विज्ञापन
This Article is From Jan 26, 2026

Padma Shri 2026: पुरातत्वविद डॉ. नारायण व्यास को मिलेगा पद्मश्री सम्मान, परिवार में जश्न का माहौल

उज्जैन के वरिष्ठ पुरातत्वविद डॉ. नारायण व्यास को 37 वर्षों की ऐतिहासिक सेवा और शोध कार्य के लिए पद्मश्री से सम्मानित किया जाएगा. पुरस्कार की घोषणा के बाद परिवार में खुशी का माहौल है.

Padma Shri 2026: पुरातत्वविद डॉ. नारायण व्यास को मिलेगा पद्मश्री सम्मान, परिवार में जश्न का माहौल

Padma Shri 2026:  भारत सरकार हर वर्ष गणतंत्र दिवस से पूर्व पद्म पुरस्कारों की घोषणा करती है. इसी क्रम में रविवार को पद्म विभूषण, पद्म भूषण और पद्म श्री पुरस्कारों के लिए चयनित विभूतियों की सूची जारी की गई. इसमें मध्य प्रदेश के उज्जैन निवासी, पुरातत्व विभाग से सेवानिवृत्त वरिष्ठ पुरातत्वविद डॉ. नारायण व्यास को पद्मश्री सम्मान देने की घोषणा की गई है. यह खबर मिलते ही व्यास परिवार में उत्सव का माहौल बन गया.

37 वर्षों तक पुरातत्व सेवा

तिरुपति प्लेटिनम कॉलोनी निवासी 77 वर्षीय डॉ. नारायण व्यास ने भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण में 37 वर्षों तक सेवा दी. इस दौरान उन्होंने मध्य प्रदेश सहित उत्तर प्रदेश, गुजरात, राजस्थान, महाराष्ट्र, हरियाणा, छत्तीसगढ़, दमन-दीव जैसे राज्यों में पुरातत्वीय उत्खनन, शोध और संरक्षण का कार्य किया. 2009 में अधीक्षक पद से सेवानिवृत्त होने के बाद भी उन्होंने पुरातत्व के ज्ञान को युवा पीढ़ी तक पहुंचाने का कार्य जारी रखा और अब तक 10 महत्वपूर्ण पुस्तकें लिखी हैं.

131 पद्म पुरस्कारों की घोषणा

सरकार ने इस वर्ष कुल 131 पद्म पुरस्कारों की घोषणा की है. इनमें 5 पद्म विभूषण, 13 पद्म भूषण और 113 पद्म श्री पुरस्कार शामिल हैं. डॉ. नारायण व्यास को पुरातत्व के क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए पद्मश्री से सम्मानित किया जाएगा.

‘मोदी जी ने अज्ञात लोगों को सम्मान दिया'

पद्मश्री सम्मान की घोषणा पर डॉ. व्यास ने कहा कि वे वर्ष 2017 से इस पुरस्कार के लिए प्रयासरत थे. पिछले तीन वर्षों से उनकी भतीजी पूर्वा व्यास लगातार ऑनलाइन आवेदन कर रही थीं. डॉ. व्यास ने कहा, “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अज्ञात लोगों को यह सम्मान देकर आम जन को इससे जोड़ा है. इसके लिए मैं मोदी जी का आभार व्यक्त करता हूं.” उन्होंने इस सम्मान का श्रेय अपने गुरु पद्मश्री डॉ. विष्णुधर वाकणकर, पत्नी साधना व्यास और भतीजी पूर्वा व्यास को दिया.

डॉ. नारायण व्यास का जीवन पर‍िचय 

नाम: डॉ. नारायण व्यास
पिता: वैद्य स्व. अनन्त लाल व्यास (स्वतंत्रता संग्राम सेनानी)
जन्म: 5 जनवरी 1949, उज्जैन

शिक्षा:

  • डी.लिट. (रायसेन जनपद एवं भीम बैठका शैल चित्रकला), 2005
  • पीएच.डी. (रानी की वाव, गुजरात), 1992
  • एम.ए. प्राचीन भारतीय इतिहास एवं संस्कृति, 1970

सेवानिवृत्त पद: अधीक्षण पुरातत्वविद, भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण, भोपाल
कार्य अनुभव: 1972 से 2009 तक 37 वर्षों की सेवा

Padma Shri 2026: मध्य प्रदेश की 4 हस्तियों को पद्मश्री, कौन हैं कैलाश चंद्र पंत, भगवानदास रैकवार व मोहन नागर?

पूरी स्टोरी पढ़ें

MPCG.NDTV.in पर मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ की ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें. देश और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं. इसके अलावा, मनोरंजन की दुनिया हो, या क्रिकेट का खुमार,लाइफ़स्टाइल टिप्स हों,या अनोखी-अनूठी ऑफ़बीट ख़बरें,सब मिलेगा यहां-ढेरों फोटो स्टोरी और वीडियो के साथ.

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com