बड़वानी जिले की ठीकरी तहसील के ग्राम अभाली से खरगोन जिले के गांव भोईंदा को सीधे जोड़ने वाली पुलिया का निर्माण दो साल बाद भी नहीं हो सका है. इस कारण लोगों को लगभग 10 से 12 किलोमीटर का अतिरिक्त फेरा लगाकर आवागमन करना पड़ रहा है. इससे समय और रुपयों की बर्बादी हो रही है. इसके साथ ही बारिश में परेशानी और बढ़ जाती है.
यह हालत है ग्राम अभाली से खरगोन जिले के गांव भोईंदा जाने वाले मुख्य मार्ग की. इस मार्ग से दोनों जिलों के 20 छोटे-बड़े गांव और फलिये जुड़े हुए हैं. निर्माण नहीं होने के कारण दोनों जिलों के रहवासी किसान नदी और क्षतिग्रस्त पुलिया को पार कर अपने खेतों तक जाने को मजबूर हैं. ऐसे में हादसे की आशंका भी बनी रहती है.
राहगीरों ने बताया कि पुलिया बनाने के लिए स्थानीय पंचायतों से लेकर दोनों जिलों के कलेक्टरों तक ग्रामीणों ने शिकायत की है, लेकिन दो साल बीतने के बाद निर्माण कार्य शुरू नहीं हो सका. लोगों ने जल्द से जल्द निर्माण कार्य शुरू कराने की मांग की जिससे हजारों लोगों को राहत मिल सके.
अवैध खनन के कारण टूटी सड़क
रहवासियों ने बताया कि किसानों की समस्या दूर करने के लिए यह पुलिया बनाई गई थी, लेकिन अवैध खनन में लगे भारी डंपरों ने इसे क्षतिग्रस्त कर दिया, जिससे अब काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है. बताया गया कि इस क्षेत्र में रहने वाले कई किसानों के खरगोन तो कई किसानों के बड़वानी जिले में खेत हैं. ऐसे में खेती-किसानी का सामान ले जाना बेहद मुश्किल हो जाता है.
हर बार मिलता है आश्वासन
ग्रामीणों का कहना है कि समस्या को लेकर कई बार जनप्रतिनिधियों को भी अवगत कराया गया है, लेकिन अब तक समाधान नहीं हो सका. हर बार सिर्फ आश्वासन ही मिलता है.