. सब घर वाले खुश हैं और वापस लौटकर जाएंगे तो थार में बैठेंगे. सभी लोगों का और सभी भगवान का शुक्रिया.

यह भी पढ़ें- UP में नए मंत्रियों को मिले मंत्रालय, भूपेंद्र चौधरी को MSME तो मनोज पांडेय को खाद्य विभाग; देखें पूरी लिस्ट

MPCG.NDTV.in पर मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ की ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें. देश और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं. इसके अलावा, मनोरंजन की दुनिया हो, या क्रिकेट का खुमार,लाइफ़स्टाइल टिप्स हों,या अनोखी-अनूठी ऑफ़बीट ख़बरें,सब मिलेगा यहां-ढेरों फोटो स्टोरी और वीडियो के साथ.

फॉलो करे:
Close