Road accident in Sagar: मध्य प्रदेश (Madhya Pradesh) के सागर (Sagar) जिले के केसली थाना क्षेत्र में रविवार को हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को गहरे शोक में डुबो दिया. दरअसल, छुट्टी के दिन दर्शन के लिए मंदिर निकले दो परिवारों की यात्रा अचानक मातम में बदल गई. माता वनदेवी मंदिर के पास भौंरयाऊ घाटी पर जीप और मोटरसाइकिल की आमने सामने हुई भीषण टक्कर में दो मासूम बच्चों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पिता गंभीर रूप से घायल हो गए.
जानकारी के अनुसार ग्राम जैथारी निवासी सुनील गौड़ अपने चार वर्षीय पुत्र अंशुल गौड़ के साथ मोटरसाइकिल से माता वनदेवी मंदिर दर्शन के लिए जा रहे थे. उसी समय समनापुर निवासी जाहर सिंह दांगी अपने परिवार के साथ जीप से केसली की ओर लौट रहे थे. इसी दौरान भौंरयाऊ घाटी के खतरनाक मोड़ पर दोनों वाहनों की सीधी भिड़ंत हो गई. टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक और जीप दोनों बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए.
घटनास्थल पर मची चीख पुकार
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसे के तुरंत बाद घटनास्थल पर अफरातफरी मच गई. आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी और घायलों को अस्पताल पहुंचाने में मदद की, लेकिन तब तक दो मासूमों की सांसें थम चुकी थी.
दो परिवारों के चिराग बुझ गए
केसली थाना प्रभारी लोकेश पटेल ने बताया कि हादसे में दो बच्चों की मौके पर ही मौत हो गई. मृतकों की पहचान-अंशुल गौड़ (4 वर्ष), निवासी जैथारी लेखनी दांगी (7 वर्ष), निवासी समनापुर के रूप में हुई है. दोनों परिवारों में इस घटना के बाद गहरा मातम छा गया है.
पिता की हालत नाजुक
हादसे में बाइक चालक सुनील गौड़ गंभीर रूप से घायल हो गए. उन्हें पहले केसली सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर स्थिति को देखते हुए जिला अस्पताल सागर रेफर किया गया. डॉक्टरों के अनुसार उनकी हालत अब भी नाजुक बनी हुई है.
पुलिस जांच में क्या आया सामने?
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों वाहनों को जब्त कर लिया. वहीं, शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया. प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और घाटी के मोड़ पर लापरवाही को हादसे की संभावित वजह माना जा रहा है. हालांकि, पुलिस का कहना है कि विस्तृत जांच के बाद ही हादसे की असल वजह सामने आ पाएगी.
यह भी पढ़ें- Chhattisgarh Budget Session: छत्तीसगढ़ विधानसभा का बजट सत्र आज से शुरू, क्या हंगामेदार रहेगा पहला दिन?
इस दर्दनाक हादसे के बाद प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि घाटी, मोड़ और संकरे मार्गों पर वाहन चलाते समय रफ्तार पर काबू रखें. सड़क सुरक्षा नियमों की अनदेखी एक पल में जिंदगी लील सकती है. लिहाजा, वाहन चलाते वक्त हमेशा सतर्क रहें.
यह भी पढ़ें- तीन बच्चों को जहरीली चाय पिलाकर मारने वाली मां खुद भी हारी जिंदगी की जंग, क्यों खत्म किया पूरा परिवार?