विज्ञापन
This Article is From Nov 19, 2025

स्टॉक मार्केट के नाम पर 2.85 करोड़ की ठगी! मुनाफा डबल करने का दिया लालच; 3 आरोपी गिरफ्तार

छत्तीसगढ़ के दुर्ग और भिलाई में बड़ा stock market fraud सामने आया, जहां फर्जी share trading scam के नाम पर लोगों से 2.85 करोड़ रुपये ठगे गए. आरोपियों ने एक साल में पैसा दोगुना करने और हर माह भारी मुनाफा देने का लालच दिया.

स्टॉक मार्केट के नाम पर 2.85 करोड़ की ठगी! मुनाफा डबल करने का दिया लालच; 3 आरोपी गिरफ्तार

Stock Market Fraud India: छत्तीसगढ़ के दुर्ग और भिलाई में शेयर मार्केट के नाम पर बड़ा फ्रॉड सामने आया है. लोगों को एक साल में मुनाफा डबल करने का सपना दिखाकर ठगों ने करोड़ों रुपये हड़प लिए. पुलिस ने कार्रवाई करते हुए गिरोह के कई सदस्यों को गिरफ्तार किया है और ठगी से खरीदी गई लग्जरी कार भी जब्त कर ली है.  

दरअसल, दुर्ग पुलिस ने एक ऐसे गिरोह का पर्दाफाश किया है जो शेयर ट्रेडिंग में भारी मुनाफा देने का झांसा देकर लोगों को ठग रहा था. इस गैंग ने अब तक करीब 2.85 करोड़ रुपये की ठगी कर ली थी. पुलिस के मुताबिक, तीन आरोपी पहले से ही जेल में बंद थे और जांच के दौरान तीन और लोगों को गिरफ्तार किया गया है.

सूर्या मॉल से चल रहा था फर्जी ऑफिस

पुलिस जांच में पता चला कि यह पूरा गिरोह भिलाई के सूर्या मॉल में शेयर ट्रेडिंग कंपनी के नाम पर ऑफिस चलाता था. वहां आने वाले लोगों को यह भरोसा दिलाया जाता था कि अगर वे निवेश करेंगे तो एक साल में उनका पैसा दोगुना हो जाएगा. इसी चक्कर में कई लोग जाल में फंस गए और लाखों रुपये गंवा बैठे.

35 लाख की एक और ठगी सामने आई

जांच के दौरान पुलिस को एक और बड़ा मामला मिला. निशा बिजनेस कंसलटेंसी और यूनिक इन्वेस्टमेंट सॉल्यूशन नाम की फर्जी कंपनियों के जरिए लोगों से 35 लाख रुपये की ठगी की गई थी. यहां भी लोगों को हर महीने 10 से 15 प्रतिशत मुनाफा देने का झांसा दिया गया. लेकिन रकम लेने के बाद न तो मूलधन लौटाया गया और न ही कोई मुनाफा दिया गया.

ये भी पढ़ें- एमपी में SIR टीम पर हमला! वोटर लिस्ट अपडेट करने गई टीम को ग्रामीणों ने मारे पत्थर; नायब तहसीलदार और BLO घायल

पीड़ितों को सुनियोजित तरीके से बनाया निशाना

आरोपियों ने सिर्फ एक प्रार्थी अविनाश कुमार को ही नहीं, बल्कि उनके परिवार और रिश्तेदारों को भी निशाना बनाया. सेक्टर-7 निवासी बहन सोनम वर्मा, रिश्तेदार तुलाराम चंद्राकर, संदीप चंद्राकर और दोस्त अक्षत पाठक भी इस ठगी के शिकार बने. जून 2025 से अगस्त 2025 के बीच इन्हें टी-सूर्या मॉल में मौजूद आरोपियों स्नेहांशु, उसकी पत्नी डाली नामदेव और निशा मानिकपुरी के पास ले जाकर निवेश कराने के लिए उकसाया.

सुपेला थाने में केस दर्ज, कार जब्त

पीड़ितों की शिकायत पर सुपेला थाना पुलिस ने केस दर्ज किया. जांच में ठोस सबूत मिलने के बाद पुलिस ने आरोपी चंदर राव के खिलाफ कार्रवाई कर उसकी लगभग 13 लाख रुपये की कार जब्त कर ली. यह कार ठगी के पैसों से खरीदी गई थी. पुलिस का कहना है कि पूरे मामले में आगे और भी गिरफ्तारियां हो सकती हैं.

ये भी पढ़ें- PM Kisan Samman Nidhi: पीएम किसान के 1800 करोड़ रुपये जारी; छत्तीसगढ़ में अन्नदाताओं को मिली 2000 रुपये की सौगात

पूरी स्टोरी पढ़ें

MPCG.NDTV.in पर मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ की ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें. देश और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं. इसके अलावा, मनोरंजन की दुनिया हो, या क्रिकेट का खुमार,लाइफ़स्टाइल टिप्स हों,या अनोखी-अनूठी ऑफ़बीट ख़बरें,सब मिलेगा यहां-ढेरों फोटो स्टोरी और वीडियो के साथ.

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com