MP News in Hindi: मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले में एक बार फिर हर्ष फायर का मामला सामने आया है. बारात के दौरान दूल्हा ने घोड़ी पर बैठकर खुद फायर किया, जो कैमरे में रिकॉर्ड हो गया है. इतना ही नहीं, कार की छत पर चढ़कर बारात में शामिल कुछ अन्य लोग भी इसी तरह का हर्ष फायर करते हुए नजर आए. दूल्हे के बाजू में खड़े एक शख्स ने रिवॉल्वर निकाली और फिर दनादन फायरिंग कर दी. इसका वीडियो वायरल होने के पुलिस ने संज्ञान लिया और अज्ञात दूल्हे सहित दोस्तों, रिश्तेदारों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू की है.
पुलिस के अनुसार, शहर कोतवाली थाना क्षेत्र स्थित होटल उदय विलास में गुरुवार रात आयोजित एक शादी समारोह के दौरान हर्ष फायरिंग का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने कार्रवाई की है. वीडियो में दूल्हा सहित तीन लोग खुलेआम हथियारों से फायरिंग करते हुए दिखाई दे रहे हैं. मामले में पुलिस ने अज्ञात दूल्हा सहित तीन लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है.
एक बार अटक गई थी गोली
वीडियो में यह भी दिखाई दे रहा है कि दूल्हा जिस बंदूक से फायर कर रहा था, वह एक बार फायर होने से पहले अटक गई थी. ऐसे में गोली किसी भी दिशा में चल सकती थी और बड़ा हादसा हो सकता था. वीडियो वायरल होने के बाद कोतवाली पुलिस ने संज्ञान लेते हुए फरियादी शैलेन्द्र गोरख की शिकायत पर अज्ञात दूल्हा सहित तीन अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है.
पुलिस का कहना है कि वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
ये भी- मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ की आज की ताजा खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें