विज्ञापन

छत्तीसगढ़: कांग्रेस के अविश्वास प्रस्ताव पर सदन में रात 2:45 बजे तक हुई चर्चा, CM बोले- 25 साल तक बनेगी BJP सरकार

अविश्वास प्रस्ताव के विरोध में उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा के बोलने के दौरान सत्ता पक्ष और विपक्ष के सदस्यों के बीच गर्मागर्म बहस छिड़ गई, जिससे सदन में हंगामे की स्थिति उत्पन्न हो गई.

छत्तीसगढ़: कांग्रेस के अविश्वास प्रस्ताव पर सदन में रात 2:45 बजे तक हुई चर्चा, CM बोले- 25 साल तक बनेगी BJP सरकार
विधानसभा में देर रात तक चलती रही चर्चा.
DD National

छत्तीसगढ़ विधानसभा में शुक्रवार को मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व वाली भाजपा सरकार के खिलाफ कांग्रेस द्वारा लाए गए अविश्वास प्रस्ताव पर जोरदार बहस हुई और इस पर चर्चा 18 जुलाई की तड़के रात 2:45 बजे खत्म हुई, जो 17 जुलाई की दोपहर करीब 12:30 बजे से शुरू हुई थी.  अविश्वास प्रस्ताव पर विधानसभा में 14 घंटे से ज्यादा चर्चा हुई. इस दौरान विधानसभा की कार्यवाही अनिश्चितकाल के लिए स्थगित कर दी.

इस दौरान मुख्यमंत्री विष्णु देव सहाय ने कहा कि आने वाले 25 साल तक छत्तीसगढ़ में बीजेपी की सरकार बनती रहेगी. यह अविश्वास प्रस्ताव जनता के खिलाफ था, हमारे साथियों ने आक्रामकता से इस पर जवाब दिया. पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि ढाई साल सरकार को हो गए हैं, लेकिन उनके पास गिनाने के लिए कुछ भी नहीं है. ढाई साल बाद भी मुख्यमंत्री देख-देख कर भाषण पढ़ रहे हैं.

सीएम ने साधा विपक्ष पर निशाना

सीएम साय ने अविश्वास प्रस्ताव पर चर्चा का जवाब देते हुए कहा कि यह प्रस्ताव सरकार के खिलाफ नहीं, बल्कि छत्तीसगढ़ की तीन करोड़ जनता के विश्वास के विरुद्ध है. उन्होंने कहा कि वर्ष 2023 के विधानसभा चुनाव में जनता ने भारतीय जनता पार्टी को 54 सीटों का स्पष्ट जनादेश दिया, लोकसभा चुनाव में 11 में से 10 सीटों पर विजय दिलाई और प्रदेश के अधिकांश नगरीय निकायों में भी भाजपा के पक्ष में जनादेश दिया. ऐसे में विपक्ष का यह अविश्वास प्रस्ताव जनता के निर्णय का ही अपमान है.

अविश्वास प्रस्ताव किस पर?

मुख्यमंत्री ने कहा कि विपक्ष यह बताए कि उसका अविश्वास आखिर किस पर है, क्या उन लगभग 25 लाख किसानों पर, जिन्हें भाजपा सरकार ने 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदी का लाभ दिया? क्या उन 70 लाख से अधिक माताओं-बहनों पर, जिन्हें महतारी वंदन योजना के माध्यम से हर माह एक हजार रुपये की सम्मान राशि मिल रही है? या उन करोड़ों प्रदेशवासियों पर, जिन्होंने विकास, सुशासन और विश्वास की राजनीति को अपना समर्थन दिया है.

उन्होंने कहा कि कांग्रेस जनता का विश्वास पहले ही खो चुकी है. जनता ने 5 वर्षों तक उनके शासन को परखा और सत्ता से बाहर कर दिया. आज वही कांग्रेस जनता द्वारा चुनी गई सरकार पर अविश्वास जताकर अपनी राजनीतिक हताशा और नैतिक पराजय का परिचय दे रही है.

ज्यादातर चुनावी वादे पूरे किए

मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार का ढाई वर्षों का प्रत्येक दिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की गारंटी को धरातल पर उतारने के लिए समर्पित रहा है. सरकार ने चुनाव के दौरान किए गए अधिकांश प्रमुख वादों को पूरा किया है और विकास तथा सुशासन को प्राथमिकता देते हुए हर वर्ग तक योजनाओं का लाभ पहुंचाया है.

किसानों के हित में किए काम- सीएम

उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने सत्ता में आते ही किसानों के हित में ऐतिहासिक निर्णय लिए. लगभग 25 लाख किसानों से 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदी की गई तथा दो वर्षों के बकाया बोनस के रूप में 3716 करोड़ रुपये का भुगतान किया गया. सिंचाई क्षमता में भी उल्लेखनीय वृद्धि हुई है. जहां पिछली सरकार के कार्यकाल में प्रतिवर्ष औसतन लगभग 9,600 हेक्टेयर सिंचाई क्षमता बढ़ी, वहीं वर्तमान सरकार के कार्यकाल में यह बढ़कर लगभग 19,500 हेक्टेयर प्रतिवर्ष हो गई है. केवल दो वर्षों में 11 हजार करोड़ रुपये से अधिक की सिंचाई परियोजनाओं को प्रशासनिक स्वीकृति दी गई.

हवाई अड्डों पर राज्य के उत्पाद शोरूम

ग्रामीण विकास के क्षेत्र में मुख्यमंत्री ने कहा कि मनरेगा के साथ-साथ वीबी-जी रामजी योजना के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार और स्थायी परिसंपत्तियों के निर्माण को नई गति मिली है. अटल पंचायत डिजिटल सुविधा केंद्रों के माध्यम से ग्रामीण नागरिकों को बैंकिंग, प्रमाण पत्र, पेंशन सहित अनेक सेवाएं गांव में ही उपलब्ध हो रही हैं. हस्तशिल्प और ग्रामीण आजीविका को बढ़ावा देने के लिए देश के प्रमुख हवाई अड्डों पर छत्तीसगढ़ के उत्पादों के शोरूम स्थापित किए जा रहे हैं.

महिला सशक्तिकरण को सरकार की सबसे बड़ी उपलब्धियों में बताते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि महतारी वंदन योजना के अंतर्गत अब तक 70 लाख महिलाओं को 18 हजार 800 करोड़ रुपये से अधिक की सम्मान राशि प्रदान की जा चुकी है. प्रदेश में 10 लाख 40 हजार से अधिक महिलाओं को लखपति दीदी बनाया गया है. महिलाओं के नाम संपत्ति पंजीयन को प्रोत्साहित करने के लिए रजिस्ट्री शुल्क में 50 प्रतिशत तथा स्टाम्प शुल्क में एक प्रतिशत की छूट दी गई है, जिससे महिलाओं की आर्थिक भागीदारी और स्वामित्व दोनों मजबूत हुए हैं.

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश की माताओं-बहनों का आशीर्वाद ही उनकी सरकार की सबसे बड़ी ताकत है. उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि जनता के भरोसे और सरकार के कार्यों के सामने विपक्ष का अविश्वास प्रस्ताव स्वतः निरर्थक सिद्ध होगा.

वित्तीय प्रबंधन पर कांग्रेस को घेरते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछली सरकार ने राज्य की मजबूत अर्थव्यवस्था को कर्ज और वित्तीय अव्यवस्था की ओर धकेला. अनेक योजनाओं की घोषणा की गई, लेकिन उनके लिए बजट का प्रावधान तक नहीं किया गया. इसके विपरीत वर्तमान सरकार ने वित्तीय अनुशासन, पारदर्शिता और प्रशासनिक सुधारों के माध्यम से राजस्व संग्रह में उल्लेखनीय वृद्धि की है.

उन्होंने बताया कि वाणिज्यिक कर, आबकारी, पंजीयन तथा खनिज राजस्व में ऐतिहासिक बढ़ोतरी दर्ज की गई है. भ्रष्टाचार पर रोक, डिजिटल सुधार और पारदर्शी व्यवस्था के कारण राज्य की आय बढ़ी है, जिसका उपयोग जनकल्याणकारी योजनाओं और अधोसंरचना विकास में किया जा रहा है. सरकार ने लंबित वित्तीय दायित्वों और राजकोषीय घाटे को भी नियंत्रित कर राज्य की वित्तीय साख को मजबूत किया है.

ये भी पढ़ें- शव के टुकड़े कर नदी में फेंके, छत्तीसगढ़ के बेमेतरा में दिल दहला देने वाली हैवानियत, आरोपी गिरफ्तार

पूरी स्टोरी पढ़ें

MPCG.NDTV.in पर मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ की ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें. देश और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं. इसके अलावा, मनोरंजन की दुनिया हो, या क्रिकेट का खुमार,लाइफ़स्टाइल टिप्स हों,या अनोखी-अनूठी ऑफ़बीट ख़बरें,सब मिलेगा यहां-ढेरों फोटो स्टोरी और वीडियो के साथ.

फॉलो करे:
Close