विज्ञापन

CG Budget 2026-27: छत्तीसगढ़ में सरकारी कर्मचारियों को मिलेगी कैशलेस चिकित्सा सुविधा, 100 करोड़ का बजट मिला

Chhattisgarh Budget 2026: छत्तीसगढ़ सरकार का यह बजट स्वास्थ्य, सुरक्षा, प्रशासनिक सुधार और आर्थिक स्थिरता को नए सिरे से मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है. सरकारी कर्मचारियों को कैशलेस इलाज की सुविधा मिलना इस बजट का सबसे अहम आकर्षण है, जिससे राज्य के लाखों परिवारों को राहत मिलेगी.

CG Budget 2026-27: छत्तीसगढ़ में सरकारी कर्मचारियों को मिलेगी कैशलेस चिकित्सा सुविधा, 100 करोड़ का बजट मिला
CG Budget 2026-27: छत्तीसगढ़ में सरकारी कर्मचारियों को मिलेगी कैशलेस चिकित्सा सुविधा, 100 करोड़ का बजट मिला

CG Budget 2026-27: छत्तीसगढ़ सरकार ने अपने नए बजट में स्वास्थ्य सेवाओं पर खास जोर देते हुए राज्य के सभी शासकीय कर्मचारियों के लिए कैशलेस चिकित्सा सुविधा शुरू करने का बड़ा ऐलान किया है. सरकार ने इसके लिए 100 करोड़ रुपये का विशेष प्रावधान किया है. इस सुविधा के लागू होने के बाद सरकारी कर्मचारियों को इलाज के दौरान खर्च अग्रिम देने की जरूरत नहीं पड़ेगी और अस्पतालों में उन्हें सीधे कैशलेस ट्रीटमेंट मिल सकेगा. बजट पेश करते हुए सरकार ने इसे कर्मचारियों के कल्याण और स्वास्थ्य सुरक्षा की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया. लंबे समय से लंबित इस मांग को पूरा करने से लाखों कर्मचारियों और उनके परिवारों को सीधा लाभ मिलेगा.

“GYAN मॉडल” के तहत गरीब, युवा, अन्नदाता और नारी पर फोकस

बजट पर प्रतिक्रिया देते हुए राज्य के मंत्री ओ.पी. चौधरी ने कहा कि यह बजट प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बताए “GYAN”—गरीब, युवा, अन्नदाता और नारी—की अवधारणा को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है. चौधरी के अनुसार, “पिछली बार हमने गति की रणनीति लेकर आए थे, और इस बार ‘संकल्प' की थीम पर बजट तैयार किया गया है. इसमें कई नए इनोवेटिव कदम शामिल किए गए हैं, जो प्रदेश के सामाजिक और आर्थिक उत्थान की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे.”

नक्सलवाद-मुक्त छत्तीसगढ़ की तैयारी, बस्तर में सुरक्षा बलों को मिलेगी मजबूती

मंत्री चौधरी ने बजट में नक्सल प्रभावित इलाकों पर विशेष फोकस का भी उल्लेख किया. उनके अनुसार, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के नेतृत्व में देश में 31 मार्च 2026 तक नक्सलवाद खत्म करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है. इसे ध्यान में रखते हुए छत्तीसगढ़ में भी तेज़ी से अभियान चल रहा है.
इसी क्रम में, बस्तर की आंतरिक सुरक्षा को मजबूत बनाने के लिए 1,500 नए बस्तर फाइटर्स के पदों के सृजन का प्रावधान बजट में किया गया है. इसके अलावा, जगरगुंडा और अबूझमाड़ जैसे दुर्गम क्षेत्रों में एजुकेशन सिटी और स्थानीय उद्योगों को प्रोत्साहित करने की योजनाएँ शामिल की गई हैं.

प्रशासनिक सुधारों की नई मिसाल

सरकार ने दावा किया है कि प्रशासनिक सुधारों के कारण शासन-प्रशासन में ईमानदारी, पारदर्शिता और जवाबदेही बढ़ी है.
बजट भाषण में बताया गया कि: मंत्रालय से लेकर जिला स्तर तक ई-फाइल प्रणाली, सभी कार्यालयों में बायोमैट्रिक उपस्थिति, हितग्राही योजनाओं में e-KYC अनिवार्य जैसे सुधारों ने सरकारी कामकाज को अधिक पारदर्शी बनाया है.

बजट में बताए गए प्रमुख वित्तीय रिफॉर्म्स में शामिल हैं:

  • विभागों की वित्तीय अधिकार सीमा बढ़ाई गई
  • नवीन मदों की प्रशासकीय स्वीकृति 3 करोड़ से बढ़ाकर 5 करोड़
  • छत्तीसगढ़ पेंशन फंड और ग्रोथ एंड स्टेबिलिटी फंड के लिए क्रमशः 500 करोड़ और 250 करोड़ का प्रावधान
  • राज्य में छत्तीसगढ़ स्टेट फाइनेंशियल सर्विसेज लिमिटेड की स्थापना का प्रस्ताव, जिसके लिए 2 करोड़ का प्रावधान

सरकार का दावा है कि इन कदमों से कामकाज तेज़ होगा और संसाधनों का बेहतर उपयोग संभव होगा.

SNA मॉडल में छत्तीसगढ़ को बड़ी सफलता

रियल-टाइम भुगतान और SNA स्पर्श मॉडल के क्रियान्वयन में छत्तीसगढ़ देश में शीर्ष पर रहा है, जिसके लिए केंद्र सरकार से राज्य को 500 करोड़ रुपये की अतिरिक्त राशि प्राप्त हुई. आने वाले वित्तीय वर्ष से राज्य पोषित योजनाओं में भी SNA मॉडल लागू किया जाएगा.

पेंशन प्रणाली में बड़ा सुधार

अविभाजित मध्यप्रदेश के पेंशनरों का डाटाबेस पहली बार डिजिटाइज किया गया है. सरकार ने बताया कि 8 महीनों की मेहनत के बाद तैयार इस डाटाबेस के विश्लेषण में सामने आया कि आने वाले वर्षों में मध्यप्रदेश सरकार से 10 हजार करोड़ रुपये से अधिक की राशि प्राप्त होगी. इससे पेंशन भुगतान के भार में भी कमी आएगी.

यह भी पढ़ें : CG Budget 2026-27: छत्तीसगढ़ का संतुलित आर्थिक ब्लूप्रिंट; जानिए बजट में किस योजना के लिए कितना फंड मिला?

यह भी पढ़ें : CG Budget 2026-27: छत्तीसगढ़ में 18 साल के होने पर बेटियों को मिलेंगे 1.50 लाख रु. दुर्गावती योजना का ऐलान

यह भी पढ़ें : CG Budget 2026-27: छत्तीसगढ़ में एक लाख 72 हजार करोड़ का बजट प्रस्तुत, साय सरकार के खजाने से किसे क्या मिला?

यह भी पढ़ें : New Train Launch: भोपाल से धनबाद व चोपन के लिए दो नई ट्रेन; CM मोहन और केंद्रीय रेल मंत्री करेंगे शुरुआत

MPCG.NDTV.in पर मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ की ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें. देश और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं. इसके अलावा, मनोरंजन की दुनिया हो, या क्रिकेट का खुमार,लाइफ़स्टाइल टिप्स हों,या अनोखी-अनूठी ऑफ़बीट ख़बरें,सब मिलेगा यहां-ढेरों फोटो स्टोरी और वीडियो के साथ.

फॉलो करे:
Close