
MP Promotion Rules 2025: मध्य प्रदेश के मुख्य सचिव अनुराग जैन ने सभी विभागों के प्रमुखों से कहा कि लोक सेवा पदोन्नति नियम-2025 के तहत पदोन्नति कार्य को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाये. यह प्रयास किया जाये कि 31 जुलाई 2025 तक अधिकारी-कर्मचारियों को पदोन्नत किया जा सके. उन्होंने कहा कि राज्य शासन की मंशानुरूप कर्मचारी-कल्याण को प्रमुखता से लें. मुख्य सचिव ने गुरूवार को मंत्रालय में लोकसेवा पदोन्नति नियम-2025 पर चर्चा के दौरान यह निर्देश विभाग प्रमुखों को दिये है.
9 साल बाद मिलेगी सौगात
मुख्य सचिव ने कहा कि 9 साल की बड़ी समस्या इस नियम के लागू होने से समाप्त हो सकेगी. नियमों को बनाने में वरिष्ठ सचिव समिति एवं सामान्य प्रशासन विभाग के अधिकारियों ने बहुत मेहनत एवं गहन चर्चा की. नियमों के लागू होने से प्रशासनिक दक्षता बढ़ेगी.
MP में 9 साल से सरकारी कर्मचारियों की पदोन्नति यानी प्रमोशन के रास्ते बंद थे. इसकी वजह यह थी कि सुप्रीम कोर्ट में आरक्षण में प्रमोशन को लेकर मामला अटका था. सरकार ने वहां एसएलपी दाखिल की थी, जिससे प्रमोशन नहीं हो पा रहा था. अब नया प्रमोशन फार्मूला बनवाया गया है. बताया जा रहा है कि इस फैसले से प्रदेश के लगभग 4 लाख कर्मचारियों को फायदा होगा.
कर्मचारी कल्याण को दें प्राथमिकता
मुख्य सचिव ने अधिकारियों से कहा कि अपने विभाग में कर्मचारी-कल्याण को प्राथमिकता दी जाये. विभागीय परामर्शदात्री समिति की बैठकें आयोजित की जाये. कर्मचारियों के गोपनीय प्रतिवेदन, विभागीय जाँच एवं पेंशन प्रकरणों का निराकरण समय से करें.
एमपी में पदोन्नति के लिए खाली पदों को एससी (16 फीसदी), एसटी (20 प्रतिशत) और अनारक्षित में बांटा जाएगा. क्लास-1 अधिकारी के लिए लिस्ट मेरिट कम सीनियोरिटी के आधार पर, जबकि क्लास-2 और नीचे के पदों के लिए सीनियोरिटी कम मेरिट के आधार पर दावेदारों की सूची बनेगी.
नियमों की दी गयी विस्तृत जानकारी
सामान्य प्रशासन के अपर मुख्य सचिव संजय दुबे एवं उप सचिव अजय कटेसरिया ने मध्यप्रदेश लोकसेवा पदोन्नति नियम-2025 की विस्तृत जानकारी दी. इसमें अनुसूचित जाति तथा अनुसूचित जनजाति प्रवर्ग के लिए आरक्षित पदों की गणना, विभागीय पदोन्नति समिति की बैठक, अर्हकारी सेवा की गणना, वार्षिक गोपनीय प्रतिवेदन, पदोन्नति हेतु अनुपयुक्तता, पदोन्नति का प्रकार, पदोन्नति के फलस्वरूप वेतन का निर्धारण, सीलबंद लिफाफे की स्थिति में प्रक्रिया सहित प्रतीक्षा सूची से रिक्तियों को भरे जाने की विस्तृत जानकारी दी गयी.
यह भी पढ़ें : MP में 9 साल बाद खुली प्रमोशन की राह; 2 लाख नए पद, मोहन कैबिनेट की सरकारी कर्मचारियों को सौगात, जानिए प्रमुख फैसले
यह भी पढ़ें : एमपी में पदोन्नति पाने वाले सरकारी कर्मचारियों के लिए खुशखबरी, GAD ने गाइडलाइन की जारी; जानें नए नियम
यह भी पढ़ें : ICC New Rules 2025: क्रिकेट के इन नियमों में हो गया है बदलाव; यहां जानिए टेस्ट, ODI और T20 में क्या है नया
यह भी पढ़ें : IAS पर आपत्तिजनक टिप्पणी करने वाला PHE अधिकारी हुए सस्पेंड; कमिश्नर ने लिया सख्त एक्शन, जानिए पूरा मामला