कुलगाम आतंकी हमला: छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने दक्षिण कश्मीर के कुलगाम में हुए आतंकी हमले में श्रमिकों की मौत पर दुख जताया है. उन्होंने कायराना हमले में जान गंवाने वाले सक्ती जिले के दीपक रात्रे और सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के निवासी भूपेंद्र भैना के निधन पर शोक व्यक्त किया है.साथ ही उनके परिवारों को 20-20 लाख रुपये की मदद करने का भी ऐलान किया गया है. आइए, सबसे पहले जानते हैं आतंकी हमले में मारे गए मजदूर कौन थे?
घर में इकलौता कमाने वाला था दीपक
दरअसल, छत्तीसगढ़ के गांवों से गरीबी के कारण रोजगार की तलाश में दीपक रात्रे और भूपेंद्र भैना बेहतर भविष्य का सपना लेकर जम्मू-कश्मीर पहुंचे थे. जहां केलम क्षेत्र में स्थित ईंट-भट्ठे पर आतंकियों ने गोली मारकर उनकी हत्या कर दी. अब सिर्फ उनके शव ही घर लौटेंगे. मालखरौदा पुलिस थाना इलाके के बुंदेली गांव के रहने वाले चाचा हलधर रात्रे ने बताया कि दीपक रात्रे (24) अपने परिवार का इकलौता कमाने वाला सदस्य था.
तीन महीने पहले मजदूरी करने गए थे भूपेंद्र भैना
आतंकी हमले में जान गंवाने वाले दूसरे मजदूर भूपेंद्र भैना सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के छुइया गांव के रहने वाले थे. 28 साल के भैना 3-4 महीने पहले पत्नी के साथ ईंट-भट्टे पर काम करने के लिए जम्मू-कश्मीर में गए थे. उनका चार साल का बेटे, मां और नाबालिग बहन गांव में ही रह रही थी. सारंगढ़-बिलाईगढ़ के पुलिस अधीक्षक सुनील शर्मा के अनुसार उनके माता-पिता और छोटा भाई हिमाचल प्रदेश में ईंट-भट्टे पर मजदूरी करते हैं.
'सरकार परिवारों के साथ खड़ी'
मुख्यमंत्री साय ने घोषणा की कि राज्य सरकार की ओर से दोनों दिवंगत श्रमिकों के परिजनों को 20-20 लाख रुपये की सहायता राशि प्रदान की जाएगी.इसके अलावा जम्मू-कश्मीर सरकार की ओर से मृतकों के परिवारों को 10-10 लाख रुपए की अनुग्रह राशि दी जाएगी. यह राशि जिला प्रशासन की ओर से दी जाने वाली 6-6 लाख रुपए की तत्काल सहायता से अलग होगी.
नोडल अधिकारी की होगी नियुक्ति
मुख्यमंत्री ने कहा कि घटना की जानकारी मिलते ही उन्होंने राज्य सरकार के वरिष्ठ अधिकारियों को जम्मू-कश्मीर सरकार के अधिकारियों से संपर्क कर आवश्यक समन्वय स्थापित करने के निर्देश दिए हैं. राज्य सरकार द्वारा जम्मू-कश्मीर प्रशासन के साथ समन्वय बनाए रखने के लिए नोडल अधिकारी की नियुक्ति की जाएगी, जो परिजनों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराने की पूरी प्रक्रिया की निगरानी करेगा.
भगवान से की प्रार्थना
मुख्यमंत्री साय ने ईश्वर से दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए प्रार्थना करते हुए शोक संतप्त परिवारों को इस असहनीय दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की कामना की है.
कुलगाम आतंकी हमले में छत्तीसगढ़ के दूसरे मजदूर की भी मौत, 10-10 लाख रुपये की मदद का ऐलान