छत्तीसगढ़ के दुर्ग स्थित जामगांव एम के स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय में आयोजित राज्य स्तरीय शाला प्रवेशोत्सव के दौरान मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने प्रदेश की शिक्षा व्यवस्था को लेकर कई बड़े ऐलान किए. आगामी सत्र से प्रदेश के सभी सरकारी स्कूल 1 अप्रैल से खुलेंगे और 15 अप्रैल तक प्रवेश प्रक्रिया पूर्ण कर नियमित पढ़ाई शुरू कर दी जाएगी. इसके साथ ही प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले युवाओं को बड़ी राहत देते हुए दुर्ग में NEET और JEE के छात्रों के लिए 100-100 सीट वाले दो अलग-अलग हॉस्टल बनाने का ऐलान किया गया है. समारोह में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव ने स्कूली बच्चों का तिलक लगाकर, मुंह मीठा कराकर और स्कूली बैग सौंपकर उनका स्वागत किया.
प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए 34 नालंदा परिसर
समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि शिक्षा ही विकास का मूल मंत्र है और यह केवल सरकारी नौकरी पाने का जरिया नहीं, बल्कि समाज सेवा और राजनीति के लिए भी बेहद आवश्यक है. उन्होंने बताया कि राज्य निर्माण के समय छत्तीसगढ़ में केवल एक मेडिकल कॉलेज था, जिसकी संख्या आज बढ़कर 15 हो चुकी है.
इसके साथ ही जगरगुंडा में 'एजुकेशन सिटी' का निर्माण और 'विकसित भारत जी-राम' योजना के जरिए तीन महीने के भीतर स्कूलों में अतिरिक्त कक्षाओं, शौचालयों व आंगनवाड़ी भवनों का निर्माण कराया जाएगा.
भवन विहीन स्कूलों में मिलेगा स्थायी भवन
शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव की मांगों को स्वीकार करते हुए मुख्यमंत्री ने दुर्ग शहर के लिए तीन बड़ी सौगातें दीं. इसके तहत दुर्ग में शिक्षा विभाग की कम्पोजिट बिल्डिंग, स्वामी आत्मानंद स्कूल (टैगोर हॉल) परिसर में ऑडिटोरियम, एक फुटबॉल मैदान और NEET-JEE हॉस्टल का निर्माण कराया जाएगा. कार्यक्रम के दौरान शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव ने बताया कि प्रदेश के 9 हजार से अधिक स्कूलों में स्मार्ट क्लास की शुरुआत की जा रही है. प्राथमिक शिक्षा की गुणवत्ता मजबूत करने के लिए कक्षा 5वीं तक के बच्चों को 10 तक और 8वीं तक के बच्चों को 20 तक का पहाड़ा याद कराने का लक्ष्य तय किया गया है. इसके अलावा 'न्योता भोज' योजना और पाठ्यक्रम में महापुरुषों की जीवनी शामिल करने के साथ ही इस वर्ष 8 हजार स्कूलों में शौचालय निर्माण और भवन-विहीन स्कूलों के लिए स्थायी भवन तैयार करने का काम तेजी से किया जा रहा है.
ये भी पढ़ें: MP में अगले 5 दिन 90% जिलों में झमाझम बारिश का अलर्ट, 12 दिन के सूखे के बाद मिलेगी राहत