विज्ञापन

राष्ट्रपति मुर्मु ने जबलपुर में किया योग, CM यादव भी मौजूद; अंबिकापुर में CM साय ने भी लिया Yoga कार्यक्रम में हिस्सा

राष्ट्रपति मुर्मु अभी मध्य प्रदेश के दौरे पर हैं. उन्होंने एमपी में कई कार्यक्रमों में हिस्सा लिया है और 21 जून को उन्होंने अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर लोगों को योग करने के लिए प्रेरित किया.

एमपी के जबलपुर में योग करतीं राष्ट्रपति मुर्मु और छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर में योग करते सीएम विष्णु देव साय.

International Yoga Day 2026: 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु मध्य प्रदेश के जबलपुर में हैं, जहां उन्होंने गैरीसन ग्राउंड में योग कार्यक्रम में हिस्सा लिया. इस दौरान उन्होंने लोगों को स्वस्थ रहने के लिए योग करने को प्रेरित किया. राष्ट्रपति के साथ योग कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव भी मौजूद हैं. वहीं, छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री सीएम साय ने भी अंबिकापुर जिले में योग कार्यक्रम में हिस्सा लिया. बता दें कि इस साल के योग दिवस की थीम 'स्वस्थ बुढ़ापे के लिए योग' है.

Latest and Breaking News on NDTV

राष्ट्रपति ने कहा- योग पूरी दुनिया को हमारी संस्कृति से अमूल्य उपहार

समारोह को संबोधित करते हुए राष्ट्रपति मुर्मु ने देशवासियों और विश्वभर के योग साधकों को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की शुभकामनाएं दीं. उन्होंने कहा, "जबलपुर की पावन धरती पर उपस्थित होकर मुझे प्रसन्नता हो रही है. मैं देश-विदेश में सक्रिय सभी योग साधकों को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की शुभकामनाएं देती हूं. आज हम भारत की उस महान परंपरा का उत्सव मना रहे हैं, जिसने मानवता को स्वस्थ, संतुलित और सार्थक जीवन का मार्ग दिखाया है. योग विश्व समुदाय के लिए हमारी सांस्कृतिक धरोहर का अमूल्य उपहार है. यह हमारे ऋषियों-मुनियों की हजारों वर्षों की साधना का परिणाम है."

राष्ट्रपति ने कहा, "हमारे शास्त्रों में शरीर, मन और आत्मा के संतुलन को जीवन की सफलता का आधार माना गया है. योग उसी संतुलन को स्थापित करने का मार्ग है. योग का शाब्दिक अर्थ है 'जोड़ना'. यह व्यक्ति को स्वयं और समाज से, समाज को प्रकृति से तथा संपूर्ण मानवता को विश्व चेतना से जोड़ने का सशक्त माध्यम है."

जब विश्व चुनौतियों का सामना कर रहा, तब योग...

राष्ट्रपति ने कहा, "आज जब विश्व अनेक चुनौतियों का सामना कर रहा है, तब योग मानवता को शांति, संतुलन, समरसता और सामूहिक कल्याण का मार्ग दिखाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है. वर्ष 2014 में भारत की पहल पर संयुक्त राष्ट्र महासभा ने प्रति वर्ष 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मनाने की घोषणा की थी. इस पहल के बाद विश्व कल्याण के एक सशक्त माध्यम के रूप में योग की पहचान और अधिक मजबूत हुई है. आज दुनिया के अनेक देशों में करोड़ों लोग योग को अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बना रहे हैं."

मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने दी बधाई

मुख्यमंत्री डॉ यादव ने कहा कि योग हमारी प्राचीन भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है. महर्षि पतंजलि द्वारा प्रतिपादित अष्टांग योग की अवधारणा सिर्फ शारीरिक स्वास्थ्य तक सीमित नहीं है, बल्कि यह तन, मन और आत्मा के समग्र विकास का मार्ग प्रशस्त करती है. योग के नियमित अभ्यास से हम अपने शरीर को स्वस्थ, मन को शांत तथा जीवन को सुखी, संतुलित और आनंदमय बना सकते हैं.

भोपाल में केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान 

भोपाल में शिवराज सिंह चौहान ने 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के मौके पर योग किया. इस दौरान उन्होंने कहा, "मैं अपने सभी देशवासियों और दुनिया भर के लोगों को बधाई और शुभकामनाएं देता हूं. योग हम सभी को जोड़ता है और 'वसुधैव कुटुंबकम' (पूरी दुनिया एक परिवार है) की भावना को दर्शाता है. मैं पीएम मोदी का आभार व्यक्त करता हूं. उन्होंने ही योग को पूरी दुनिया तक पहुंचाने की पहल की है. आज दुनिया भर के 177 देश इस योग कार्यक्रम में हिस्सा ले रहे हैं और इसे मना रहे हैं."

पूरी स्टोरी पढ़ें

MPCG.NDTV.in पर मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ की ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें. देश और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं. इसके अलावा, मनोरंजन की दुनिया हो, या क्रिकेट का खुमार,लाइफ़स्टाइल टिप्स हों,या अनोखी-अनूठी ऑफ़बीट ख़बरें,सब मिलेगा यहां-ढेरों फोटो स्टोरी और वीडियो के साथ.

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com