मध्य प्रदेश के उज्जैन में तीन शातिर ठगों ने एक वृद्धा को अपना शिकार बना लिया. बाइक पर आए बदमाश महिला से डॉक्टर का पता पूछने के बहाने सोने की चेन और कान के टॉप्स उतरवाकर फरार हो गए. शुक्रवार को हुई इस ठगी की वारदात में जांच के बाद देवासगेट पुलिस ने शनिवार को केस दर्ज किया है.
जानकारी के अनुसार, ढांचा भवन निवासी समाजसेवी गोपाल बागरवाल की पत्नी राजू देवी शुक्रवार शाम जीरो प्वाइंट ब्रिज के पास स्थित हद्येश्वर महादेव मंदिर में दर्शन करने जा रही थीं. इसी दौरान ढांचा भवन तिराहे पर बाइक से आए दो युवकों ने उन्हें रोककर एक डॉक्टर का पता पूछा और पानी मांगा. राजू देवी ने जानकारी नहीं होने की बात कही.
गहनों पर काल सवार है
इसी दौरान एक युवक ने खुद को तंत्र शक्तियों का ज्ञाता बताते हुए कहा कि उनके बच्चों पर घात है और गहनों पर काल सवार है, इसलिए उन्हें तुरंत उतार देना चाहिए. उनके झांसे में आकर राजू देवी ने अपने कान के टॉप्स और चेन उतारकर बदमाश को दे दिए. बदमाशों ने गहनों को रूमाल में बांधकर वापस देने का झांसा दिया और वहां से फरार हो गए.
युवक भी हो गया बेहोश
राजू देवी ने पुलिस को बताया कि बातचीत के दौरान एक तीसरा युवक भी वहां आ गया था. उसने भी खुद को परेशान बताते हुए उपाय पूछा. बदमाश ने उसे पानी दिया और कहा कि यह गंगाजल है. इसके बाद राजू देवी को भी वही पानी पिलाया गया, जिससे वे कुछ समय के लिए बेहोश हो गईं.
साढ़े तीन लाख की चपत लगाई
ठगों द्वारा ले जाए गए गहनों की कीमत करीब साढ़े तीन लाख रुपये बताई जा रही है. घटना के कुछ देर बाद होश आने पर राजू देवी ने बदमाशों को बाइक से जाते हुए देखा. वे किसी तरह घर पहुंचीं और अपनी पुत्री अनिता को पूरी घटना की जानकारी दी.
पुलिस खंगाल रही सीसीटीवी
सूचना मिलने पर देवासगेट पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास लगे कैमरों की जांच की, लेकिन तीनों कैमरे बंद मिले, जिससे बदमाशों का सुराग नहीं लग सका. फिलहाल पुलिस आसपास के अन्य सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है. घटना सत्य पाए जाने पर पुलिस ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
MP: पत्नी की मौत कर्नाटक में, चिता ग्वालियर में, 1400 KM दूर शव लाकर क्यों फंस गया पति?