1 month ago

Madhya Pradesh-Chhattisgarh Hindi News Live: मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ से हर दिन कई खबरें सामने आती है, जो चर्चा का विषय बन जाती हैं. दोनों राज्यों से जुड़ी खबरें आप यहीं पढ़ सकते हैं. महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार का प्लेन बारामती में क्रैश हो गया था, जिसमें उनकी जान चली गई. उनके निधन पर मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्रियों ने शोक व्यक्त किया है. बता दें कि मध्य प्रदेश हाईकोर्ट ने इंदौर के भागीरथपुरा क्षेत्र में दूषित पेयजल के कारण फैले उल्टी-दस्त के प्रकोप में कई लोगों की मौत के मामले में मंगलवार को न्यायिक जांच का आदेश दिया है. इसके अलावा छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने मुख्यमंत्री निवास कार्यालय में गौमाता पर बनी पहली फिल्म-'गोदान' का ‘ट्रेलर लॉन्च' किया. अगर आप ही एक ही क्लिक कर पर एमपी और छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ना चाहते हैं तो इसी लिंक से जान सकते हैं.

महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम की प्लेन क्रैश में मौत (Maharashtra Deputy CM)

महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार (Ajit Pawar Plane Crash) की बुधवार सुबह प्लेन क्रैश में हो गई. उनका चार्टर प्लेन बारामती एयरपोर्ट लैंडिंग करते समय क्रैश हो गया. इस दौरान प्लेन में सवार सभी पांच लोगों की मौत हो गई.

इंदौर पानी त्रासदी की होगी न्यायिक जांच (Indore Contaminated Water Death)

राज्य सरकार की ओर से मंगलवार को हाईकोर्ट में भागीरथपुरा (Bhagirathpura) के कुल 23 मृतकों के 'डेथ ऑडिट' की रिपोर्ट पेश की गई, जिसमें संभावना जताई कि इनमें से 16 लोगों की मौत का संबंध दूषित पेयजल के कारण फैले उल्टी-दस्त के प्रकोप से हो सकता है. अदालत ने कहा कि ‘एक स्वतंत्र और विश्वसनीय प्राधिकरण' द्वारा इस मामले की 'तुरंत न्यायिक जांच' किए जाने की आवश्यकता है.

Jan 28, 2026 21:10 (IST)

Road Accident: सागर में भीषण सड़क हादसा, दो बाइकों की टक्कर में 2 की मौत

सागर में भीषण सड़क हादसा हो गया. इस हादसे में 2 की मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल है. बता दें कि यहां दो बाइकों की आपस में टक्कर हो गई. सूचना के बाद मौके पर पहुंची डायल 112 से घायल युवक को अस्पताल भेजा गया.वहीं पुलिस ने शवों का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. यह हादसा सागर-रहली मार्ग पर ग्राम कड़ता और बरोदा के बीच हुआ है. 

Jan 28, 2026 20:15 (IST)

Madhya Pradesh Live: बृजेंद्र सिंह ने छठवीं बार लिया अधिवक्ता संघ अध्यक्ष पद की शपथ

सीधी जिला अधिवक्ता संघ सीधी के नवनिर्वाचित पदाधिकारियों का शपथ ग्रहण समारोह आज  संपन्न हुआ. 

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि मध्य प्रदेश विधानसभा में पूर्व नेता प्रतिपक्ष तथा चुरहट के वरिष्ठ विधायक अजय सिंह राहुल और अध्यक्षता जिला न्यायालय के प्रधान न्यायाधीश पी एल दिनकर ने की.

अजय सिंह राहुल  ने कहा कि अधिवक्तागण न्याय दान के साथ-साथ देश व समाज की भी उत्कृष्ट सेवा करेंगे. शपथ ग्रहण करने वाले  पदाधिकारियों में अध्यक्ष बृजेंद्र सिंह बघेल,उपाध्यक्ष युनुस सिद्दीकी सह सचिव प्रदीप सिंह चौहान, कोषाध्यक्ष रोहिणी पटेल, पुस्तकाध्यक्ष भारत भूषण सहित कार्यकारिणी सदस्य पुष्पेंद्र सिंह चौहान, विद्याकांत मिश्रा, विष्णु बहादुर सिंह शामिल थे.

Advertisement
Jan 28, 2026 20:10 (IST)

Madhya Pradesh News: प्रमोद अहिरवार की गिरफ्तारी को लेकर सड़कों पर उतरी भीम आर्मी

निवाड़ी में आज भीम आर्मी आजाद समाज पार्टी ने जिलाध्यक्ष प्रमोद अहिरवार की गिरफ्तारी के विरोध में जोरदार प्रदर्शन किया.  नगर के बड़ी माता मंदिर के पास सुबह से आमसभा की. इसके बाद अंबेडकर चौराहे तक जुलूस के रूप में पहुंचे. उसके बाद 90 कार्यकर्ताओं ने गिरफ्तारियां दी. उनका आरोप है कि अमरपाल सिंह की हत्या के मामले में प्रमोद को राजनीतिक दबाव में फंसाया गया है और पूरी एफआईआर बिना उचित जांच के दर्ज की गई.

Jan 28, 2026 20:09 (IST)

Madhya Pradesh News Live: आसमान से गिरा संदिग्ध यंत्र, मरखंडी गांव में मचा हड़कंप

रायसेन जिले के थाना सुल्तानगंज अंतर्गत ग्राम मरखंडी में उस समय हड़कंप मच गया, जब गांव के पास खुले क्षेत्र में आसमान से गिरा एक संदिग्ध इलेक्ट्रॉनिक यंत्र मिला. यंत्र को देखकर ग्रामीणों में दहशत फैल गई, जिसके बाद तुरंत डायल-100 पर सूचना दी गई.

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और क्षेत्र को सुरक्षित करते हुए यंत्र को कब्जे में लिया. थाना प्रभारी श्यामराज सिंह राजपूत ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह कोई विस्फोटक नहीं बल्कि मौसम विज्ञान में उपयोग होने वाला रेडियोसॉन्ड पाया गया है. बताया जा रहा है कि यह मलेशिया मौसम विभाग से संबंधित है, जो तेज हवाओं के कारण भटककर यहां गिरा. पुलिस ने यंत्र को सुरक्षित रख लिया है और ग्रामीणों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध वस्तु को न छुएं और तुरंत पुलिस को सूचना दें.

Jan 28, 2026 20:07 (IST)

Chhattiagrh News Live: एंटी करप्शन ब्यूरो के रिश्वत मामला: राजस्व निरीक्षक को 4 साल का कठोर कारावास, 5 हजार रुपये जुर्माना

एंटी करप्शन ब्यूरो के राजस्व निरीक्षक के रिश्वत मामले में विशेष न्यायालय ने राजस्व निरीक्षक को दोषी करार देते हुए 4 वर्ष के कठोर कारावास एवं 5,000 रुपये के अर्थदंड से दंडित किया है. यह फैसला भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत दर्ज प्रकरण में सुनाया गया.

एसीबी ने 17 जुलाई 2020 को  अम्बिकापुर निवासी अर्चना खाखा ने उप पुलिस अधीक्षक, एंटी करप्शन ब्यूरो को शिकायत दर्ज कराई थी. शिकायत में बताया गया कि वर्ष 2018 में उनके पति राकेश खाखा ने सरगुजा जिले में स्थित भूमि का क्रय कर रजिस्ट्री कराई थी. भूमि का नक्शा काटने एवं रिकॉर्ड दुरुस्त करने के एवज में राजस्व निरीक्षक राजबहादुर सिंह द्वारा 10 हजार रुपये रिश्वत की मांग की जा रही थी.

प्रार्थिया रिश्वत नहीं देना चाहती थी और आरोपी को रंगे हाथ पकड़वाना चाहती थी. शिकायत का सत्यापन कराया गया, जिसमें आरोपी द्वारा रिश्वत की मांग की पुष्टि हुई. इसके बाद 7 अगस्त 2020 को एंटी करप्शन ब्यूरो की टीम ने ट्रैप कार्रवाई की. इस दौरान आरोपी राजस्व निरीक्षक राजबहादुर सिंह को प्रार्थिया से 8,000 रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ पकड़ा गया.

Jan 28, 2026 19:09 (IST)

Madhya Pradesh Live News: भोपाल, इंदौर, उज्जैन, ग्वालियर संभाग में छाए रहेंगे बादल, कुछ इलाकों में हल्की बारिश के आसार

मध्य प्रदेश के कई जिलों में मौसम ने करवट ली है. यह पश्चिमी विक्षोभ का असर है. मौसम विभाग के मुताबिक, भोपाल, इंदौर, उज्जैन, ग्वालियर संभाग में बादल छाए रहेंगे तो कुछ इलाकों में हल्की बारिश और बूंदाबांदी के आसार हैं. 

बता दें कि ओलावृष्टि की आशंका से किसानों की चिंता बढ़ा दी हैं. यहां न्यूनतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक का गिरावट दर्ज किया गया है. वहीं ठंडी हवाओं से सुबह-शाम ठिठुरन बढ़ गई है. 

इस बीच मौसम विभाग ने अलर्ट जारी किया है. मौसम विभाग के मुताबिक,  अगले 24 से 48 घंटे अहम रहेगा. 

Advertisement
Jan 28, 2026 19:04 (IST)

Chhattisgarh News: रायपुर एयरपोर्ट पर कोकीन के साथ एक पैसेंजर हिरासत में, DRI की टीम ने धर दबोचा

डायरेक्टरेट ऑफ रेवेन्यू इंटेलिजेंस DRI की बड़ी कार्रवाई की है. रायपुर एयरपोर्ट पर कोकीन के साथ एक पैसेंजर हिरासत में लिया गया. आरोपी नाइजीरियन मूल का युवक है. जानकारी के मुताबिक, 270 ग्राम कोकीन बरामद किया गया है. आरोपी दिल्ली की इंडिगो फ्लाइट से रायपुर आया था.  बता दें कि DRI की टीम ने एयरपोर्ट के अंदर दबोचा.

गिरफ्तार यात्री को DRI ऑफिस ले जाया गया. आरोपी युवक से फॉरवर्ड बैकवर्ड लिंकेज तलाशने के लिए पूछताछ जारी. 

Jan 28, 2026 17:21 (IST)

Madhya Pradesh News: ग्वालियर की रहने वाली थी अजित पवार की लेडी को पायलट शांभवी पाठक, दादी मीरा पाठक को मौत से 1 घंटे पहले की थी मैसेज

बारामती के विमान हादसे में महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार का निधन हो गया. इस हादसे में चार और लोगों की भी मौत हो गई, जिसमें ग्वालियर की रहने वाली को-पायलट शांभवी पाठक भी थी. 

संभवी के पिता विक्रम पाठक फाइटर प्लेन मिराज के स्काडेन लीडर हैं, जो दिल्ली मे रहते है.संभवी की पढ़ाई ग्वालियर  एयरफोर्स विद्या भारती स्कूल से की. संभवी ने आज सुबह अपनी बुजुर्ग दादी  मीरा पाठक  क़ो हैलो मैसेज किया और उसके कुछ घंटे बाद ही उसकी मौत हो गई. बता दें कि संभवी की  दादी  मीरा पाठक का रो रोकर बुरा हाल है. 

Advertisement
Jan 28, 2026 16:28 (IST)

Madhya Pradesh News Live: नागौद मंडल अध्यक्ष की गुंडागर्दी: युवती के साथ देर रात की मारपीट, CCTV फुटेज वायरल

सतना जिले के नागौद थाना क्षेत्र से सत्ता के रसूख से जुड़ा एक सनसनीखेज मामला सामने आया है. आरोप है कि नागौद के मंडल अध्यक्ष पुलकित टंडन ने देर रात गुंडागर्दी करते हुए एक युवती के घर में घुसकर उसके साथ और उसकी मां के साथ बेरहमी से मारपीट की. घटना के बाद घायल मां-बेटी को उपचार के लिए अस्पताल ले जाना पड़ा. 

पीड़ित महिलाओं का आरोप है कि मंडल अध्यक्ष अपने समर्थकों के साथ रात के समय जबरन घर में घुसा और बिना किसी उकसावे के गाली-गलौज करते हुए मारपीट की. हमले में मां-बेटी को गंभीर चोटें आई हैं. घटना के बाद दोनों महिलाएं न्याय की गुहार लगाते हुए नागौद थाने पहुंचीं और शिकायत दर्ज कराने की कोशिश की. मामले ने तब और तूल पकड़ लिया जब मारपीट का सीसीटीवी फुटेज सोशल मीडिया पर वायरल हो गया. 

वायरल वीडियो में मारपीट और धक्का-मुक्की साफ दिखाई दे रही है. जिससे पीड़ितों के आरोपों को बल मिल रहा है. वहीं पीड़ित पक्ष का यह भी आरोप है कि अब उन पर एफआईआर दर्ज न कराने का दबाव बनाया जा रहा है, ताकि मामला दबाया जा सके.

Jan 28, 2026 15:54 (IST)

Madhya Pradesh Live News: तीन थाना क्षेत्रों में अवैध मादक पदार्थ के खिलाफ कार्रवाई, लाखों रुपये का अवैध मादक पदार्थ के साथ 4 आरोपी गिरफ्तार

मध्य प्रदेश के इंदौर में अवैध मादक पदार्थ के ख़िलाफ़ लगातार पुलिस कार्रवाई कर रही है इसी कड़ी में इंदौर पुलिस ने तीन थाना क्षेत्रों में कार्रवाई करते हुए लाखों रुपये की MD ड्रग्स और ब्राउन शुगर बरामद कर 4 आरोपियों को गिरफ़्तार किया है.

पहला मामला इंदौर के कनाड़िया थाना क्षेत्र का है जहाँ पुलिस द्वारा एक युवक को पकड़ा गया जिसने अपना नाम मनोरंजन बताया. उसकी तलाशी लेने पर उसके पास से 5 ग्राम से अधिक MD ड्रग्स बरामद की गई. वहीं दूसरी कार्रवाई छोटी ग्वालटोली क्षेत्र में की गई जहाँ 2 युवक समीर और एक अन्य को पकड़ा, इनके पास से 14 ग्राम से अधिक ब्राउन शुगर बरामद की है. वहीं तीसरी कार्रवाई MG रोड पुलिस द्वारा की गई जो है जहाँ एक मनीष नाम के युवक को पकड़ा है जिसके पास दस ग्राम से अधिक ब्राउन शुगर बरामद की है.

Jan 28, 2026 15:51 (IST)

Chhattisgarh News Live: कोयला घोटाला मामला, सौम्या चौरसिया, रानू साहू, सूर्यकांत तिवारी समेत सभी आरोपियों को मिली रेगुलर जमानत

कोयला घोटाला मामला के आरोपियों को रेग्युलर जमानत मिली. सौम्या चौरसिया, रानू साहू, सूर्यकांत तिवारी समेत सभी आरोपियों को रेगुलर जमानत मिली. रेग्युलर जमानत सर्वोच न्यायालय से मिली. चीफ जस्टिस सूर्यकांत और जस्टिस जयमाला बग़ाची की कोर्ट से जमानत मिली.

बता दें कि सौम्या रानू और सूर्यकांत अंतरिम जमानत पर बाहर थे. साथ ही राज्य से बाहर रहने के आदेश भी दिए गए हैं. 

अभियुक्तों की तरफ़ से वरिष्ठ अधिवक्ता सिद्धार्थ दवे, हर्षवर्धन परघनीया, शशांक मिश्रा तुषार, गिरी मुक्त गुप्ता ने पैरवी की. राज्य शासन की तरफ से वरिष्ठ अधिवक्ता महेश जेठमलानी और राज्य के अतिरिक्त महाधिवक्ता रवि शर्मा ने पैरवी की.

Jan 28, 2026 15:37 (IST)

Madhya Pradesh News Live: मंदसौर के एक ट्रैफिक जवान का वीडियो अनोखी पहल देख लोग कर रहे हैं तारीफ

मध्य प्रदेश के मंदसौर के एक ट्रैफिक जवान का वीडियो इन दिनों सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें वो बिना हेलमेट के मोटरसाइकिल चलाने वाले मोटरसाइकिल सवार को हेलमेट लगाने की समझाइश दे रहा है.उनका समझाइश देने का तरीका अनोखा है. आरक्षक नरेंद्र सगोरे गाना गाकर बिना हेलमेट जाने वाले मोटरसाइकिल सवार को हेलमेट लगाने के लिए सलाह  दे रहे हैं. यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. लोग इस वीडियो देखकर जवान की काफी सराहना कर रहे हैं.

Jan 28, 2026 15:01 (IST)

Khandwa Gold Loot Case: खंडवा में लूट का आधा किलो सोना बरामद

मध्य प्रदेश के खंडवा (Khandwa News) में लगभग 20 दिन पहले एक सोने चांदी के व्यापारी को लूटने वाले तीन आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है. तीन अन्य लोग फरार हैं, जिनकी तलाश जारी है. पुलिस  ने इनके पास से लगभग आधा किलो सोना, एक लाख रु नकद और बंदूक जब्त की है. तीनों आरोपी झाबुआ की कुख्यात गैंग के सदस्य बताए जाते हैं. यह सभी कुख्यात अपराधी हैं और इसी तरह की लूट के कई अपराध मध्य प्रदेश, गुजरात और महाराष्ट्र में दर्ज हैं.

Jan 28, 2026 14:52 (IST)

Ujjain Farmer Commits Suicide: ओलावृष्टि से फसल बर्बाद हुई तो किसान ने लगाई फांसी

मध्य प्रदेश के उज्जैन स्थित तराना में ओलावृष्टि से फसल बर्बाद (Crops Destroyed in Hailstorm.) होने पर एक किसान ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. मौत से पहले किसान ने अपनी बर्बाद फसल के वीडियो दर्द भरे गीत के साथ सोशल मीडिया पर डालकर रिश्तेदार से बात की थी. मामले में विधायक महेश परमार ने किसान के परिवार को 50 लाख रुपये मुआवजे की मांग की है.

ये भी पढ़ें: MP News: उज्जैन में ओलावृष्टि से फसल खराब, किसान ने दी जान, दो दिन पहले हुई थी बहन की सगाई 

Jan 28, 2026 14:45 (IST)

Indore Contaminated Water Death: इंदौर में उल्टी-दस्त की शिकायत बाद तोड़ा दम

इंदौर में दूषित पेयजल से मंगलवार देर रात एक और पीड़ित की मौत हो गई. दावा है कि दूषित पानी पीने से मरने वालों की संख्या बढ़कर अब 29 हो गई है. मृतक खूबचंद को उल्टी-दस्त की शिकायत के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया था और उपचार के दौरान बीती रात उसकी मौत हुई.

Jan 28, 2026 14:35 (IST)

Chhattisgarh Constable Bharti: छत्तीसगढ़ आरक्षक भर्ती पर हाईकोर्ट का ब्रेक

Constable Recruitment: छत्तीसगढ़ में चल रही 6,000 आरक्षकों की बहुप्रतीक्षित भर्ती प्रक्रिया को लेकर अब बड़ा न्यायिक हस्तक्षेप सामने आया है. हाईकोर्ट (Chhattisgarh High Court) ने राज्य सरकार को नई नियुक्तियों पर तत्काल रोक लगाने के निर्देश दिए हैं. हाईकोर्ट के जस्टिस पीपी साहू की एकलपीठ ने स्पष्ट किया कि अगली सुनवाई या अंतिम निर्णय तक कोई भी नया जॉइनिंग लेटर जारी नहीं किया जाएगा. राज्य सरकार की ओर से कोर्ट को बताया गया कि अब तक करीब 2500 चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र बांटे जा चुके हैं. हालांकि, कोर्ट ने आगे की प्रक्रिया को फिलहाल स्थगित कर दिया है और शासन से दो सप्ताह के भीतर जवाब मांगा है, मामले की अगली सुनवाई 23 फरवरी को तय की गई है.

Jan 28, 2026 14:27 (IST)

Shahdol Tractor Driver Death: शहडोल में ट्रैक्टर से दबकर मौत

मध्य प्रदेश के शहडोल जिले में टैक्टर पलटने से चालक की दबकर मौत हो गई. ये घटना बुढ़ार थाना क्षेत्र के मरजाद गांव की बताई जा रही है. ट्रैक्टर कसेड नाला से रेत लेकर गांव जा रहा था, जो एक जगह फंस गया. निकालने के चक्कर में ट्रैक्टर पलट गया और चालक उसमें दब गया. इससे उसकी मौत हो गई. वाहन मालिक हादसे के बाद शव को बुढ़ार अस्पताल में छोड़कर फरार हो गया है.

Jan 28, 2026 14:22 (IST)

Bulldozer Run Illegal Shop: सीहोर में अतिक्रमण पर चला बुलडोजर

मध्य प्रदेश के सीहोर जिले में बुधवार को इछावर में अतिक्रमण विरोधी अभियान शुरू किया गया. इस दौरान चार थानों का पुलिस बल तैनात किया गया. राजस्व और नगरपालिका विभाग की संयुक्त टीम ने मिलकर कार्रवाई की है. नगरपालिका ने कुछ दिन पहले 12 लोगों को अतिक्रमण (Encroachment) हटाने का नोटिस जारी किए थे, लेकिन यहां से दुकानदारों ने गुमटियां नहीं हटाईं. इसके बाद आज यह कार्रवाई शुरू की गई.

Jan 28, 2026 13:23 (IST)

Raisen iintkhedi Village Mini Kerala: मध्य प्रदेश में बसा 'मिनी केरल'

पक्की सड़कें, चारों ओर हरियाली, फलदार वृक्षों से घिरे घर, कोयल की कूक और चिड़ियों की चहचहाहट शिक्षित समाज यह दृश्य केरल के किसी गांव का नहीं, बल्कि मध्य प्रदेश में रायसेन जिले के सुदूर ग्राम ईंटखेड़ी का है. इसे मिनी केरल (Mini Kerala) भी कहा जाता है.

Jan 28, 2026 13:09 (IST)

Bomb Threat to Districts Court: छत्तीसगढ़ में कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी

छत्तीसगढ़ में बुधवार को तीन जिला कोर्ट को बम (Court Bomb Threat) से उड़ाने की धमकी मिली है. राजनांदगांव (Rajnandgaon Court), जगदलपुर कोर्ट (Jagdalpur Court) और अंबिकापुर जिला न्यायालय (Ambikapur District Court) को यह धमकी दी गई है. सूचना मिलते ही मौके पर पुलिस पहुंच गई है और तीनों कोर्ट परिसर में बम निरोधक दस्ता जांच कर रहा है. तीनों कोर्ट को धमकी भरा ईमेल प्राप्त हुआ है. पुलिस ने सुरक्षा भी बढ़ा दी है. इससे पहले भी कोर्ट को बम की धमकी का ईमेल आ चुका है.

Jan 28, 2026 11:44 (IST)

Maharashtra Deputy CM Plane Crash: कहां से कहां जा रहा था विमान?

  1. अजित पवार को आज बारामती में राजनीतिक कार्यक्रमों में शामिल होना था.
  2. सुबह 7:00 बजे विमान ने मुंबई से उड़ान भरी थी.
  3. 7:40 बजे बारामती में इसकी शेड्यूल लैंडिंग थी, लेकिन लैंडिंग के दौरान नियंत्रण बिगड़ने से विमान रनवे पर सुबह 8:45 बजे दुर्घटनाग्रस्त हो गया.

Jan 28, 2026 11:34 (IST)

Baramati Plane Crash: अनिल देशमुख हुए भावुक

NCP-SCP नेता व महाराष्ट्र के पूर्व गृह मंत्री अनिल देशमुख महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार के निधन की खबर सुनकर भावुक हो गए. वह नागपुर में मीडिया के सामने थे, लेकिन उनके पास शब्द नहीं थे.

Jan 28, 2026 11:14 (IST)

Chhattisgarh CM Vishnu Deo Sai: छत्तीसगढ़ के सीएम ने शोक व्यक्त किया

छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम अजित पवार के निधन पर शोक व्यक्त किया है. उन्होंने एक्स पर लिखा, महाराष्ट्र के बारामती में हुए विमान दुर्घटना में महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार जी समेत अन्य लोगों के आकस्मिक निधन का समाचार अत्यंत दुखद एवं हृदयविदारक है. अजित पवार का सम्पूर्ण जीवन कृषक कल्याण, जनसेवा और देश के विकास के लिए समर्पित रहा. उनका असमय देहावसान न केवल उनके परिजनों एवं समर्थकों के लिए, बल्कि महाराष्ट्र की राजनीति के लिए अपूरणीय क्षति है.

सभी दिवंगत आत्माओं को श्रद्धांजलि. प्रभु श्री राम से प्रार्थना है कि दिवंगत पुण्यात्माओं को अपने श्री चरणों में स्थान दें तथा शोकाकुल परिजनों को इस असीम दुख को सहन करने की अद्भुत शक्ति प्रदान करें.

Jan 28, 2026 11:14 (IST)

Madhya Pradesh CM Mohan Yadav: सीएम मोहन यादव ने जताया दुख

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने एक्स पर लिखा, महाराष्ट्र के माननीय उपमुख्यमंत्री अजीत पवार गरीबों, वंचितों और पिछड़ों की सेवा में सदैव समर्पित रहे. महाराष्ट्र के विकास में उनका अमूल्य योगदान रहा। वे जमीन से जुड़े नेता थे. उनके असामयिक निधन पर मैं श्रद्धांजलि व्यक्त करता हूं. बाबा महाकाल से प्रार्थना करता हूं कि उन्हें अपने श्रीचरणों में स्थान तथा शोकाकुल परिजनों को यह कष्ट सहने की शक्ति दें.

Jan 28, 2026 11:10 (IST)

Congress Priyanka Gandhi: कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी ने शोक व्यक्त किया

कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी ने एक्स पर लिखा, महाराष्ट्र में हुई भयानक विमान दुर्घटना में उपमुख्यमंत्री अजीत पवार एवं अन्य लोगों के निधन का समाचार अत्यंत दुखद है. ईश्वर दिवंगत आत्माओं को शांति प्रदान करें. आदरणीय शरद पवार जी, सुप्रिया सुले जी और उनके समस्त परिवार एवं आदरणीय अजीत पवार जी के समर्थकों के प्रति गहरी संवेदनाएं.

Jan 28, 2026 10:48 (IST)

Baramati Crash Landing: पीएम मोदी ने अजित पवार को बताया जमीन से जुड़ा नेता

पीएम नरेंद्र मोदी ने महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम अजित पवार के निधन पर शोक जताया हैं. उन्होंने एक्स पर लिखा, अजीत पवार जनता के नेता थे, जिनका ज़मीनी स्तर पर मज़बूत जुड़ाव था. महाराष्ट्र के लोगों की सेवा करने में सबसे आगे रहने वाले एक मेहनती व्यक्तित्व के तौर पर उनका बहुत सम्मान किया जाता था. प्रशासनिक मामलों की उनकी समझ और गरीबों और वंचितों को सशक्त बनाने का उनका जुनून भी काबिले तारीफ था. उनका असमय निधन बहुत चौंकाने वाला और दुखद है. उनके परिवार और अनगिनत प्रशंसकों के प्रति संवेदनाएं.

Jan 28, 2026 10:43 (IST)

Rajnath Singh on Ajit Pawar Plane Crash: राजनाथ सिंह ने जताया दुख

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने अजित पवार के प्लेन क्रैश में निधन पर दुख जताया है. उन्होंने एक्स पर लिखा, "महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजीत पवार के असमय निधन के बारे में जानकर बहुत दुख हुआ. अपने लंबे सार्वजनिक जीवन में वह महाराष्ट्र के विकास और समृद्धि के लिए समर्पित रहे. वह लोगों के प्रति अपनी करुणा और सार्वजनिक सेवा के प्रति अपने अटूट समर्पण के लिए जाने जाते थे. मैं उनके परिवार, शुभचिंतकों और प्रशंसकों के प्रति अपनी हार्दिक संवेदना व्यक्त करता हूं."

Jan 28, 2026 10:20 (IST)

इन नेताओं की भी प्लेन क्रैश में जा चुकी है जान (Politicians Death in Plane Crash)

1. संजय गांधी: कांग्रेस नेता और तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी के बेटे संजय गांधी की 23 जून 1980 को एक हादसे में मौत हो गई थी. सफदरजंग एयरपोर्ट के पास दिल्ली फ्लाइंग क्लब के एक विमान में हवाई करतब दिखाते समय विमान का कंट्रोल खो गया और वह क्रैश हो गया.

2. माधवराव सिंधिया: कांग्रेस के वरिष्ठ नेता माधवराव सिंधिया की 30 सितंबर 2001 को कानपुर में एक पॉलिटिकल रैली में जाते समय प्लेन क्रैश में मौत हो गई थी.

3. जीएमसी बालयोगी: लोकसभा स्पीकर और तेलुगु देशम पार्टी के नेता जीएमसी बालयोगी की 3 मार्च 2002 को एक चॉपर क्रैश में मौत हो गई थी. पश्चिमी गोदावरी जिले के भीमावरम से उन्हें ले जा रहा एक प्राइवेट हेलीकॉप्टर आंध्र प्रदेश के कृष्णा जिले में कैकलूर के पास एक तालाब में गिर गया था.

4. वाईएस रेड्डी: आंध्र प्रदेश के तत्कालीन मुख्यमंत्री वाई.एस. राजशेखर रेड्डी की 2 सितंबर 2009 को मौत हो गई, जब खराब मौसम के कारण उनका बेल 430 हेलीकॉप्टर घने नल्लामाला जंगल में क्रैश हो गया.

5. विजय रूपाणी: पिछले साल 12 जून अहमदाबाद में एयर इंडिया का विमान क्रैश हो गया था. ये विमान अहमदाबाद से लंदन जा रहा था. टेकऑफ के कुछ मिनट बाद ही विमान क्रैश हो गया था. इस दुर्घटना में विमान में सवार 260 यात्रियों की मौत हो गई थी. विजय रूपाणी भी इस विमान में थे.

Jan 28, 2026 09:52 (IST)

Ajit Pawar Plane Crash: रनवे के पास हुआ प्लेन क्रैश

विमान हादसा तब हुआ, जब विमान बारामती एयरपोर्ट पर लैंड कर रहा था. लैंडिंग के दौरान विमान असंतुलित हो गया था. मृतकों के नाम अभी सामने नहीं आ पाए हैं. पुलिस और तकनीकी टीम हादसे के कारणों की जांच कर रही है.

Jan 28, 2026 09:28 (IST)

महाराष्ट्र में अजित पवार का विमान क्रैश (Maharashtra Deputy CM Ajit Pawar Plane Crash)

महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार के विमान की बारामती में बुधवार सुबह क्रैश लैंडिंग हुई. पीटीआई के अनुसार, विमान में 4-5 लोग सवार थे, जिसमें सभी की मौत हो गई. उपमुख्यमंत्री अजित पवार बुधवार को बारामती के दौरे पर थे, जहां उनकी चार महत्वपूर्ण प्रचार सभाएं आयोजित होनी थीं

Jan 28, 2026 08:58 (IST)

मध्य प्रदेश कांग्रेस की आज दिल्ली में बड़ी बैठक

मध्य प्रदेश कांग्रेस की आज दिल्ली में दोपहर 3 बजे बड़ी बैठक होने वाली है. कांग्रेस राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, राहुल गांधी, केसी वेणुगोपाल भी बैठक में शामिल होंगे. मध्य प्रदेश कांग्रेस से पीसीसी चीफ जीतू पटवारी, नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार, प्रदेश प्रभारी हरीश चौधरी बैठक में होंगे. दिग्विजय सिंह, कमलेश्वर पटेल, ओमकार सिंह मरकाम, डॉ विक्रांत भूरिया भी मौजूद रहेंगे. मध्य प्रदेश को लेकर राष्ट्रीय नेतृत्व एमपी के नेताओं से रिपोर्ट और संगठन के कामकाज का फीडबैक लिया जाएगा. मनरेगा, SIR और संगठन की मजबूती पर चर्चा होगी.

Jan 28, 2026 07:49 (IST)

रायपुर में छत्तीसगढ़ स्कूल शिक्षा मंत्री के बंगले पर प्रदर्शन

छत्तीसगढ़ के सहायक शिक्षक भर्ती 2023 से संबंधित डी.एल.एड (D.El.Ed.) योग्य अभ्यर्थियों ने बुधवार तड़के फिर से स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव के घर के बाहर धरना दिया है. अभ्यर्थी करीब 1 महीने से रायपुर के तूता धरना स्थल पर प्रदर्शन कर रहे हैं. इस दौरान अभ्यर्थी दूसरी बार गजेंद्र यादव के नया रायपुर स्थित बंगले पर पहुंच गए और शिक्षक भर्ती की मांग को लेकर को लेकर प्रदर्शन कर रहे हैं.

Jan 28, 2026 07:42 (IST)

छतरपुर जिले में अवैध गांजा बरामद, 2 तस्कर गिरफ्तार

छतरपुर जिले में सिविल लाइन थाना पुलिस ने मंगलवार रात बाइक पर सवार दो तस्करों को अवैध मादक गांजा के साथ गिरफ्तार किया है. पुलिस ने बाइक और 1.300 किलो गांजे को बरामद कर लिया है. उनके खिलाफ सिविल लाइन थाने में एफआईआर भी दर्ज की गई है. तस्कर सागर-कानपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर बड़ामलहरा की तरफ से आ रहे थे. पैट्रोलिंग के दौरान पुलिस ने जमुनिया पुल सागर रोड संदेह के आधार पर उन्हें रोका था.

Jan 28, 2026 07:08 (IST)

IPS अफसर ने मदरसे के छात्रों से कुरान के साथ-साथ गीता पढ़ने को कहा

मध्य प्रदेश के एक वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी ने यहां गणतंत्र दिवस के अवसर पर एक मदरसे के छात्रों को संबोधित करते हुए उनसे क़ुरान के साथ भगवद् गीता पढ़ने का आग्रह किया और कहा कि इससे उन्हें अपनी राह को “रौशन” करने में मदद मिलेगी. अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस (प्रशिक्षण) राजा बाबू सिंह ने वीडियो कॉन्फ्रेंस के जरिए सीहोर जिले के डोहरा गांव में स्थित मदरसे के छात्रों से बात की.

Jan 28, 2026 06:55 (IST)

प्रेम-विवाह के फरमान मामले में पुलिस की कार्रवाई

मध्य प्रदेश के रतलाम जिले में प्रेम विवाह के खिलाफ एक विवादास्पद ‘फरमान' सुनाए जाने के मामले में पुलिस ने मंगलवार को छह ग्रामीणों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की है. साथ ही उन्हें गांव में शांति बनाए रखने को कहा है. बता दें कि प्रेम-विवाह को लेकर फरमान सुनाए जाने का एक वीडियो वायरल हो रहा था, जिस पर जिला प्रशासन ने संज्ञान लिया है.