विज्ञापन

सागर में नहीं थम रही कटरबाजी: 24 घंटे में तीन हमले, एक युवक की मौत; शिमला होटल के पास फिर चला कटर

Madhya Pradesh News: सागर में कटरबाजी की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं. बीते 24 घंटों में कटर से हमले के तीन मामले सामने आए. इस हमले में एक युवक की मौत हो गई.

सागर में नहीं थम रही कटरबाजी: 24 घंटे में तीन हमले, एक युवक की मौत; शिमला होटल के पास फिर चला कटर

Sagar Crime News: सागर शहर में कटरबाजी की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं. बीते 24 घंटों में कटर से हमले के तीन अलग-अलग मामले सामने आए हैं, जिनमें एक युवक की मौत हो गई. ताजा घटना गुरुवार शाम को कोतवाली थाना क्षेत्र में शिमला होटल के पास हुई, जहां एक युवक पर कटर से हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया गया.

मोतीनगर में शराब के पैसे को लेकर हमला

इससे पहले मोतीनगर थाना क्षेत्र में शराब पीने के लिए पैसे नहीं देने पर होटल संचालक दो सगे भाइयों पर कटर से हमला कर दिया गया. घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल बन गया.

कटरा बाजार में युवक पर हमला, लोगों ने आरोपी को पीटा

वहीं मुख्य बाजार कटरा में भी एक कटरबाज ने युवक पर हमला कर दिया, जिससे वह लहूलुहान हो गया. घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने आरोपी को पकड़कर जमकर पिटाई कर दी. इस दौरान का वीडियो भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है.

शिमला होटल के पास फिर चली कटर

गुरुवार की शाम करीब पौने सात बजे राहतगढ़ बस स्टैंड के पास बाइसा मोहल्ला निवासी संकेत साहू किसी काम से कटरा आया था. जब वह शिमला होटल के पास पहुंचा, तभी इतवारी टौरी निवासी एक युवक और उसका साथी सुरखी निवासी करण राजपूत उससे विवाद करने लगे. विवाद बढ़ने पर मुख्य आरोपी ने संकेत साहू की पीठ में कटर से वार कर दिया. हमले में उसकी पीठ पर करीब एक फुट लंबा गहरा घाव हो गया. घटना के बाद मुख्य आरोपी कटर लहराते हुए मौके से फरार हो गया.

स्थानीय लोगों ने आरोपी के साथी करण को पकड़ लिया, जो मौके पर लोगों को धमका रहा था. आक्रोशित भीड़ ने उसकी पिटाई कर दी और बाद में पुलिस के हवाले कर दिया.

पुलिस की कार्यप्रणाली पर उठ रहे सवाल

लगातार हो रही कटरबाजी की घटनाओं के बाद शहरवासियों में दहशत और आक्रोश है. बड़ा सवाल यह है कि बार-बार हो रही इन वारदातों के बावजूद पुलिस द्वारा सख्त कार्रवाई क्यों नहीं की जा रही. फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर फरार मुख्य आरोपी की तलाश शुरू कर दी है. घायलों का उपचार जारी है और मामले की जांच की जा रही है.

MPCG.NDTV.in पर मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ की ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें. देश और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं. इसके अलावा, मनोरंजन की दुनिया हो, या क्रिकेट का खुमार,लाइफ़स्टाइल टिप्स हों,या अनोखी-अनूठी ऑफ़बीट ख़बरें,सब मिलेगा यहां-ढेरों फोटो स्टोरी और वीडियो के साथ.

फॉलो करे:
Close