2 months ago

Madhya Pradesh-Chhattisgarh Live News: मध्य प्रदेश में देर रात 11 आईएएस अफसरों का ट्रांसफर किया गया है. वहीं. मुख्यमंत्री मोहन यादव शनिवार यानी 14 फरवरी को खंडवा जिले के पंधाना से 1.25 करोड़ लाडली बहनों के खातों में लाडली बहना योजना की 33वीं किस्त (Ladli Behna Yojana 33rd installment) जारी किए. सीएम मोहन यादव (CM Mohan Yadav) इन महिलाओं के खाते में 1836 करोड़ रुपये ट्रांसफर किए. इधर, बुरहानपुर में सीएम मोहन यादव ने 696 करोड़ 37 लाख रुपये की लागत के विकास कार्यों का सौगात दिया.

यहां देखिए मध्य प्रदेश-छत्तीसगढ़ की 14 फरवरी 2026 की पल पल की अपडेट

Feb 14, 2026 22:35 (IST)

Chhattisgarh News Live: कोरबा के इस गांव में हाथियों का दल घुसा, 6 कच्चे मकानों को ढहा

कटोरी नगोई का आश्रित गांव धोबी बारी मे घने जंगलों के बिच सन्नाटा रात अचानक चीख-पुकार में बदल गया. रात करीब 11 बजे हाथियों का दल गांव में घुस आया और देखते ही देखते आदिवासी परिवारों के 6 कच्चे मकानों को ढहा दिया, यूं कहे तो उनका गांव उजाड़ दिया. 

Feb 14, 2026 22:32 (IST)

Chhattisgarh News: कोरबा में पति ने पत्नी, मां और बहन पर धारदार हथियार से किया हमला

कोरबा में पति ने पत्नी, मां और बहन पर धारदार हथियार से जानलेवा हमला किया. हमले में मां सांवन साहू, पत्नी सुकृता साहू और बहन निर्मला साहू गंभीर रूप से घायल है. पत्नी सुकृता साहू की हालत नाजुक, कमरे में बंद कर आरोपी ने हमला किया. बचाने गई मां और बहन पर भी आरोपी ने चापड़ से वार किया. चीख-पुकार सुनकर मौके पर लोग पहुंचे. जिसके बाद 112 और पुलिस को सूचना दी गई. कोतवाली थाना क्षेत्र के वैष्णो देवी मंदिर के पास घटना हुई. पहले भी विवाद हुआ था. पुलिस ने आरोपी पति रामेश्वर साहू को गिरफ्तार कर जांच शुरू की.

Advertisement
Feb 14, 2026 22:25 (IST)

CM Vishnu Deo Sai: सीएम विष्णु देव साय ने महाशिवरात्रि की प्रदेशवासियों को दी शुभकामनाएं

रायपुर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने पावन महाशिवरात्रि के अवसर पर समस्त प्रदेशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं दी हैं. मुख्यमंत्री साय ने कहा कि महाशिवरात्रि आस्था, साधना और आत्मचिंतन का पावन पर्व है. यह पर्व हमें संयम, सेवा, त्याग और समर्पण की भावना से जीवन जीने की प्रेरणा देता है. भगवान शिव का जीवन करुणा, धैर्य और लोकमंगल का प्रतीक है, जो हमें समाज और राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों का स्मरण कराता है. मुख्यमंत्री साय ने कामना की कि भगवान भोलेनाथ और माता पार्वती की असीम कृपा से प्रदेशवासियों के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि और आनंद का वास हो और छत्तीसगढ़ निरंतर विकास और प्रगति के पथ पर अग्रसर रहे.

Feb 14, 2026 21:10 (IST)

Madhya Pradesh News Live: बड़वानी में यूजीसी विनियम 2026 के विरोध में विशाल प्रदर्शन, तहसीलदार को सौंपा ज्ञापन

यूजीसी विनियम 2026 के विरोध में 14 फरवरी को बड़वानी में क्षत्रिय करणी सेना और सवर्ण समाज द्वारा विशाल प्रदर्शन किया गया. दोपहर 3 बजे राजपूत धर्मशाला (पुलिस थाने के पीछे) से वाहन रैली निकाली गई, जो कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर सभा और ज्ञापन के साथ संपन्न हुई.

प्रदेश उपाध्यक्ष व जिला अध्यक्ष राजसिंह चौहान ने कहा कि नए विनियमों में कई ऐसे प्रावधान हैं, जो छात्रों के हितों के विरुद्ध प्रतीत होते हैं.  उन्होंने मांग की कि दोषी को कठोर दंड मिले, परंतु निर्दोष को भी स्वयं को निर्दोष सिद्ध करने का समान अवसर मिलना चाहिए.

Feb 14, 2026 21:04 (IST)

Narayanpur Anti Naxal Operation: खोड़पार जंगल में नक्सलियों की गुप्त हथियार फैक्ट्री ध्वस्त

नारायणपुर के अबूझमाड़ इलाके में आईटीबीपी 29 वीं वाहिनी धनोरा ने बडा ऑपरेशन चलाया. जवानों ने खोड़पार जंगल में नक्सलियों की गुप्त हथियार फैक्ट्री को ध्वस्त  किया. Indo-Tibetan Border Police की 29वीं बटालियन और जिला पुलिस की संयुक्त कार्रवाई है. कमांडेंट दुष्यंत राज जायसवाल और सेकेंड-इन-कमांड दीपक सेमल्टी के नेतृत्व में 58 जवानों की टीम ने ऑपरेशन अंजाम दिया. दो पहाड़ों के बीच छिपाए गए रॉकेट लॉन्चर, थ्री-नॉट-थ्री राइफल, भरमार बंदूक और भारी मात्रा में विस्फोटक बरामद किए गए.  BGL-UBGL सेल, तारों के बंडल और कटर भी मिले, बड़े हमले की तैयारी नाकाम।भारत सरकार के लक्ष्य “31 मार्च 2026 नक्सल मुक्त बस्तर” की दिशा में बड़ी कामयाबी है.

Feb 14, 2026 21:02 (IST)

Accused dies in police custody: छतरपुर पुलिस कस्टडी में मौत, राजनगर थाने के लॉकअप में युवक ने लगाई फांसी

छतरपुर जिले के राजनगर थाने से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, सूत्रों की मिली जानकारी के अनुसार युवक लॉकअप के भीतर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. इस घटना के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है और थाने की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं.

अस्पताल ले जाते समय तोड़ा दम

मिली जानकारी के अनुसार, इमल‍िया  न‍िवासी राजेश पटेल को हिरासत में लेकर थाने में रखा गया था. इसी दौरान उसने अज्ञात कारणों के चलते लॉकअप के भीतर ही फांसी लगा ली. जैसे ही पुलिस स्टाफ की नजर उस पर पड़ी, उसे आनन-फानन में अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद उसे 'मृत घोषित' कर दिया.

Advertisement
Feb 14, 2026 20:28 (IST)

Mahashivratri: बालोद के प्रसिद्ध गंगा मइया मंदिर में महा रुद्राभिषेक का आयोजन

इस वर्ष महाशिवरात्रि बालोद जिलेवासियों के लिए खास आस्था और उत्साह का अवसर लेकर आ रही है. बालोद के प्रसिद्ध गंगा मइया मंदिर में जिले के पहले गंगाधारी भगवान पशुपतिनाथ शिवलिंग का महाशिवरात्रि पर पहला विशेष अभिषेक किया जाएगा. मंदिर ट्रस्ट द्वारा इस अवसर पर विशेष पूजा-अर्चना, महा रुद्राभिषेक और भव्य महाआरती का आयोजन किया गया है.

Feb 14, 2026 20:26 (IST)

Mahashivratri Bhojpur Shiva Temple: 5 क्विंटल फूलों से सजी 18 फीट ऊंची शिवलिंग

महाशिवरात्रि के पावन पर्व पर विश्व प्रसिद्ध भोजपुर शिव मंदिर में 18 फीट ऊंची शिवलिंग 5 क्विंटल फूलों से सजी. 18 फीट ऊंची भव्य शिवलिंग को करीब 5 क्विंटल फूलों से आकर्षक रूप से सजाया गया. अलौकिक श्रृंगार के साथ मंदिर परिसर में भक्तिमय माहौल बना हुआ है. यहां महाशिवरात्रि पर भव्य मेले का आयोजन किया जाता है. बता दें कि भोजपुर शिवलिंग पर लाखों श्रद्धालु भगवान भोलेनाथ के दर्शन कर माथा टेकते हैं. हर-हर महादेव के जयघोष से भोजपुर धाम गूंजता है. 

Advertisement
Feb 14, 2026 20:12 (IST)

Dhamtari Mahashivratri: हल्दी, मेंहदी के रस्म के बाद निकाली गई भोलेनाथ की भव्य बारात

धमतरी जिले में हर साल की तरह इस साल भी महाशिवरात्रि का पर्व धूमधाम से15 फरवरी को मनाया जाएगा. जिले में सभी शिव मंदिरों में तैयारियां जोरों से की जा रही है. इसी के तहत इतवारी बाजार स्थित श्री बुढेश्वर महादेव मंदिर में मंदिर ट्रस्ट समिति के द्वारा भव्य आयोजन किया जाता है, जहां पर भगवान भोलेनाथ और माता पार्वती के विवाह की रस्म भी शुरू हो चुकी है. ऐसे में मंदिर में हल्दी चढ़ाई जा चुकी है और मेहंदी का भी रस्म पूरा किया जा चुका है. और मंगल गीत और संगीत संध्या का भी आयोजन किया गया था. वहीं यह सारी रस्म के बाद हर साल की तरह इस साल भी भव्य रूप से शहर में भगवान भोलेनाथ की भव्य बारात निकाली जा रही है, जिसका शुभारंभ धमतरी की मां विंध्यवासिनी मंदिर के परिसर से शुरू हुआ है.

Feb 14, 2026 20:09 (IST)

Vishnu Deo Sai: CM साय ने पंडरीपानी स्थित महालक्ष्मी मंदिर में की पूजा-अर्चना प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि की कामना की

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने रायगढ़ प्रवास पर है. इस दौरान ग्राम पंडरीपानी स्थित महालक्ष्मी मंदिर में पूजा-अर्चना की. गजमार पहाड़ी के पीछे बने मंदिर में महाआरती में शामिल होकर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि की कामना की. मां महालक्ष्मी सेवा एवं कल्याण समिति ने प्रतीक चिन्ह देकर सम्मानित किया.  इस दौरान महापौर जीवर्धन चौहान सहित जनप्रतिनिधि, कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी व एसएसपी शशिमोहन सिंह मौजूद रहे.

Feb 14, 2026 20:03 (IST)

Ladli Behna Yojana 33rd Installment: लाडली बहना योजना 33वीं किस्त जारी, क्‍या आपके खाते में आए 1500 रुपये? ऐसे चेक करें स्टेटस

मध्य प्रदेश की सबसे चर्चित लाडली बहना योजना की 33वीं किस्त शनिवार 14 फरवरी 2026 को जारी कर दी गई है. मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने खंडवा जिले के पंधाना से सिंगल क्लिक के माध्यम से पात्र महिलाओं के खातों में राशि अंतरित की है. अगर आपके खाते में अभी तक 1500 रुपये नहीं आए हैं, तो आप ऑनलाइन स्टेटस चेक कर सकते हैं. इसके लिए लाडली बहना योजना के आधिकारिक पोर्टल cmladlibahna.mp.gov.in पर जाएं. आवेदन एवं भुगतान की स्थिति' पर क्लिक करें.  अपना समग्र आईडी या रजिस्ट्रेशन नंबर दर्ज करें. मोबाइल पर प्राप्त ओटीपी भरें. इसके बाद आपके आवेदन और भुगतान की स्थिति स्क्रीन पर दिखाई दे जाएगी. यहां पढ़ें पूरी खबर

Feb 14, 2026 19:42 (IST)

Ujjain Mahakal: शिव नवरात्रि के नौवें दिन बाबा महाकाल ने शिव तांडव स्वरूप में दिए दर्शन

मध्य प्रदेश के उज्जैन में शिव नवरात्रि के चलते पिछले आठ दिन से बाबा महाकाल का अलग अलग स्वरूप में श्रृंगार किया जा रहा है. इसी के चलते शनिवार को बाबा महाकाल का शिव तांडव स्वरूप में श्रृंगार किया गया. शनि का प्रदोष होने से बाबा का श्रृंगार तीन घंटे बाद हुआ. बाबा के इस स्वरूप के दर्शन कर भक्त जयकारा लगाते रहे. 

अब तक यह हुए श्रृंगार 

  • 6 फरवरी: चंदन, भांग श्रृंगार
  • 7 फरवरी: नवीन वस्त्र धारण करवाए 
  • 8 फरवरी: शेषनाग श्रृंगार
  • 9 फरवरी: घटाटोप श्रृंगार
  • 10 फरवरी: छबीना श्रृंगार
  • 11 फरवरी: होलकर श्रृंगार
  • 12 फरवरी: मनमहेश श्रृंगार
  • 13 फरवरी: उमा-महेश श्रृंगार

Feb 14, 2026 19:09 (IST)

Ladli Behna Yojana 33rd Installment: MP के 1.25 करोड़ मह‍िलाओं के खाते में आए 1,836 करोड़ रुपये

लाडली बहना योजना की 33वीं क‍िस्‍त जारी कर दी गई है. मुख्‍यमंत्री मोहन यादव ने खंडवा ज‍िले से इस बार मह‍िलाओं के खाते में राश‍ि भेजी है. कुल 1.25 करोड़ मह‍िलाओं को ये सौगात म‍िली है. सीएम मोहन यादव ने लाडली बहनों को बधाई दी. उन्होंने कहा कि आज खंडवा जिले के पंधाना से 'लाड़ली बहना योजना' के अंतर्गत 1.25 करोड़ से अधिक बहनों को ₹1,836 करोड़ से अधिक राशि का सिंगल क्लिक के माध्‍यम से अंतरण किया. सभी लाड़ली बहनों को हार्दिक बधाई...

Feb 14, 2026 18:50 (IST)

Chhattisgarh Road Accident: छत्तीसगढ़ सड़क हादसा, कोबरा बटालियन के तीन जवानों समेत चार की मौत

छत्तीसगढ़ में भीषण सड़क हादसा हो गया. इस हादसे में कोबरा बटालियन के तीन जवानों समेत चार की मौत हो गई. धमतरी में नेशनल हाईवे-30 पर खड़े ट्रक से तेज रफ्तार कार जा टकराई. इस हादसे में कोबरा बटालियन के 3 जवान और 1 नागरिक चालक की मौत हो गई. हादसे में एक जवान गंभीर रूप से घायल है. अस्पताल में उपचार जारी है. कलेक्टर, एसपी और सीआरपीएफ के डीआईजी ने घटनास्थल का मुआयना किया. अर्जुनी पुलिस मामले की तफ्तीश में जुटी है. सभी जवानों के शव को रायपुर भेजे गए.

Feb 14, 2026 18:44 (IST)

Surajpur Congress: सूरजपुर कांग्रेस में फिर दिखी गुटबाजी, इस्तीफों की लगी झड़ी...महामंत्री और सचिव समेत 17 पदाधिकारियों ने छोड़ा पद

सूरजपुर कांग्रेस में इस्तीफों की झड़ी लग गई है. संयुक्त महामंत्री, महामंत्री और सचिव समेत 17 पदाधिकारियों ने पद छोड़ दिया है. सामूहिक इस्तीफे का पत्र सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है.

पूर्व मंत्री व सांसद खेल साय सिंह की बहू ने भी इस्तीफा दे दिया है. इस्तीफा देने वाले सभी 17 कार्यकर्ता टी.एस. सिंहदेव के समर्थक बताए जा रहे हैं. भूपेश बघेल गुट को पद देने से टी.एस. बाबा के समर्थक नाराज थे. जिला अध्यक्ष और संगठन पर कार्यकर्ताओं की अनदेखी का आरोप लगाया है. अब तक 30 से ज्यादा पदाधिकारीयों के इस्तीफा देने की जानकारी मिली है. इस्तीफे के बाद कांग्रेस संगठन में खलबली मच गई है.

Feb 14, 2026 18:39 (IST)

Mahashivratri 2026: आगर मालवा में महाशिवरात्रि की तैयारियां जोरों पर

आगर मालवा में महाशिवरात्रि की तैयारियां जोरों पर है. एक लाख से ज्यादा श्रद्धालुओं के जुटने की संभावना जताई जा रही है. दर्शन के लिए आने श्रद्धालुओं के लिए एक सौ पचास क्विंटल सामग्री से खिचड़ी प्रसाद बनाया जा रहा है. इसके लिए दस क्विंटल सींग दाना, तेरह क्विंटल साबूदाना, आठ क्विंटल तेल, आठ क्विंटल शकर , सत्तर क्विंटल आलू ,  तीन क्विंटल हरिमिर्च, दो क्विंटल नींबू, हर धनिया एक क्विंटल मंगवाया गया. मंदिर में पचास सालों से अखंड रामायण का पाठ भी किया जा रहा है.

Feb 14, 2026 17:32 (IST)

Chhattisgarh News Live: इंस्टाग्राम वीडियो में देवी-देवताओं को लेकर अभद्र टिप्पणी,धार्मिक भावनाएं आहत होने का आरोप

बिलासपुर के तखतपुर,थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम नगोई निवासी एक युवक के खिलाफ भगवान श्रीराम और एक समाज विशेष के संबंध में कथित आपत्तिजनक टिप्पणी करने का आरोप लगा है. मामले को लेकर स्थानीय नागरिकों ने थाना तखतपुर में लिखित शिकायत सौंपकर कार्रवाई की मांग की है.

शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि ग्राम दैहानपारा नगोई निवासी सूरज भारती ने सोशल मीडिया के माध्यम से भगवान श्रीराम तथा राजपूत समाज के संबंध में अपशब्द कहे, जिससे धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं. इस संबंध में थाना प्रभारी को ज्ञापन सौंपते हुए संबंधित व्यक्ति के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की मांग की गई है.

Feb 14, 2026 17:31 (IST)

Chhattisgarh News Live: लापता युवती झांसी से बरामद, शादी का झांसा देकर ले जाने वाले आरोपी युवक भी गिरफ्तार

रायगढ़ से बड़ी खबर है.ऑपरेशन मुस्कान के तहत घरघोड़ा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उत्तर प्रदेश के झांसी जिले से लापता नाबालिग बालिका को सुरक्षित बरामद कर लिया है. मामले में शादी का प्रलोभन देकर बालिका को बहला-फुसलाकर ले जाने वाले आरोपी गोविंद ओगरे को गिरफ्तार किया गया है. परिजनों की रिपोर्ट पर अपहरण का प्रकरण दर्ज कर पुलिस टीम को झांसी रवाना किया गया था. जांच और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर बीएनएस और पॉक्सो एक्ट की गंभीर धाराएं जोड़ी गई हैं. घटना में प्रयुक्त मारुति स्विफ्ट कार और मोबाइल जब्त किए गए हैं. 

Feb 14, 2026 17:28 (IST)

Madhya Pradesh: 'छतरपुर ऑपरेशन विश्वास" के तहत एक माह के अंदर पुलिस ने 110 गुमशुदा मोबाइल बरामद किया

'छतरपुर ऑपरेशन विश्वास" के तहत एक माह के अंदर पुलिस ने 110 गुमशुदा मोबाइल बरामद किया. वर्ष 2026 में अभी तक खोजे गए 211 मोबाइल फोन कीमत करीब 40 लाख रुपए है. पुलिस अधीक्षकअगम जैन के निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष अभियान "ऑपरेशन विश्वास" के तहत छतरपुर साइबर सेल और विभिन्न थानों की संयुक्त टीम ने विगत एक माह में 110 गुमशुदा मोबाइल फोन बरामद किए हैं. जिनकी अनुमानित कीमत लगभग पन्द्रह लाख रुपये है. 

Feb 14, 2026 17:26 (IST)

Census 2027: इंदौर में जनगणना की तैयारियां शुरू

इंदौर में अब SIR सर्वे के बाद जनगणना का कार्य जल्द शुरू होने वाला है. इसको लेकर जिले में तैयारियां शुरू कर दी गई है और जल्द ही जनगणना का कार्य शुरू होगा.

 इंदौर में आगामी जनगणना की तैयारियां शुरू हो गई हैं. जनगणना का पहला चरण 1 मई 2026 से शुरू होकर 30 मई 2026 तक चलेगा, जिसमें मोबाइल ऐप के माध्यम से मकानों की सूचीकरण और गणना की जाएगी. यह पूरी तरह से डिजिटल और पेपरलेस प्रक्रिया होगी, जिसमें घर-घर जाकर डेटा एकत्र किया जाएगा और आम नागरिक स्वयं भी ऐप पर जानकारी भर सकेंगे.

Feb 14, 2026 17:24 (IST)

Government Medical College रतलाममें पानी की किल्लत, छात्रावास और मरीज परेशान

रतलाम शहर के Government Medical College, Ratlam इन दिनों भीषण जल संकट से जूझ रहा है. हालात ऐसे हैं कि जहां रोजाना करीब 5 लाख लीटर पानी की आवश्यकता होती है, वहीं वर्तमान में मात्र 1 लाख लीटर पानी ही उपलब्ध हो पा रहा है. इसका सीधा असर कॉलेज परिसर में रह रहे छात्रों, डॉक्टरों, नर्सिंग स्टाफ, कर्मचारियों, मरीजों और उनके परिजनों पर पड़ रहा है. 5 हजार से अधिक लोग प्रभावित हो रहे हैं.

Feb 14, 2026 17:22 (IST)

Dhar News: बदनावर के बख्तगढ़ में बच्चा चोरी की अफवाह से मचा हड़कंप, चॉकलेट देकर बच्चियों को बहलाने की कोशिश

धार के बदनावर तहसील के ग्राम बख्तगढ़ में बच्चा चोरी की अफवाह फैलने से गांव में हड़कंप मच गया. स्कूल जा रही बच्चियों ने आरोप लगाया कि एक संदिग्ध कार में सवार तीन से चार लोगों ने उन्हें चॉकलेट देकर गाड़ी में बैठाने की कोशिश की. बच्चियों के शोर मचाते ही संदिग्ध मौके से फरार हो गए. घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल बन गया और लोग मौके पर जमा हो गए. बताया जा रहा है कि संदिग्धों ने अपने चेहरे ढक रखे थे, जिससे पहचान करना मुश्किल हो गया. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की.

Feb 14, 2026 17:21 (IST)

Indore News Live: सोशल मीडिया पर शहर भर में फेल रही बच्चा चोरी कि अफवाह पर क्राइम ब्रांच हुई अलर्ट

इंदौर में बच्चा चोरी की अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ पुलिस सख्त कार्रवाई की तैयारी में है. पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि शहर में बच्चा चोरी की संगठित घटनाओं की कोई पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन कुछ लोग सोशल मीडिया और अन्य माध्यमों से अफवाह फैलाकर माहौल खराब करने की कोशिश कर रहे हैं. ऐसे लोगों की पहचान कर उनके विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की जाएगी. 

पुलिस द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार वर्ष 2025 में कुल 1400 गुमशुदा बच्चों के प्रकरण दर्ज किए गए थे. इनमें से करीब 1200 बच्चों को पुलिस ने तलाश कर उनके परिजनों से मिलवा दिया है. शेष मामलों में भी लगातार तलाश अभियान जारी है. अधिकारियों का कहना है कि गुमशुदगी के अधिकांश मामले पारिवारिक विवाद, घर से नाराज होकर चले जाना या अन्य सामाजिक कारणों से जुड़े होते हैं, न कि बच्चा चोरी गिरोह से. .

Feb 14, 2026 17:17 (IST)

Shivpuri Road Accident: शिवपुरी में भीषण सड़क हादसा, यात्री बस को ट्रक ने मारी टक्कर, एक की मौत; तीन घायल

शिवपुरी जिले की कोलारस तहसील के अंतर्गत नेशनल हाईवे 46 पर भीषण सड़क हादसा हो गया. इस हादसे में एक महिला यात्री की मौत हो गई, जबकि इस घटना में तीन अन्य लोग घायल हो गए. जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है. पुलिस ने घटना की जांच पड़ताल शुरू कर दी है.

जानकारी के मुताबिक, नेशनल हाईवे 46 पर गुना की तरफ जा रही एक यात्री बस जो कि रोंग साइड जाकर यू टर्न लेने की कोशिश कर रही थी. इस दौरान तेज गति से नेशनल हाईवे 46 पर आ रहे एक आयशर ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी. यह टक्कर बस में साइड से लगी और खिड़की के पास बैठी महिला और यात्रियों को घायल करते हुए ट्रक रेलिंग तोड़कर नेशनल हाईवे 46 से नीचे जा उतरा. इसी दौरान इस बस में बैठे यात्री घायल हो गए और उनमें से एक महिला की मौत हो गई.

Feb 14, 2026 17:10 (IST)

Madhya Pradesh News Live: सागौर पुलिस ने चोरी के तांबे के साथ चोर को पकड़ा..

पीथमपुर औधोगिक क्षेत्र की सागौर पुलिस ने कुछ दिन पूर्व ही चोरी का खुलासा किया है. नेशनल ऑटोमेटिव टेस्ट ट्रैक (NATRAX) से तांबे की पट्टियां चोरी करने वाले चोर गिरोह के एक आरोपी को गिरफ्तार किया है. पकड़े गए आरोपी के पास से पुलिस ने तांबे की पट्टियां जब्त की है. जिसकी क़ीमत करीब 2 लाख 60 हजार बताई जा रही है. 

Feb 14, 2026 17:08 (IST)

Indore News: बुलेट के सायलेंसर से बंदूक का साउंड निकलना युवक को पड़ा महंगा

इंदौर में बुलेट के सायलेंसर से बंदूक का साउंड निकलना युवक को महंगा पड़ा. दरअसल, रोजाना बुलेट के साउंड से पांच महीने का बच्चा परेशान होता था. बच्चे के पिता ने थाना प्रभारी को भेजे बुलेट चालक के वीडियो. चंदन नगर पुलिस ने 12 घंटे में आरोपी को पकड़ा. बाइक के साइलेंसर में छेड़छाड़ कर बंदूक जैसी आवाज निकलता है. पुलिस ने बाइक चालक एक हजार रुपये का चालान काटा. साथ ही चेतांवनी दी है.

Feb 14, 2026 17:03 (IST)

Madhya Pradesh News: सागर में वेलेंटाइन डे के विरोध में शिवसेना की रैली, होटल–पार्कों में रही सख्ती, किया पुतला दहन

सागर। शहर में 14 फरवरी वेलेंटाइन डे के विरोध में शिवसेना ने शनिवार को मकरोनिया से रैली निकाली. रैली मकरोनिया, सिविल लाइन, गोपालगंज, अटल पार्क, विश्वविद्यालय क्षेत्र सहित विभिन्न पार्कों, रेस्टोरेंट और होटलों तक पहुंची, जहां शिवसैनिकों ने निगरानी रखी. शिवसेना उप राज्य प्रमुख पप्पू तिवारी ने बताया कि संगठन द्वारा पूर्व में ही “लट्ठ पूजन” कर होटल व रेस्टोरेंट संचालकों को चेतावनी दी गई थी कि अश्लीलता फैलाने वाले प्रेमी युगलों को प्रवेश न दिया जाए. उन्होंने कहा कि इसी के चलते सुबह से शहर में भ्रमण किया गया, जहां अधिकांश होटल, रेस्टोरेंट और पार्कों में सन्नाटा नजर आया. कई स्थानों पर प्रतिष्ठान बंद मिले. जिला प्रमुख दीपक लोधी ने दावा किया कि शिवसेना की चेतावनी का असर पूरे शहर में देखने को मिला. सार्वजनिक स्थलों पर कथित मनचलों की मौजूदगी नहीं दिखी. तलाशी के दौरान कुछ युवक-युवतियां मिले, जिनसे पहचान पत्र की जांच कर परिजनों से चर्चा के बाद उन्हें जाने दिया गया.

Feb 14, 2026 16:24 (IST)

Madhya Pradesh Live News: रुद्राक्ष वितरण पर प्रतिबंध से खुश हैं श्रद्धालु, बोले कथा में नही बंटना चाहिए रुद्राक्ष, बनती है भगदड़ की स्थिति

सीहोर के कुबेरेश्वर धाम में शिव भक्तों का मेला लगा हुआ है, सात दिवसीय रुद्राक्ष महोत्सव और कथावाचक पंडित प्रदीप मिश्रा के मुख से शिवमहापुराण कथा सुनने देश के कई राज्यों से श्रद्धालु यहां पहुंचे हैं. दोपहर में रुद्राक्ष महोत्सव का विधिवत पूजन के साथ शुभारंभ हुआ. 

 इस बार यहां पर रुद्राक्ष वितरण पर पूर्ण प्रतिबंध लगा दिया गया है, जिससे यहां पर आए श्रद्धालुओं में काफी खुशी है. लोगों का कहना है कि कथा या फिर कोई भी आयोजन के दौरान रुद्राक्ष वितरण बन्द रहना चाहिए, रुद्राक्ष पाने के लिए भगदड़ होती है और घटना घटती है. लोग परेशान होते हैं. रुद्राक्ष पूरे साल बांट सकते हैं, अभी अच्छा लग रहा है.

Feb 14, 2026 16:22 (IST)

Mahashivratri 2026: भगवान पशुपतिनाथ मंदिर में महाशिवरात्रि की तैयारी

मध्य प्रदेश के मंदसौर के विश्व प्रसिद्ध भगवान पशुपतिनाथ मंदिर में महाशिवरात्रि की तैयारी की जा रही है. महाशिवरात्रि पर यहां पर विशेष आयोजन और अनुष्ठान किए जाते हैं. पुलिस प्रशासन ने भी महाशिवरात्रि पर भगवान पशुपतिनाथ में पहुंचने वाले श्रद्धालुओं के लिए विशेष इंतजाम किए हैं. इस बार पशुपतिनाथ लोक तैयार होने की वजह से ज्यादा लोगों के दर्शन के लिए पहुंचने की उम्मीद है. 

Feb 14, 2026 16:19 (IST)

Madhya Pradesh News: रायसेन में लव जिहाद का मामला

रायसेन जिले के औद्योगिक नगर मंडीदीप से एक गंभीर लव जिहाद जैसा मामला सामने आया है. यहां एक युवती ने युवक जुनैद पर दुष्कर्म, ब्लैकमेलिंग और धर्म परिवर्तन के लिए दबाव बनाने जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं. मामला सामने आने के बाद क्षेत्र में आक्रोश का माहौल है और पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

Feb 14, 2026 16:18 (IST)

MP News Live: CM मोहन यादव बुरहानपुर में 696 करोड़ के विकास कार्यों का किया भूमि पूजन और लोकार्पण

बुरहानपुर में एक दिवस के दौरे पर मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव पहुंचे डॉ मोहन यादव सबसे पहले एक रोड शो में शामिल हुए, जहां लोगों ने उनका जगह-जगह स्वागत किया. इसके बाद एक जनसभा को संबोधित किया. सीएम ने कहा कि केंद्र सरकार और मध्य प्रदेश की भाजपा सरकार द्वारा किसान हित में और विकास कार्यों का  बखान किया. मोहन यादव ने सभी से अपील की अपने परिवार में बच्चों का विवाह सामूहिक विवाह में कराये. इससे पैसे की बचत होती है... मध्य प्रदेश सरकार भी साल में तीन बार सामूहिक विवाह आयोजन करती है. मध्य प्रदेश सरकार गरीबों के साथ हर मोर्चे पर खड़ी है. इस अवसर पर डॉ मोहन यादव 696 करोड़ के विकास कार्यों का भूमि पूजन और लोकार्पण किया. शादी बुरहानपुर में मिनी एयरपोर्ट शाहपुर नगर पंचायत को नगर पालिका बनाने  कई मांगों को मंजूर किया. 

Feb 14, 2026 16:13 (IST)

MP-Chhattisgarh Live News: 42 दिनों बाद आखिरकार कैमरे के सामने आए विधायक प्रदीप पटेल, जानिए क्या कहा

आखिरकार 42 दिनों बाद विधायक प्रदीप पटेल का पता चल गया है. भोपाल के विधायक विश्राम गृह में कैमरे के सामने प्रदीप पटेल आए और मीडिया चैनलों पर अपनी प्रतिक्रिया दी. इसके बाद विधायक विश्राम गृह में मिलने वालों का तांता लग गया. पिछले 3 तारीख से एक जमीनी विवाद में पहुंचने के बाद हुए हंगामे के बाद से लापता थे. मूसा गैंग से जान का खतरा के बात करते हुए आखिरकार 42 दिनों बाद कैमरे के सामने आए. मऊगंज विधायक प्रदीप पटेल भोपाल के विधायक विश्राम गृह में  मौजूद.

Feb 14, 2026 16:06 (IST)

Indian Railways: बसई रेलवे स्टेशन पर दर्दनाक हादसा, युवक की करंट लगने से मौत

दतिया जिले के बसई रेलवे स्टेशन पर शनिवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया. एक युवक मालगाड़ी के ऊपर चढ़ गया, तभी रेलवे की हाई टेंशन विद्युत लाइन की चपेट में आ गया. तेज करंट के कारण युवक बुरी तरह झुलस गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई. मृतक की पहचान अभिषेक अहिरवार के रूप में हुई है. बताया जा रहा है कि युवक मालगाड़ी के ऊपर चढ़कर रील बनाने की कोशिश कर रहा था. इसी दौरान ऊपर से गुजर रही हाई वोल्टेज विद्युत तार ने उसे अपनी ओर खींच लिया, जिससे वह गंभीर रूप से झुलस गया.सूचना मिलते ही जीआरपी मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर मेडिकल परीक्षण के लिए बसई चिकित्सालय भेज दिया.

Feb 14, 2026 15:00 (IST)

Kanker Hindi News: सुरक्षाबलों को मिला हथियारों का जखीरा, IED और लॉन्चर भी शामिल

Naxal Arms Recovered: छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में नक्सलियों का हथियारों का जखीरा बरामद हुआ है, जो कांकेर-नारायणपुर बॉर्डर इलाके के बिनागुंडा जंगलों में छिपा रखा था. हथियारों के जखीरे में बीजिएल लांचर, 30 बीजीएल, 4 आईईडी (IED), आईईडी बनाने का सामान समेत, दो बंदूक और कारतूस शामिल हैं. छोटे बेठिया थाना क्षेत्र में डीआरजी और बीएसएफ की संयुक्त कार्यवाही में यह जखीरा मिला है.

Feb 14, 2026 14:58 (IST)

3.8 फीट की दुल्हन, 4.02 का दूल्हा, वैलेंटाइन डे पर 'रब ने बना दी जोड़ी'

Valentine's Day Special Story 2026: वैलेंटाइन डे हमेशा प्यार और भरोसे की कहानियों से जुड़ा रहता है. इस बार मध्य प्रदेश के सिरोंज से आई एक अलग और दिल छू लेने वाली कहानी ने इसे और खास बना दिया. 3.8 फीट की रेणुका और 4.02 फीट के प्रतीक दोनों ने जीवन की कठिनाइयों से जूझते हुए आखिरकार वह साथी पा लिया, जिसके साथ वे जीवनभर चल सकें. क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर

Feb 14, 2026 14:51 (IST)

एमवाय अस्पताल में मारपीट का VIDEO

Indore MY Hospital Fight Video: इंदौर के एमवाय अस्पताल में उस समय हंगामा मच गया, जब एमएलसी वार्ड में दो पक्ष इलाज से जुड़ी बात पर आपस में भिड़ गए. बहस इतनी बढ़ गई कि दोनों पक्षों के बीच हाथापाई शुरू हो गई. इस मारपीट का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को काबू में किया. क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर

Feb 14, 2026 14:49 (IST)

Chhattisgarh: लुंगी पहनकर 10KM पैदल चल आजादी के बाद पहली बार कोई विधायक पहुंचा इस गांव

Dantewada MLA Chaitram Atami Remote Village: कभी घोर नक्सल प्रभावित और प्रशासनिक पहुंच से पूरी तरह दूर रहा बैलाडीला पहाड़ियों के पीछे बसा लावा-पुरेंगल इलाका अब विकास की मुख्यधारा से जुड़ता नजर आ रहा है. जहां कभी माओवादी प्रभाव के कारण अधिकारी और जनप्रतिनिधि जाने से कतराते थे, वहां अब हालात ऐसे बने कि दंतेवाड़ा विधायक चैतराम अटामी और जिला पंचायत अध्यक्ष नंदलाल समेत जनप्रतिनिधियों की पूरी टीम गांव पहुंची. टीम ने इसके लिए करीब 10 किलोमीटर का पहाड़ी रास्ता पैदल तय किया. क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर

Feb 14, 2026 14:47 (IST)

Indore Congress Press Conference: कांग्रेस ने भाजपा नेता संदीप चंगेडिया पर लगाए गंभीर आरोप

Congress Indore: पूर्व प्रदेश प्रवक्ता संतोष सिंह गौतम (Santosh Singh Gautam) ने कहा कि भाजपा नेता संदीप चंगेडिया और उनके परिजनों ने तहसील व जिले की कई बहुमूल्य एवं मौके की सरकारी जमीनों पर अवैध भवन निर्माण कर कब्जा कर रखा है. उन्होंने कहा कि केशरीपूरा निवासी संतोष कमावत ने भाजपा (BJP Leader) नेता द्वारा जमीन पर कब्जा करने की शिकायत कई बार की है, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की गई है. उन्होंने बताया कि अभी तक सरकारी जमीन को हथियाने वाले रसूखदार नेता संदीप चंगेडिया एवं उनके परिवार द्वारा किए गए अवैध कृत्यों के खिलाफ कोई कार्यवाही नहीं की गई है. इस मामले में पहली शिकायत 30 सितंबर 2022 को की गई थी. अभी तक 3 बार शिकायत की जा चुकी है, लेकिन कोई एक्शन नहीं लिया गया है. उन्होंने कहा कि अगर आगे भी कार्रवाई नहीं हुई तो कांग्रेस अहम कदम उठाने को मजबूर होगी.

Feb 14, 2026 14:43 (IST)

Groom Firing in Wedding Shivpuri: घोड़ी पर बैठ दूल्हे ने की फायरिंग, शिवपुरी की शादी में दनादन चली गोलियां

Shivpuri News: मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले में एक बार फिर हर्ष फायर का मामला सामने आया है. बारात के दौरान दूल्हा ने घोड़ी पर बैठकर खुद फायर किया, जो कैमरे में रिकॉर्ड हो गया है. इतना ही नहीं कार की छत पर चढ़कर बारात में शामिल कुछ अन्य लोग भी इसी तरह का हर्ष फायर करते हुए नजर आए. दूल्हे के बाजू में खड़े एक शख्स ने रिवॉल्वर निकालकर फिर दनादन फायरिंग कर दी. क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर

Feb 14, 2026 14:30 (IST)

MP News in Hindi: ओडिशा से गांजा लाकर की जा रही थी तस्करी, कार सहित गिरफ्तार

Ganja Smuggling in Raigarh: मध्य प्रदेश की रायगढ़ जिला पुलिस ने नशीले पदार्थ के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है. पहाड़ मंदिर रोड पर नाकेबंदी के दौरान स्विफ्ट डिजायर कार से 20 पैकेट में 21.378 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया है. आरोपी अजित सिंह को गिरफ्तार किया गया है, जो ओडिशा के झारसुगुड़ा से गांजे की तस्करी कर रहा था. जब्त गांजा, कार और मोबाइल की अनुमानित कीमत 10,18,000 रुपये है. चक्रधरनगर थाने में NDPS एक्ट के तहत अपराध दर्ज किया गया है और आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है.

Feb 14, 2026 14:19 (IST)

फाइनेंस कंपनी में 95 लाख से ज्यादा की धोखाधड़ी, पूर्व अकाउंटेंट ने कंपनी की रकम निजी खाते में ट्रांसफर की

Indore Fraud: इंदौर के लसुड़िया थाना क्षेत्र में एक फाइनेंस कंपनी (Finance Company) में बड़ी धोखाधड़ी का मामला सामने आया है. इसमें लसुड़िया थाना क्षेत्र में संचालित कंपनी के फाइनेंस मैनेजर ने शिकायत दर्ज कराई है कि कंपनी के पूर्व अकाउंटेंट ने 95 लाख रुपये से अधिक की राशि कंपनी के खाते में जमा करने के बजाय अपने निजी खाते में ट्रांसफर (Company Fund Transfer into  Personal Account) कर ली. शिकायत के बाद पुलिस ने धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

Feb 14, 2026 14:06 (IST)

HFDL में मजदूर ने फांसी लगाकर दी जान

Worker Commits Suicide in Chhindwara: छिंदवाड़ा में चांद थाना क्षेत्र के सलैया गांव स्थित HFDL कंपनी की फैक्ट्री में कार्यरत एक मजदूर ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. घटना के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. मामले की जांच जारी है. थाना प्रभारी राकेश बघेल ने शुक्रवार को जानकारी देते हुए बताया की मृतक करीब एक महीने से फैक्ट्री में काम कर रहा था. उसके पिता रोशन ताती भी इसी फैक्ट्री में कार्यरत हैं. वे फैक्ट्री कर्मचारियों के साथ चांद थाना पुलिस पहुंचे और घटना की सूचना दी.

Feb 14, 2026 13:27 (IST)

Dhamtari Hindi News: धमतरी में कोबरा बटालियन के जवानों की कार ट्रक में घुसी, 4 की मौत

Chhattisgarh Road Accident Hindi News: छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले के अर्जुनी थाना इलाके के ग्राम खपरी बाईपास के पास हुए एक हादसे  (Car Truck Collision)में 201 कोबरा बटालियन (COBRA Battalion ) के चार जवानों की दर्दनाक मौत हो गई. हादसे में एक एक जवान गंभीर रूप से घायल है, जिसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है. हादसे की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू कर दी है. क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर

Feb 14, 2026 13:15 (IST)

Khajrana Ganesh Temple Indore: खजराना गणेश मंदिर में कुख्यात बदमाश सतीश भाऊ ने किए दर्शन

MP News in Hindi: इंदौर के खजराना गणेश मंदिर में कुख्यात बदमाश सतीश भाऊ (Satish Bhau ) ने गर्भ गृह में जाकर दर्शन किए. उसने अपने सोशल मीडिया पेज पर गर्भ गृह में जाकर दर्शन करने की रील डाली है. सतीश भाऊ का नाम शहर में हुई कई आपराधिक घटनाओं में आ चुका है. खजराना गणेश मंदिर के गर्भ गृह में प्रवेश पर रोक है और विशेष अनुमति लेने पर ही गर्भ गृह में प्रवेश मिलता है. इस घटना ने मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं और प्रशासन से स्पष्टीकरण की मांग की जा रही है.

Feb 14, 2026 12:57 (IST)

Chhattisgarh Hindi News: CISF जवान ने फांसी लगाकर दी जान

CISF Jawan Commits Suicide: छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) के जवान मुकेश सिंह ने उतई थाना क्षेत्र में आत्महत्या कर ली. उनका शव CISF ग्राउंड के पार्किंग में फंदे पर लटका मिला. उन्होंने ब्लैंक पेपर पर भाई का नाम और मोबाइल नंबर लिखकर सुसाइड नोट छोड़ा है. बताया जा रहा है कि मुकेश किडनी की बीमारी से परेशान थे. मूलरूप से उत्तरप्रदेश के गोरखपुर के रहने वाले थे, जो तई स्थित CISF यूनिट में तैनात थे. पुलिस मामले की जांच कर रही है. शव को जिला अस्पताल के मोर्चरी में रखा गया है.

Feb 14, 2026 12:44 (IST)

Family Clash over Children in MP: बच्चों के विवाद बना खूनी संघर्ष, लाठी-डंडों और फरसे से हमला

Chhatarpur Hindi News: मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले के बड़ामलहरा थाना क्षेत्र में बच्चों का एक मामूली सा विवाद सोमवार को अचानक हिंसक संघर्ष में बदल गया. आरोप है कि बच्चों की कहासुनी के बाद दो पक्षों में तनाव बढ़ा और देखते ही देखते हमला हो गया. लाठी-डंडों और फरसे से हुए इस हमले में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे उपचार के लिए जिला अस्पताल रेफर करना पड़ा. क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर

Feb 14, 2026 12:42 (IST)

Madhya Pradesh Hindi News: 95 साल के बुजुर्ग ने गोली मारकर की आत्महत्या, कुर्सी पर बैठकर उठाया आत्मघाती कदम

Gwalior 95 Year Old Man Commits Suicide Shot Himself: ग्वालियर में 95 साल के बुजुर्ग रामाधार गुप्ता ने लाइसेंसी राइफल से खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली. घटना थाटीपुर थाना क्षेत्र के नेहरू कॉलोनी में देर रात हुई. गोली पेट में लगकर पीठ से आर-पार निकल गई. मौके पर एक सुसाइड नोट मिला है, जिसमें पारिवारिक क्लेश का जिक्र है. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम हाउस भिजवाया है. बुजुर्ग डेयरी संचालक थे और उनकी उम्र 95 साल थी. बुजुर्ग ने कुर्सी पर बैठकर जमीन पर राइफल टिकाई और पेट पर उसकी नली रख कर ट्रिगर दबाया था.

Feb 14, 2026 12:03 (IST)

'जिसका चरित्र खराब, वह शिक्षक नहीं'

नाबालिग बच्चियों के साथ अश्लील हरकत करने वाले एक शिक्षक की बर्खास्तगी के राज्य शासन के आदेश को हाईकोर्ट (Madhya Pradesh High Court) ने सही ठहराते हुए याचिका खारिज कर दी है. आरोपी शिक्षक को कोर्ट ने 20 साल की सजा सुनाई है. पौने तीन साल जेल में रहने के बाद फिलहाल वह जमानत पर बाहर है.  क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर

Feb 14, 2026 12:02 (IST)

Singrauli Double Murder: बहू के सामने काटी सास की गर्दन, फिर एक और हत्या

Singrauli Hindi News: मध्यप्रदेश के सिंगरौली जिले में हुआ दोहरा हत्याकांड सिर्फ एक अपराध नहीं, बल्कि अंधविश्वास, डर और शक की उस खतरनाक मानसिकता का नतीजा है, जिसने इंसान को हैवान बना दिया. NDTV की ग्राउंड रिपोर्ट में कई चौंकाने वाले तथ्य सामने आए हैं, जो इस हत्याकांड की सच्चाई बयां करते हैं. क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर

Feb 14, 2026 11:54 (IST)

CG Hindi News: आंगनबाड़ी कार्यकर्ता की चाकू मारकर हत्या, फिर आरोपी ने खुद भी फांसी लगाकर दी जान

Accused Commits Suicide After Killing Anganbadi Worker Balod: छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में सनसनीखेज वारदात सामने आई है. देवरी थाना क्षेत्र के फरदफोड़ गांव में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता युगेश्वरी देवांगन की चाकू मारकर हत्या कर दी गई. वारदात से पहले आरोपी ने बच्चों और सहायिका को कमरे से बाहर भेज दिया था. हत्या के बाद आरोपी ने आंगनबाड़ी केंद्र में ही फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. मृत आरोपी की पहचान गांव के ही लखन लाल देवांगन के रूप में हुई. जानकारी के अनुसार, आरोपी पहले दुष्कर्म मामले में सजा काट चुका था. करीब एक माह पहले जेल से छूटकर आया था. देवरी पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है. क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर

Feb 14, 2026 11:47 (IST)

MP News: मां ने बेटे के खिलाफ चोरी की सिविल लाइन थाने में कराई रिपोर्ट

Chhatarpur Robbery News: छतरपुर जिले में सिविल लाइन थाना क्षेत्र के पन्ना नाका निवासी एक महिला द्वारा अपने ही नाबालिग बेटे के खिलाफ चोरी की शिकायत किए जाने के बाद मामले में नया मोड़ आ गया है. मां ने बेटे के खिलाफ सिविल लाइन थाने में चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी. जानकारी के अनुसार, राजकुमारी पटेल ने 4 फरवरी को एसपी कार्यालय में आवेदन देकर बताया था कि उनका नाबालिग बेटा घर से सोने का मंगलसूत्र, सोने की झुमकी, चांदी के जेवर और करीब 40 हजार रुपये नगद लेकर फरार हो गया है. परिजनों ने नाबालिग लड़के को जबलपुर से पकड़ा है और अब लड़का अपने माता-पिता के साथ पुलिस के सामने पेश हुआ. उसने जुर्म स्वीकार करते हुए आरोप लगाया कि सत्यम शर्मा और अभिषेक पटेल ने उसे नशे के इंजेक्शन लगाकर चोरी करने के लिए उकसाया.

Feb 14, 2026 11:35 (IST)

भोपाल में सुरक्षा को ताक पर रख मंत्रालय में घुसा फर्जी IAS

Fake IAS Caught in Bhopal: मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में एक युवक जब फर्जी आईएएस (Fake IAS) बनकर मंत्रालय पहुंच गया. इतना ही नहीं युवक ने खुद के ट्रांसफर की भी बात कर ली, लेकिन सामान्य प्रशासन विभाग (जीएडी, GAD) के अपर सचिव को उसकी बातों से शक हो गया और उसे पकड़ लिया. युवक की पहचान योगेंद्र सिंह चौहान के रूप में हुई. क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर

Feb 14, 2026 11:27 (IST)

इंदौर में ईडी ने रुचि एक्रोनी की करोड़ों की संपत्ति अटैच

ED Attached Property in Indore: इंदौर में ईडी ने रुचि एक्रोनी की 10.15 करोड़ रुपये की संपत्ति अटैच की है. ये कार्रवाई सीबीआई की एफआईआर के आधार पर की गई है. कंपनी पर यूको बैंक इंदौर के साथ 58 करोड़ रुपए से अधिक की धोखाधड़ी का आरोप है. दिसंबर 2025 में ईडी ने सर्चिंग की कार्रवाई की थी. रुचि एक्रोनी का नाम अब स्टील टेक रिसोर्सेस लिमिटेड है. अगर आपको और जानकारी चाहिए तो आप ऑनलाइन सर्च कर सकते हैं.

Feb 14, 2026 11:15 (IST)

MP News in Hindi: ट्रेडिंग कारोबारी को लूटने वाले दो पुलिस जवान बर्खास्त

Indore Cop Dismissed for Fraud with Trading Businessman: इंदौर में पलासिया थाना क्षेत्र में ट्रेडिंग कारोबारी से लूट करने वाले दो पुलिस जवानों को नौकरी से बर्खास्त कर दिया गया है. दोनों जवानों ने अपने दोस्त के साथ मिलकर ट्रेडिंग कारोबारी से लूट कर 4000 यूएसडीटी अपने दोस्त के खाते में ट्रांसफर करवाए थे. डीसीपी जोन 2 ने सिपाही मनोज मालवीय और अविनाश चंद्रवंशी को नौकरी से बर्खास्त किया है। दोनों आरोपी सिपाही अभी जेल में बंद हैं. पलासिया थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है. क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर

Feb 14, 2026 10:36 (IST)

कुबेरेश्वर धाम में आज से 7 दिवसीय रुद्राक्ष महोत्सव और शिव महापुराण कथा

MP News in Hindi: मध्य प्रदेश के सीहोर जिले में कथावाचक पंडित प्रदीप मिश्रा (Kathavachak Pandit Pradeep Mishra) के हेमा चितावलिया स्थित कुबेरेश्वर धाम (Kubereshwar Dham) में आज से आस्था और विश्वास का अद्भुत समागम देखने को मिलेगा. आज से साथ दिवसीय रुद्राक्ष महोत्सव और शिव महापुराण का प्रारंभ होने जा रहा है. आयोजन के दो दिन पहले से ही हजारों की संख्या में शिव भक्त धाम पहुंच चुके हैं. 1 लाख 80 हजार स्केवयर फीट में बना शेड पूरी तरह भरा चुका है, जबकि श्रद्धलुओं के आने का सिलसिला बना हुआ है. आयोजन को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क है और यातायात व्यवस्था और लोगों की सुरक्षा को लेकर प्रशासन ने पर्याप्त इंतजाम किए हैं. सुरक्षा के लिए 1235 जवान तैनात रहेंगे. साथ ही सीसीटीवी, वॉच टावर, ड्रोन से 24 घंटे निगरानी रखी जाएगी. भारी वाहनों के लिए इंदौर-भोपाल मार्ग (Indore Bhopal Highway Divert) डाइवर्ट रहेगा.

Feb 14, 2026 10:26 (IST)

कटनी में मोबाइल पर गलत कंटेंट देख गला घोंटकर युवक को मार डाला

Katni Hindi News; कटनी जिले के रीठी थाना क्षेत्र के खम्हरिया गांव में युवक की हत्या का मामला सामने आया है, जिसका पुलिस ने खुलासा किया है. युवक की हत्या का आरोप उसकी होने वाली पत्नी (नाबालिग लड़की) पर लगा है और उसे गला घोंटकर मारा गया है. पुलिस ने किशोरी को गिरफ्तार कर किशोर न्याय बोर्ड में पेश किया, जहां से उसे संप्रेषण गृह भेज दिया है. क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर

Feb 14, 2026 10:23 (IST)

Bike Fell from Bridge Damoh: पुल से गिरकर बाइक सवार तीन युवकों की मौत

MP News in Hindi: मध्य प्रदेश के दमोह जिले में प्रशासन की लापरवाही तीन युवकों की जान ले ली. जिले में शुक्रवार देर रात सागर-जबलपुर स्टेट हाईवे (Sagar Jabalpur State Highway) पर व्यारमा नदी के टूटे पड़े पुल से बाइक सवार तीन लोग नीचे गिर गए. इससे तीनों की दर्दनाक मौत हो गई. मृतकों की पहचान अजय घोषी (21), अमित (21) और पवन (22) के रूप में हुई है. तीनों एक ही बाइक पर सवार थे. तीनों सागर जिले के रहली थाना क्षेत्र के छिरारी के रहने वाले थे. मामले में तेंदूखेड़ा पुलिस जांच में जुटी हुई है. तीनों शादी में शामिल होने जा रहे थे.

Feb 14, 2026 10:14 (IST)

दुर्ग नाबालिग गैंगरेप केस: दो का सरेंडर

Durg Minor Girl Rape Case: दुर्ग में नाबालिग से सामूहिक दुष्कर्म के चर्चित मामले में दो मुख्य फरार आरोपी बीएन पांडेय और संजय पंडित ने जिले की फास्ट ट्रैक स्पेशल कोर्ट में सरेंडर कर दिया है. 30 जनवरी को भिलाई महिला थाने में एफआईआर दर्ज होने के बाद दोनों आरोपी फरार हो गए थे. अब 13 दिन बाद उन्होंने सरेंडर किया है. पुलिस ने इस मामले में शिकायत के आधार पर 6 लोगों के खिलाफ नामजद एफआईआर दर्ज की थी. क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर

Feb 14, 2026 09:24 (IST)

दल्लीराजहरा नगर पालिका प्रभारी सीएमओ सस्पेंड

बालोद जिले के दल्लीराजहरा नगर पालिका के प्रभारी CMO भूपेंद्र वाडेकर को निलंबित कर दिया गया है. . वित्तीय वर्ष 2025-26 की समीक्षा में राजस्व वसूली में गंभीर लापरवाही और लक्ष्य से पिछड़ने का पता चलने पर यह कार्रवाई की गई है. प्रॉपर्टी टैक्स मैनेजमेंट सिस्टम में बेहद कम प्रविष्टि पाई गई. नगरीय प्रशासन विभाग ने 10 फरवरी को निलंबन आदेश जारी किया था. अब कलेक्टर ने तहसीलदार डौंडी देवेंद्र नेताम को CMO का प्रभार सौंप दिया है. आगामी आदेश तक नेताम ही दल्लीराजहरा नगर पालिका की जिम्मेदारी संभालेंगे.

Feb 14, 2026 09:23 (IST)

Three Friend Death in Bike Accident Balod: बाइक सवार तीन दोस्तों की मौत, बालोद में ट्रक में जा घुसी थी बाइक

Chhattisgarh Hindi News: छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में दल्लीराजहरा मुख्य मार्ग पर शुक्रवार रात करीब 9 बजे एक भीषण सड़क हादसे (Road Accident) में तीन युवकों की मौत हो गई. घटना जमही टोल प्लाजा के पास हुई, जहां सड़क किनारे खड़ी एक ट्रक के पीछे बाइक सवार युवक जा टकराए. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि तीनों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया. मृतकों की पहचान विनोद हल्बा, प्रशांत हल्बा और हरीश हल्बा के रूप में हुई है. पुलिस के अनुसार, तीनों युवक गुजरा गांव के निवासी थे और बाइक से कुसुमकसा से वापस अपने गांव लौट रहे थे.

Feb 14, 2026 09:06 (IST)

Tikamgarh Hindi News: टीकमगढ़ में मकान के ऊपर लगी आग

MP Hindi News: मध्य प्रदेश के टीकमगढ़ (Tikamgarh House Fire) जिले में शहर के चकरा तिराहे पर एक मकान में ऊपर आग लगने सें अफरातफरी मच गई और लोग भयभीत हो गए. यह घटना शुक्रवार रात 12 बजे की बताई जा रही है. आग का कारण अभी स्पष्ट नहीं हुआ है, लेकिन लोगों का कहना है कि आतिशबाजी की वजह से आग लगी है. लोगों का कहना है कि यहां कल बारात भी निकली थी तो आतिशबाजी हुई थी.

Feb 14, 2026 08:06 (IST)

Online Satta in Raipur रायपुर में ऑनलाइन सट्टा खिलाने वाले दो सटोरिये गिरफ्तार

Online Betting on Cricket: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में ऑनलाइन सट्टा संचालित करने वाले दो सटोरियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है. पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर लालपुर ओव्हरब्रीज के पास दोनों को पकड़ा है. सटोरियों की पहचान विशाल धामेचा और सौरभ पिंजवानी के रूप में हुई है. जांच में पता चला कि ऑनलाइन बैटिंग साइट्स All Panel Exchange के जरिए से आईडी बनाकर ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा खिलाया जाता था. पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर बैकवर्ड फॉरवर्ड लिंक का पता लगा रही है. उनके पास से 2 मोबाइल, 10,000 रुपये कैश और बाइक कीमत लगभग 1,70,000 रुपये जब्त की गई है.

Feb 14, 2026 07:55 (IST)

Madhya Pradesh Hindi News: सीहोर में बाबू ने दोस्तों के खाते में डाल दिए सरकार के 63,58,894 रुपये

Sehore News: सीहोर जिले में जरूरतमंद, किसान, गरीब और पात्र हितग्राहियों को मिलने वाली आपदा राहत राशि अफसर और बाबू डकार रहे हैं, जबकि पीड़ित दफ्तरों के चक्कर लगाने को मजबूर हैं. ऐसा ही एक मामला जिले की इछावर तहसील कार्यालय में सामने आया है, जहां एक बाबू ने किसानों को मिलने वाली आपदा राहत राशि अपने और सहयोगियों के खातों में डाल ली. जांच के बाद कलेक्टर बालागुरु के. ने बाबू पर सख्त कार्रवाई की. कलेक्टर ने इछावर तहसील कार्यालय में पदस्थ सहायक वर्ग-03 (लिपिक) सुशील कुमार रायकवार को शासकीय सेवा से बर्खास्त कर दिया है. विभागीय जांच में 63,58,894 रुपये के दुरुपयोग की पुष्टि होने पर यह कार्रवाई की गई. क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर

Feb 14, 2026 07:40 (IST)

CG Naxal Bijapur: बीजापुर में सुरक्षाबलों को मिली नक्सल सामग्री और IED बम

Chhattisgarh Anti Naxal Operation: छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में सुरक्षाबलों ने उसूर थाना क्षेत्र के ताड़पाला हिल्स एरिया में नक्सल विरोधी अभियान के दौरान बड़ी मात्रा में माओवादी सामग्री मिली है. सुरक्षाबलों ने दो अलग-अलग स्थानों से विस्फोटक सामग्री, राशन और अन्य सामान मिला है. इसमें 13 डेटोनेटर , 11 किलो गन पावडर, 4 प्लास्टिक ड्रम, 2 स्टील ड्रम, 2 लोहे का ड्रम, माओवादी वर्दी, जूते, कैप, डोरी, यूएसबी केबल, सोलर प्लेट एवं अन्य माओवादी साहित्य शामिल हैं.

मौके से 13 बीयर बोतल के आईईडी (IED) बम, एक डायरेक्शन आईईडी (लोहे के पाइप में बना) भी मिला. इन्हें मौके पर ही नष्ट कर दिया. अभियान के दौरान सुरक्षाबलों नेटेकमेटला कुंजामपारा क्षेत्र में निर्मित माओवादी स्मारक को भी ध्वस्त कर दिया.

Feb 14, 2026 07:26 (IST)

Chhattisgarh Weather News: छत्तीसगढ़ का मौसम अपडेट

CG Weather Update: छत्तीसगढ़ में अगले 7 दिनों में अधिकतम व न्यूनतम तापमान में परिवर्तन की संभावना नहीं है. प्रदेश में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है. रायपुर में अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमशः 33 डिग्री सेल्सियस और 18 डिग्री रहने की संभावना है. प्रदेश में शुक्रवार को सर्वाधिक अधिकतम तापमान 32.5 डिग्री सेल्सियस रायपुर में तथा सबसे कम न्यूनतम तापमान 9°C अंबिकापुर में दर्ज किया गया.

Feb 14, 2026 06:45 (IST)

Old Man Death in Bee Attack: मधुमक्खी के हमले में बुजुर्ग की मौत

Bee Attack in Dhamtari Chhattisgarh: छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले के भखारा थाना क्षेत्र में जुगदेही गांव में मधुमक्खी के हमले से एक बुजुर्ग की मौत हो गई, जबकि दो लोग घायल हो गए. मृतक की पहचान बुजुर्ग मोहन साहू के रूप में हुई है, जो कोपरा गांव से शादी में शामिल होने के लिए जुगदेही गांव आए थे. उनपर कानामुका के पास हजारों की संख्या में मधुमक्खियां ने हमला किया था. वहीं, इस घटना में कोटवार और उसका बच्चा घायल हो गया है. पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है. Chhattisgarh Hindi News

Feb 14, 2026 06:32 (IST)

MP Weather Forecast: मध्य प्रदेश का मौसम कैसा रहेगा?

Madhya Pradesh Temperature: मध्य प्रदेश में फरवरी के दूसरा सप्ताह में मौसम अचानक बदल गया. दिन में अब धूप की तपिश दिखने लगी है. कई जिलों में तापमान 30 डिग्री के पार पहुंच गया है. हालांकि, सुबह और शाम अभी ठंड है. मौसम विभाग के अनुसार, अभी ठंड की विदाई में समय है. हिमालयी क्षेत्रों में पश्चिमी विक्षोभ के एक्टिव होने के चलते एमपी में तापमान में गिरावट देखने को मिल सकती है. इसका असर भी अब देखने को मिल रहा है. राज्य के कई जिलों में बादलों की आवाजाही देखने को मिल रही है. ग्वालियर, इंदौर और भोपाल समेत ज्यादातर शहरों में अधिकतम तापमान आज यानी गुरुवार को 30 डिग्री से ऊपर रहने की संभावना है.

Feb 14, 2026 06:18 (IST)

Madhya Pradesh IAS Transfer: एमपी में देर रात IAS अफसरों का ट्रांसफर

IAS Transferred in MP: मध्य प्रदेश में देर रात 11 आईएएस अफसरों का ट्रांसफर हो गया. इनमें आईएएस मनीष सिंह को नया आयुक्त जनसंपर्क बनाया है. वहीं, दीपक सक्सेना आबकारी आयुक्त बनाए गए हैं. वहीं, संदीप यादव को वन विभाग के प्रमुख सचिव की जिम्मेदारी दी गई है. स्वास्थ्य का जिम्मा ACS अशोक बरनवाल को मिला है. अभिजीत अग्रवाल Markfed के प्रबंध संचालक होंगे और उमाशंकर भार्गव को राजभवन से वापस बुलाकर कृषि वर्ष में अहम जिम्मेदारी सौंपी है. इनके अलावा अजय गुप्ता को जबलपुर विद्युत कंपनी को नया MD बनाया गया है. क्लिक कर पढ़ें खबर