विज्ञापन
This Article is From Jun 25, 2025

10 लाख की चोरी का ड्रामा करने वाला खुद मुनीम निकला चोर, बस में बेहोशी की कहानी थी झूठी; SP का खुलासा

रतलाम जिले में एक बस में व्यापारी के 10 लाख रुपये चोरी होने का मामला सामने आया था, लेकिन पुलिस की जांच में यह खुलासा हुआ कि चोरी की यह वारदात एक साजिश थी, जिसे खुद फरियादी मुनीम ने अपने साथी के साथ मिलकर रची थी.

10 लाख की चोरी का ड्रामा करने वाला खुद मुनीम निकला चोर, बस में बेहोशी की कहानी थी झूठी; SP का खुलासा

मध्य प्रदेश के रतलाम जिले में पांच दिन पहले बाजना में एक बस में व्यापारी के 10 लाख रुपये चोरी होने का मामला अब पूरी तरह से उलट चुका है. पुलिस की जांच में सामने आया कि चोरी की यह वारदात एक साजिश थी, जिसे खुद फरियादी मुनीम ने अपने साथी के साथ मिलकर रचा था. पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए 9 लाख 50 हजार रुपये बरामद कर लिए हैं और दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है.

Latest and Breaking News on NDTV

एसपी अमित कुमार ने बुधवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि 20 जून को कैलाश पिता बापूलाल नागर (40) निवासी ग्राम पानिया, जिला राजगढ़ की रिपोर्ट पर बाजना थाने में मामला दर्ज किया गया था. फरियादी ने दावा किया था कि वह पचोर के व्यापारी अनिल कुमार और सुनील कुमार गुप्ता के व्यापारिक भुगतान के 9 लाख 73 हजार रुपये लेकर बस से रतलाम जा रहा था.

इस दौरान किसी अज्ञात व्यक्ति ने बस में उसके मुंह पर कोई रसायन फेंका, जिससे उसकी आंखों में जलन हुई और वह बेहोश हो गया. होश आने पर रुपयों से भरा बैग गायब था.

बयान बार-बार बदलने से खुला राज

एसपी अमित कुमार ने बताया कि जांच के दौरान कैलाश बार-बार अपने बयान बदल रहा था, जिससे पुलिस को शक हुआ. गहराई से पूछताछ और तकनीकी जांच के बाद पता चला कि पूरा घटनाक्रम एक साजिश थी. असल में मुनीम कैलाश ने अपने साथी मुकेश पिता राजेंद्र, उम्र 35 वर्ष, निवासी राजगढ़ के साथ मिलकर यह योजना बनाई थी.

बेहोश होने का किया नाटक

कैलाश ने बस में जानबूझकर बेहोश होने का नाटक किया और अपने साथी मुकेश को रुपयों से भरा बैग सौंप दिया. बाद में खुद को पीड़ित बताकर पुलिस में झूठी शिकायत दर्ज कराई. मुनीम कैलाश पिछले 20 वर्षों से उक्त व्यापारियों के यहां कार्यरत था, इसीलिए किसी को उस पर शक नहीं हुआ.

9.50 लाख रुपये जब्त, दोनों गिरफ्तार

पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके पास से 9 लाख 50 हजार रुपये बरामद कर लिए हैं. एसपी ने बताया कि मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है और आरोपियों को न्यायालय में पेश किया जाएगा.

ये भी पढ़ें- Raipur Murder Case: इंद्रप्रस्थ में ट्रंक में मिली लाश मामले का खुलासा, वकील पति-पत्नी समेत चार गिरफ्तार

पूरी स्टोरी पढ़ें

MPCG.NDTV.in पर मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ की ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें. देश और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं. इसके अलावा, मनोरंजन की दुनिया हो, या क्रिकेट का खुमार,लाइफ़स्टाइल टिप्स हों,या अनोखी-अनूठी ऑफ़बीट ख़बरें,सब मिलेगा यहां-ढेरों फोटो स्टोरी और वीडियो के साथ.

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com