विज्ञापन

एमपी में गर्मी का महा-टॉर्चर: 20 मई तक चलेंगे लू के थपेड़े, 4 दिन पहले आ रहा मानसून; जान लो डेट

एमपी में भीषण गर्मी का महा-टॉर्चर जारी है, जहां रतलाम में तापमान 46.5°C पहुंचकर 75 साल का रिकॉर्ड तोड़ चुका है. मौसम विभाग ने इंदौर-उज्जैन सहित कई जिलों में लू और गर्म रातों का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. हालांकि, इस बीच बड़ी खुशखबरी यह है कि मानसून तय समय से 4 दिन पहले आ रहा है. जानिए मध्य प्रदेश में मानसून की एंट्री की सटीक तारीख.

एमपी में गर्मी का महा-टॉर्चर: 20 मई तक चलेंगे लू के थपेड़े, 4 दिन पहले आ रहा मानसून; जान लो डेट
एमपी में भीषण गर्मी का सितम: रतलाम में टूटा 75 साल का रिकॉर्ड, 14 जून तक मानसून दे सकता है राहत
IANS

MP weather update: आसमान से बरसती आग और 40 डिग्री से ज्‍यादा के टॉर्चर के बीच मध्य प्रदेश के लिए राहत की बड़ी खबर आई है. भले ही अभी पूरा प्रदेश लू के थपेड़ों से झुलस रहा हो, लेकिन उम्मीदों के बादल केरल के रास्ते निकल चुके हैं. इस बार मानसून अपने तय समय से 4 दिन पहले आ रहा है, जो जून के दूसरे हफ्ते में एमपी के लोगों को चिलचिलाती गर्मी से निजात दिलाएगा.

अगले 4 दिन भीषण आफत, मौसम विभाग का अलर्ट

मौसम विभाग के अनुसार, राहत की इस फुहार से पहले प्रदेशवासियों को अभी अग्निपरीक्षा से गुजरना होगा. अगले चार दिनों तक मध्य प्रदेश में भीषण गर्मी और तीव्र हीट वेव (लू) का असर दिखाई देगा. विभाग ने इसे लेकर विशेष अलर्ट जारी किया है. प्रदेश के बुंदेलखंड, विंध्य और ग्वालियर-चंबल संभाग में सूरज के तल्ख तेवर लोगों को सबसे ज्यादा परेशान करेंगे. मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि फिलहाल 20 मई तक तेज गर्मी और लू के थपेड़ों का यह दौर जारी रहेगा. 

सूरज के तेवर पड़ेंगे ढीले: केरल में समय से पहले दस्तक देगा मानसून, 14 जून तक मप्र को मिलेगी राहत

सूरज के तेवर पड़ेंगे ढीले: केरल में समय से पहले दस्तक देगा मानसून, 14 जून तक मप्र को मिलेगी राहत
Photo Credit: IANS

Madhya Pradesh Monsoon kab Aayega: 14 जून तक मानसून की एमपी में एंट्री की उम्‍मीद 

NDTV संवाददाता हरप्रीत कौर रीन से बातचीत में मौसम वैज्ञानिक डॉ. ई. दिव्या सुरेंद्रन ने बताया कि साल 2026 में भीषण गर्मी पड़ रही है और प्रदेश का कोना-कोना तप रहा है. मगर सबसे बड़ी राहत की बात यह है कि इस बार मानसून का आगमन जल्दी हो रहा है. अरब सागर की ओर से उठा मानसून सबसे पहले केरल और मुंबई जैसे राज्यों को भिगोएगा. इसके बाद यह आगे बढ़ते हुए 14 जून 2026 तक पूरे मध्य प्रदेश में सक्रिय हो जाएगा. अगर मानसून की रफ्तार में कोई रुकावट (ब्रेक) नहीं आती है, तो तय समय पर प्रदेशवासियों को गर्मी से पूरी तरह निजात मिल जाएगी.

इंदौर, उज्जैन और धार में 'ऑरेंज अलर्ट' और गर्म रातें

वर्तमान में मध्य प्रदेश के कई जिले भीषण गर्मी की चपेट में हैं. मौसम विभाग ने इंदौर, उज्जैन, धार और रतलाम में तीव्र लू को लेकर 'ऑरेंज अलर्ट' जारी किया है. इसके साथ ही इंदौर, उज्जैन और धार में 'वार्म नाइट' यानी गर्म रातों की भी चेतावनी दी गई है, जिससे लोगों को रात में भी उमस और गर्मी का सामना करना पड़ रहा है. इसके अलावा शाजापुर, आगर-मालवा, नीमच, मंदसौर, मुरैना, भिंड, दतिया और छतरपुर समेत कई जिलों में पारा 44 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंचने की आशंका जताई गई है. 

आसमान से बरसती आग के बीच आई बड़ी खुशखबरी, जानें मध्य प्रदेश में किस तारीख को दस्तक देगा मानसून!

आसमान से बरसती आग के बीच आई बड़ी खुशखबरी, जानें मध्य प्रदेश में किस तारीख को दस्तक देगा मानसून!
Photo Credit: IANS

रतलाम में टूटा 75 साल का रिकॉर्ड

इस सप्ताह प्रदेश में गर्मी ने सारे पुराने रिकॉर्ड ध्वस्त कर दिए हैं. तीन दिन पहले ही रतलाम में 75 साल का रिकॉर्ड टूट गया, जहां दिन का अधिकतम तापमान 46.5°C तक उछल गया. यह इस सीजन में पूरे मध्य प्रदेश में सबसे अधिक तापमान है. फिलहाल राज्य के अधिकांश हिस्सों में पारा 40 से 46°C के बीच बना हुआ है. उज्जैन में भी गुरुवार को सीजन का सबसे गर्म दिन दर्ज किया गया, जहां पारा 44 डिग्री के पार निकल गया.

मौसम विभाग की सलाह: दोपहर में निकलने से बचें

आगामी एक हफ्ते तक गर्मी से कोई बड़ी राहत मिलने के आसार नहीं हैं. इसे देखते हुए मौसम विभाग ने लोगों को दोपहर के समय बेवजह घरों से बाहर न निकलने, शरीर को पूरी तरह ढककर रखने और पर्याप्त मात्रा में पानी या तरल पदार्थों का सेवन करने की सख्त सलाह दी है. 

यह भी पढ़ें-  भोपाल में 4 दिन से रखा नोएडा की ट्विशा शर्मा का शव, दिल्ली AIIMS में दोबारा PM; मां-बाप को क्यों बुलानी पड़ी सेना?

MPCG.NDTV.in पर मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ की ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें. देश और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं. इसके अलावा, मनोरंजन की दुनिया हो, या क्रिकेट का खुमार,लाइफ़स्टाइल टिप्स हों,या अनोखी-अनूठी ऑफ़बीट ख़बरें,सब मिलेगा यहां-ढेरों फोटो स्टोरी और वीडियो के साथ.

फॉलो करे:
Close