Ujjain Borewell Incident: मध्य प्रदेश के उज्जैन जिले के बड़नगर तहसील अंतर्गत झालरिया गांव में बोरवेल में गिरे 3 साल के मासूम को निकालने के लिए रेस्क्यू अभियान लगातार जारी है. गुरुवार देर शाम खेलते समय बच्चा बोरवेल में गिर गया था और करीब 60 फीट की गहराई में फंसा हुआ है.
जिला कलेक्टर रोशन कुमार सिंह के नेतृत्व में रेस्क्यू
बचाव कार्य उज्जैन जिला कलेक्टर IAS रोशन कुमार सिंह के नेतृत्व में चल रहा है. मौके पर कलेक्टर के साथ एसडीएम बड़नगर, एसडीओपी और थाना प्रभारी सहित पुलिस-प्रशासन की पूरी टीम मौजूद है और रेस्क्यू ऑपरेशन पर लगातार नजर रखी जा रही है.
कैसे हुआ हादसा?
प्रशासन के अनुसार, बोरवेल पर पहले ढक्कन लगा हुआ था. लेकिन भेड़ों के चरने के दौरान ढक्कन हट गया, जिससे यह हादसा हो गया और खेलते समय मासूम उसमें गिर गया.
30 फीट समानांतर गड्ढा खोदने का काम जारी
बच्चे को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए रेस्क्यू टीम ने बोरवेल के पास ही करीब 30 फीट गहरा समानांतर गड्ढा खोदना शुरू कर दिया है. देर रात तक मशीनों और टीमों की मदद से तेजी से काम जारी रहा.
गांव में दुआओं का दौर
घटना के बाद पूरे गांव में अफरा-तफरी का माहौल है. बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर मौजूद हैं और बच्चे के सकुशल बाहर आने की प्रार्थना कर रहे हैं. अब तक बच्चे को बाहर निकालने की कोशिशें जारी हैं. उसकी हालत को लेकर कोई आधिकारिक अपडेट सामने नहीं आया है, लेकिन प्रशासन हर संभव प्रयास कर रहा है.
यह भी पढ़ें- IAS Transfer MP: मध्यप्रदेश में 26 आईएएस के तबादले, इन जिलों के कलेक्टर बदले, देखें सूची